फ़ेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम छह घंटे की तकनीकी ख़ामी के बाद वापस शुरू
फ़ेसबुक ने बताया है कि उसके सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप में आई तकनीकी ख़ामी को दूर कर लिया गया है. ये तीनों सेवाएं सोमवार रात से तक़रीबन छह घंटों तक बाधित रही हैं.
ये तीनों प्लेटफॉर्म फ़ेसबुक के ही हैं जिन्हें वेबसाइट या स्मार्टफ़ोन पर इस्तेमाल करने में दिक्कत हो रही थी.
इस ख़ामी का पता लगाने वाली डाउनडिटेक्टर वेबसाइट ने बताया है कि यह अभी तक की सबसे बड़ी ख़राबी है जिसमें पूरी दुनियाभर के 1.06 करोड़ यूज़र्स प्रभावित हुए हैं.
फ़ेसबुक को इतनी बड़ी तकनीकी दिक्कत का सामना 2019 में करना पड़ा था.
फ़ेसबुक ने सुबह 4 बजे ट्वीट करके जानकारी दी कि उसकी सेवाएं वापस आ चुकी हैं लेकिन इसके साथ ही उन्होंने इस ख़ामी के लिए माफ़ी भी मांगी है.
फ़ेसबुक के चीफ़ टेक्नोलॉजी ऑफ़िसर माइक श्रोफ़र ने कहा है कि फ़ेसबुक की सेवाओं को ‘100% तक ठीक’ होने में कुछ समय लग सकता है.
इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप ने भी ट्विटर पर बयान जारी करते हुए इसकी पुष्टि की है कि उनकी सेवाएं वापस चालू हो गई हैं.
तकनीकी दिक्कत की क्या थी वजह
कुछ लोगों ने फ़ेसबुक के वर्चुअल रिएलिटी हेडसेट प्लेटफ़ॉर्म ओक्युलस के इस्तेमाल करने में आ रही दिक्कतों के बारे में भी बताया था क्योंकि इसके लिए फ़ेसबुक लॉगिन की ज़रूरत होती है. इसके साथ ही पोकेमॉन गो इस्तेमाल करने में भी लोगों को दिक्कत पेश आई है.
इस तरह की तकनीकी दिक्कत को अब तक की सबसे बड़ी समस्या बताया जा रहा है. इस तरह की समस्या फ़ेसबुक के साथ 2019 में आई थी जब उसकी बहुत सी ऐप्स 14 घंटों तक बाधित रही थीं.
इस ख़ामी के पीछे असली वजह क्या थी इसका अभी तक कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है. लेकिन ऑनलाइन नेटवर्क एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यह फ़ेसबुक में डोमेन नेम सिस्टम (DNS) में आई ख़ामी के कारण हो सकता है.
DNS की अकसर तुलना एक एड्रेस बुक या इंटरनेट पर फ़ोन बुक के तौर पर की जाती है.