You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लखीमपुर खीरी: किसानों पर कार चढ़ाने के मामले में दो गिरफ़्तार, आशीष मिश्रा तलब

यूपी पुलिस आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि आशीष मिश्रा अगर सुबह 10 बजे नहीं उपस्थित होते हैं तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, पवन सिंह अतुल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. लखीमपुर खीरी: किसानों पर कार चढ़ाने के मामले में दो गिरफ़्तार, आशीष मिश्रा तलब

    अनंत झणाणे

    लखीमपुर खीरी से, बीबीसी के लिए

    लखीमपुर खीरी में किसानों पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में यूपी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया है. साथ ही केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को शुक्रवार सुबह तलब भी किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इस संबंध में लखीमपुर में मंत्री के आवास के बाहर नोटिस चिपका दिया गया है

    यूपी पुलिस आईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि, "जिन लोगों से पूछताछ चल रही थी उनके ख़िलाफ़ सबूत और घटनाक्रम स्थापित होने के बाद उन्हें गिरफ़्तार किया गया है. दो लोग गिरफ़्तार हुए हैं. इनके नाम बनबीरपुर गांव के लव कुश और निगासन तहसील के आशीष पांडे हैं."

    जिन सात लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर है उनमें ये दोनों शामिल हैं.

    उन्होंने बताया, "इस पूरे घटनाक्रम में घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी पाई जा रही है. घटनास्थल में मौजूद दो गाड़ी में उनकी मौजूदगी है. घटना होने पर उन्होंने लोगों को रोकने का प्रयास नहीं किया है बल्कि उन्हें ललकारा है. उनके ख़िलाफ़ काफी सबूत पाए गए हैं."

    रविवार को हुए इस हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हुई थी जिनमें चार किसान थे.

    घटनास्थल पर मौजूद किसानों का दावा था कि आशीष मिश्रा एक गाड़ी में सवार थे. हालांकि आशीष के पता अजय मिश्रा ने इससे इनकार किया था और कहा था कि वो इस बात के सबूत पेश कर सकते हैं कि उनका बेटा उस समय दूसरी जगह पर थे.

    केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे को समन

    इसके साथ ही यूपी पुलिस ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को शुक्रवार की सुबह 10 बजे तक लिखित, मौखिक, व्यक्तिगत या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अपना बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है.

    आशीष मिश्रा उर्फ़ मोनू को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में किसानों पर थार जीप चढ़ाने के मामले में हत्या, आपराधिक साजिश समेत कुछ अन्य धाराओं में मामला दर्ज है.

    आशीष को आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 279, 338, 304ए, 302, 120बी के तहत तलब किया गया है.

    आईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि आशीष मिश्रा अगर सुबह 10 बजे नहीं उपस्थित होते हैं तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, अंतरराष्ट्रीय यात्रा फिर होगी चालू, 15 अक्तूबर से विदेशी यात्री आ सकेंगे भारत

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि वो भारत आना चाह रहे विदेशी सैलानियों को नए टूरिस्ट वीज़ा जारी करना फिर से शुरू करेगा. मंत्रालय ने कहा है कि नए टूरिस्ट वीज़ा पर इस साल 15 अक्तूबर से चार्टर्ड फ्लाइट के ज़रिए विदेशी यात्री भारत आ सकेंगे.

    एक बयान जारी कर मंत्रालय ने कहा है कि चार्टर्ड फ्लाइट के अलावा दूसरी उड़ानों से आने वाले विदेशी 15 नवबंर से भारत आ सकेंगे.

    बयान में कहा गया है कि विमानन सेवा और विदेशी यात्रियों दोनों को ही कोविड-19 को फैलने से रोकने संबंधी भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए सभी दिशानिर्देशों का पालन करना होगा.

    कोरोना महामारी के कारण भारत ने बीते साल विदेशी यात्रियों को जारी किए सभी वीज़ा रद्द कर दिए थे. साथ ही महामारी को फैलने से रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर भी पाबंदी लगाई थी.

    बाद में वीज़ा रद्द होने के कारण भारत में फंसे विदेशी यात्रियों के लिए सरकार ने वीज़ा तो जारी किए लेकिन सरकार ने टूरिस्ट वीज़ा जारी करने पर लगी रोक को बरकरार रखने का फ़ैसला किया.

    अब कई राज्य सरकारों, विभिन्न मंत्रालयों और टूरिज़्म सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधियों से चर्चा करने के बाद सरकार विदेशी सैलानियों को टूरिस्ट वीज़ा देने का फ़ैसला किया है.

  3. आर्यन ख़ान को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    ड्रग्स केस- आर्यन ख़ान मामले में मुंबई से ताज़ा जानकारी के साथ बीबीसी के मयंक भागवत

  4. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 07 अक्टूबर 2021, सुनिए वात्सल्य राय से

  5. मुंबई क्रूज़ पार्टी मामले में आर्यन ख़ान को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    मुंबई क्रूज़ पार्टी मामले में आर्यन ख़ान को मुंबई की किला कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आर्यन के अग्रिम ज़मानत और नियमित ज़मानत दोनों के लिए अर्जी दी गई है जिस पर शुक्रवार को सुनवाई होगी.

    बचाव पक्ष की मांग पर आर्यन को आज रात जेल नहीं भेजा जाएगा उन्हें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कस्टडी में ही रखा जाएगा.

    नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अदालत से 11 अक्तूबर तक के लिए आर्यन की हिरासत मांगी थी. जिस पर अदालत ने कहा कि आर्यन को हिरासत में लेकर पूछताछ की ज़रूरत नहीं है.

    आर्यन रविवार से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हिरासत में थे. 4 अक्टूबर को हुई सुनवाई में आर्यन को ज़मानत नहीं मिली थी, अदालत ने उन्हें 7 अक्तूबर तक एनसीबी की कस्टडी में रखने का फ़ैसला लिया था.

    आर्यन ख़ान समेत 17 लोगों को मुंबई में एक क्रूज़ पर हो रही कथित रेव पार्टी से जुड़े मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अदालत से कहा था कि अभियुक्तों के मोबाइल में ड्रग पेडलर से चैट मिले हैं. इसलिए उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ ज़रूरी है. सभी अभियुक्त एक दूसरे के संपर्क में थे.

    गुरुवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अदालत से 11 अक्तूबर तक के लिए आर्यन की हिरासत मांगी थी.

    क्या है मामला?

    एनसीबी ने शनिवार, 2 अक्तूबर को मुंबई तट पर एम्प्रेस क्रूज़ शिप पर कथित तौर पर चल रहे एक हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी पर छापा मारा. वहां से एनसीबी ने 10 लोगों को हिरासत में लिया था. हिरासत में लिए गए लोगों के बयानों के आधार पर बाद में सात अन्य लोगों की गिरफ़्तारी की गई.

    महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस को सूचना मिली थी कि मुंबई से गोवा जा रही एक क्रूज़ शिप पर रेव पार्टी चल रही है. इसलिए एनसीबी के अधिकारी यात्री बन गए और एक क्रूज़ पर चले गए. एनसीबी ने कहा कि क्रू़ज़ के समुद्र के बीच में जाने के बाद पार्टी शुरू हुई.

    एनसीबी की टीम ने ड्रग्स लेना शुरू करने के बाद इन सभी को पकड़ा. पुलिस ने जिस क्रूज़ शिप को अपने क़ब्ज़े में लिया है, उसकी सर्विस कुछ दिन पहले ही शुरू हुई थी. साथ ही कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस पार्टी के लिए क्रूज़ शिप का टिकट क़रीब 80,000 रुपये का था.

  6. मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल देश में 7-इलेवन स्टोर खोलेगी

    भारत के सबसे अमीर शख़्स मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल देश में 7-इलेवन स्टोर्स खोलेगी जो हफ़्ते के सातों दिन और 24 घंटे खुले रहेंगे. रिलायंस का पहला 7-इलेवन स्टोर मुंबई के अंधेरी में इसी शनिवार यानी 9 अक्तूबर से शुरू हो जाएगा.

    हालांकि रिलायंस से पहले किशोर बियानी के फ्यूचर ग्रुप और 7-इलेवन के बीच यह समझौता हुआ था लेकिन बीते दिनों यह करार टूट गया और उसके कुछ दिन बाद ही इस अमेरिकी रिटेल चेन ने मुकेश अंबानी के साथ करार कर लिया. 7-इलेवन और फ्यूचर रिटेल के बीच करार फ़रवरी 2019 में हुआ था.

    टेक्सस की 7-इलेवन के 18 देशों में 77,000 से अधिक स्टोर्स हैं.

    रिलायंस रिटेल ने जानकारी दी है कि उसने भारत में मशहूर अमेरिकी ब्रैंड 7-इलेवन के साथ मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया है.

    रिलायंस ने अपने एक बयान में कहा है कि ग्रेटर मुंबई क्लस्टर के आसपास के प्रमुख इलाकों और कमर्शियल एरिया में 7-इलेवन स्टोर का "तेज़ी से रोलआउट" होगा.

    7-इलेवन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जो डीपिंटो ने कहा, "भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश और सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है. यह दुनिया के सबसे बड़े कन्वीन्यंस रिटेलर के लिए भारत में प्रवेश करने के लिए उपयुक्त समय है."

  7. लखीमपुर हिंसा- पुलिस ने जारी किया आशीष मिश्रा के ख़िलाफ़ समन, दो लोग हिरासत में लिए

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, लखीमपुर खीरी से

    सप्रीम कोर्ट में तिकुनिया हिंसा की सुनवायी में एक्शन टेकन रिपोर्ट तलब होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस हरकत में आई और इस मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.

    मीडिया से बात करते हुए लखनऊ क्षेत्र की आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि दो लोगों से पूछताछ जारी है और मामले के मुख्य आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र आशीष मिश्र को पुलिस ने समन किया है.

    मौकाए वरदान से दो कारतूस बरामद होने की खबरों को IG लक्ष्मी सिंह ने ख़ारिज नहीं किया और कहा कि “पूलिस की फ़ोरेंसिक और टेक्निकल टीम तिकुनिया में कोम्बिंग ऑपरेशन कर से सभी सबूत जुटा रही हैं और पुलिस इसकी ज़्यादा जानकारी बाद में ही दे पाएँगी”

    क्या हत्या के आरोपी आशीष मिश्रा इन्वेस्टिगेशन में कोआपरेट कर रहे हैं ? इस सवाल पर आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि “समन जारी हुआ है और अगर वो कोआपरेट नहीं करते हैं तो पुलिस कोर्ट जाएगी.”

    जिन सौ लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है उनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं. लेकिन आईजी लखनऊ का कहना है कि उनके बयानों से अन्य तीन आरोपियों की भूमिका के बारे में जानकारी मिली है, लेकिन उन तीन लोगों की इसी हिंसा में मौत हो चुकी है.

    साथ ही पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से दो कारतूस बरामद हुए हैं और उन्हें जाँच में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है.

    गोली से किसान के मौत के आरोप के बारे में पुलिस ने सफ़ाई दी सभी किसानों के पोस्ट मोर्टम हो चुके हैं और किसी को भी गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है. योगी आदित्यनाथ सरकार पर इस मामले में कार्रवाई पर विपक्ष और सुप्रीम कोर्ट का दबाव है. अब न्यायिक जाँच और पुलिस जाँच की कार्रवाई साथ साथ चलेगी.

  8. वरुण और मेनका गांधी बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति से बाहर, मिथुन और सिंधिया शामिल

    बीजेपी ने गुरुवार को बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा की. इसमें सबसे चौंकाने फ़ैसला वरुण गांधी और उनकी मां मेनका गांधी को इसमें जगह नहीं दिया जाना रहा. विनय कटियार को भी इसमें जगह नहीं दी गई है.

    कार्यसमिति में ज्योतिरादित्य सिंधिया और मिथुन चक्रवर्ती को जगह दी गई है.

    बीते दिनों किसानों के मुद्दे और अभी हाल की लखीमपुर खीरी में हुई घटना पर वरुण गांधी बहुत मुखर रहे हैं.

    गुरुवार को भी एक ट्वीट के ज़रिए उन्होंने अभियुक्तों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की.

    उन्होंने ट्वीट किया, "वीडियो बिल्कुल स्पष्ट है. हत्या से प्रदर्शनकारियों को चुप नहीं कराया जा सकता. निर्दोष किसानों के ख़ून के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए और इससे पहले कि अहंकार और क्रूरता का संदेश हर किसान के दिमाग में घुस जाए न्याय दिया जाना चाहिए."

    दो दिन पहले भी वरुण गांधी ने लखीमपुर का वीडियो सामने आने के बाद ट्वीट किया था, "लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ियों से जानबूझकर कुचलने का यह वीडियो किसी की भी आत्मा को झकझोर देगा. पुलिस इस वीडियो का संज्ञान लेकर इन गाड़ियों के मालिकों, इनमें बैठे लोगों, और इस प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ़्तार करे."

    बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी समेत 80 नेताओं को सदस्य मनोनीत किया गया है. यह कार्यसमिति विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती है और संगठन के कामकाज की रूपरेखा तय करती है.

    कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और संगठक शामिल हैं.

    कार्यसमिति में जिन नए नामों को शामिल किया गया है वो हैं मिथुन चक्रवर्ती और क़रीब डेढ़ साल पहले कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया.

    वहीं किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार चाहर, एससी मोर्चा के अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष झारखंड से सांसद समीर ओरांव, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष तेलंगाना के डॉ. के लक्ष्मण और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष महाराष्ट्र के जमाल सिद्दीक़ी को बनाया गया है.

    युवा सांसद तेजस्वी सूर्या फिर से भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं जबकि महिला मोर्चा की अध्यक्ष तमिलनाडु की वनती श्रीनिवासन को बनाया गया है

    जेपी नड्डा के बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद से पहली बार अगले महीने की 7 तारीख़ को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली में आयोजित की जाएगी.

  9. कश्मीर में हिंसा को कांग्रेस ने बताया सरकार की कमज़ोरी का सबूत

    केंद्र शासित राज्य जम्मू-कश्मीर के गवर्नर मनोज सिन्हा ने आज श्रीनगर में दो अध्यापकों की हत्या की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि हत्यारों को उचित जवाब दिया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार मनोज सिन्हा ने कहा, “मासूम लोगों पर आतंकी हमला करने वालों को उचित जवाब दिया जाएगा. आतंकवादी और उनके आकाओं को जम्मू-कश्मीर की शांति, प्रगति और संपन्नता को डिस्टर्ब करने में सफल नहीं होने दिया जाएगा.”

    कश्मीर में एक हफ़्ते के भीतर पांच लोगों की हत्या हुई है. मंगलवार को शहर के नामी केमिस्ट मखनलाल बिंद्रू और दो अन्य की चरमपंथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.

    आज सुबह श्रीनगर के ईदगाह इलाक़े में स्थित एक स्कूल की प्रिंसिपल सतिंदर कौर और अध्यापक दीपक चंद की बंदूकधारियों ने गोली चलाकर हत्या कर दी है.

    लेकिन कांग्रेस ने कश्मीर में हिंसा पर बीजेपी पर निशाना साधा है.

    पार्टी ने आज ट्वीट कर कहा, "बीजेपी सरकार कश्मीरी पंडित समुदाय और आम नागिरकों की सुरक्षा में असफल रही है. ये उन्हीं के द्वारा फैलाई गई अस्थिरता का प्रत्यक्ष प्रमाण है. मिलिटेंसी और हिंसा का बढ़ना सरकार के कमज़ोर होने और उसके उदासीन रवैया की सबूत है."

    सोनिया गांधी ने पार्टी महासचिव रजनी पाटिल को पीड़ितों की मदद करने के निर्देश दिए हैं.

    उधर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा है कि पंडित संघर्ष समिति ने मंगलवार को पत्र लिखकर, संभावित हमलों के बारे में सचेत किया था.

    तिवारी ने कहा कि समिति ने सुरक्षा की मांग की थी पर दुर्भाग्य से उनकी बात नहीं सुनी गई और ये अब ये हत्याएं हो रही हैं.

  10. लखीमपुर खीरी हिंसा मामले की जाँच शुरू, पुलिस की अपील - घटना से जुड़े वीडियो दें

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, लखीमपुर खीरी से

    उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह मंत्री के बेटे की कार से कथित रूप से विरोध प्रदर्शन करने जुटे किसानों को रौंदने और उसके बाद उपजी हिंसा के मामले में जिलास्तरीय समिति ने जाँच शुरू कर दी है.

    एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ संदीप सिंह और संजय नाथ तिवारी समेत तीन इंस्पेक्टर एक दरोगा ने मामले की जाँच शुरू कर दी है.

    जाँच समिति ने घटनास्थल पर जाकर जली गाड़ियों की बारीकी से पड़ताल की है.

    खीरी जिले में इंडो नेपाल बार्डर पर पड़ने वाली तिकोनियाँ कोतवाली इलाके में इस टीम ने जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है हालांकि जाँच कमेटी के मुखिया एएसपी अरुण कुमार सिंह में फ़िलहाल कोई जानकारी देने से मना किया है.

    उन्होंने कहा कि जाँच समिति अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी. इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को लखीमपुर मामले की न्यायिक जाँच का ज़िम्मा सौंपा है.

    उन्हें दो महीने में रिपोर्ट देने को कहा है. उनकी जाँच का मुख्यालय लखीमपुर में होगा. यूपी सरकार एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग बनाया है.

    तिकोनिया हिंसा मामले में अब तक दो एफ़आईआर तिकोनियाँ में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे की थार से किसानों को रौंदने के मामले और बाद में उपजी हिंसा में अब तक दो एफ़आईआर दर्ज हो चुकी है.

    पहली एफ़आईआर किसान जगजीत सिंह की तहरीर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बड़े बेटे आशीष मिश्रा पर दर्ज हुई है. जिसमें सीआरपीसी की 302,304A,147,148,148,120Bकी धाराएं लगी हैं.

    किसानों की तरफ से दर्ज केस में नामज़द मंत्री पुत्र आशीष मिश्रा समेत 15-20 अन्य अज्ञात पर भी मुक़दमा है. उधर भाजपा कार्यकर्ता सुमित जायसवाल मोदी की तरफ से भी एक एफ़आईआर दर्ज कराई गई है. जिसमें किसानों पर पथराव करने और हत्या करने की कोशिश संबंधित धाराएं लगाई गई हैं.

    एसपी ने की अपील,घटना से सम्बंधित वीडियो दें

    लखीमपुर खीरी के एसपी विजय ढुल ने लोगों से अपील की है कि तिकोनियाँ में हुई घटना के जो भी वीडियो हों वो पुलिस को उपलब्ध कराएं.

    तिकोनियाँ हिंसा में चार किसान,एक स्थानीय पत्रकार और अजय मिश्र की गाड़ी के ड्राइवर और दो बीजेपी कार्यकताओं की मौत हुई है.

  11. अमेरिका के टेक्सस राज्य के विवादित गर्भपात क़ानून पर कोर्ट ने लगाई अस्थायी रोक

    टेक्सस के विवादास्पद नए गर्भपात कानून पर अमेरिका के एक फ़ेडरल जज ने अस्थायी रूप से रोक लगा दी है. ये कानून राज्य में महिलाओं के गर्भपात पर प्रभावी रूप से प्रतिबंध लगाता है.

    अमेरिकी जिला न्यायाधीश रॉबर्ट पिटमैन ने बाइडन प्रशासन के उस अनुरोध को मंज़ूरी दी है जिसमें कहा गया कि जब तक इस क़ानून की वैधता को चुनौती दी जा रही है, तब तक इसके लागू होने पर रोक लगाई जाए.

    इस क़ानून को टेक्सस में रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने पारित किया था.

    व्हाइट हाउस ने जज के इस फ़ैसले को महिलाओं के संवैधानिक अधिकार की दिशा में ‘एक महत्वपूर्ण क़दम’ बताया है.

    ऑस्टिन के जज पिटमैन ने इस क़ानून पर 113 पन्ने की राय दी है और कहा है कि ‘’एक सितंबर से इस कानून के प्रभावी होने के बाद से ही महिलाओं को ग़ैरक़ानूनी तरीके से अपनी ज़िंदगी के फ़ैसले ख़ुद लेने से रोका जा रहा है जो कि उनका संवैधानिक अधिकार है.’’

    ‘’हो सकता है कि अन्य कोर्ट इसे नज़रअंदाज़ करें लेकिन ये कोर्ट अब एक दिन भी महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित नहीं रखेगी.’

    ये क़ानून कहता है छह सप्ताह के बाद गर्भपात नहीं कराया जा सकेगा. जबकि मेडिकल अधिकारियों का मानना है कि इस वक़्त तक कई महिलाओं को यही नहीं पता चल पाता कि वह प्रेगनेंट हैं.

    डैमोक्रेट राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस क़ानून को महिलाओं के अधिकारों पर ‘अभूतपूर्व हमला’ बताया. लेकिन टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने इसका समर्थन करते हुए कहा कि ‘’ सबसे बड़ी आज़ादी ज़िंदगी होती है. ‘’

  12. SC ने यूपी सरकार से पूछा लखीमपुर हिंसा मामले में कितनी गिरफ़्तारियां? सारा ब्योरा मांगा

    सुप्रीम कोर्ट ने लखीमपुर खीरी मामले का स्वत: संज्ञान लेने के बाद आज इस मामले की सुनवाई की. अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार से कल एक विस्तृत रिपोर्ट दाख़िल करने को कहा है.

    कोर्ट ने राज्य सरकार से कहा कि वह इस मामले में कौन-कौन आरोपी हैं, किसके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है और अब तक किसे गिरफ्तार किया गया है, इस बारे में सारी जानकारी अदालत के समक्ष पेश करे.

    मुख्य न्यायाधीश रमन्ना के नेतृत्व वाली पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार से मामले में की जा रही न्यायिक जांच का विवरण भी देने को कहा.

    कोर्ट ने यूपी सरकार को हादसे में मारे गए ए युवक की मां को चिकित्सा के लिए सहायता देने के भी निर्देश दिये.

    बीते रविवार को लखीमपुर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के कार्यक्रम के दौरान हुई हिंसा में चार किसान और एक पत्रकार समेत आठ लोग मारे गए थे. इस संबंध में मंत्री के पुत्र आशीष मिश्रा के ख़िलाफ़ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.

  13. श्रीनगर में फिर हिंसा, चरमपंथियों ने स्कूल की प्रिंसिपल और एक टीचर की गोली मारकर हत्या की

      • Author, रियाज़ मसरूर
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

    भारत प्रशासित कश्मीर में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एक बार फिर ख़तरे में है. मंगलवार को तीन लोगों की गोली मारकर हत्या के बाद आज श्रीनगर में दो और लोगों की हत्या कर दी गई है.

    पुलिस ने बीबीसी को बताया है कि संदिग्ध चरमपंथियों ने श्रीनगर के एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल और एक अध्यापक की हत्या कर दी है. इससे पहले मंगलवार को शहर में एक मशहूर केमिस्ट मखनलाल बिंद्रू के अलावा दो अन्य लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

    शहर के ईदगाह इलाके के स्कूल के पास रहने वालों ने बताया है कि उन्होंने सुबह स्कूल की तरफ़ से गोलियों की आवाज़ सुनी थी. इस घटना में स्कूल की 44 वर्षीय प्रिंसीपल सतिंदर कौर और अध्यापक दीपक चंद की मौत हो गई है.

    गोली लगने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया था जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

    ख़बरों के मुताबिक सतिंदर कौर कश्मीर की रहने वाली थीं और दीपक चंद कश्मीरी पंडित थे जो हाल ही में स्कूल में नौकर लगने के बाद घाटी में लौटे थे.

    एक सप्ताह में सात मौतें

    एक हफ़्ते के भीतर सात मौतों के कारण घाटी के अल्पसंख्यकों में डर बढ़ गया है. शहर में पुलिस हाई एलर्ट पर है और जगह-जगह तलाशी ली जा रही है.

    कश्मीरी पंडित समुदाय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा में चूक के लिए ज़िम्मेदारी तय करने की अपील की है. समुदाय के नेता सतीश महालदार दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे और उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन दिया है.

    सतीश महालदार ने दिल्ली से फ़ोन पर बीबीसी को बताया, "हम चाहते हैं कि अगर सुरक्षा में चूक हुई हो तो किसी को ज़िम्मेदार ठहराया जाना जाए."

    पुलिस सूत्रों का कहना है कि शहर में हमलों के बारे में ख़ुफ़िया इनपुट थे और कई जगहों पर अतिरिक्त नाके भी लगाए गए थे.

    एक हफ़्ते के भीतर मरने वालों में तीन कश्मीरी मुसलमान भी हैं लेकिन मखनलाल बिंद्रू, बिहार के एक रेहड़ी वाले और आज दो अध्यापकों की मौत ने 1990 के दशक जैसे हालात की याद दिला दी है.

    1990 के दशक में हज़ारों कश्मीरी पंडितों को हिंसा की वजह से घाटी छोड़कर, देश के कई हिस्सों में रिफ्यूजी कैंपों में जाना पड़ता था. हाल ही में कश्मीरी पंडितों को सरकार ने घाटी में नौकरियां दी हैं जिसकी वजह से हज़ारों लोग वापस लौटे हैं.

    ताज़ा हत्याओं ने उन हज़ारों कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा भी ख़तरे में डाल दी है जो 1990 के दशक में चरमपंथी के ख़तरे के बावजूद घाटी में ही डटे रहे थे.

    पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार इस साल विभिन्न घटनाओं में अब तक 30 लोग मारे गए हैं. इसी साल पंचायत के मुखिया चुने गए कश्मीरी पंडित राकेश को भी मार दिया गया था.

  14. कांग्रेस का मोहाली से लखीमपुर खीरी तक मार्च. देखिए फ़ेसबुक लाइव अरविंद छाबड़ा के साथ

  15. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सड़क दुर्घटना, नौ की मौत 27 घायल

    उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले के बाबुरी गांव के पास गुरुवार को एक बस और रेत से लदे ट्रक की टक्कर हो गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 27 घायल हो गए हैं.

    पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि 70 यात्रियों को लेकर बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी. पुलिस का कहना है कि बस चालक ने आवारा गाय को बचाने की कोशिश की और ये दुर्घटना हो गई.

    हादसे में घायल हुए लोगों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवार को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.

    मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन से घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने को कहा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है और प्रधानमंत्री राहत कोष से मरने वालों के परिवार को दो लाख और घायलों को 50 हज़ार देने की घोषणा की है.

  16. लखीमपुर से लौटकर प्रियंका गांधी ने कहा - अंत तक, हम न्याय के लिए लड़ेंगे

    लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में मरने वाले किसानों और पत्रकार के परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने आज ट्वीट कर कहा है कि वे अंजाम तक इनको इंसाफ़ दिलाने के लिए लड़ेंगी.

    बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस शासित राज्यों के दो मुख्यमंत्री लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों और पत्रकार के परिवार से मिले थे.

    बीते रविवार केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के तराई इलाक़े में लखीमपुर खीरी ज़िले में हुई हिंसा में आठ लोग मारे गए थे.

    इनमें से चार किसान थे. किसानों का आरोप है कि मंत्री के पुत्र की गाड़ियों ने किसानों को रौंद डाला था.

    मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, "इस देश में लोगों को न्याय का अधिकार है और इन लोगों को न्याय नहीं मिला है. जब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पद पर रहेंगे, न्याय कैसे मिलेगा क्योंकि उनके पुत्र मुख्य आरोपी हैं. जब तक वो बर्खास्त नहीं होंगे तो कौन निष्पक्ष जांच करेगा."

    प्रियंका गांधी ने आगे कहा, "हम तीनों परिवारों से मिले कल, तीनों ने एक ही बात कही. हमें मुआवज़े से कोई मतलब. हमें तो न्याय चाहिए."

    उधर केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि सरकार जांच कर रही है और दोषियों को न्याय मिलेगा

    किशोर ने एएनआई को बताया, "राहुल गांधी को मालूम नहीं कि क्या बोल रहे हैं क्या नहीं। जब वे लोग इससे सहमत हैं तो उनको ऐसी बात करने का क्या औचित्य है कि वे कह रहे हैं कि न्याय चाहिए। उन लोगों न्याय मिलेगा, सरकार जांच कर रही है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी."

    कौशल किशोर उत्तर प्रदेश के मोहनलागंज से सांसद हैं. वे केंद्र सरकार के आवासान और शहरी कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं.

  17. आर्यन ख़ान की ज़मानत पर फ़ैसला आज, नवाब मलिक ने कहा- पूरा मामला फ़र्जी है

    मुंबई क्रूज़ पार्टी मामले में अभिनेता शाहरुख़ ख़ान के बेटे आर्यन ख़ान की ज़मानत याचिका पर गुरुवार को मुंबई की किला कोर्ट में सुनवाई होगी.

    सोमवार को कोर्ट ने उनकी रिमांड सात अक्टूबर तक बढ़ा दी थी. आर्यन के साथ अरबाज़ मर्चेंट और मुममुन धमेचा की ज़मानत पर भी आज सुनवाई होगी.

    इस बीच महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक ने कहा है कि ये पूरा मामला फ़र्ज़ी है.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में नवाब मलिक ने कहा, ‘’आर्यन ख़ान को फंसाने के लिए के इरादे से ये सबकुछ किया गया है. एनसीबी की इस कार्रवाई में बीजेपी का हाथ है और यह गिरफ़्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है. बीते एक महीने से क्राइम रिपोर्टर्स के बीच ये जानकारी पहुंचाई जा रही थी कि अगला निशाना शाहरुख ख़ान होंगे.’’

    नवाब मलिक का कहना है कि आर्यन ख़ान को '‘एनसीबी के पास लाने वाले और सेल्फ़ी लेने वाले केपी गोस्वावी और मनीष भानुशाली बीजेपी के नेता हैं.’'

    हालांकि एनसीबी ने मलिक के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेबुनियाद और ग़लत बताया है. दरअसल आर्यन ख़ान जिस दिन गिरफ़्तार हुए थे उस दिन उनकी एक व्यक्ति की साथ सेल्फ़ी वायरल हुई. ये सेल्फ़ी आर्यन जब एनसीबी की हिरासत में थे तभी ली गई थी जिसके बाद एनसीबी पर सवाल उठने लगे.

    इसके जवाब में एनसीबी ने साफ़ किया कि सेल्फ़ी लेने वाला शख़्स उनके विभाग का आदमी नहीं है. नवाब मलिक का दावा है कि सेल्फ़ी में दिखने वाले शख़्स का ताल्लुक़ बीजेपी से है.

    क्या है ये मामला?

    यह मामला मुंबई में एक क्रूज़ पर हो रही कथित रेव पार्टी से जुड़ा है. एनसीबी प्रमुख एसएन प्रधान ने बताया कि मुंबई क्रूज़ ड्रग्स मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. प्रधान ने कहा, "हम इस मामले में निष्पक्ष रूप से काम कर रहे हैं.

    ग़ौरतलब कि इस मामले में बॉलीवुड और कुछ अमीर लोग भी शामिल हैं. उनमें कोई भी होगा तब भी हम अपना काम क़ानून के दायरे में रहकर करेंगे.’’ मुंबई के ड्रग कंट्रोल स्क्वॉड ने शनिवार आधी रात को बड़ा ऑपरेशन शुरू किया.

    महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, समुद्र के बीच में एक क्रूज़ शिप पर कथित तौर पर ड्रग पार्टी चल रही थी. वहां रेड पड़ी और एनसीबी ने 10 लोगों को हिरासत में लिया.

    पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्टी मुंबई से गोवा जा रही एक क्रूज़ शिप पर चल रही थी. इसलिए एनसीबी के अधिकारी यात्री बन गए और एक क्रूज़ पर चले गए. एनसीबी ने कहा कि क्रू़ज़ के समुद्र के बीच में जाने के बाद पार्टी शुरू हुई.

    एनसीबी की टीम ने ड्रग्स लेना शुरू करने के बाद इन सभी को पकड़ा. पुलिस ने जिस क्रूज़ शिप को अपने क़ब्ज़े में लिया है, उसकी सर्विस कुछ दिन पहले ही शुरू हुई थी. साथ ही कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस पार्टी के लिए क्रूज़ शिप का टिकट क़रीब 80,000 रुपये का था.

  18. दिल्ली दंगों के केस में पुलिस की जांच पर सवाल उठाने और फटकार लगाने वाले जज का हुआ तबादला

    साल 2020 के फ़रवरी महीने में हुए दिल्ली दंगों के मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की जांच की आलोचना करने वाले निचली अदालत के न्यायाधीश विनोद यादव का तबादला कर दिया गया है.

    उन्होंने दंगों के केस में दिल्ली पुलिस की आलोचना के दौरान टिप्पणी भी की थी कि ‘उचित जांच नहीं करने से लोकतंत्र के प्रहरी को पीड़ा पहुंचेगी.’ अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) विनोद यादव कड़कड़डूमा ज़िला अदालत में दिल्ली दंगों से जुड़ी कई मामलों की सुनवाई कर रहे थे.

    उनका ट्रांसफर नई दिल्ली ज़िले की राउज एवेन्यू अदालत में विशेष न्यायाधीश (पीसी क़ानून) (सीबीआई) के रूप में किया गया है. वह न्यायाधीश वीरेंद्र भट्ट का स्थान लेंगे और वीरेंद्र भट्ट अब कड़कड़डूमा अदालत में एएसजे का पद संभालेंगे.

    11 ट्रांसफर किए गए जजों के नामों को सूचीबद्ध करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने सार्वजनिक नोटिस में कहा, "माननीय मुख्य न्यायाधीश और न्यायालय के माननीय न्यायाधीशों ने दिल्ली की उच्च न्यायिक सेवा में निम्नलिखित पोस्टिंग/स्थानांतरण किया है.

    ये न्यायिक सेवा तत्काल प्रभाव से लागू हैं." एएसजे यादव ने अपने स्थानांतरण से एक दिन पहले भी दिल्ली पुलिस की आलोचना करते हुए कहा था कि पुलिस के ‘गवाह शपथ लेकर झूठ बोल रहे हैं और विरोधाभासी बयान दे रहे हैं.

    उन्होंने यह टिप्पणी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के मामले की सुनवाई के दौरान की, जब एक पुलिसकर्मी ने तीन कथित दंगाइयों की पहचान की, लेकिन एक अन्य ने कहा कि जांच के दौरान उनकी (कथित दंगाईयों) पहचान नहीं की जा सकी.

    इससे पहले भी वह दिल्ली दंगों से जुड़े कुछ केस में दिल्ली पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए फटकार लगा चुके हैं और जांच को ‘हास्यास्पद’ बता चुके हैं.

  19. पाकिस्तान में आया भूकंप, कम से कम 20 लोगों की मौत, 150 घायल

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार तड़के आए भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है.

    अधिकारियों ने बीबीसी को ये जानकारी दी है और आपदा प्रबंधन अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

    सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में भूकंप के बाद क्वेटा शहर में लोग सड़कों पर जमा नज़र आ रहे हैं. शुरूआती रिपोर्टों के मुताबिक़ भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.7 तक बताई जा रही है.

    एक सरकारी अधिकारी ने कहा है कि इमारतें ढहने से लोगों की मौत हुई है. स्थानीय अधिकारियों ने बीबीसी उर्दू को बताया है कि कम से कम 150 लोग इस हादसे में घायल हुए हैं जिनमें से कई को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ मरने वालों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. एक अधिकारी ने एजेंसी को बताया कि 100 से अधिक मिट्टी के घर ढह गए हैं और बड़ी संख्या में इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, ज़्यादातर नुक़सान प्रांत के हरनाई ज़िले में हुआ है. राजधानी क्वेटा के पूर्व में स्थित हरनाई में बड़ी संख्या में कोयला खदानें हैं.

    बलूचिस्तान के गृह मंत्री मीर जियाउल्लाह लांगू ने बीबीसी को बताया कि इलाके में आपातकालीन सेवाएं भेज दी गई हैं.

  20. लखीमपुर हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, आज होगी सुनवाई

    लखीमपुर हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, आज होगी सुनवाई लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर को हुई हिंसा के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है.

    गुरुवार को चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना की अगुवाई वाली तीन न्यायधीशों की खंडपीठ इस पर सुनवाई करेगी. सीजेआई के साथ खंडपीठ में न्यायमूर्ति सूर्यकांत और हेमा कोहली भी शामिल हैं.

    आरोप है कि रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के काफ़िले की एसयूवी गाड़ी ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को रौंद दिया और इससे हुई हिंसा में चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत हुई. इस हिंसा का आरोप मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर है और उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर भी दर्ज कराई गई है.

    कोर्ट ने इस केस में स्वत: संज्ञान यूपी पुलिस की जांच पर उठ रहे गुस्से-सवाल और मीडिया रिपोर्टों के आधार पर लिया है. साथ ही राज्य के दो वकीलों की चिट्ठी को भी कोर्ट के संज्ञान लेने का आधार बताया जा रहा है.

    मंगलवार को उत्तर प्रदेश के दो वकील शिवकुमार त्रिपाठी और सीएस पांडा ने चीफ़ जस्टिस को लिखे एक ख़त में कोर्ट की निगरानी में घटना की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की थी. चिट्ठी को जनहित याचिका के तौर पर देखने और मामले में जांच के आदेश देने की मांग की गई ताकी ‘निर्दोष लोगों को न्याय मिल सके. कोर्ट में इस मामले का शीर्षक- 'लखीमपुर खीरी में हिंसा के चलते जान का नुक़सान' है.

    वहीं, बुधवार को यूपी सरकार ने विपक्षी नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति दे दी. इसके बाद बुधवार रात को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी पहुंच कर मृतक किसानों के परिजनों से मुलाक़ात की.

    राहुल और प्रियंका के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, भूपेंद्र हुड्डा और यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी थे.

    प्रियंका गांधी ने इस दौरान कहा, ‘’जबतक अजय मिश्रा टेनी भारत सरकार में मंत्री बने हुए हैं तबतक इस मामले की निष्पक्ष जांच कैसे हो सकती है.’’ मृतक किसानों के परिवारों से मिलने के बाद कांग्रेस के नेता स्थानीय पत्रकार रमन कश्यप के परिजनों से भी मिले.

    रविवार रात से लखीमपुर जाने की कोशिश कर रही प्रियंका गांधी को सीतापुर में 60 घंटे से अधिक समय की हिरासत के बाद रिहा किया गया था और राहुल गांधी को भी लखीमपुर जाने की इजाज़त दी गई थी.