पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को कोलकाता में केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है.
एक कार्यक्रम के सिलसिले में इटली के रोम जाने के उनके प्रस्ताव को केंद्र की अनुमति न मिल पाने के चलते उन्होंने सरकार की कड़ी आलोचना की है.
ममता बनर्जी ने इस बारे में केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा, ''आप मुझे रोक नहीं पाएंगे. मैं विदेश जाने के लिए लालायित नहीं रहती, लेकिन मेरा ये दौरा देश के सम्मान के लिए था.''
प्रधानमंत्री ईर्ष्यालु हैं
पश्चिम बंगाल की सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी हिंदुओं की बातें करते रहते हैं और मैं भी एक हिंदू महिला हूं. उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल पूछने के अंदाज में कहा कि आपने मुझे विदेश जाने की अनुमति क्यों नहीं दी?
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में कहा कि विदेश जाने की अनुमति न देना जाहिर करता है कि 'वो पूरी तरह ईर्ष्यालु हैं'.
'तालिबानी बीजेपी को हराना है'
ममता बनजी ने कहा है कि हमें अपनी आज़ादी को बचाना है. इस देश को 'तालिबानी' भाजपा नहीं चला सकती.
भबानीपुर में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रचार करने के दौरान उन्होंने ये बातें कही हैं.
इस दौरान उन्होंने दावा किया कि अकेले टीएमसी भाजपा को हराने में सक्षम है. बनर्जी ने कहा कि 'खेला' भबानीपुर से शुरू होगा और ये तभी ख़त्म होगा, जब हम पूरे देश में जीत हासिल कर लेंगे.
विश्व शांति की चर्चा में जाना था
ममता बनर्जी ने रोम के प्रस्तावित दौरे के मकसद को साफ करते हुए कहा कि रोम में विश्व शांति के मुद्दे पर आयोजित होने वाली एक सभा के लिए मुझे बुलाया गया था. उस कार्यक्रम में जर्मनी की चांसलर के साथ पोप (फ्रांसिस) को भी भाग लेना है.
उन्होंने ये भी बताया कि इटली ने इसमें भाग लेने की विशेष अनुमति उन्हें दी थी. इसके बावजूद केंद्र सरकार ने यात्रा को मंजूरी देने से इनकार करते हुए कहा कि किसी मुख्यमंत्री का वहां जाना वाजिब नहीं है.
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं. वो वहां क्वाड की बैठक और अमेरिकी प्रेसिडेंट जो बाइडन से मुलाक़ात करने के साथ यूनाइटेड नेशन को भी संबोधित करेंगे. पहले भी नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरे को लेकर कई आलोचक उन पर हमले करते रहे हैं.