You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

विजय माल्या के ख़िलाफ़ ब्रिटेन की अदालत का बड़ा फ़ैसला

ब्रिटेन की एक अदालत ने भारत में वॉन्टेड करार दिए गए कारोबारी विजय माल्या के ख़िलाफ़ 'बैंकरप्सी ऑर्डर' जारी किया है.

लाइव कवरेज

विभुराज, दिलनवाज़ पाशा, सिंधुवासिनी, भूमिका राय and अपूर्व कृष्ण

  1. अफ़ग़ानिस्तान में इस साल रिकॉर्ड संख्या में आम लोगों की मौतः यूएन

    संयुक्त राष्ट्र के अनुसार इस साल के शुरू के आधे हिस्से में अफ़ग़ानिस्तान में रिकॉर्ड संख्या में आम लोगों की जान गई है.

    संगठन की एक रिपोर्ट के अनुसार 2021 में अभी तक 1,600 से ज़्यादा आम लोग मारे गए हैं. पिछळे वर्ष की तुलना में ये 47% ज़्यादा है.

    यूएन ने साथ ही चेतावनी दी है कि ये संख्या और बढ़ सकती है.

    मई और जून में 2009 के बाद से पहली बार सबसे ज़्यादा लोग मारे गए. यूएन ने 2009 से आम लोगों की मौतों का आँकड़ा जुटाना शुरू किया था.

    अफ़ग़ानिस्तान से अधिकतर विदेशी सैनिक लगभग 20 साल के बाद वापस लौट चुके हैं.

    इसके सात ही वहाँ अफ़ग़ान सुरक्षाबलों और तालिबान के बीच संघर्ष तेज़ हो गया है जिसकी चपेट में आम लोग आ रहे हैं.

    यूएन की रिपोर्ट के अनुसार मारे गए आम लोगों में से 64% लोगों की मौत के लिए सरकार-विरोधी शक्तियाँ ज़िम्मेदार थीं. ॉ

    25% लोग सरकार-समर्थक शक्तियों की वजह से मारे गए. 11% लोग दोनों पक्षों की गोलीबारी की चपेट में आ गए.

    मारे गए लोगों में से 32% बच्चे थे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एलान किया था कि अमेरिकी सेना सितंबर तक पूरी तरह से लौट जाएगी.

    हालाँकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर जनरल केनेथ मैकेंज़ी ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैन्यबलों की वापसी के बाद भी अमेरिका अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान को रोकने के लिए हवाई हमले करता रहेगा.

    अमेरिकी सेना ने पिछले सप्ताह तालिबान के विरूद्ध हवाई हमले शुरू किए थे जब वो कंधार की ओर बढ़ रहे थे.

  2. ओलंपिक विजेता मीराबाई चानू पहुँचीं दिल्ली, हुआ शानदार स्वागत

    टोक्यो में जारी ओलंपिक खेलों में भारत के लिए अब तक की एकमात्र पदक विजेता मीराबाई चानू भारत लौट आई हैं.

    दिल्ली में एयरपोर्ट पर उनका शानदार स्वागत हुआ और लोगों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए.

    हालाँकि, कोरोना महामारी की वजह से अधिक संख्या में लोगों का जुटना संभव नहीं था. चानू ने भी देश लौटकर हवाई अड़्डे पर कोरोना टेस्ट करवाया जो कि अनिवार्य है.

    भारत लौटकर चानू ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा," मेरे लिए ये बहुत ही चुनौतीपूर्ण था, मेरा और सर(कोच) का ओलंपिक में मेडल जीतने का सपना था. रियो ओलंपिक में मेरा मेडल चूक गया था, उस के बाद हमने पूरी मेहनत की. रियो ओलंपिक से मैंने बहुत कुछ सीखा."

    चानू ने शनिवार को भारत के लिए खेलों के दूसरे ही दिन पदकों का खाता खोल दिया जब उन्होंने 49 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 202 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक हासिल किया.

    इस बीच समाचार एजेंसी एएनआई ने ख़बर दी है कि मणिपुर सरकार ने ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वालीं मीराबाई चानू को पुलिस विभाग में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस(खेल) नियुक्त करने का फैसला किया है. इसकी घोषणा मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने की.

  3. ममता बनर्जी ने पेगासस मामले की जाँच के लिए बनाया पैनल, दिल्ली हुईं रवाना

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी सरकार ने इसराइली स्पाइवेयर पेगासस के ज़रिए कथित तौर पर राजनेताओं व अन्य लोगों की जासूसी के मामले की जाँच के लिए दो सदस्यों वाले एक आयोग का गठन कर दिया है.

    ममता ने कहा, "हमें लगा केंद्र एक जाँच आयोग बनाएगा या अदालत की निगरानी में जाँच का आदेश देगा. पर चूँकि वो हाथ पर हाथ धरे बैठा है इसलिए हमने एक जाँच आयोग गठित करने का फ़ैसला किया."

    दो सदस्यों वाले आयोग का नेतृत्व कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश ज्योतिर्मय भट्टाचार्य करेंगे.

    सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एमबी लोकुर इसके दूसरे सदस्य होंगे.

    आयोग को छह महीने के भीतर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "पेगासस के निशाने पर रहे लोगों में पश्चिम बंगाल के लोगों के नाम भी हैं. केंद्र हर किसी की जासूसी करना चाहता है. तो आयोग इस अवैध हैकिंग की पूरी जानकारी हासिल करेगा."

    पेगासस मामले में जिन राजनेताओं के फ़ोन की कथित हैकिंग हो सकने का संदेह जताया गया है उनमें ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी का नंबर भी है.

    ममता बनर्जी ने पिछले सप्ताह कोलकाता में एक रैली में 'बीजेपी हटाओ देश बचाओ' का नारा देते हुए तमाम विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की थी.

    इस रैली में उन्होंने अपना फ़ोन दिखाते हुए कहा था- "मैंने अपना फ़ोन प्लास्टर कर दिया है. इसी तरह दिल्ली की सत्ता से बीजेपी को भी प्लास्टर लगा कर बाहर करना होगा."

    ममता बनर्जी जाँच आयोग के एलान के थोड़ी देर बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गईं.

    उन्होंने गत सप्ताह कोलकाता की रैली में शरद पवार और चिदंबरम से अपील की थी कि वे 27 से 29 जुलाई के बीच दिल्ली में एक बैठक बुलाएँ.

  4. तालिबान के ख़िलाफ़ हवाई हमले करता रहेगा अमेरिकाः जनरल मैकेंज़ी

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर जनरल केनेथ मैकेंज़ी ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैन्यबलों की वापसी के बाद भी अमेरिका अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान को रोकने के लिए हवाई हमले करता रहेगा.

    काबुल में पत्रकारों से बात करते हुए जनरल मैकेंज़ी ने कहा कि हाल के दिनों में अमेरिका ने अफ़ग़ान सैन्यबलों के समर्थन में हवाई हमले किए हैं. उन्होंने कहा कि यदि ताबिलान हमले करता रहेगा तो अमेरिका अफ़ग़ान सैन्यबलों को हवाई मदद देने के लिए तैयार है.

    जनरल मैकेंज़ी ने कहा कि भले ही तालिबान ने आधे से ज़्यादा अफ़ग़ानिस्तान को अपने नियंत्रण में ले लिया है और विदेशी सैन्यबल वापस जा रहे हैं लेकिन तालिबान की जीत सुनिश्चित नहीं है. अमेरिकी सैनिकों के अफ़ग़ानिस्तान से जाने की स्थिति में तालिबान ने अब तक अफ़ग़ानिस्तान के 200 से अधिक ज़िलों पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

    जनरल मैकेंज़ी का कहना है कि तालिबान ये कहकर भूल कर रहे हैं कि कोई भी उन्हें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता है. बीते गुरुवार को अमेरिकी सैन्यबलों ने कहा था कि अमेरिका ने अफ़ग़ान सेना के समर्थन में तालिबान के ख़िलाफ़ हवाई हमले किए हैं. ये हमले कंधार समेत देश के कई हिस्सों में किए गए थे.

    जनरल मैकेंज़ी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि अमेरिका अफ़ग़ानिस्तान से जाने के बाद भी अफ़ग़ान सैन्यबलों की मदद करता रहेगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अफ़ग़ानिस्तानी सैन्यबलों के प्रशिक्षण में भारी निवेश किया है और उन्हें लंबा समय दिया है. उन्होंने कहा कि अब ये उनकी परीक्षा होगी.

    जनरल मैकेंज़ी ने कहा कि उन्हें लगता है कि अफ़ग़ान सुरक्षा बलों के पास तालिबान से लड़ने के लिए पर्याप्त संसाधन और क्षमता है.

    तालिबान ने जनरल मैकेंज़ी के ताज़ा बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में तालिबान के प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिद ने बीबीसी से कहा था कि ये हमले दोहा समझौते का उल्लंघन है और इसके नतीजे के लिए अमेरिका ही ज़िम्मेदार होगा.

    जनरल मैकेंज़ी ने काबुल में राष्ट्रपति निवास में अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी से मुलाक़ात भी की. उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के मौजूदा सुरक्षा हालात को लेकर चर्चा की.

  5. चीन के मुक्केबाज़ के आगे टिक नहीं पाए आशीष कुमार

    भारत के मुक्केबाज़ आशीष कुमार चीन के मुक्केबाज़ के हाथों हार कर बाहर हो गए हैं.

    मिडिलवेट वर्ग में भारत के आशीष कुमार तीनों राउंड में चीन के मुक्केबाज़ एरबिके तुहेता के सामने टिक नहीं पाए.

    तीनों राउंड में जजों ने चीनी मुक्केबाज़ को ही ज़्यादा अंक दिए. पहले राउंड से ही चीनी मुक्केबाज़ आशीष कुमार पर हावी रहे.

    पहले राउंड में आशीष ने ज़रूर चुनौती पेश की. लेकिन जजों ने चीन के मुक्केबाज़ को ही ज़्यादा अंक दिए.

    दूसरे और तीसरे राउंड में आशीष कुमार बैकफुट पर रहे और चीनी मुक्केबाज़ ने उन्हें काफ़ी परेशान किया.

  6. चीन को 'दानव' बनाना बंद करें, अमेरिकी मंत्री को चीन की खरी-खरी

    चीन ने अमेरिका से कहा है कि वो बीजिंग को 'दानव की तरह' पेश करना बंद करे. उसने जो बाइडन के राष्ट्रपति बनने के बाद अब तक की सबसे उच्च-स्तरीय बैठक में अमेरिका को ये चेतावनी दी है.

    चीन के उप विदेश मंत्री शी फेंग ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों में गतिरोध आ गया है क्योंकि अमेरिका, चीन को अपने ‘काल्पनिक दुश्मन’ के तौर पर देखता है.

    उन्होंने चीन के दौरे पर आईं अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शर्मन के साथ चर्चा की है, जो पिछले कई महीनों में चीन की यात्रा करने वाली अमेरिका की सबसे बड़ी अधिकारी हैं.

    चीन को लेकर बाइडन प्रशासन का रुख़ सख़्त रहा है, ख़ासकर मानवाधिकारों और प्रतिबंधों जैसे मुद्दों पर उन्होंने सख़्ती दिखाई है.

    चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि शी ने कहा कि अमेरिका "अपनी ख़ुद की पैदा की गई समस्याओं के लिए चीन को दोष देना" चाहता है.

    शी ने कहा, "ऐसा लगता है जैसे चीन के विकास पर लगाम लगा देने से अमेरिका फिर से महान बन जाएगा."

    इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि वो दोनों देशों के संबंधों को ज़िम्मेदारी से निभाने और अमेरिकी हितों को आगे ले जाने के लिए "खुलकर बातचीत" करना चाहता है.

    अमेरिकी अधिकारी की इस यात्रा को भविष्य में दोनों देशों के राष्ट्रध्यक्षों की मुलाक़ात की एक तैयारी की तरह देखा जा रहा है,

    दोनों देशों के बीच हाल के समय में तनाव काफी बढ़ गया है.

    पिछले हफ्ते, चीन ने अमेरिका की पूर्व वाणिज्य मंत्री विल्बर रॉस लमेत कई अमेरिकी व्यक्तियों और संगठनों पर प्रतिबंध की घोषणा की थी.

  7. येदियुरप्पा का इस्तीफ़ा राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने किया स्वीकार

  8. टोक्यो ओलंपिक को लेकर दक्षिण कोरियाई चैनल को क्यों माँगनी पड़ी माफ़ी

    इटली के लिए पिज़्ज़ा, रोमानिया के लिए ड्रैकुला और यूक्रेन के लिए चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट.

    ये कुछ तस्वीरें थी जो दक्षिण कोरिया के टीवी चैनल एमबीसी ने टोक्यो ओलंपिक की ओपनिंग सेरमनी के दिन अलग-अलग देशों के एथलीटों को दिखाने के लिए चलाईं.

    एमबीसी को अब इसके लिए माफ़ी माँगनी बड़ी है क्योंकि लोगों ने इसे ‘अपमानजनक’ और ‘मूर्खतापूर्ण’ बताकर शिकायत की.

    चैनल ने माफ़ी माँगते हुए कहा है कि उसका मक़सद सिर्फ़ लोगों को आसानी से देशों के नाम समझाना था.

    हालाँकि चैनल ने यह भी स्वीकार किया कि यह एक ऐसी ग़लती थी जिसके लिए कोई ‘बहाना नहीं बनाया जा सकता’.

    ट्विटर पर जारी किए गए एक बयान में एमबीसी ने कहा कि वो जाँच करेगा कि इन तस्वीरों और कैप्शन का चुनाव कैसे किया गया था.

    कहा जा रहा है कि चैनल के प्रमुख सार्वजनिक रूप से माफ़ी भी माँग सकते हैं.

    पहले भी ठीक ऐसी ही ग़लती कर चुका है चैनल

    इस पूरे वाकये को लेकर अब भी विवाद थम नहीं रहा है.

    सोशल मीडिया पर लोगों ने ध्यान दिलाया कि कैसे इस टीवी चैनल ने गृह युद्ध और राजनीतिक संकट को भी देशों की पहचान बता दी.

    मिसाल के तौर पर जब हैती के एथलीट पोडियम पर आए तो टीवी स्क्रीन पर इसे एक ऐसा देश बताया गया ‘जहाँ राष्ट्रपति की हत्या के बाद राजनीतिक अस्थिरता’ जारी है.

    वहीं, जब सीरिया के एथलीट आए तो टीवी पर कैप्शन था- जहाँ 10 साल से गृहयुद्ध चल रहा है.

    एमबीसी इससे पहले भी ठीक ऐसी ही ग़लती कर चुका है.

    साल 2008 के बीजिंग ओलंपिक में टीवी चैनल ने ज़िम्बॉब्वे को ‘भयानक महँगाई वाला देश’ बताया था. इसके बाद चैनल पर जुर्माना भी लगाया गया था.

  9. मनिका बत्रा टेबल टेनिस में हारीं, टेनिस में सुमित नागल भी परास्त

    टोक्यो ओलंपिक में टेबल टेनिस के महिला सिंगल्स मुक़ाबले से भारत की मनिका बत्रा बाहर हो गई हैं.

    तीसरे दौर के मैच में मनिका बत्रा को दुनिया की 17 नंबर की खिलाड़ी ऑस्ट्रिया की सोफ़िया पोल्कानोवा ने 4-0 से हरा दिया. मनिका बत्रा एक गेम भी नहीं जीत पाईं.

    इससे पहले टेनिस के मैच में भारत के सुमित नागल भी हार गए.

    उनका मैच दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव से था. ये मैच एकतरफ़ा रहा. मेदवेदेव ने सुमित को सीधे सेटों में 6-2 और 6-1 से हरा दिया.

  10. कोरोना के मामले बढ़ने पर डॉ फ़ाउची ने कहा- ग़लत दिशा में जा रहा है अमेरिका

    अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. फ़ाउची ने चेतावनी दी है कि अमेरिका कोरोना महामारी से निपटने के मामले में ग़लत दिशा में जा रहा है.

    देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं. ख़ासतौर पर उन लोगों में संक्रमण बढ़ रहा है जिन्हें अभी तक वैक्सीन नहीं लगी है.

    डॉ एंथनी फ़ाउची ने कहा कि कोविड-19 का डेल्टा वेरिएंट उन जगहों पर तेज़ी से फैल रहा है जहां पर टीकाकरण की दर कम है.

    उन्होंने आगे कहा कि बढ़ते मामलों के मद्देनज़र स्वास्थ्य अधिकारी देश में दोबारा से मास्क लगाने को लेकर गाइडलाइन जारी करने पर विचार कर रहे हैं.

    एक ओर जहां दुनिया के ज़्यादातर देशों में मास्क लगाने को लेकर अब भी नियम हैं वहीं अमेरिका ने मई महीने में ही मास्क ना पहनने को लेकर घोषणा कर दी थी.

    अमेरिकी अधिकारियों ने घोषणा की थी कि "वैक्सीन लगवा चुके लोग अब अधिकांश जगहों पर बिना मास्क के रह सकते हैं."

    अमेरिका में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए डॉ. फ़ाउची ने कहा कि जिन लोगों को संक्रमण होने का ख़तरा अधिक है, उन्हें बूस्टर वैक्सीन देने पर विचार किया जा रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के मुख्य चिकित्सा सलाहकार डॉ. फ़ाउची ने रविवार को सीएनएन को दिये एक साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका में जिन लोगों को टीका नहीं लगा है उनके लिए कोरोना वायरस की स्थिति महामारी बनती जा रही है.

    आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में 49% आबादी को टीके की पूरी डोज़ मिल चुकी है.

    अप्रैल महीने तक टीकाकरण को लेकर अमेरिका पूरी दुनिया में शीर्ष पर था लेकिन अप्रैल के बाद से यहां टीकाकरण की दर में गिरावट आने लगी.

    अमेरिका के दक्षिणी राज्यों में टीकाकरण की दर विशेष रूप से कम है.जहां आधे से भी कम लोगों ने वैक्सीन ली है, वो भी सिर्फ़ पहली ख़ुराक़.

    मई और जून में टीकाकरण की दर में गिरावट के बाद से रोज़ाना आने वाले कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में फिर से उछाल देखा जा रहा है.

  11. येदियुरप्पा के इस्तीफ़े पर कांग्रेस बोली- चेहरा बदलने से क्या बीजेपी का चरित्र बदलेगा?

    कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफ़े के एलान को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है.

    सुरजेवाला ने एक ट्वीट में लिखा है- "रोग कर्नाटक में बीजेपी की भ्रष्ट सरकार और घटिया कुशासन में है, क्योंकि ये एक अवैध सरकार है जिसका जन्म दलबदल और भ्रष्टाचार से हुआ है. क्या केवल चेहरा बदलने से बीजेपी सरकार का नारकीय चरित्र बदलेगा?"

    बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर घोषणा की कि वो दोपहर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे देंगे.

    भरे हुए गले से उन्होंने कहा, "मैं दुखी नहीं हूँ, बल्कि ये मैं खु़शी से कर रहा हूँ."

    येदियुरप्पा चार बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं.

    दो छोटे कार्यकालों के बाद 2008 में कर्नाटक में बीजेपी को भारी जीत दिलवाने के बाद वो एक बार फिर मुख्यमंत्री बने थे.

    मगर मई, 2011 में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद इस्तीफ़ा देना पड़ा जब कर्नाटक के लोकायुक्त की अवैध खनन की एक रिपोर्ट में उनका नाम आया.

    सरकारी ज़मीन को अपने बेटों के ट्रस्ट को देने के दो मामले के चलते उन्हें अक्टूबर-नवंबर, 2011 में 23 दिनों तक जेल में भी रहना पड़ा था.

    सीबीआई ने उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा भी चलाया था मगर बेंगलुरू की एक सेशस कोर्ट ने इस मामले को ख़ारिज कर दिया.

  12. संसद का मानसून सत्र: विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

    संसद का मानसून सत्र चल रहा है और आज भारी हंगामे के बाद संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

    सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व आज करगिल विजय दिवस के अवसर पर सदन के सदस्यों ने जान गंवाने वाले सैनिकों को याद किया. साथ ही ओलंपिक खेलों में भारत को पहला मेडल दिलाने वाली मीराबाई चानू को भी बधाई दी गई.

    उसके बाद 'पेगासस प्रोजेक्ट' रिपोर्ट पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों के नारेबाजी के बाद राज्यसभा की कार्यवाही को पहले दोपहर 12 बजे तक के लिए और बाद में दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

    लोकसभा में भी पेगासस मामला उठा. कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में 'पेगासस प्रोजेक्ट' रिपोर्ट’ पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया लेकिन बाद में विपक्ष के हंगामें के बाद लोकसभा की कार्यवाही को भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

    इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र सरकार के कृषि क़ानूनों के विरोध में ट्रैक्टर पर सवार होकर संसद भवन पहुँचे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो किसानों का संदेश लेकर संसद आए हैं.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, येदियुरप्पा देंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा, रूँधे गले से किया एलान

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने घोषणा की है कि वो आज दोपहर अपने पद से इस्तीफ़ा दे देंगे. ये एलान करते हुए उनका गला भर आया.

    उन्होंने कहा, मैं दुखी नहीं हूँ, बल्कि ये मैं खु़शी से कर रहा हूँ."

    येदियुरप्पा ने अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर विधानसभा में एक सरकारी आयोजन में इस्तीफ़े का एलान किया.

    उन्होंने कहा, "मेरे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को इस राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद जताने के शब्द नहीं हैं. मैं उनकी और दूसरों की इच्छा पूरी करूँगा और पार्टी के लिए काम करूँगा."

  14. चीन को लेकर मोदी सरकार पर राहुल का वार, बोले- सरकार कुछ नहीं समझ रही

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कारगिल दिवस के दिन भारत सरकार को चीन को लेकर सावधान किया है.

    राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार को समझ नहीं आ रहा कि चीन से कैसे निबटा जाए.

    उन्होंने आगे लिखा,"आज उनकी हरकतों को नज़रअंदाज़ करने से भविष्य में बड़ी मुश्किलें पैदा होंगी."

    राहुल गांधी ने अपनी ट्वीट में एक रिपोर्ट का उल्लेख किया है जिसमें दावा किया गया है कि पूर्वी लद्दाख के डेमचोक इलाक़े में अभी भारतीय हिस्से में चीन के कैंप मौजूद हैं.

    भारत और चीन के बीच पिछले साल मई से पूर्वी लद्दाख में तनाव की स्थिति बन गई थी.

    फ़िलहाल दोनों देशों के बीच सैनिकों की वापसी को लेकर वार्ताओं का चक्र जारी है.

    कांग्रेस महासचिव और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी एक ट्वीट कर मोदी सरकार पर हमला बोला है.

    उन्होंने भी एक रिपोर्ट को साझा करते हुए लिखा है- “लाल आँख” दिखाइए साहेब, 56” फुलाइये साहेब !

    दोनों ही नेताओं ने साथ ही कारगिल युद्ध में जान गँवाने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी है.

    राहुल गांधी ने लिखा है- "हमारे तिरंगे की गरिमा में अपनी जान देने वाले प्रत्येक सेनानी को दिल से श्रद्धांजलि. देश की सुरक्षा के लिए आपके व आपके परिवारों के इस सर्वोच्च बलिदान को हम हमेशा याद करेंगे."

    सुरजेवाला ने लिखा है- "हिमालय से ऊँचा साहस जिनका, जिन्होंने मातृभूमि की ख़ातिर किया सब अर्पण, भारत माँ के वीर जवानों को नमन."

  15. राहुल गांधी ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुँचे संसद, कृषि क़ानूनों का किया विरोध

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र सरकार के कृषि क़ानूनों के विरोध में ट्रैक्टर पर सवार होकर संसद भवन पहुँचे.

    उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो किसानों का संदेश लेकर संसद आए हैं.

    राहुल गांधी ने कहा, “वो (सरकार) किसानों की आवाज़ दबा रहे हैं और संसद में इस पर चर्चा नहीं होने दे रहे हैं. उन्हें ये तीनों काले क़ानून वापस लेने होंगे. पूरा देश जानता है कि इन क़ानूनों से सिर्फ़ दो-तीन कारोबारियों का फ़ायदा होगा.”

    राहुल ने कहा, “सरकार के अनुसार किसान बहुत ख़ुश हैं और बाहर प्रदर्शन करने वाले आतंकवादी हैं. लेकिन सच्चाई तो ये है कि किसानों से उनका हक़ छीना जा रहा है.”

  16. टोक्यो ओलंपिक: क्वार्टर फ़ाइनल में हारे पुरुष तीरंदाज़, बैडमिंटन डबल्स में भी शिकस्त

    टोक्यो ओलंपिक से भारत के लिए दो निराशाजनक ख़बरें आई हैं.

    भारतीय पुरुष तीरंदाज़ी टीम क्वार्टर फ़ाइनल में दक्षिण कोरिया की टीम से हार गई है.

    दूसरी ओर, बैडमिंटन के पुरुष डबल्स वर्ग में भारत के सात्विक रेड्डी और चिराग शेट्टी को जोड़ी को भी हार का सामना करना पड़ा है.

  17. अमेरिका के साथ तल्ख़ी कूटनीतिक वार्ता में भी झलकी, क्या बोला चीन?

    चीन ने अमेरिका से ज़ोर देकर कहा है कि वो उसे ‘बदनाम’ करना बंद करे.

    चीन की ओर से यह बात सोमवार को अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शर्मन से हुई उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान कही गई.

    वेंडी शर्मन इन दिनों चीन के आधिकारिक दौरे पर हैं.

    शर्मन रविवार को दोनों देशों के बीच ‘तनाव कम करने के’ इरादे से चीन के तियांजिन शहर पहुँची हैं.

    चीन और अमेरिका पिछले काफ़ी समय से मानवाधिकारों, साइबर सुरक्षा और कोरोना वायरस के स्रोत को लेकर आमने-सामने हैं.

    चीनी विदेश मंत्रालय से जारी हुई विज्ञप्ति के अनुसार चीन के उप विदेश मंत्री जे फेंग ने शर्मन से कहा, “अमेरिका को लगता है कि वो अपनी ढाँचागत समस्याओं के लिए किसी तरह चीन को बदनाम कर देगा...”

    'चीन को काल्पनिक दुश्मन मानता है अमेरिका'

    विज्ञप्ति के अनुसार चीनी उप विदेश मंत्री ने कहा, “हम अमेरिका से ज़ोर देकर कहते हैं कि वो अपनी ख़तरनाक नीति और बुरी तरह से गुमराह धारणा को बदले.”

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका चीन को एक ‘काल्पनिक दुश्मन’ के तौर पर देखता है.

    बातचीत के दौरान जे फेंग ने अमेरिका और चीन के रिश्तों को ‘गतिरोध’ और ‘गंभीर मुश्किल’ के दौर में बताया.

    लगातार बिगड़ रहे हैं दोनों देशों के रिश्ते

    वेंडी शर्मन चीनी विदेश मंत्री वांग यी से भी मुलाकात करेंगी.

    अमेरिकी उप विदेश मंत्री ने रविवार को अपने एक ट्वीट में लिखा था कि उन्होंने अमेरिकी कारोबारियों से चीन में हो रही मुश्किलों के बारे में बात की थी.

    शर्मन ने चीन के हेनन प्रांत में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संवेदना भी ज़ाहिर की थी.

    अमेरिका और चीन के बीच यह उच्च स्तरीय बातचीत ऐसे वक़्त में हो रही है जब कुछ दिनों पहले ही दोनों ने एक-दूसरे के नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए थे.

    चीन ने तो हॉन्गकॉन्ग में अमेरिका के वाणिज्य मंत्री विल्बर रोस पर भी प्रतिबंध लगा दिया है.

  18. कोरोना संक्रमण: 24 घंटे में 416 लोगों की मौत

    पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 39,361 नए मामले सामने आए हैं 416 लोगों की मौत हुई है.

    इस दौरान 39,361 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं.

    इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल एक्टिव मामले 4,11,189 हो गए हैं. बीमारी से अब तक कुल 4,20,967 लोगों की जान गई है और 3,05,79,106 लोगों ने बीमारी को मात दी है.

    देश में अब तक कुल 43,51,96,001 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है.

  19. LIVE: महाराष्ट्र में कैसा है बाढ़ का हाल और कैसी हैं मुश्किलें?

  20. भारत की टेबल टेनिस खिलाड़ी सुतीर्था मुखर्जी महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में हार गई हैं. उन्हें पुर्तगाल की यू फू ने 4-1 से हराया.