You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अफ़ग़ान सीमा पर पाकिस्तानी सेना और अफ़ग़ानियों के बीच झड़प

अफ़ग़ानिस्तान से सटी सीमा पर पाकिस्तान की ओर सैकड़ों की तादाद में फंसे अफ़ग़ानियों और पाक सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के बीच गुरुवार को झड़प हो गई.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, कमलेश मठेनी, रजनीश कुमार and अपूर्व कृष्ण

  1. कोरोना: 24 घंटों में संक्रमण के 40 हज़ार से ज़्यादा मामले, 585 मौतें

    भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 40,120 मामले सामने आए हैं और 585 मौतें हुई हैं.

    पिछले कई दिनों से कोरोना के मामले 40 हज़ार के आसपास बने हुए हैं.

    देश में कोरोना संक्रमण के कुल तीन लाख 21 हज़ार से ज़्यादा मामले हो गए हैं और कुल मौतें 4,30,254 पर पहुंच गई हैं.

    एक दिन में कोरोना संक्रमण से 42,295 लोग ठीक हो हुए हैं, लेकिन अभी भी 3,85,227 सक्रिय मामले हैं.

    वैक्सीन की बात करें तो पिछले 24 घंटों में 57,31,574 वैक्सीन दी गई है और अब तक कुल 52 करोड़ 95 लाख वैक्सीन दी जा चुकी हैं.

  2. जम्मू: राजौरी में भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड हमला, एक की मौत

    मोहित कंधारी

    जम्मू से, बीबीसी हिंदी के लिए

    स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में भाजपा के मंडलाध्यक्ष जसबीर सिंह के घर पर ग्रेनेड हमला हुआ है.

    गुरुवार रात हुए इस हमले में उनके भतीजे की मौत हो गई और परिवार के सात अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता के घर की पहली मंज़िल के बरामदे में रात 9:30 बजे क़रीब ये ग्रेनेड हमला हुआ था. उनका घर खांडली पुल के पास स्थित है.

    प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से ग्रेनेड का पिन बरामद हुआ है.

    हमले में जसबीर सिंह के साथ-साथ उनके भाई बलबीर सिंह, माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए.

    राजौरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक घायल ने मौक़े पर मौजूद मीडियाकर्मियों को बताया, "जिस समय ये हमला हुआ उस समय पूरा परिवार बरामदे में एक साथ बैठा हुआ था."

    स्थानीय लोगों के मुताबिक जसबीर सिंह, उनके भाई और पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं.

    जम्मू में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि धमाका खांडली पुल के पास हुआ है जिसमें कुछ लोग जख़्मी हुए हैं.

    पुलिस ने घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से राजौरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है.

    भाजपा नेता के परिवार के सदस्य और उनके समर्थक समय पर इलाज न मिलने को लेकर अस्पताल के अंदर नारेबाज़ी भी करने लगे.

    लेकिन, मौके पर मौजूद जम्मू-कश्मीर पुलिस के उप महानिरीक्षक विवेक गुप्ता ने परिवार के सदस्यों को समझाते हुए स्थिति नियंत्रण में की.

    अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर महजूर हुसैन बजर ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया, "इस हमले में जसबीर सिंह के परिवार के आठ सदस्य अस्पताल में भर्ती करवाए गए थे जिनमें से गंभीर रूप से घायल तीन साल के बच्चे की इलाज की दौरान मौत हो गई. वहीं, सात महीने की एक बच्ची को देर रात जम्मू में मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफ़र किया गया है.’’

  3. अफ़ग़ानिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार पर तालिबान के कब्ज़े का दावा

    तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार पर कब्ज़े का दावा किया है. ये तालिबान के लिए एक बड़ी जीत हो सकती है.

    यह शहर कभी तालिबान का गढ़ हुआ करता था. साथ ही एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र के तौर पर भी ये रणनीतिक रूप से अहम है.

    तालिबान के एक प्रवक्ता ने घोषणा की है कि ‘कंधार पर पूरी तरह से कब्ज़ा हो चुका है’. लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.

    अफ़ग़ानिस्तान में तेज़ी से आगे बढ़ते तालिबान ने गुरुवार को कई शहरों को अपने कब्ज़े में ले लिया. इसमें गज़नी और हेरात जैसे अहम शहर भी शामिल हैं.

    20 सालों के अभियान के बाद अमेरिकी और नेटो सेना के जाने से अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान की ताकत बढ़ गई है. वो अफ़ग़ान सुरक्षा बलों को हराते हुए राजधानी काबुल के नज़दीकी शहर तक पहुंच गए हैं.

    वहीं, अमेरिका ने कहा है कि वो अपने दूतावास से कर्मचारियों को निकालने में मदद के लिए 3000 सैनिकों को फिर से अफ़ग़ानिस्तान भेज रहा है.

    ब्रिटेन ने भी कहा है कि वो अफ़ग़ानिस्तान से अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए थोड़े समय के लिए 600 सैनिक भेज रहा है. काबुल में ब्रितानी दूतावास में काम करने वाले स्टाफ़ की संख्या पहले काफ़ी घटा दी गई है.

  4. अफ़ग़ानिस्तान: गज़नी और हेरात समेत कई बड़े शहरों पर तालिबान का कब्ज़ा

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान का नियंत्रण बढ़ता जा रहा है. तालिबान ने गुरुवार को अफ़ग़ानिस्तान के गज़नी और हेरात शहरों पर कब्ज़ा कर लिया.

    तालिबान का हमला शुरू होने के बाद से ये बेहद महत्वपूर्ण कब्ज़ा माना जा रहा है.

    रणनीतिक रूप से अहम गज़नी के कब्ज़े में आने से तालिबान की राजधानी काबुल पर कब्ज़ा करने की संभावना बढ़ गई है.

    गज़नी राजधानी काबुल से महज़ 150 किलोमीटर दूर है और ये प्रमुख काबुल-कंधार मोटरवे पर स्थित है. ये मोटरवे दक्षिण में चरमपंथी गढ़ों को काबुल से जोड़ता है.

    शहर में प्रांतीय परिषद के एक सदस्य ने बीबीसी को बताया कि तालिबान ने अधिकतर केंद्रों पर कब्ज़ा जमा लिया है. केवल बाहरी इलाक़े में एक पुलिस बेस बचा है जो अफ़गान सुरक्षा बलों के नियंत्रण में है.

    वहीं, दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार में भीषण लड़ाई चल रही है.

    अमेरिकी और नेटो सेनाओं की अफ़ग़ानिस्तान से हो रही वापसी के साथ तालिबान चरमपंथी तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं और उन्होंने कई इलाक़ों को अपने कब्ज़े में ले लिया है.

    तालिबान ने अब तक देश के एक तिहाई शहरों और उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान के अधिकतर इलाक़ों पर कब्ज़ा कर लिया है. चरमपंथी अफ़ग़ान सुरक्षा बलों को हराते हुए अपनी बढ़त बना रहे हैं.

    इस बीच हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं. वो जान बचाने के लिए राजधानी काबुल की तरफ़ भाग रहे हैं.

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 12 अगस्त, गुरुवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिककर सकते हैं.