You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सोनिया गांधी से मिलने के बाद क्या बोलीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गाँधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी से मुलाक़ात की.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, कमलेश मठेनी and अपूर्व कृष्ण

  1. बाराबंकी हादसाः बस रिपेयर कर रहा था ड्राइवर, जब ट्रक आ भिड़ा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाराबंकी हादसे में मारे गए लोगों के निकट संबंधी को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की है.

    दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50-50 हज़ार रुपये की सहायता दी जाएगी.

    प्रधानमंत्री ने साथ ही एक ट्वीट कर लिखा है- "यूपी के बाराबंकी में हुए सड़क हादसे की खबर से बहुत दुखी हूं. शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. अभी सीएम योगी जी से भी बात हुई है. सभी घायल साथियों के उचित उपचार की व्यवस्था की जा रही है."

    राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने भी दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होेने की कामना की है.

    मंगलवार रात को बाराबंकी में एक डबल डेकर बस से एक ट्रक के भिड़ने से कम-से-कम 18 लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए.

    लखनऊ ज़ोन के पुलिस एडीजी सत्य नारायण सबत ने बताया कि ये हादसा बाराबंकी के राम सनेही घाट के पास हुई.

    उन्होंने बताया, "बस ड्राइवर ने यात्रियों से विश्राम करने के लिए कहा और वो बस को रिपेयर कर रहा था. उसकी वक़्त एक ट्रक ने आकर बस को टक्कर मार दी."

  2. जम्मू: बादल फटने और बाढ़ के कारण 20 से अधिक लोग लापता, पांच शव बरामद

    जम्मू के किश्तवाड़ ज़िले के होंज़ार गांव में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के कारण 20 से अधिक लोग लापता हैं और क़रीब 6 से 8 घर पूरी तरह बह गए हैं.

    जम्मू से बीबीसी के सहयोगी मोहित कंधारी ने बताया कि शुरुआती जांच में कहा गया है कि अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं. जबकि छह लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है.

    मोहित कंधारी के मुताबिक़, पुलिस और एसडीआरएफ़ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं. हालांकि, उन्हें वहां तक पहुंचने में समय लगेगा क्योंकि उन्हें चार से पांच घंटे पैदल चलना होगा. होंजार गांव तक पहुंचने के लिए कोई सड़क नहीं है, इस कारण देरी हो सकती है.

    कई ग्रामीण लापता हैं और स्थानीय लोग ही अपने स्तर पर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं.

    पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय किश्तवाड़ ने बताया, “हमें मिली सूचना के मुताबिक छह घर और एक राशन डिपो पूरी तरह नष्ट हो गए हैं. करीब 25-26 स्थानीय लोग लापता हैं. हमें यहां शव भी मिले हैं और लोग घायल भी हुए हैं.”

    जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस आपदा पर दुख जताते हुए ट्विट किया. उन्होंने लिखा, "दचन, किश्तवाड़ में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में बहुमूल्य जानों के नुकसान से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं."

  3. इसराइल-ग़ज़ा संघर्ष में हुए युद्ध अपराध, निशाना बने आम नागरिक: रिपोर्ट

    ह्यूमन राइट्स वॉच ने कहा है कि मई में गज़ा में हुए संघर्ष के दौरान इसराइली सेना और फ़लस्तीनी चरमपंथी समूहों ने जो हमले किए वो साफ़तौर पर युद्ध अपराधों के बराबर थे.

    ह्यूमन राइट्स वॉच की जांच के मुताबिक इसराइल के जिन तीन हमलों में 62 लोग मारे गए थे, वो हमले सैन्य ठिकानों पर होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं.

    इसराइल-फ़लस्तीनी संघर्ष के दौरान इसराइल की सेना ने कहा था कि उन्होंने गज़ा में केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

    इस रिपोर्ट के मुताबिक चरमपंथियों ने इसराइल पर 4300 रॉकेट दागकर नागरिकों पर अंधाधुंध हमले किए.

    11 दिनों की इस लड़ाई के दौरान गज़ा में कम से कम 260 लोग और इसराइल में 13 लोग मारे गए.

    संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि गज़ा में मारे गए कम से कम 129 लोग आम नागरिक थे. वहीं, इसराइली सेना ने कहा कि इनमें 200 चरमपंथी थे. चरमपंथी समूह हमास का कहना है कि इस दौरान 80 लड़ाकों की मौत हुई है.

    ह्यूमन राइट्स वॉच की जांच में उन तीन इसराइली हमलों को केंद्र में रखा गया है जिनमें सबसे ज़्यादा आम नागरिकों की मौत हुई थी.

    ये हमले 10 मई को बेत हनून, 15 मई को शाती शरणार्थी शिविर और 16 मई को ग़ज़ा शहर में हुए थे.

    बेत हनून में चार घरों से मिसाइल टकराई थीं जिसमें आठ नागरिक मारे गए थे. इसराइली सेना का कहना है कि ये विस्फोट फ़लस्तीन के रॉकेट से हुआ था.

    शाती शरणार्थी शिविर में एक बम ने तीन मंज़िला इमारत को गिरा दिया था जिसमें 10 नागरिकों की जान चली गई. इसराइली सेना का कहना है कि उस समय हमास के वरिष्ठ अधिकारी इमारत में मौजूद थे. हालांकि, चश्मदीदों ने इसकी जानकारी ना होने की बात कही है.

    गज़ा शहर में अल-वहादा स्ट्रीट पर हुए हवाई हमले में एक बहुमंज़िला इमारत गिर गई और 44 नागरिक मारे गए. इसराइली सेना का कहना है कि उसका निशाना चरमपंथियों द्वारा इस्तेमाल होने वाली सुरगें थीं.

    इसराइली सेना ने मंगलवार को न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी से कहा कि ह्यूमन राइट्स वॉच हमास और अन्य चरमपंथी संगठनों द्वारा अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के उल्लंघन की निंदा करने के बजाय पहले से ख़ारिज हो चुके आरोपों को फिर से सामने ला रहा है.

    ह्यूमन राइट्स वॉच का कहना है कि फ़लस्तीनी चरमपंथियों ने इसराइल के शहरों और कस्बों की तरफ़ बिना निर्देशित रॉकेट दागकर नागरिकों पर जान-बूझकर या अंधाधुंध हमलों के ख़िलाफ़ लगे प्रतिबंध का उल्लंघन किया है. वह अगले महीने रॉकेट हमलों पर एक अलग रिपोर्ट जारी करेगा.

    हमास ने यह कहते हुए जवाब दिया है कि इसराइल के किए नरसंहारों के बावजूद उसने नागरिकों को निशाना बनाने से बचने की कोशिश की है.

  4. बाराबंकी में सड़क दुर्घटना, 18 की मौत, कई घायल

    समीरात्मज मिश्र

    बीबीसी हिंदी के लिए

    बाराबंकी ज़िले के रामसनेहीघाट इलाक़े में बस और ट्रक की भिड़ंत में कम से कम 18 यात्रियों की मौत हो गई है और 25 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.

    पंजाब के लुधियाना से बिहार जा रही एक निजी बस को पीछे से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी. मौके पर पहुंची पुलिस बचाव कार्य में जुटी है.

    लखनऊ ज़ोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएन सत्य साबत ने मीडिया को बताया कि इस हादसे में 18 लोग मारे गए हैं. बस के नीचे फंसे शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. अब तक 19 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर शोक जताते हुए घायलों के समुचित उपचार और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर शोक जताते हुए ट्विट किया है.

    उन्होेंने लिखा, ''यूपी के बाराबंकी में हुए सड़क हादसे की खबर से बहुत दुखी हूं. शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. अभी सीएम योगी जी से भी बात हुई है. सभी घायल साथियों के उचित उपचार की व्यवस्था की जा रही है.''

  5. टोक्यो ओलंपिक: पीवी सिंधु ने हॉन्ग कॉन्ग को हराकर प्री क्वार्टर फ़ाइनल में बनाई जगह

    भारतीय बेडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉन्ग कॉन्ग की चौंग नंग यी को मात दे दी.

    इसके साथ ही पीवी सिंधु प्री क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो गई हैं.

    पीवी सिंधु ने चौंग नंग यी को 21-9, 21-16 से हराया.

  6. टोक्यो ओलंपिक: ब्रिटेन से 4-1 से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम

    टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम पूल ए मैच में ब्रिटेन के साथ मुक़ाबले में 4-1 से हार गई है.

    पूरे मैच में भारतीय टीम काफ़ी संघर्ष करती नज़र आई और ब्रिटेन ने अपनी बढ़त लगातार बनाए रखी. पहले हाफ़ की शुरुआत में ही ब्रिटेन ने एक गोल दागकर भारतीय टीम पर दबाव बना दिया था.

    इसके बाद भारतीय टीम ने भी लगातार कोशिशें कीं, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका.

    फिर ब्रिटेन ने थोड़ी देर बाद दूसरा गोल भी कर दिया. हालांकि, भारतीय टीम ने मैच में वापसी की और हाफ़ टाइम से पहले एक गोल कर दिया. शर्मिला देवी ने पैनल्टी कॉर्नर में ये गोल दागा.

    इसके बाद ब्रिटेन पर कुछ दबाव बना, लेकिन दूसरे हाफ़ का खेल शुरू होने के बाद ब्रिटेन ने तीसरा गोल करके भारत के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी.

    आख़िर में ब्रिटेन ने खेल ख़त्म होने से पहले एक और गोल दागकर 4-1 की बढ़त हासिल कर ली और मैच आसानी से जीत लिया.

  7. केंद्र सरकार ने राज्यों से मांगे ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों के आंकड़े

    केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों का आंकड़ा मांगा है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि ये आंकड़े मानसून सत्र में संसद में पेश किए जाएंगे.

    सूत्रों के मुताबिक, “केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों के आंकड़ों की मांग की है. ये जानकारी इकट्ठा कर संसद में पेश की जाएगी.”

    20 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यसभा में जानकारी दी थी कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों ने ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत का कोई आंकड़ा नहीं दिया है.

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों और ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय से सवाल पूछा था.

    इसके लिखित जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉक्टर भारती प्रवीण पवार ने कहा था, ''स्वास्थ्य राज्य का मसला है. मौत की रिपोर्टिंग को लेकर केंद्र ने राज्य सरकारों के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे. इसी के अनुसार राज्य केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को केस और मौतों के बारे में जानकारी देते थे. हालांकि, किसी भी केंद्र शासित प्रदेश या राज्य ने ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी.''

    इस जानकारी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया और केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई. विपक्ष ने सरकार पर ग़लत जानकारी देने का आरोप लगाया.

  8. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम आपको यहाँ सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 27 जुलाई, मंगलवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिककर सकते हैं.