You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
असमः यूनाइटेड लिबरेशन ऑफ बोडोलैंड के सभी चरमपंथियों ने किया आत्मसमर्पण
असम के बोडोलैंड इलाके में नवगठित चरमपंथी समूह यूनाइटेड लिबरेशन ऑफ बोडोलैंड (यूएलबी) के सभी कैडरों ने बुधवार को असम पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है.
लाइव कवरेज
सिंधुवासिनी, पवन सिंह अतुल and विभुराज
सिद्धू से बात हुई है, उनकी शिकायतों को मिलकर दूर किया जाएगा: चरणजीत सिंह चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि उनकी नवजोत सिंह सिद्धू से बात हुई है और उन्होंने जो मुद्दे उठाए हैं, उन्हें मिलकर दूर किया जाएगा.
चरणजीत सिंह चन्नी ने संवाददाताओं से कहा, "जो प्रधान होता है, वो पार्टी का हेड होता है. हेड को परिवार में बैठकर अपनी बातों को मजबूती के साथ आगे रखना चाहिए."
"मैंने आज भी सिद्धू साहब से टेलीफ़ोन पर बात की है. सिद्धू साहब ने जो सवाल उठाए हैं, उन्हें मिल कर दूर किया जाएगा."
उन्होंने आगे कहा, "पार्टी ही हमेशा सुप्रीम होती है, सरकार पार्टी की बात को मानती है. आप आओ, बैठकर बात करो, जिस तरह से आपको कोई ग़लतियां लग रही हैं, आप पहले भी उन्हें उठा सकते थे, अब भी उठा सकते हैं."
नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. हालांकि उनका इस्तीफ़ा स्वीकार नहीं किया गया है लेकिन सिद्धू के इस्तीफ़े के बाद से पंजाब की राजनीति में घमासान थमता हुआ नहीं दिख रहा है.
ऑकस पर रूस ने अमेरिका से पूछे कुछ सवाल
रूस ने ऑस्ट्रेलिया ब्रिटेन और अमेरिका के बीच हुइ ऑकस रक्षा समझौते के बारे में अमेरिका को कुछ सवाल भेजे हैं.
फ़िलहाल इसबात की जानकारी नहीं मिली है कि रूस ने कैसे सवाल पूछे हैं.
इंटरफ़ेक्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रियाबकोव ने ये भी कहा है कि वे भविष्य में ऐसे ही सवाल ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन को भी भेजने वाले हैं.
तीन देशों के बीच हुए रक्षा समझौते के तहत ऑस्ट्रेलिया को परमाणु पनडुब्बियां भी मिलेंगी. फ़्रांस इस समझौते से ख़फ़ा है क्योंकि पहले ऑस्ट्रेलिया ये पनडुब्बियां उससे लेने वाला था.
चीन भी इस रक्षा समझौते पर तीख़ी टिप्पणियां कर चुका है.
फ़ूमियो किशीडा होंगे जापान के अगले प्रधानमंत्री
जापान की सत्तारुढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के अंदर फ़ूमियो किशीडा नेतृत्व की रेस जीत चुके हैं और अब वो देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे.
योशिहिदे सुगा की जगह किशीडा को प्रधानमंत्री बनाया जाएगा. सुगा ने एक साल प्रधानमंत्री के पद पर रहने के बाद इससे हटने का फ़ैसला कर लिया था.
नए प्रधानमंत्री का पहला लक्ष्य आगामी आम चुनावों में LDP को जीत दिलाना होगा क्योंकि लोगों की नाराज़गी के बावजूद टोक्यो ओलंपिक के आयोजन को लेकर पार्टी की लोकप्रियता में ज़बरदस्त गिरावट देखी गई है.
पूर्व विदेश मंत्री किशीडा ने टारो कोनो को पीछे छोड़कर इस पद पर क़ब्ज़ा जमाया है. कोनो को सबसे चर्चित उम्मीदवार समझा जा रहा था.
किशीडा का लंबे समय से प्रधानमंत्री बनने का लक्ष्या था लेकिन बीते साल हुए चुनाव में वो सुगा से हार गए थे.
जापान के नए प्रधानमंत्री के आगे बहुत सारी चुनौतियां हैं जिनमें कोरोना महामारी के बाद देश की आर्थिक स्थिति को दुरुस्त करना और उत्तर कोरिया के ख़तरों से निपटना शामिल है.
उन्होंने महामारी से निपटने के लिए ‘हेल्थ क्राइसिस मैनेजमेंट एजेंसी’ के गठन की भी बात कही है.
कोरोना महामारी की स्थिति को संभालने को लेकर सुगा की आलोचना हुई थी और उनकी रेटिंग में गिरावट देखी गई थी जिसके बाद उन्होंने एक साल दफ़्तर में रहने के बाद पद छोड़ने की घोषणा की थी.
पंजाब की हालत से अभी सिर्फ़ पाकिस्तान ख़ुश है: मनीष तिवारी
पंजाब कांग्रेस में मची उथल-पुथल के बाद अब पार्टी के नेता और आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी खुलकर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पक्ष में आ गए हैं.
उन्होंने कहा कि पंजाब को इस समय किसी सुरक्षित हाथों में दिया जाना चाहिए था.
मनीष तिवारी ने नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिए बिना ही उन पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, “जिन लोगों को राज्य की देखभाल की ज़िम्मेदारी दी गई थी उन्हें पूरे हालात का अंदाज़ा भी नहीं था.”
मीडिया से बात करते हुए मनीष तिवारी ने कहा, “पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और इसे सुरक्षित हाथों में सौंपा दिया जाना चाहिए था लेकिन यह मामला बुरी तरह से हैंडल किया गया जो दुर्भाग्यपूर्ण है.”
अमरिंदर सिंह की तारीफ़
उन्होंने कहा कि पंजाब के ताज़ा हालात से अगर कोई ख़ुश है तो वो पाकिस्तान है.
उन्होंने कहा, “पंजाब की अस्थिरता से अगर किसी को ख़ुशी है तो पाकिस्तान को है. उन्हें लगता है कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती है तो उन्हें एक बार फिर अपने काले मंसूबों को अंजाम देने का मौका मिलेगा.”
मनीष तिवारी ने कहा कि पिछले एक साल से पंजाब के किसान अपनी माँग लेकर सड़क पर बैठे हैं. ऐसे में सरकार को उनके प्रति संवेदनशील होने की ज़रूरत थी और इन विवादों में नहीं पड़ना चाहिए था.
कैप्टन अमरिंदर सिंह के बारे में मनीष तिवारी ने कहा, “वो बड़े कद वाले नेता हैं और मेरे पिता के बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं. हम उन्हें दशकों से जानते हैं.”
'खेल के क़िस्से' में आज क़िस्सा नवजोत सिंह सिद्धू का, पेश कर रहे हैं रेहान फ़ज़ल और सूर्यांशी पांडे
जिहादी समूहों के समर्थकों ने असम की हिंसा पर भारत को बनाया निशाना
....में - Author, बीबीसी मॉनिटरिंग
- पदनाम, .
असम में 'अवैध अतिक्रमण' हटाने के दौरान हुई हिंसा और मौत को लेकर जिहादी समूहों के समर्थक भारत के ख़िलाफ़ ऑनलाइन मुहिम चला रहे हैं.
ये जिहादी समूह भारत में मुसलमानों के साथ होने वाली हिंसा पर भारत की आलोचना कर रहे हैं.
अल-क़ायदा जैसे जिहादी समूहों के समर्थक 26 सितंबर से ही अरबी भाषा में भारत के ख़िलाफ़ हैशटैग चला रहे हैं.
जिहादी समूहों ने भारत के साथ-साथ पश्चिमी देशों को भी निशाना बनाया है.
इनका कहना है कि पश्चिमी देश अफ़गानिस्तान में तालिबान और मानवाधिकारों के हनन पर ध्यान दे रहे हैं लेकिन भारत में मुसलमानों के साथ होने वाली हिंसा पर उनका ध्यान नहीं जा रहा है.
भारतीय सामान के बहिष्कार की अपील
जॉर्डन के कट्टरपंथी मौलवी अबू मोहम्मद-मक़दिसी जिहादी समूहों के मुखर समर्थक हैं और वो इन दिनों खुलकर भारत की निंदा कर रहे हैं.
इसी तरह अल-रवक़ी नाम के एक जिहादी समर्थक ट्विटर हैंडल से भी भारत के ख़िलाफ़ लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं.
यह स्पष्ट नहीं है कि अल-रवक़ी का अकाउंट कौन चलाता है लेकिन अल-मक़दिसी और ये एक दूसरे की पोस्ट नियमित तौर पर शेयर करते हैं.
कइयों ने अरब देशों से अपील की है वो भारतीय उत्पादों और सेवाओं का बहिष्कार करें.
असम में क्या हुआ था?
23 सितंबर को लोगों को हटाने के अभियान के दौरान 28 साल के मोइनुल हक़ पुलिस की गोली लगने से मारे गए थे.
वायरल हो रहे वीडियो में मोइनुल हक़ को पुलिस की ओर दौड़ लगाते देखा जा रहा है.
जब वो गिर गए तो पुलिस के साथ मौजूद एक कैमरामैन मोइनुल हक़ के शरीर पर कूद रहा था.
उसके बाद ज़िला प्रशासन की ओर से नियुक्त उस कैमरापर्सन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.
राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं. असम सरकार के गृह विभाग की विज्ञप्ति में कहा गया है कि गुवाहाटी हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज के नेतृत्व में जांच कराई जाएगी.
जांच में घटनाओं की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड में चीनी घुसपैठ की ख़बरों पर राहुल का ट्वीट
भारतीय मीडिया में उत्तराखंड में चीनी सेना की कथित घुसपैठ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक तंज भरा ट्वीट किया है.
राहुल गांधी ने लिखा, "जुमला - घर में घुस के मारेंगे. सच - चीन हमारे देश में घुस के मार रहा है."
भारत के एक बड़े बिज़नेस अख़बारइकोनॉमिक टाइम्सने कल लिखा था कि उत्तराखंड के बाराहोटी में चीन की सेना ने एक पुल तोड़ा और फिर वापस लौट गए.
भारत सरकार ने फ़िलहाल चीन की इस घुसपैठ की ख़बर के बारे में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
ब्रेकिंग न्यूज़, सिद्धू ने अफ़सरों और लीडरों की नियुक्ति पर उठाए सवाल, कहा - मैं तो अड़ूंगा और लड़ूंगा, सबकुछ जाता है तो जाए
कांग्रेस पंजाब अध्यक्ष के पद से इस्तीफ़ा देने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘हक़-सच की लड़ाई आख़िरी दम तक लड़ता रहूंगा.’
वो वीडियो में कह रहे हैं, “प्यारे पंजाबियों, 17 साल के राजनीतिक सफ़र एक उद्देश्य के साथ तय किया है. पंजाब के लोगों की ज़िंदगियों को बेहतर करना और मुद्दे की राजनीति पर एक स्टैंड लेकर खड़े रहना. यही मेरा धर्म और फ़र्ज़ रहा है और आज तक मेरा किसी से निजी झगड़ा नहीं रहा है.”
“मेरी लड़ाई मुद्दों की और पंजाब के एजेंडे की है. मैं हमेशा हक़ की लड़ाई लड़ता रहा हूं और इससे कोई समझौता नहीं किया है. मेरे पिता ने यही सिखाया है जब भी कोई द्वंद्व हो तो सच के साथ रहो और नैतिकता रखो. नैतिकता के साथ कोई समझौता नहीं है.”
सिद्धू इसके बाद कह रहे हैं कि वो आज देख रहे हैं कि मुद्दों के साथ समझौता हो रहा है.
“मैं देखता हूं कि छह-छह साल पहले जिन्होंने बादलों को क्लीन चिट दे दी उन्हें उत्तरदायित्व दिया गया है. मैं न हाई कमान को गुमराह कर सकता हूं और न ही गुमराह होने दे सकता हूं. गुरु के इंसाफ़ के लिए, पंजाब के लोगों की ज़िंदगी बेहतर करने के लिए मैं किसी भी चीज़ की कुर्बानी दूंगा.”
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि 'दाग़ी अफ़सरों और लीडरों का सिस्टम हमने तोड़ दिया था. दोबारा उन्हीं को लाकर, वो सिस्टम एक बार फिर खड़ा नहीं किया जा सकता, मैं इसका विरोध करता हूं.'
दरअसल सिद्धू एडवोकेट जनरल की नियुक्ति पर भी सवाल उठा रहा थे.
सिद्धू ने कहा कि जो ब्लेंकेट बेल दिलवाते रहे वो आज एडवोकेट जनरल बन गए हैं.
उनका इशारा अमर प्रीत सिंह देओल की ओर था. देओल को चन्नी सरकार ने दो दिन पहले ही पंजाब के एडवोकेट जनरल के पद पर नियुक्त किया है.
'लड़ूंगा और अड़ूंगा'
नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने वीडियो में आगे कहा, "जिन लोगों ने बड़े अफ़सरों का दायित्व निभाते हुए उन लोगों को प्रोटेक्शन दी, जिन्होंने मांओ की कोख सूनी कर दी. उनको पहरेदार नहीं बनाया जा सकता."
सिद्धू ने कहा, " मैं अड़ूंगा और लड़ूंगा, सबकुछ लुटता है तो लुट जाए."
उन्होंने कहा कि ये उनकी रूह की आवाज़ है और वे पंजाब की प्रगति के लिए कोई समझौता नहीं करेंगे
वीडियो: ब्रिटेन में ऐसा क्या हुआ कि पेट्रोल पंप पर लंबी लाइनें लग गईं?
बीते कुछ दिनों से आपने सोशल मीडिया पर ब्रिटेन में पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी क़तारों वाले वीडियो ज़रूर देखे होंगे.
आपने इस बारे में सुना होगा कि ब्रिटेन में लोग बहुत तेज़ी से घबराहट में ईंधन की ख़रीद कर रहे हैं.
हालांकि सरकार और तेल कंपनियां कह चुकी हैं कि ब्रिटेन में ईंधन की कोई कमी नहीं है. फिर भी देश में ऐसे हालात क्यों और कैसे पैदा हो गए हैं?
कई पेट्रोल पंप तेल की मांग को पूरा नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें अपने पंप को बंद करना पड़ा है.
कोरोना: संक्रमण मामलों में गिरावट, मार्च के बाद लगातार दूसरे दिन 20 हज़ार से कम केस
पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 18,870 मामले सामने आए हैं और 378 लोगों की मौत हुई है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय अनुसार इस दौरान 28,178 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं.
आईसीएमआर के आँकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 15,04,713 सैंपल्स की कोरोना के लिए जाँच की गई.
मार्च के बाद यह लगातार दूसरी बार है जब एक दिन में 20 हज़ार से कम मामले दर्ज किए गए हैं.
मंगलवार को भी 20 हज़ार से कम ही मामले सामने आए थे.
अब तक कुल 4,47,751 लोगों की मौत
इसी के साथ देश में अब कोविड-19 के कुल 3,37,16,451 मामले हो गए हैं जिनमें से 2,82,520 मामले एक्टिव हैं.
संक्रमण के कारण अब तक कुल 4,47,751 लोगों की मौत हुई है.
3,29,86,180 लोग इलाज के बाद ठीक हुए हैं.
देश में अब तक कुल 87,66,63,490 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है.
पिछले 24 घंटे में 54,13,332 लोगों को वैक्सीन लगी.
पीएम मोदी को 'धरती की आख़िरी उम्मीद' बताने वाली फ़र्जी तस्वीर पर बोला न्यूयॉर्क टाइम्स
अमेरिकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे उस दावे का खंडन किया है, जिसमें उसके फ़्रंट पेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “धरती की आख़िरी उम्मीद” और “दुनिया का सबसे ताकतवर नेता” बताया जा रहा है.
दरअसल पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क टाइम्स का फ़्रंट पेज बताकर एक क्लिप शेयर की जा रही है जिसमें पीएम मोदी की बड़ी सी तस्वीर छपी है.
इस तस्वीर के साथ लिखा है- दुनिया की आख़िरी और सबसे अच्छी उम्मीद. दुनिया के सबसे प्रिय और सबसे ताकतवर नेता.
कुछ समूहों और लोगों ने फ़ेसबुक, ट्विटर और वॉट्सऐप जैसे प्लैटफ़ॉर्म्स पर इसे अमेरिकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स का पन्ना बताकर वायरल किया.
हालाँकि जल्दी ही इस तस्वीर की सच्चाई सामने आ गई थी.
फ़ैक्ट चेकर्स ने बता दिया था कि यह फ़र्जी क्लिपिंग है और न्यूयॉर्क टाइम्स ने ऐसी कोई ख़बर नहीं छापी.
फ़्रंट पेज पर पीएम मोदी से जुड़ी कोई ख़बर नहीं थी
अब न्यूयॉर्क टाइम्स ने आधिकारिक तौर पर इस क्लिपिंग को फर्जी बता दिया है.
न्यूयॉर्क टाइम्स कम्युनिकेशन्स के ट्विटर हैंडल ने ट्वीट किया,“ये पूरी तरह से ग़लत तस्वीर है.”
असलियत में 26 सितंबर को न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पन्ने पर पीएम मोदी से जुड़ी कोई ख़बर छपी ही नहीं थी.
ट्वीट में उन ख़बरों और रिपोर्ट्स का लिंक भी दिया गया है जिसमें न्यूयॉर्क टाइम्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में वाक़ई लिखा है.
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क गए थे और उसी दौरान यह तस्वीर वायरल की गई थी.
वीडियो: क्या आपको कोरोना वैक्सीन का बूस्टर डोज़ लेना चाहिए?
बीजेपी का प्रियंका गांधी पर तंज़- ग़लत टाइम पर यूपी आ गईं, पंजाब की टिकट कर दें?
पंजाब कांग्रेस में जारी उथल-पुथल के बीच बीजेपी ने प्रियंका गांधी पर तंज़ किया है.
एक तरफ़ उत्तर प्रदेश में चुनाव के मद्देनज़र चुनावी गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं तो दूसरी तरफ़ पंजाब में कांग्रेस के लिए एक के बाद एक चुनौतियाँ सामने आ रही हैं.
पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा, फिर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया और अब नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफ़ा दे दिया.
इधर, उत्तर प्रदेश में चुनाव को देखते हुए प्रियंका गांधी के पोस्टर लगने लगे हैं. इन सबके बीच बीजेपी ने प्रियंका गांधी पर कटाक्ष किया है.
यूपी बीजेपी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया- प्रियंका वाड्रा जी, आप गलत टाइम पर यूपी आ गयी हैं. ये टाइम तो पंजाब जाने का था. पंजाब का टिकट बुक कर दें?
बीजेपी के ट्वीट पर लोगों ने क्या कहा?
बीजेपी के इस ट्वीट के जवाब में लोगों ने अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया दी है.
अंचल कंबोज ने लिखा, “ये तो वही बात हो गई कि जाना था जापान, पहुँच गए चीन. प्रियंका जी पंजाब पहुँचें जल्दी से नहीं तो पंजाब भी आपके हाथ से निकल जाएगा.”
दीपक कुमार ने ट्वीट किया, “ये तो यूपी की जनता तय करेगी.आपने (बीजेपी ने) कोई बहुत बढ़िया काम नहीं कर दिया है कि इतने विश्वास में हैं. ये पब्लिक है, ये सब जानती है.”
एक अन्य ट्विटर यूज़र ने लिखा, “काश जब मज़दूर पैदल चल कर घर जा रहे थे और न जाने कितने मर गए, अगर उनका टिकट बनावाए होते तो देश आज खुशहाल होता.”
कांग्रेस नेतृत्व ने नवजोत सिंह सिद्धू का पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफ़ा मंज़ूर नहीं किया है और स्थानीय नेतृत्व से इम मामले को सुलझाने को कहा है.
सिद्धू ने मंगलवार को ट्विटर पर इस्तीफ़े की घोषणा करके एक बार फिर यह दोहरा दिया कि पंजाब कांग्रेस में अभी भी सब कुछ ठीक नहीं हुआ है.
वीडियो: कोरोना जहां से शुरू हुआ, अब वहां क्या हाल है?
चीन में अब लोग सर्फ़िंग की तरफ़ आकर्षित हो रहे हैं. चीन का हैनान द्वीप रिज़ॉर्ट के लिए प्रसिद्ध है. यहां सालों से लोग सर्फ़िंग कर रहे हैं
लेकिन जो कभी चुनिंदा लोगों का रोमांचक खेल होता था, अब एक बड़ा व्यापार बन गया है.
ये सब कोरोना वायरस की वजह से हुआ है. अचानक से लोग सर्फ़िंग सीखने में दिलचस्पी दिखाने लगे हैं.
उत्तर कोरिया ने ख़ुद बताया- कौन सी मिसाइल दागी और क्या है इसकी ख़ासियत
उत्तर कोरिया ने कहा है कि उसने मंगलवार को एक हाइपरसोनिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया.
इस मिसाइल का नाम हॉसॉन्ग-8 बताया जा रहा है.
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के अनुसार यह मिसाइल पंचवर्षीय सैन्य योजना की नई हथियार प्रणाली के तहत बने “पाँच सबसे महत्वपूर्ण हथियारों” में से एक है.
सरकारी मीडिया ने नई मिसाइल को “रणनीतिक हथियार” बताया है.
आम तौर पर रणनीतिक हथियार परमाणु क्षमता से लैस हथियारों को कहा जाता है.
नई मिसाइल के परीक्षण से पता चलता है कि कड़ी पाबंदियों के बावजूद उत्तर कोरिया लगातार अपने हथियारों की तकनीक विकसित कर रहा है.
एक महीने में तीन मिसाइलें
इस एक महीने के भीतर उत्तर कोरिया तीन मिसाइलों का परीक्षण कर चुका है.
इससे पहले उत्तर कोरिया ने नई तरह की एक क्रूज़ और बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था.
इस साल जनवरी में हुई सेना की बैठक में उत्तर कोरियाई शासक किम जोंग-उन ने कहा था वैज्ञानिकों ने हाइपरसोनिक हथियार विकसित कर लिए हैं.
उन्होंने अपने भाषण में हथियारों की एक सूची का भी ज़िक्र किया था जिसे वो सेना के पास देखना चाहते हैं.
उत्तर कोरिया ने हालिया मिसाइल दागने से ठीक एक दिन पहले दक्षिण कोरिया से बातचीत की इच्छा ज़ाहिर की थी.
अमेरिका सेना ने अपने जारी किए एक बयान में कहा कि उन्हें इस मिसाइल के बारे में पता है लेकिन इससे अमेरिका या इससे सहयोगियों को तत्काल कोई ख़तरा नहीं है.
नमस्कार! बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. यहाँ हम आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.
यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 28 सितंबर, मंगलवार के अपडेट्स पढ़ने के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.