यूएन अफ़ग़ानिस्तान की समस्या दूर कर सकता है, ऐसा सोचना ‘कल्पना’ है - गुटरेश

अफ़ग़ानिस्तान को "एक नाटकीय मानवीय आपदा के कग़ार पर" बताते हुए गुटरेश ने कहा कि उनकी मानवीय मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र है और वो हरसंभव कोशिश करेगा.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल, भूमिका राय and शुभम किशोर

  1. शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में क्या तालिबान का कोई प्रतिनिधि होगा?

    चीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन की 21वीं बैठक है. इस बार ये बैठक वीडियो लिंक के जरिए होगी. इस संगठन में सेंट्रल और साउथ एशिया के देश हैं.

    चीन और रूस के दबदबे वाले शंघाई सहयोग संगठन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो लिंक के ज़रिए शामिल होंगे.

    अफ़ग़ानिस्तान इस समूह का पर्यवेक्षक सदस्य है लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि तालिबान सरकार का कोई प्रतिनिधि इसमें शामिल होगा या नहीं.

    चीन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के अधिकारियों को मान्यता देगा या नहीं.

    तालिबान की सरकार के मंत्रीमंडल में एक भी महिला सदस्य को जगह नहीं दी है. हालांकि चीन ने काबुल में अपने दूतावास को अभी तक बंद नहीं किया है.

    चीन अफ़ग़ानिस्तान में अस्थिरता के लिए अमेरिका को ज़िम्मेदार बताता रहा है. चीन ने अमेरिका पर आरोप लगाते हुए कहा है कि अमेरिका ने जिस तरह अपने सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान से वापस निकाला उसी के कारण वहां अराजकता फैली.

    चीन ने शंघाई सहयोग संगठन का इस्तेमाल राजनीतिक वार्ता और संयुक्त सैन्य अभ्यास के माध्यम से मध्य एशिया में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए किया है, जिसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर इस क्षेत्र में अमेरिकी प्रभाव को कम करना है.

  2. तालिबान नेता मुल्ला बरादर ने कहा, 'ज़ख़्मी नहीं हूं, ठीक हूं'

  3. अफ़ग़ानिस्तान की जूनियर महिला फ़ुटबॉल टीम पाकिस्तान पहुंची

    अफ़ग़ानिस्तान खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अफ़ग़ानिस्तान की जूनियर नेशनल फ़ुटबॉल टीम की महिला खिलाड़ी पाकिस्तान पहुंच गयी हैं.

    बीते महीने अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान के कब्ज़े के बाद से ही ये महिला खिलाड़ी तालिबानी लड़ाकों के डर से छिपकर रह रही थीं.

    महिला खिलाड़ियों की टीम पिछले महीने ही काबुल से निकलने में सफल रही थी लेकिन जूनियर महिला खिलाड़ियों की टीम कथित तौर पर फंस गई थी. पासपोर्ट और दस्तावेज़ पूरे नहीं होने के कारण वे अफ़ग़ानिस्तान से निकल नहीं पायी थीं.

    "फुटबॉल फ़ॉर पीस" चैरिटी संस्था की पैरवी के बाद बत्तीस खिलाड़ियों और उनके परिवार वालों के लिए पाकिस्तान का वीज़ा जारी हुआ.

    पाकिस्तान फ़ुटबॉल महासंघ के एक अधिकारी ने बताया कि कुल 81 लोगों के समूह को लाहौर में महासंघ के मुख्यालय में रहने की अनुमति दी गई है.

    उन्होंने बताया कि गुरुवार को और 34 लोग वहां पहुंचेंगे.

    अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ी किसी तीसरे देशों में शरण लेने के लिए आवेदन करने से पहले 30 दिनों तक कड़ी सुरक्षा के बीच पाकिस्तान में रहेंगे.

    द इंडिपेंडेंट ने हाल ही में ख़ुलासा किया था कि खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को पत्र लिखकर देश में तत्काल प्रवेश करने की अनुमति मांगी थी.

    पत्र में दावा किया गया है कि लड़कियों ने तालिबान को लेकर ख़तरे की आशंका जतायी थी.

  4. फ़्रांस ने उत्तरी अफ़्रीका में इस्लामिक स्टेट के एक बड़े लीडर को मारा

    अफ़्रीका में फ़्रांस के सुरक्षा बल

    इमेज स्रोत, AFP

    फ्रांस ने कहा है कि उसने ग्रेटर सहारा में इस्लामिक स्टेट समूह के एक बड़े जिहादी नेता को मार दिया है.

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने अदनान अबू वालिद अल-सहरावी की मौत को अफ़्रीका के साहेल क्षेत्र में आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में एक बड़ी सफलता बताया है.

    फ्रांस के रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने कहा कि इस कार्रवाई ने चरमपंथियों के ख़िलाफ़ एक निर्णायक प्रहार किया है.

    हालांकि फ़्रांस ने ये नहीं बताया है कि अल-सहरावी को कब, कहां और कैसे मारा गया है.

    अल-सहरवी का समूह पर आम लोगों पर व्यापक हमले करता रहा है.

    इस समूह ने फ्रांसीसी सहायता कर्मियों और अमेरिकी विशेष बलों के सैनिकों को भी निशाना बनाया है.

  5. मुल्ला बरादर ने वीडियो जारी कर ज़ख़्मी होने की ख़बर का किया खंडन

    उप प्रधानमंत्री मुल्ला ग़नी बरादर

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, उप प्रधानमंत्री मुल्ला ग़नी बरादर

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के उप प्रधानमंत्री मुल्ला अब्दुल ग़नी बरादर ने एक वीडियो जारी कर अपने घायल होने की ख़बर का खंडन किया है.

    बरादर ने वीडियो जारी कर उन ख़बरों को ग़लत बताया है जिसमें कहा जा रहा था कि तालिबान के एक प्रतिद्वंद्वी गुट के साथ हिंसा में वह घायल हो गए हैं.

    तालिबान के सह-संस्थापक बरादर बीते कई दिनों से सार्वजनिक तौर पर नज़र नहीं आये थे, जिसके बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे.

    तालिबान नेताओं के बीच विवाद की ख़बरें भी आयीं.

    ख़बरों में कहा गया कि बरादर और हक़्क़ानी नेटवर्क के प्रति वफ़ादार एक प्रतिद्वंद्वी गुट के बीच विवाद हुआ है. लेकिन वीडियो जारी करके बरादर ने किसी भी तरह की आंतरिक कलह की ख़बर का खंडन किया है.

    बरादर से जब पूछा गया कि क्या उन्हें चोट लगी है? तो उन्होंने कहा, "नहीं, यह सच नहीं है. मैं ठीक हूं और स्वस्थ हूं."

    "मैं काबुल से बाहर था और इन फ़र्ज़ी ख़बरों को ख़ारिज करने के लिए मेरे पास इंटरनेट नहीं था."

    दोहा स्थित तालिबान के राजनीतिक कार्यालय ने ट्विटर पर एक छोटी सी क्लिप जारी की है जिसमें बरादर एक सरकारी टेलीविज़न साक्षात्कारकर्ता के बगल में एक सोफ़े पर बैठे हुए हैं. वह सोफ़े पर बैठकर कुछ पढ़ रहे हैं.

  6. कुछ घंटों के अंतर पर उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया ने किया मिसाइल परीक्षण

    कोरिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया ने एक-दूसरे से कुछ घंटों के अंतराल पर ही बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया है.

    बैलिस्टिक मिसाइलों के इस परीक्षण के साथ ही प्रायद्वीप में हथियारों को लेकर मची होड़ तेज़ हो गई है.

    उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. बीते छह महीने में मिसाइलों के परीक्षण का यह पहला मामला है और साथ ही संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों का उल्लंघन भी.

    इससे पूर्व ही दक्षिण कोरिया और चीन ने उत्तर कोरिया के परमाणु मसले पर चर्चा भी की थी. इन मिसाइल परीक्षणों को इस वार्ता से जोड़कर भी देखा जा रहा है.

    उत्तर कोरिया के परीक्षण के कुछ घंटों बाद ही दक्षिण कोरिया ने भी अपनी पहली पनडुब्बी-प्रक्षेपित बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया.

    मिसाइल

    इमेज स्रोत, KCNA

    हालांकि दक्षिण कोरिया की ओर से एसएलबीएम के नाम से जानी जाने वाली इस मिसाइल का परीक्षण पहले से होना तय था ना कि उत्तर कोरिया के परीक्षण की प्रतिक्रिया.

    इस परीक्षण के साथ ही दक्षिण कोरिया इस तरह की तकनीक में सक्षम दुनिया का सातवां देश बन गया है.

    परीक्षण के दौरान राष्ट्रपति मून जे-इन भी मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया के पास अब उत्तर कोरिया के उकसावे का जवाब देने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं.

    उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया किसी भी समय उत्तर कोरिया के उकसावे का जवाब देने में सक्षम है. उन्होंने अपने हथियार कार्यक्रमों को जारी रखने की बात कही.

    सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के मुताबिक़, दक्षिण कोरिया के बयान की उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने आलोचना की है. उन्होंने दक्षिण कोरिया की टिप्पणी को अतार्किक बताया है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इससे समझौते टूट सकते हैं.

  7. चीन से मुक़ाबले में साथ आए ब्रिटेन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया

    बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रिटेन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया ने चीन का मुक़ाबला करने के लिए एक विशेष सुरक्षा समझौते की घोषणा की है.

    यह समझौता उन्नत रक्षा तकनीकी की साझेदारी से संबंधित है.

    इस साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया पहली बार परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियों का निर्माण कर सकेगा.

    इस समझौते को ‘ऑकस' नाम दिया गया है.

    समझौते में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी और साइबर साझेदारी भी शामिल है.

    हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती ताक़त और सैन्य मौजूदगी को लेकर तीनों देश चिंतित हैं. समझौते के परिणामस्वरूप ऑस्ट्रेलिया ने फ़्रांसीसी-डिज़ाइन की पनडुब्बियों के निर्माण के लिए किये गए एक सौदे को रद्द कर दिया है.

    ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के लिए 12 पनडुब्बियों के निर्माण के लिए साल 2016 में फ़्रांस को कॉन्ट्रैक्ट मिला था. इस अनुबंध की लागत क़रीब 50 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर थी.

    यह सौदा ऑस्ट्रेलिया का अब तक का सबसे बड़ा रक्षा अनुबंध था.

    बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने ऑकस सुरक्षा समझौते पर एक संयुक्त बयान जारी किया.

    बयान में कहा गया है, "ऑकस के तहत पहली पहल के रूप में हम रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के लिए परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियों का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    "इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा और ये हमारे साझा मूल्यों और हितों के समर्थन में तैनात होंगी."

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    हम यहाँ आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 15 सितंबर, मंगलवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.