You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दीपक चाहर ने दिलाई भारत को रोमांचक जीत

इस वनडे मुक़ाबले में जीत के साथ ही तीन वनडे मैचों की सिरीज़ में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, विभुराज, सिंधुवासिनी and अपूर्व कृष्ण

  1. साइबर हमलों के आरोप पर बोला चीन, जताई कड़ी आपत्ति

    चीन ने अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय संघ के उन आरोपों को ख़ारिज किया है जिनमें कहा गया था कि उसने माइक्रोसॉफ़्ट एक्सचेंज सर्वर को निशाना बनाकर एक बड़ा साइबर हमला किया था.

    सोमवार को न्यूज़ीलैंड भी चीन पर साइबर हमले को आरोप लगाने वाले देशों की समूह में शामिल हो गया.

    न्यूज़ीलैंड ने चीनी सरकार समर्थित पक्षों को माइक्रोसॉफॉट सर्वर पर हमले के साथ ही अपने यहाँ ‘दुर्भावनापूर्ण साइबर गतिविधियों’ को अंजाम देने का आरोप लगाया है.

    इसके जवाब में वेलिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने इन सभी आरोपों को ‘बेबुनियाद और ग़ैर-ज़िम्मेदाराना’ बताया.

    'आरोप बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण'

    पत्रकारों के सवाल के जवाब में एक बयान जारी करते हए चीनी दूतावास ने कहा, “चीन की सरकार साइबर सुरक्षा की कट्टर संरक्षक है. बिना किसी सबूत के आरोप लगाना दुर्भावनापूर्ण है.”

    इस बयान में कहा गया है, “चीन इन आरोपों पर कड़ी अंसतुष्टि और विरोध ज़ाहिर करता है. चीन क़ानून के मुताबिक़ हर तरह के साइबर हमलों और साइबर अपराधों के ख़िलाफ़ लड़ता है.”

    “साइबरस्पेस की वर्चुअल प्रकृति को देखते हुए यह ज़रूरी है कि साइबर अपराधों की पहचान या जाँच करने वाले के पास स्पष्ट साक्ष्य हों.”

    चीनी दूतावास ने कहा, “हम न्यूज़ीलैंड से ज़ोर देकर कहते हैं कि साइबर अपराधों से जुड़ी घटनाओं की बात करते हुए वो ‘शीतयुद्ध वाली’ मानसिकता छोड़कर पेशेवर और ज़िम्मेदाराना रवैया अपनाए.”

    चीन ने कहा कि न्यूज़ीलैंड को साइबर सुरक्षा की आड़ में दूसरों को राजनीतिक मुद्दों पर गुमराह नहीं करना चाहिए.

    चीन इससे पहले भी हैकिंग के आरोपों को सिरे से नकारता रहा है और कहता है कि वह सभी तरह के साइबर अपराधों के ख़िलाफ़ है.

    चीन पर क्या आरोप हैं?

    अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने सोमवार को चीन के ख़िलाफ़ एक बड़ा साइबर हमला करने का आरोप लगाया है.

    यह हमला माइक्रोसॉफ़्ट एक्सचेंज सर्वर पर किया गया था जिससे दुनिया भर में कम से कम 30 हज़ार सर्वर प्रभावित हुए थे.

    ब्रिटेन ने इस हमले के लिए चीनी सरकार से समर्थित पक्षों को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    वहीं, यूरोपीय संघ ने कहा है कि ये हमला "चीनी क्षेत्र" से किया गया है.

    चीन की मिनिस्ट्री ऑफ़ स्टेट सिक्योरिटी पर भी व्यापक जासूसी गतिविधियों को अंजाम देने एवं "दुस्साहस भरा बर्ताव" करने का आरोप लगाया गया है.

    अमेरिका और ब्रिटेन पहले भी दूसरे देशों द्वारा चलाए गए साइबर हमलों के ख़िलाफ़ खुलकर सामने आते रहे हैं. लेकिन इस मामले में यूरोपीय संघ ने भी चीन का नाम लिया गया है जो कि बताता है कि हैकिंग की इस घटना को कितनी गंभीरता से लिया गया है.

    पश्चिमी देशों के खुफ़िया अधिकारियों के मुताबिक़, चीन का व्यवहार 'काफ़ी गंभीर' था और यह व्यवहार इससे पहले कभी नही देखा गया है.

  2. राज कुंद्रा को अदालत ने 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा, एक और शख़्स गिरफ़्तार

    फ़िल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति व व्यवसायी राज कुंद्रा को मुंबई की एक अदालत ने 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

    राज कुंद्रा के अतिरिक्त एक और शख़्स रायन थार्प को आज मुंबई के एस्प्लैनेड कोर्ट में पेश किया गया.

    अश्लील फ़िल्में बनाने के मामले में राज कुंद्रा को सोमवार को गिरफ़्तार किया गया था जबकि थार्प को मंगलवार को गिरफ़्तार किया गया.

    इस मामले में अब तक कुल 12 लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    मुंबई पुलिस ने कल जानकारी दी थी कि उसकी क्राइम ब्रांच ने 11 लोगों को गिरफ़्तार किया है जिनमें शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा भी शामिल हैं.

  3. लखनऊ: दर्जनों अस्पतालों में छापेमारी, मिली गंभीर कमियाँ

    समीरात्मज मिश्र

    बीबीसी हिंदी के लिए, लखनऊ से

    लखनऊ में मानकों को दरकिनार कर अस्पताल चलाने और मरीजों से धोखाधड़ी की शिकायत के बाद ज़िला प्रशासन ने 45 निजी अस्पतालों पर छापेमारी की जिसमें गंभीर ख़ामियां मिली हैं.

    लखनऊ के ज़िलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में छह टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ भेजीं.

    डीएम ने संयुक्त टीमों की रिपोर्ट के आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से 29 अस्पतालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

    कुछ अस्पतालों का लाइसेंस नहीं तो कहीं मिलीं शराब की बोतलें

    लखनऊ के अलग-अलग इलाक़ों के कई अस्पतालों में छापेमारी के बाद पता चला कि इनमें से ज़्यादातर के पास लाइसेंस ही नहीं थे और थे भी तो उनकी अवधि समाप्त हो चुकी थी.

    छापेमारी में ज़्यादातर अस्पतालों में डॉक्टर ही नहीं मिले और कुछ अस्पतालों में नर्स और टेक्नीशियन ही मरीजों का इलाज कर रहे थे.

    छापेमारी में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि एक अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में दवाओं की जगह फ्रिज में बीयर की बोतलें रखी हुई थीं.

    छापेमारी के बाद ज़िलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज अग्रवाल ने 29 अस्पतालों के ख़िलाफ़ नोटिस जारी किया है.

    इन अस्पतालों को चेतावनी दी गई है कि यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी.

    सुप्रीम कोर्ट की तल्ख़ टिप्पणी के बाद हुई कार्रवाई

    एक दिन पहले ही सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने निजी अस्पतालों पर गंभीर टिप्पणी करते हुए कहा था कि अस्पताल बड़े उद्योग बन गए हैं और यह सब मानव जीवन को संकट में डालकर हो रहा है.

    कोर्ट ने यह भी कहा था कि सिर्फ़ पैसे कमाने के लिए बने अस्पतालों को बंद कर दिया जाना ही बेहतर है.

    सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी गुजरात के अस्पतालों में आग लगने के मामले पर सुनवाई करते की थी.

    अदालत का कहना था कि निजी अस्पतालों को छोटे आवासीय भवनों से संचालित करने की अनुमति देने के बजाय राज्य सरकारें ख़ुद ही बेहतर अस्पताल प्रदान कर सकती हैं.

  4. राहुल किस बात पर बोले- सरकार है कि पुरानी फ़िल्म का लालची साहूकार

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों को लेकर निशाना साथा है.

    राहुल ने ट्वीट कर पूछा है- "एक तरफ़ जनता को लोन लेने को उकसा रहे हैं, दूसरी तरफ़ टैक्स वसूली से अंधाधुंध कमा रहे हैं। सरकार है या पुरानी हिंदी फ़िल्म का लालची साहूकार?"

    उन्होंने ये हमला सरकार के लोकसभा में ये जानकारी देने के बाद किया है कि पेट्रोल और डीज़ल पर टैक्स संग्रह 88% बढ़ गया है.

    राहुल गांधी ने इसी बारे में मीडिया की एक रिपोर्ट को टैग करते हुए ट्वीट किया है.

    केंद्रीय पेट्रोलियम और गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने सोमवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई गिरावट से हुए लाभ को महामारी के दौरान घटी माँग से संतुलित करने के लिए पिछले वर्ष एक्साइज़ ड्यूटी को बढ़ाया गया.

    पेट्रोल पर एक्साइज़ ड्यूटी को 19.98 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 32.9 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया था.

    इसी प्रकार डीज़ल पर एक्साइज़ ड्यूटी को 15.83 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 31.8 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया था.

    मंत्री ने बताया कि इस वजह से पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज़ टैक्स 1.78 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर पिछले वित्तीय वर्ष (2020-21) में 3.35 लाख करोड़ रुपए हो गया.

  5. मोदी का संसद में हंगामे के लिए कांग्रेस पर हमला, बोले- उन्हें लगता है सत्ता उनका अधिकार

    पेगासस जासूसी मुद्दे पर संसद में लगातार दूसरे दिन हंगामे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दल कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उस पर ग़ैर-ज़िम्मेदाराना बर्ताव का आरोप लगाया है.

    प्रधानमंत्री ने आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल की एक बैठक को संबोधित करते हुए ये बात कही.

    बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया," प्रधानमंत्री ने विपक्ष की धारणा पर चिंता व्यक्त की और कहा कि लोगों के जुड़े मुद्दे उठाने की बजाए कांग्रेस सोच रही है कि सत्ता और प्रधानमंत्री पद उनका अधिकार है. हम 2 साल से महामारी झेल रहे हैं लेकिन कांग्रेस बहुत ग़ैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार कर रही है."

    उन्होंने कहा,"प्रधानमंत्री चाहते हैं कि संसद में सार्थक बहस हो. मगर कांग्रेस संसद को बाथित कर ग़ैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार कर रही है."

    बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए कोरोना महामारी राजनीति नहीं बल्कि एक मानवीय मुद्दा है.

    जोशी ने बताया, "प्रधानमंत्री ने कहा कि 100 सालों के बाद धरती पर इस तरह की महामारी आई है. सौ साल पहले लोग भूख से मरते थे. मगर ये पहला मौक़ा है जब एक बड़ी आबादी को राशन मिल रहा है और एक भी व्यक्ति भूखा नहीं सोता. हमने ये काम अपनी ज़िम्मेदारी समझकर किया है, किसी पर एहसान जताने के लिए नहीं."

    प्रह्लाद जोशी ने पेगासस मुद्दे पर कहा कि सरकार पर लगाए जा रहे सारे आरोप बेबुनियाद हैं.

    उन्होंने कहा,"इसमें सरकार की कोई भागीदारी नहीं है लेकिन अगर विपक्ष सही प्रक्रिया से मुद्दा उठाना चाहता है तो उन्हें मुद्दा उठाने दो. आईटी मंत्री ने इस पर पहले ही बयान दिया है."

    संसद के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन दोनों सदनों में पेगासस जासूसी मामले और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष ने विरोध जारी रखा है जिससे सदन की कार्रवाई कई बार स्थगित की जा चुकी है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़ग़ानिस्तानः राष्ट्रपति भवन के पास हमला, बकरीद की नमाज के बीच गिरे रॉकेट

    अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में राष्ट्रपति भवन के पास मंगलवार को कई रॉकेट हमले हुए.

    हमले के वक़्त बकरीद पर नमाज़ पढ़ी जा रही थी जिसमें राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी शरीक़ थे. अफ़ग़ानिस्तान में बकरीद मंगलवार को मनाई जा रही है.

    इस नमाज़ का टीवी पर लाइव प्रसारण हो रहा था और इस दौरान रॉकेट हमलों की आवाज़ भी सुनाई दी.

    धमाकों की आवाज़ के बावजूद नमाज़ जारी रही. हालाँकि, कुछ लोग डरे हुए लग रहे थे.

    अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्री के प्रवक्ता मीरवाइज़ स्टैनिक्ज़ई ने बताया कि हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ और ये रॉकेट राष्ट्रपति भवन के अतिसुरक्षित परिसर के बाहर गिरे.

    हमले की अभी तक किसी ने भी ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

  7. पेगासस जासूसी मामले पर संसद में लगातार दूसरे दिन हंगामा

    संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी पेगासस जासूसी मामल पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, सुप्रीम कोर्ट से बकरीद पर ढील के लिए केरल सरकार को लगी फटकार, मिली चेतावनी

    सुप्रीम कोर्ट ने बकरीद के लिए कोरोना प्रतिबंधों में ढील देने के केरल सरकार के फ़ैसले को 'एकदम अनावश्यक' बताया है.

    कोर्ट ने सरकार की खिंचाई करते हुए कहा कि उसका व्यापारियों के दबाव के आगे झुक जाना दिखाता है कि काम किस दयनीय हालत में हो रहा है.

    अदालत ने साथ ही उसे चेतावनी दी कि अगर इन रियायतों की वजह से कोरोना के मामले बढ़े तो वो उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगी.

    न्यायाधीश आरएफ़ नरीमन और बीआर गवई की पीठ ने कहा कि देश के नागरिकों को केरल सरकार के दिए फ़ैसले जैसे क़दमों से महामारी के सामने खुला छोड़ दिया गया है.

    अदालत ने कहा,"हम केरल सरकार को निर्देश देते हैं कि वो संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत दिए गए जीने के अधिकार पर ध्यान दे."

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केरल सरकार से इस सप्ताह बकरीद के त्योहार के लिए कोरोना को लेकर लागू पाबंदियों में छूट देने के उसके फ़ैसले पर जवाब माँगा था.

    केरल में राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह तीन दिनों के लिए कोविड प्रोटोकॉल से जुड़ी पाबंदियों में ढील देने का फ़ैसला किया था जिसका कई लोगों और संगठनों ने विरोध किया था.

    केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा था कि राज्य में बकरीद 21 जुलाई को मनाई जा रही है, इसे देखते हुए कपड़े, जूते-चप्पलों, जूलरी, फैंसी सामानों, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, सभी तरह के रिपेयरिंग शॉप और अन्य ज़रूरी चीज़ों की दुकानें 18, 19 और 20 जुलाई को सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेंगी.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: 24 घंटे में 30093 मामले, पिछले चार महीने में बड़ी गिरावट

    पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 30,093 मामले आए हैं.

    पिछले चार महीनों (125 दिनों) में यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है.

    वहीं, पिछले 24 घंटे में 374 लोगों की मौत हुई है. इस दौरान 45,254 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं.

    इसी के साथ देश में कोरोना के कुल 3,11,74,322 मामले हो गए हैं जिनमें से 4,06,130 मामले एक्टिव हैं.

    अब तक संक्रमण से कुल 4,14,482 मौत हुई है और 3,03,53,710 लोगों ने बीमारी को मात दी है.

    अब तक देश में कुल 41,18,46,401 लोंगो को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है.

  10. टोक्यो से लाइव: ओलंपिक कवर करने पहुँची बीबीसी की टीम. कैसा है ओलंपिक मेजबान टोक्यो में माहौल? बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा और जान्हवी मूले.

  11. वीडियो: पेगासस क्या है और कैसे हमारे फ़ोन हैक करता है?

    भारत में पेगासस स्पाईवेयर एक बार फिर चर्चा में हैं. भारत में इसके जरिए कई पत्रकारों और चर्चित हस्तियों के फ़ोन की जासूसी करने का दावा किया जा रहा है.

    पेगासस को इसराइल की साइबर सुरक्षा कंपनी एनएसओ ने तैयार किया है. बांग्लादेश समेत कई देशों ने पेगासस स्पाईवेयर ख़रीदा है. इसे लेकर पहले भी विवाद हुए हैं.

    मेक्सिको से लेकर सऊदी अरब की सरकार तक पर इसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए जा चुके हैं. व्हाट्सऐप के स्वामित्व वाली कंपनी फ़ेसबुक समेत कई दूसरी कंपनियों ने इस पर मुकदमे किए हैं.

    भारत के बारे में आधिकारिक तौर पर ये जानकारी नहीं है कि सरकार ने एनएसओ से 'पेगासस' को खरीदा है या नहीं.

    हालांकि, एनएसओ ने पहले ख़ुद पर लगे सभी आरोपों को ख़ारिज किए हैं.

    यह कंपनी दावा करती रही है कि वो इस प्रोग्राम को केवल मान्यता प्राप्त सरकारी एजेंसियों को बेचती है और इसका उद्देश्य "आतंकवाद और अपराध के खिलाफ लड़ना" है.

    हालिया आरोपों को लेकर भी एनएसओ ने ऐसे ही दावे किए हैं. लेकिन यह पेगासस कैसे हमारे फ़ोन की जासूसी करता है? पूरी जानकारी, इस वीडियो रिपोर्ट में.

  12. इराक़ में ईद से पहले बम धमाका: कम से कम 25 लोगों की मौत, आईएस ने ली ज़िम्मेदारी

    इराक़ की राजधानी बग़दाद के एक बाज़ार में सोमवार को हुए एक बम धमाके में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं और दर्जनों घायल हो गए हैं.

    इस धमाके में जान गँवाने और ज़ख्मी होने वालों में ज़्यादातर वो लोग हैं जो बाज़ार में ईद की खरीदारी करने गए थे.

    यह बग़दाद में पिछले छह महीनों में हुआ सबसे भयानक बम धमाका है.

    व्यस्त अल-वुहालियत बाज़ार में यह धमाका एक डिवाइस के ज़रिए किया गया.

    हमले की ज़िम्मेदारी इस्लामी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट समूह (आईएस) ने ली है. आईएस का कहना है कि उसके ही एक सदस्य ने धमाके वाली डिवाइस को उड़ाया.

    इराक़ की सरकार ने साल 2017 के अंत में सुन्नी मुसलमान जिहादी समूह आईएस के ख़िलाफ़ अपनी जीत का ऐलान किया था.

    हालाँकि इसके बाद भी इराक़ में आईएस की स्लीपर सेल लगातार सक्रिय है.

    जान गँवाने वालों में औरतें और बच्चे

    इससे पहले अप्रैल में शहर के बाज़ार में एक कार में एक बम धमाका हुआ था जिसमें चार लोग मारे गए थे.

    आईएस ने इस हमले की भी ज़िम्मेदारी ली थी. बग़दाद के जिस इलाके में ये धमाके हुए हैं, वहां ज़्यादातर शिया मुसलमान रहते हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स को सूत्रों ने बताया कि धमाके में मारे जाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी थे. धमाके के बाद कुछ दुकानों में आग भी लगा दी गई थी.

    इराक़ी सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मुस्तफ़ा अल-कदीमी ने बाज़ार की सुरक्षा के लिए ज़िम्मेदार पुलिस इंचार्ज़ की गिरफ़्तारी के आदेश दिए हैं और मामले की जाँच शुरू कर दी गई है.

  13. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 19 जुलाई, सोमवार के सभी बड़े अपडेट्स पढ़ने के यहाँ क्लिक करें.