राजस्थान: शख़्स को गाड़ी से उतारकर लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल
- Author, मोहर सिंह मीणा
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
राजस्थान में बीकानेर ज़िले के नोखा में गुरुवार शाम एक शख़्स को जबरन गाड़ी से उतार कर लाठी-डंडों से पीटा गया है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
यह नोखा के हिम्मटसर गांव बस स्टैंड की घटना है.
इसी गांव के मेघसिंह अपने परिवार के साथ देशनोक मंदिर दर्शन कर लौट रहे जब क़रीब आधा दर्जन लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवाई और उन पर हमला कर दिया.
वायरल वीडियो में नज़र आ रहा है कि मेघसिंह को बेरहमी से पीटा जा रहा है और स्थानीय लोग तमाशबीन बने हुए हैं.
मेघसिंह को अधमरी हालत में वहीं छोड़कर हमलावर बोलेरों कैंपर से फरार हो गए.
'आपसी रंज़िश का मामला'
लहुलूहान हालत में मेघसिंह को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा में भर्ती कराया गया. यहां उनका इलाज जारी है.
बीकानेर पुलिस के अनुसार मेघसिंह के दोनों पैर और दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हैं लेकिन, स्थिति ख़तरे से बाहर है
नोखा के डिप्टी एसपी नेम सिंह चौहान ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया, "ये सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपसी रंज़िश में हमला हुआ है. पहले भी इन पर मामले दर्ज हैं."
डिप्टी एसपी चौहान ने बताया, "मंदिर से लौटने के वक्त हमला हुआ. लाठियों से पीटने वालों में मेघसिंह के दो भाई भी शामिल हैं."
उन्होंने बताया किइस मामले में अभी तक कोई एफ़आईआर दर्ज नहीं कराई गई है.
नोखा थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद ने बीबीसी को बताया कि यह घटना गुरुवार शाम छह बजे की है. पीटने वाले मेघसिंह के सगे ताऊ के बेटे हैं.
उन्होंने कहा, "मेघसिंह कांग्रेस के नोखा देहात ब्लॉक अध्यक्ष हैं. हमलावरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ़्तार कर लिया जाएगा."