राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक ने आरोप
लगाया है कि ड्रग्स मामले में आर्यन ख़ान की गिरफ़्तारी फ़र्ज़ी है.
उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले एक महीने से
क्राइम रिपोर्ट्स के बीच इस बात की ख़बरें थीं कि अगर निशाना अभिनेता शाहरुख खान
हैं.
नवाब मलिक ने आरोप लगाया कि इस मामले में नार्कोटिक्स
कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और बीजेपी नेताओं के बीच मिलीभगत है.
नवाब मलिक महाराष्ट्र सरकार में अल्पसंख्यक विकास, कौशल
विकास एवं उद्यमिता मंत्री हैं.
नार्कोटिक्स कंट्रोल
ब्यूरो (एनसीबी) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख़ ख़ान के बेटे आर्यन ख़ान को एक रेव
पार्टी से गिरफ़्तार किया है. आर्यन पर आरोप हैं कि उन्होंने ड्रग्स ख़रीदे और
उनका सेवन किया था.
कोर्डेलिया क्रूज़ पर हुई
कथित रेव पार्टी में आर्यन ख़ान के अलावा आठ और लोगों को हिरासत में लिया गया था.
वीडियो में बीजेपी के नेता
इस मामले में नवाब मलिक ने आरोप लगाया कि क्रूज़ से कोई भी ड्रग्स कब्ज़े में नहीं ली गई. ड्रग्स की जो भी फोटो ज़ारी की गई हैं वो एनसीबी के दफ़्तर की हैं. वहीं, पहले बताया गया कि 8 या 10 लोग हिरासत में लिए गए हैं लेकिन बाद में कहा गया कि आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है. बाकी दो लोग कहां गए.
उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी के कुछ नेता क्रूज़ में हुई छापेमारी का हिस्सा थे. मामले में सामने आए वीडियो में दिख रहा है किएक शख़्स आर्यन ख़ान को एनसीबी के दफ़्तर ले जा रहा था. उसने आर्यन के साथ एक फोटो भी खींची.उसका नाम ‘केपी गोसावी’ है. एनसीबी का कहना है कि उस शख़्स से एजेंसी का कोई लेना-देना नहीं है. तो फिर ये बताना चाहिए कि वो शख़्स एनसीबी रेड में क्या कर रहा था.’’
नवाब मलिक ने कहा कि उस छापेमारी में बीजेपी के एक नेता मनीष भानुशाली भी थे जो वीडियों में दिखाई दे रहे हैं.
उन्होंने कहा, “अरबाज़ सेठ मरचेंट को एनसीबी कार्यालय में ले जाने वाला शख़्स भी एजेंसी का अधिकारी नहीं है. ये बीजेपी का कहीं का उपाध्यक्ष है. उसका नाम मनीष भानुशाली है. इनके फोटो बीजेपी के बड़े नेताओं और मंत्रियों के साथ हैं. एनसीबी को बताना होगा कि क्या उन्हें निजी लोगों की मदद से रेड करने का अधिकार है और किस क़ानून के तहत?”
हालांकि, मनीष भानुशाली ने नवाब मलिक के आरोपों से इनकार
किया है.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनाई से कहा, “बीजेपी का इससे कोई
लेना-देना नहीं है. मुझे एक अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक ड्रग पार्टी होने वाली
है. मैं एनसीबी अधिकारियों के साथ अपडेटेड जानकारी के साथ था. मैं बीजेपी में किसी
आधिकारिक पद पर नहीं हूं. मैंने देश के एक सक्रिय नागरिक होने के नाते ये जानकारी
दी.’’
मनीष भानुशाली ने बताया, ‘‘मुझे पता चला है कि पिछले महीने नवाब मलिक के एक रिश्तेदार को ड्रग्स मामले में एनसीबी ने गिरफ़्तार किया है. मैं उनके ख़िलाफ़ मानहानी का केस करूंगा. उन्होंने मेरी जान ख़तरे में डाल दी. मैं प्रशासन से मुझे सुरक्षा प्रदान करने के लिए अनुरोध भी करूंगा.”
नवाब मलिक के आरोपों पर एनसीबी के उप महानिदेशक ज्ञानेश्वर
सिंह ने कहा, “अगर वो (एनसीपी) अदालत में जाना चाहते हैं तो जा सकते
हैं और न्याय ले सकते हैं. हम वहां जवाब देंगे. हमने सबकुछ क़ानून के मुताबिक किया
है.”
वहीं, ड्रग्स मामले में मुंबई के पुलिस कमिश्नर हेमंत नगराले ने भी एक प्रेस कांफ्रेंस की.
उन्होंने बताया, “हम जहाजरानी निगम के महानिदेशक को एक पत्र भेजेंगे कि क्या क्रूज जहाज (जहां एनसीबी ने छापेमारी की और गिरफ्तारियां कीं) से संबंधित कोई उल्लंघन हुआ था या सभी अनुमतियां ली गई थीं.”