अफ़ग़ानिस्तान में फंसे 146 लोग भारत पहुंचे, अब तक 400 लोग निकाले गए

इमेज स्रोत, Getty Images
अफ़ग़ानिस्तान में फंसे लोगों को निकालने के लिए भारत का अभियान जारी है.
सोमवार को 146 भारतीय नागरिकों का दल दोहा के रास्ते भारत पहुंचा. रिपोर्ट के अनुसार, ये सभी लोग तीन अलग-अलग उड़ानों से दिल्ली पहुंचे हैं.
इसके साथ ही बीते हफ़्ते से अब तक भारत तक़रीबन 400 लोगों को अफ़ग़ानिस्तान से निकाल चुका है.
15 अगस्त को अफ़ग़ानिस्तान पर तालिबान के क़ब्ज़े के बाद देश से भारी संख्या में लोग भागने की कोशिश कर रहे हैं.
हालांकि, तालिबान कह चुके हैं कि वे ‘बदले की भावना’ से कोई कार्रवाई नहीं करेंगे. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस संगठन के क्रूर इतिहास को देखते हुए उन पर भरोसा कर लेना बहुत जल्दी होगा.
कल 168 लोगों को लाया था वायु सेना का विमान

इमेज स्रोत, Ravinder Singh Robin/BBC
नए शासन के आने के बाद काबुल एयरपोर्ट के बाहर हज़ारों की भीड़ इकट्ठा है और यह देश में आम लोगों के जाने के लिए इकलौता चालू हवाई अड्डा है.
भारत पहले ही अपने राजदूत और राजनयिकों को सुरक्षित बाहर निकाल चुका है और अब वहां पर फंसे हुए अन्य भारतीय नागरिकों को निकालने की भागदौड़ में लगा हुआ है.
रविवार को 168 लोगों को लेकर भारतीय वायु सेना का सी-17 विमान दिल्ली के नज़दीक हिंडन एयरबेस पर उतरा था.
इस समूह में 24 अफ़ग़ान सिख और हिंदू भी शामिल थे जिनमें अफ़ग़ानिस्तान में गिर चुकी सरकार के दो सांसद भी हैं.

इमेज स्रोत, Ravinder Singh Robin/BBC
अफ़ग़ान सांसद ने बताई दर्दनाक दास्तां
अफ़ग़ान सांसद नरेंद्र सिंह खालसा ने हिंडन एयरबेस पर उतरने के बाद पत्रकारों से कहा था कि ‘अफ़ग़ानिस्तान में 20 साल में जो कुछ हासिल किया गया था वो अब ज़ीरो हो चुका है.’
उन्होंने बताया कि 72 अफ़ग़ान सिख और हिंदू शुक्रवार से ही काबुल एयरपोर्ट पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे लेकिन तालिबान ने उन्हें रोक लिया और वापस भेज दिया.
शनिवार को दोबारा समूह एयरपोर्ट पर गया था और वहां पर लोगों की भीड़ देखी.
खालसा कहते हैं, “एयरपोर्ट के हर दरवाज़े पर 5,000-6,000 लोग मौजूद थे.”
खालसा ने बताया कि शुरुआत में वे एयरपोर्ट में घुस नहीं पा रहे थे लेकिन बाद में उन्हें वीआईपी चेकपॉइंट से निकलने की अनुमति दी गई.
वो कहते हैं, “देश छोड़ना बहुत कठिन और दर्दनाक फ़ैसला था. हमने ऐसी स्थिति नहीं देखी थी. सब कुछ छिन गया है. सब ख़त्म हो गया है.”















