You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन ने सीमा विवाद पर भारत से की शांतिपूर्ण समाधान की पेशकश, कहा- मुद्दों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए

भारत में चीन के राजदूत सन वीडॉन्ग ने एक समारोह में भारत-चीन संबंधों में जहां सहयोग और समन्वय की बात की वहीं, पश्चिमी देशों से सहयोग को लेकर चेताया भी.

लाइव कवरेज

भूमिका राय, पवन सिंह अतुल and कमलेश मठेनी

  1. बैले डांसर कमल सिंह को देखा क्या आपने

  2. जंतर-मंतर भड़काऊ नारेबाजी केस में प्रीत सिंह को मिली ज़मानत

    दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को प्रीत सिंह को ज़मानत दे दी.

    प्रीत सिंह जंतर मंतर पर आयोजित एक कार्यक्रम के आयोजकों में से एक हैं. इस कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर सांप्रदायिक नारे लगाए गए थे.

    जस्टिस मुक्ता गुप्ता ने फ़ैसला देते हुए कहा कि याचिकाकर्ता को जमानत दे दी गई है.

    प्रीत सिंह पर दिल्ली के जंतर मंतर पर आठ अगस्त को हुई एक रैली में विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी पैदा करने और युवाओं को एक विशेष धर्म के ख़िलाफ़ प्रचार करने के लिए उकसाने का आरोप है.

    एडवोकेट विष्णु शंकर जैन के माध्यम से दायर अपनी याचिका में सिंह ने दावा किया कि वह "किसी भी व्यक्ति या समुदाय के ख़िलाफ़ कोई भड़काऊ भाषण देने या कोई नारा लगाने में शामिल नहीं थे."

    उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि हिंदू राष्ट्र की स्थापना की मांग आईपीसी की धारा 153ए (अभद्र भाषा) के तहत नहीं आती है और नारेबाजी के समय वह जंतर मंतर पर मौजूद भी नहीं थे.

    दिल्ली पुलिस ने सिंह की ज़मानत पर रिहाई याचिका का विरोध किया.

  3. अर्दोआन ने कहा - आतंकी गुटों को हथियार भेज रहे हैं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन

      • Author, बीबीसी मॉनिटरिंग
      • पदनाम, .

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर "आतंकवादी संगठनों को हथियार" देने का आरोप लगाया है. शायद उनका इशारा उत्तरी सीरिया में एक्टिव कुर्द हथियारबंद गुटों की ओर है जिनकी अमेरिका मदद करता है.

    अर्दोआन ने कहा, "बाइडन ने फिर से आतंकवादी संगठनों को हथियार, गोला-बारूद और उपकरण देना शुरू कर दिए हैं. हम इसके मूकदर्शन नहीं बने रहेंगे."

    उन्होंने आगे कहा, "ट्रम्प के कार्यकाल में, आतंकवादी संगठनों को हथियार और गोला-बारूद के हज़ारों ट्रक दिए गए थे. मैंने कई बार ये विषय राष्ट्रपति ट्रंप के सामने उठाया था. अब वही हाल बाइडन के कार्यकाल में भी जारी है.”

    तुर्की की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक अर्दोआन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की 76 वीं महासभा में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे.

    क्या है मामला?

    तुर्की अक्सर कहता है कि अमेरिका, सीरियाई कुर्द लड़ाकों का इस्तेमाल, सीरिया में इस्लामिक स्टेट के विरुद्ध करता है. अमेरिका का कुर्दों को ये साथ, तुर्की-अमेरिका रिश्तों की एक बड़ी चुनौती है.

    तुर्की सीरियाई कुर्दों के गुट - पीपल्स प्रोटेक्शन यूनिट (वाईपीजी) को कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी की शाखा मानता है. कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी ने दशकों से तुर्की के ख़िलाफ़ एक हथियारबंद अलगाववादी आंदोलन चलाया हुआ है.

    साथ ही कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी तुर्की, अमेरिका और यूरोपीय संघ में आंतकी संगठनों की सूची में शामिल है.

  4. सेंसेक्स 60,000 के पार, हासिल किया नया मुक़ाम

    आज यानी शुक्रवार को शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर खुला.बाज़ार खुलने के साथ सेंसेक्स 359.29 अंकों के साथ 60 हज़ार के पार पहुंच गया.

    बाज़ार में अब भी मज़बूती बनी हुई है. और सारे इंडेक्स बढ़ोतरी की ओर हैं. निफ़्टी 100.40 अंकों की बढ़त के साथ 17923.35 के स्तर पर खुला.

    ऐसा माना जा रहा है कि वैश्विक बाज़ारों से मजबूत संकेत मिलने के कारण घरेलू शेयर बाज़ार में तेज़ी देखी गई है.

    अमेरिकी फ़ेडरल रिज़र्व ने संकेत दिये हैं कि वह इस साल के अंत तक अर्थव्यवस्था के लिए अपने असाधारण समर्थन उपायों में ढील देने की शुरुआत कर सकता है. इसके बाद दुनिया भर के बाजारों में तेजी देखी गई है.

  5. अफ़ग़ानिस्तान पर अमेरिका और पाकिस्तान ने की चर्चा, क़ुरैशी ने ब्लिंकन को किया सावधान

    अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने 76वें संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से मुलाकात की. दोनों विदेश मंत्रियों ने साथ काम करने के महत्व पर ज़ोर देते हुए अफ़ग़ानिस्तान के मुद्दे पर चर्चा की.

    ब्लिंकन ने गुरुवार को न्यूयॉर्क में कुरैशी के साथ अपनी बैठक के दौरान कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के संबंध में साथ मिलकर काम करने और ध्यान केंद्रित करने के लिए बहुत कुछ है.

    ब्लिंकन ने अफ़ग़ानिस्तान छोड़कर जाने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए पाकिस्तान के प्रयास की सराहना भी की. विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस के अनुसार, दोनों नेताओं ने अफ़ग़ानिस्तान के भविष्य को लेकर चर्चा की.

    इस बैठक के बाद कुरैशी ने कहा, "मैंने सोचा था कि एक समय आएगा जहां हम अफ़ग़ानिस्तान से आगे बढ़कर बात करेंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि अफ़ग़ानिस्तान अब भी मौजूद है, हम इसे दूर नहीं कर सकते हैं. हमें अपने साझा लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एकसाथ काम करने के तरीक़े खोजने होंगे.”

    अमेरिकी विदेश विभाग की वेबसाइट के अनुसार, यह बैठक लगभग एक घंटे तक चली.

    बैठक के बाद कुरैशी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा और क्षेत्रीय संपर्क पर आधारित संबंधों पर चर्चा हुई.

    अफ़ग़ानिस्तान के संबंध में विदेश मंत्री ने समावेशी राजनीतिक समाधान के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने जोर देकर कहा, "दुनिया को अफ़ग़ानिस्तान से अलग होने की ग़लती नहीं दोहरानी चाहिए."

    पाकिस्तान के समाचारपत्र डॉन के अनुसार, पाकिस्तान लंबे समय से अमेरिकी नेतृत्व के साथ उच्च स्तरीय बैठक करना चाहता था, ख़ासकर काबुल में अमेरिका समर्थित सरकार के गिर जाने के बाद.

  6. पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रधानमंत्रियों से भी हुई मुलाक़ात

    अमेरिकी दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के साथ मुलाक़ात की. उन्होंने मॉरिसन को अपना दोस्त बताया है.

    पीएम मोदी के हैंडल से किये गए एक ट्वीट के अनुसार, “मेरे अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के साथ बातचीत करना हमेशा ही अच्छा अनुभव होता है. उनसे वाणिज्य, व्यापार, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत, व्यापक बनाने को लेकर चर्चा हुई.”

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल अपनी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा पर हैं. जहां गुरुवार को उन्होंने अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाक़ात की.अपनी इस यात्रा के दौरान 24 सितंबर को वह अमेरिकी राष्ट्रपति से भी मिलेंगे.

    क्वाड समूह के अन्य नेता भी अमेरिका में मौजूद हैं और प्रधानमंत्री उनसे भी मुलाक़ात कर रहे हैं.

    इसी क्रम में उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात के संबंध में मोदी ने ट्वीट किया है- "जापान भारत के सबसे महत्वपूर्ण भागीदारों में से एक है. जापान के पीएम सुगा के साथ मुलाकात शानदार रही. विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिलेगा. एक मज़बूत भारत-जापान सहयोग दुनिया के लिए भी अच्छा है."

  7. पीएम मोदी कमला हैरिस से मिले, भारत आने का दिया न्यौता

    अमेरिका दौरे पर गए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से पहली बार आमने-सामने मुलाक़ात की.

    भारतीय मूल की कमला हैरिस ने पिछले वर्ष इतिहास रचा था जब वो अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद तक पहुँचनेवाली पहली ब्लैक और दक्षिण एशियाई राजनेता बनी थीं.

    प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति निवास व्हाइट हाउस में कमला हैरिस के साथ मुलाक़ात के बाद एक साझा प्रेस वार्ता में भारत और अमेरिका को स्वाभाविक सहयोगी बताया.

    मोदी ने कहा,"भारत और अमेरिका स्वाभाविक सहयोगी हैं. हमारे मूल्य समान हैं, हमारे भू-राजनीतिक हित समान हैं. "

    मोदी और कमला हैरिस के बीच इससे पहले इस वर्ष जून में फ़ोन पर बात हुई थी जब भारत कोरोना की दूसरी लहर का सामना कर रहा था. मगर गुरुवार को दोनों नेताओं की ये पहली मुलाक़ात थी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा,"आप सारी दुनिया के बहुत सारे लोगों के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रपति बाइडन और आपके नेतृत्व में हमारे द्विपक्षीय रिश्ते नई ऊँचाई तक जाएँगे."

    प्रधानमंत्री मोदी ने कमला हैरिक को भारत आने का भी निमंत्रण दिया. मोदी ने कहा, "भारत के लोग आपका स्वागत करने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं."

    पिछले वर्ष नवंबर में कमला हैरिस के उपराष्ट्रपति बनने पर तमिलनाडु में उनके पैतृक गाँव में आतिशबाज़ी की गई थी और लोगों ने बाहर निकलकर जश्न मनाया था.

    प्रधानमंत्री मोदी आज अपने तीन दिन के अमेरिका प्रवास के दूसरे दिन पहली बार राष्ट्रपति जो बाइडन से मिलेंगे.

    इस बैठक को अफ़ग़ानिस्तान में पिछले महीने तालिबान के सत्ता पर काबिज़ होने के लिहाज से अहम बताया जा रहा है.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    23 सितंबर, गुरुवार के अपडेट्स के लिए आप आप यहां क्लिक कर सकते हैं.