You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लखीमपुर खीरी हिंसा केस: थार में सवार रहे अभियुक्त समेत चार गिरफ़्तार

मामले की जांच कर रही एसआईटी गिरफ़्तार लोगों से कर रही है पूछताछ. इस मामले में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र मुख्य अभियुक्त हैं.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल, सिंधुवासिनी and भूमिका राय

  1. केरल: बाढ़ में कम से कम 26 की मौत और दर्जनों लापता, बचाव अभियान में जुटी सेना

    दक्षिण भारतीय राज्य केरल में लगातार बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग लापता हैं.

    मृतकों में पाँच बच्चे भी शामिल है. आशंका है कि मौतों का आँकड़ बढ़ सकता है क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं.

    भारी बारिश के कारण नदियों ने गाँवों और शहरों को अलग-थलग सा कर दिया है.

    केरल के कोट्टयम ज़िले में भारी बारिश के बीच कई घर तबाह हो गए और बड़ी संख्या में लोग पानी में फँसे हुए हैं.

    सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि वाहन बाढ़ के पानी में फँसे हुए हैं और लोगों को बचाया जा रहा है.

    कई दिनों से हो रही बारिश के कारण केरल में ख़तरनाक भूस्खलन हुए हैं. हालात इतने गंभीर हैं कि भारतीय सेना को बचाव अभियान में जुटना पड़ा है.

    भारतीय वायु सेना ने बताया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुँचाने के लिए हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

    इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने केंद्र सरकार से अपील की थी कि राज्य की मदद के लिए सेना की मदद मुहैया कराई जाए.

    गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केंद्र सरकार केरल की स्थिति पर करीब से नज़र बनाए हुई है और राज्य को हरसंभव मदद दी जाएगी.

    इससे पहले साल 2018 में भी केरल में भयंकर बाढ़ आई थी जिसमें कम से कम 400 लोगों ने जान गँवाई थी और कम से कम 10 लाख लोग विस्थापित हुए थे.

    पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य मे लगातार होने वाले निर्माण कार्य और तेज़ी से बढ़ता शहरीकरण भी ऐसी बाढ़ के लिए ज़िम्मेदार है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, चीन ने अंतरिक्ष से 'गुपचुप' किया हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण, अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियाँ हैरान

    रिपोर्ट्स के मुताबिक़ चीन ने एक नई हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया है जो परमाणु क्षमता से लैस है.

    ख़ास बात यह है कि इस मिसाइल का परीक्षण अंतरिक्ष से ही हुआ है.

    ब्रितानी अख़बार फ़ाइनैंशियल टाइम्स के अनुसार, चीन ने यह परीक्षण अगस्त में ही किया था लेकिन इस बारे में किसी को कानोंकान ख़बर नहीं लगी थी.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ हाइपरसोनिक हथियारों के मामले में चीन की तरक्की ने अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों को हैरान कर दिया है.

    चीन के अलावा अमेरिका, रूस, उत्तर कोरिया समेत कम से कम चार देश हाइपरसोनिक तकनीक पर काम कर रहे हैं.

    बैलिस्टिक मिसाइलों की तरह ही हाइपरसोनिक मिसाइलें भी परमाणु हथियार से युक्त और इन्हें ले जाने में सक्षम होती हैं. ये ध्वनि की गति से पाँच गुना ज़्यादा रफ़्तार से उड़ सकती हैं.

    हाइपरसोनिक मिसाइल बैलिस्टिक मिसाइल की तुलना में ज़्यादा तेज़ी से लक्ष्य भेद सकती है.

    इतना ही नहीं, हाइपरसोनिक मिसाइलों को ट्रैक करना और इनसे बच पाना भी ज़्यादा मुश्किल होता है.

    'आक्रामक ढंग से हाइपरसोनिक तकनीक विकसित कर रहा है चीन'

    हालाँकि अमेरिका जैसे कुछ देशों ने बैलिस्टिक मिसाइल और क्रूज़ के लिए रक्षात्मक प्रणाली विकसित कर ली है लेकिन इनकी हाइपरसोनिक मिसाइलों को ट्रैक करने और इन्हें मार गिराने की क्षमता के बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता.

    अमेरिका के कॉन्ग्रेशनल रिसर्च सेंटर (सीआरआस) के मुताबिक़ चीन आक्रामक तरीके से हाइपरसोनिक तकनीक विकसित कर रहा है.

    यह ख़बर ऐसे समय में आई है जब ताइवान में चीन की बढ़ती आक्रामकता को लेकर अमेरिका से साथ इसके सम्बन्ध तनावपूर्ण चल रहे हैं.

    अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने इस रिपोर्ट पर फ़िलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है.

  3. वीडियो: बांग्लादेश में पूजा पंडाल पर हमला, शेख़ हसीना बोलीं- दोषियों को सज़ा दिलाएंगे

    बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने सख़्त चेतावनी देते हुए कहा है कि कोमिल्ला में दुर्गा पूजा स्थल और हिन्दू मंदिरों पर हमला करने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा.

    शेख़ हसीना ने कहा है कि कोमिल्ला में हुए हमले की जाँच होगी और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा. इन हमलों में बांग्लादेश के चांदपुर में चार लोगों की मौत हुई है.

    बांग्लादेश के प्रमुख अंग्रेज़ी अख़बार 'ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, शेख़ हसीना ने कहा कि कोई मायने नहीं रखता है कि दोषी किस मज़हब का है.

    प्रधानमंत्री ने कहा कि दोषियों को पकड़ा जाएगा और उन्हें सज़ा मिलेगी. गुरुवार को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने ये बात राजधानी ढाका स्थित ढाकेश्वरी मंदिर में दुर्गा पूजा के मौक़े पर हिन्दुओं को पूजा की बधाई देते हुए कही.

    प्रधानमंत्री पूजा महोत्सव में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए शामिल हुई थीं.

  4. वीडियो: चीन और भूटान के समझौते पर क्या बोला भारत?

    भूटान और चीन ने अपने सीमा विवाद सुलझाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.

    यह समझौता 'थ्री स्टेप रोडमैप' है जिससे दोनों देशों के बीच वार्ता को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.

    दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए एक बैठक हुई और इसी में यह समझौता हुआ है.

    इस समझौते को लेकर भारत ने कहा है कि उसने इसे नोटिस किया है. दोनों देशों के बीच तैयार हुआ यह रोडमैप भूटान-चीन सीमा वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए है.

    उम्मीद की जा रही है कि इस समझौते के बाद सीमा विवाद को लेकर वार्ता में गति आएगी जो पिछले पाँच सालों से रुकी हुई थी.

    एक तो 2017 में डोकलाम विवाद के कारण और फिर कोरोना महामारी के कारण ऐसा हुआ था.

  5. युवराज सिंह जातिगत टिप्पणी के लिए गिरफ़्तार, फिर अंतरिम ज़मानत पर छूटे

      • Author, सत सिंह
      • पदनाम, हिरसा से, बीबीसी हिंदी के लिए

    भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह को हिसार पुलिस ने जातिगत टिप्पणी के मामले में गिरफ़्तार किया और अंतरिम ज़मानत पर छोड़ दिया.

    उनकी गिरफ़्तारी की ख़बर रविवार देर रात सामने आई.

    युवराज सिंह पर एक इंस्टाग्राम लाइव के जातिगत टिप्पणी करने का आरोप है.

    हंसी के रहने वाले रजत कलसन नान के एक शख़्स ने कई धाराओं के तहत युवराज सिंह के ख़िलाफ़ पुलिस में एफ़आईआर दर्ज कराई थी.

    हंसी की एसपी निकिता गहलोत ने बताया कि युवराज सिंह अदालत के निर्देश के मुताबिक़ जाँच में शामिल हुए. बाद में उन्हें अंतरिम ज़मानत पर छोड़ दिया गया.

    निकिता गहलोत ने बताया कि पुलिस ने युवराज सिंह का फ़ोन ज़ब्त कर लिया है.

    कलसन ने युवराज सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान एक अन्य खिलाड़ी पर जातिगत टिप्पणी की थी.

    युवराज सिंह ने खेद ज़ाहिर किया था

    युवराज सिंह ने इस मामले में चंडीगढ़ हाईकोर्ट का रुख किया है और अपने ख़िलाफ़ दर्ज हुई एफ़आईआर रद्द करने की अपील की है.

    युवराज सिंह ने ख़ुद को निर्दोष बताया है और कहा है कि दोस्तों के साथ उनकी बातचीत को ग़लत तरीके से समझा गया.

    इंस्टाग्राम लाइव पर विवाद होने के बाद युवराज सिंह ने इसके लिए खेद भी जताया था.

    उन्होंने कहा था, “मैं एक बात साफ़ कर देना चाहता हूँ कि मैं किसी तरह के भेदभाव में यक़ीन नहीं रखता. फिर चाहे वो जाति, रंग, लिंग या धर्म के आधार पर हो.”

    युवराज सिंह ने कहा था, “मैंने अपनी ज़िंदगी लोगों की भलाई में लगाई है और आगे भी ऐसा ही करता रहूँगा. हालाँकि ज़िम्मेदार नागरिक होने के नागरिक अगर मैंने किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाई है तो उसके लिए मैं ख़ेद ज़ाहिर करता हूँ.”

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम आपको यहाँ दिनभर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 17 अक्टूबर, रविवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.