चुप क्यों हैं पीएम मोदी? - पेगासस मामले में रक्षा मंत्रालय की सफ़ाई पर चिदंबरम ने पूछा
कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने पेगासस जासूसी मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “रक्षा मंत्रालय ने एनएसओ समूह और इसराइल के साथ किसी भी सौदे से खु़द को 'दोषमुक्त' किया है.अगर रक्षा मंत्रालय सही है तो एक मंत्रालय/विभाग को हटा देते हैं. बाकी आधा दर्जन सामान्य संदिग्धों के बारे में क्या?’’
चिदंबरम ने कहा,“सभी मंत्रालयों/विभागों की ओर से केवल पीएम ही जवाब दे सकते हैं. वह चुप क्यों हैं?”
इससे पहले सोमवार को भारत के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि जासूसी सॉफ़्टवेयर पेगासस बनाने वाले इसराइल के एनएसओ ग्रुप के साथ उसने किसी तरह का लेनदेन नहीं किया है.
पेगासस एक स्पाइवेयर है जिसके ज़रिए भारत में सरकार की ओर से कथित तौर पर मंत्रियों, राजनेताओं, न्यायाधीशों, पत्रकारों और अन्य लोगों की कथित जासूसी किए जाने के आरोप के सामने आने के बाद हंगामा जारी है.
सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले में कई याचिकाएँ दायर की गई हैं. पश्चिम बंगाल सरकार ने भी इस मामले की जाँच के लिए एक आयोग गठित किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सोमवार को राज्यसभा में एक सवाल के जबाव में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा, ''रक्षा मंत्रालय ने एनएसओ ग्रुप टेक्नॉलॉजीस के साथ किसी तरह का लेनदेन नहीं किया है.''
एनएसओ ग्रुप, इसराइल की एक सर्विलांस सॉफ्टवेयर कंपनी है.
आरोप हैं कि उसके बनाए पेगासस फोन स्पाइवेयर का इस्तेमाल भारत समेत कई देशों में पत्रकारों, कार्यकर्ताओं और नेताओं की जासूसी करने के किया गया.
हालांकि एनएसओ ने कहा है कि उसने कोई ग़लत काम नहीं किया है.
भारत में संसद के मॉनसून सत्र में इसी मुद्दे पर बहुत हंगामा हुआ है. विपक्षी दलों ने मोदी सरकार से मांग की है कि संसद में इस मामले पर चर्चा कराई जाए.
भारत सरकार जासूसी के इन आरोपों से इनकार करती आई है. गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ‘अंतरराष्ट्रीय साज़िश’ करार दिया था.
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी ने इन ख़बरों को ग़लत बताया था.