शी जिनपिंग ने ताइवान को चीन में मिलाने की बात दोहराई

इमेज स्रोत, Getty Images
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शनिवार को दोहराया कि वह शांतिपूर्ण तरीक़े से ताइवान को चीन में शामिल करेंगे.
हालांकि उन्होंने एक हफ़्ते से चल रहे तनाव के बाद सीधे तौर पर बल के प्रयोग की बात नहीं की.
शी जिनपिंग का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ताइवान को लेकर बीजिंग की प्रतिक्रिया पर अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी चिंता ज़ाहिर की गई है.
शी जिनपिंग के इस बयान के बाद प्रतिक्रिया देते हुए ताइवान ने बीजिंग को अपनी ज़िद छोड़ने के लिए कहा.
ताइवान ने कहा कि ताइवान के लोग ही सिर्फ़ अपना भविष्य कर सकते हैं.
चीन दावा करता है कि ताइवान उसका एक प्रांत है और उसे अपने नियंत्रण में लेने के लिए प्रतिबद्ध है.
इससे पूर्व अपने एक बयान में चीन ने कहा था कि अगर ताइवान को ख़ुद में मिलाने के लिए ताक़त का भी इस्तेमाल करना पड़ा तो किया जाएगा.
चीन ताइवान में राष्ट्रपति साई इंग-वेन की सरकार को अलगाववादी मानता है. लेकिन ताइवान ख़ुद को एक संप्रभु देश मानता है.
बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ़ द पीपल में बोलते हुए शी जिनपिंग ने कहा कि चीन लंबे समय से अलगाववाद का विरोध करता रहा है.
साल 1911 में अंतिम शाही राजवंश की समाप्ति के लिए की हुई क्रांति की वर्षगांठ के मौक़े पर उन्होंने कहा, "ताइवान की स्वतंत्रता सबसे बड़ी मुश्किल है और देश के कायाकल्प के रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा भी."
उन्होंने इसे एक गुप्त-ख़तरा भी कहा.
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीक़े से ताइवान को चीन में मिलाने से ताइवान के लोगों के भी सभी हित पूरे होते हैं लेकिन उन्होंने यह भी दोहराया कि चीन किसी क़ीमत पर अपनी संप्रभुता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है.
शी जिनपिंग ने कहा, "किसी को भी चीन के लोगों के दृढ़ संकल्प, इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय संप्रभुता और अखंडता के प्रति समर्पण और क्षमता को कम करके नहीं आंकना चाहिए."
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि "देश के एकीकरण का ऐतिहासिक काम ज़रूर पूरी होगा."
ताइवान ने शी जिनपिंग के संबोधन का स्वागत हालांकि उस तरह से नहीं किया है.
ताइवान राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि वे एक संप्रभु स्वतंत्र देश थे और चीन गणराज्य का हिस्सा नहीं थे. उन्होंने "एक देश, दो प्रणाली" के चीन के प्रस्ताव को सिरे से ख़ारिज कर दिया है.
कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "देश का भविष्य ताइवान के लोगों के हाथों में है."











