दक्षिण अफ़्रीका में 45 लोगों की मौत, ज़ूमा को जेल भेजे जाने से जारी है हिंसा

दक्षिण अफ़्रीका में पूर्व राष्ट्रपति जैकब ज़ुमा को पिछले हफ़्ते जेल भेजे जाने के बाद शुरु हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 45 लोगों की मौत हो चुकी है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, विभुराज, भूमिका राय and अपूर्व कृष्ण

  1. प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट कमेटियों में किन्हें मिली जगह

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्र सरकार की सबसे प्रभावशाली मानी जाने वाली राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कमेटी का पुनर्गठन किया गया है. प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली इस कमेटी में केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, भूपेंद्र यादव और सर्बानंद सोनोवाल को शामिल किया गया है.

    कैबिनेट सचिवालय की ओर से सोमवार रात जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक़ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, किरेन रिजीजू और अनुराग सिंह ठाकुर को लिया गया है.

    हालांकि देश के सुरक्षा मामलों पर फ़ैसला लेने वाली कैबिनेट कमेटी और कैबिनेट की अपॉइंटमेंट मामलों कमेटी के सदस्यों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी संयुक्त सचिव और उससे ऊपर के स्तर की सभी महत्वपूर्ण नियुक्तियों पर निर्णय लेती है.

    सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति के सदस्य हैं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री सुब्राह्मण्यम जयशंकर. जबकि कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी में केवल दो सदस्य हैं और वे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री.

    प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली निवेश और विकास मामलों की कैबिनेट कमेटी के नए सदस्य हैं केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अश्विनी वैष्णव.

    रोज़गार और स्किल डेवेलपमेंट मामलों की कैबिनेट कमेटी के नए सदस्य है अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव, रामचंद्र प्रसाद सिंह और जी किशन रेड्डी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, यशपाल शर्मा का निधन, 83 की विश्व विजेता क्रिकेट टीम के थे अहम सदस्य

    यशपाल शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यशपाल शर्मा

    पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा का हृदयगति रुकने से निधन हो गया है. वे 66 वर्ष के थे.

    यशपाल शर्मा1983 में पहली बार क्रिकेट का विश्व कप जीतनेवाली भारतीय टीम के एक अहम सदस्य थे.

    कपिल देव की कप्तानी वाली विश्व विजेता टीम में वो टीम में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज़ थे.

    विश्व कप में उन्होंने दो अर्धशतक जड़े थे. मैचों में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उन्होंने 89 रन की पारी खेली थी. सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड के विरूद्ध उन्होंने 61 रन बनाए थे. दोनों ही मैच भारत की झोली में गए थे.

    मध्यक्रम के बल्लेबाज़ शर्मा ने 1978 से 1985 के बीच भारत के लिए 37 टेस्ट मैच और 42 वन डे मैच खेले.

    यशपाल शर्मा कुछ वर्षों तक भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता भी रहे.

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने यशपाल शर्मा के निधन पर शोक जताते हुए लिखा है - "मुझे 1983 के विश्व कप में उनकी बल्लेबाज़ी याद है. भारतीय क्रिकेट के लिए उनके योगदान को सदा याद रखा जाएगा."

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति कोविंद समेत अनेक शख्सियतों ने यशपाल शर्मा के निधन पर शोक जताया है.

    मोदी ने ट्वीट किया है- यशपाल शर्मा जी भारतीय क्रिकेट टीम के एक प्रिय सदस्य थे, जिनमें 1983 की ऐतिहासिक टीम भी शामिल है. वो साथी खिलाड़ियों, प्रशंसकों और नवोदित क्रिकेटरों के लिए एक प्रेरणा (देने वाले क्रिकेटर) थे."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  3. कोरोना अपडेट- बीते 24 घंटे में दो हज़ार से अधिक की मौत

    कोरोना

    इमेज स्रोत, बीबीसी

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 31,443 नए मामले सामने आए हैं जबकि 2020 लोगों की मौत हुई है.

  4. नए राष्ट्रपति के आने से क्या सुधरेंगे इसराइल और तुर्की के रिश्ते?

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति इसाक हेरज़ोग ने सोमवार को तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यब अर्दोआन के साथ बातचीत की.

    इस बातचीत से यह उम्मीद लगायी जा रही है कि इससे दोनों देशों के बीच ठंडे पड़ चुके रिश्ते पहले से बेहतर होंगे.

    राष्ट्रपति इसाक के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि- दोनों नेताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया कि "इसराइल और तुर्की का संबंध पूर्वी भूमध्यसागरीय क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता दोनों ही के लिए बहुत महत्वपूर्ण है" और “दोनों देशों के लिए भी इस सहयोग में काफी संभावनाएं हैं.”

    इसराइल और तुर्की एक समय में क़रीबी साझेदार थे लेकिन पिछले एक दशक से दोनों देशों के बीच संबंध वैसे नहीं रहे.

    तुर्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि तुर्की सरकार अक्सर फ़लस्तीनियों के प्रति इसराइल की नीतियों की आलोचना करती है.

    राष्ट्रपति इसाक के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने यह स्वीकारा की तमाम गतिरोधों के बावजूद चल रही ये बातचीत बेहद महत्वपूर्ण है. विशेष रूप से इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच दो-राज्य समाधान की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर.

    राष्ट्रपति इसाक हेरज़ोग ने पिछले सप्ताह ही इसराइल की संसद क्नेसेट से चुने जाने के बाद पदभार संभाला है. इसके लिए जून में वोट हुए थे.

    बीते शनिवार को उन्होंने पड़ोसी जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय के साथ भी बातचीत की थी.

    इसराइल के विदेश मंत्री याइर लापिड जॉर्डन के साथ तनावपूर्ण संबंधों को नई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते रहे हैं.

  5. कोरोना वायरस संक्रमण: पूर्वोत्तर भारत में बढ़ रहे मामलों के बाद पीएम करेंगे बैठक

    मोदी

    इमेज स्रोत, PIB

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करेंगे. इस बैठक में कोविड-19 की स्थिति को लेकर चर्चा की जाएगी.

    पिछले एक सप्ताह में पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पॉज़िटिविटी रेट में वृद्धि हुई है. देश में 10 फ़ीसदी से अधिक पॉज़िटिविटी रेट वाले हर पांच ज़िले में से तीन ज़िले भारत के पूर्वोत्तर राज्यों से हैं.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो आंकड़े जुटाए हैं उसके मुताबिक़, 5 जुलाई से 11 जुलाई के बीच जिन 58 ज़िलों में पॉज़िटिविटी रेट 10 प्रतिशत से अधिक रहा, उनमें से 37 पूर्वोत्तर भारत के राज्यों से थे.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पॉज़िटिविटी रेट का यूं बढ़ना इसलिए भी चिंता का कारण है क्योंकि भारत के कई अन्य राज्यों की तुलना में पूर्वोत्तर राज्यों में आबादी इतनी घनी नहीं है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 6 जुलाई को पूर्वोत्तर राज्यों को अलग-अलग पत्र भेजा गया था और चिंता ज़ाहिर की थी. इसके बाद एक वीडियो कॉन्फ्रेंस करके राज्यों को आरटी-पीसीआर जांच, प्रभावी रोकथाम और अस्पतालों में बिस्तर की क्षमता बढ़ाने के लिए कहा गया था.

    • मणिपुर में वीकली पॉज़िटिविटी रेट 14.69 प्रतिशत दर्ज की गई है.
    • मेघालय: साप्ताहिक सकारात्मकता 14.77 प्रतिशत दर्ज की गई है.
    • अरुणाचल प्रदेश: साप्ताहिक सकारात्मकता 6.74 प्रतिशत.
    • सिक्किम: साप्ताहिक सकारात्मकता 24.98 प्रतिशत.
    • असम: वीकली पॉज़ीटिविटी रेट 4.41 प्रतिशत.
    • त्रिपुरा: साप्ताहिक सकारात्मकता 9.39 प्रतिशत.
    • मिज़ोरम: 8.15 प्रतिशत की वीकली पॉज़िटिविटी रेट.
    • नागालैंड: साप्ताहिक सकारात्मकता दर 7.14 प्रतिशत.
  6. अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी: शीर्ष कमांडर ने हस्तांतरित की ड्यूटी

    कमांडर मिलर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अफ़ग़ानिस्तान में तैनात रहे शीर्ष अमेरिकी और नैटो जनरल ने औपचारिक रूप से अपनी ज़िम्मेदारियों को हस्तांतरित कर दिया है.

    अमेरिका के नेतृत्व वाली विदेशी सैन्य मिशन अफ़ग़ानिस्तान में 20 साल तक युद्ध लड़ने के बाद तेज़ी से वापसी कर रहा है.

    जनरल ऑस्टिन 'स्कॉट' मिलर ने सोमवार को अपना पद छोड़ दिया.

    इससे पूर्व, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि अफ़ग़ानिस्तान में अमेरिकी सैन्य अभियान 31 अगस्त तक समाप्त हो जाएगा.

    नैटो के अन्य सहयोगी देश पहले ही अपने लगभग सभी सैनिकों को पहले ही वापस बुला चुके हैं. ब्रिटेन जैसे कई देशों ने अमेरिका की तय सीमा से पहले ही अपने लगभग सभी सैनिकों को वापस बुला लिया है.

    कमांडर मिलर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इस बीच तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान में ज़्यादातर हिस्से को अपने कब्ज़े में ले लिया है.

    बीते सोमवार को एक बेहद साधारण समारोह में जनरल मिलर ने दो अमेरिकी जनरल को अपनी ड्यूटी हैंडओवर की. इनमें से एक फ़्लोरिडा में सेंट्रल कमांड हेडक्वार्टर से अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर नज़र रखेंगे और एक अन्य अफ़सर अमेरिका की आधिकारिक वापसी के बाद वहां रहने वाले लगभग 650 सैनिकों को कमांड करेंगे.

    इस बेहद सादगी भरे समारोह में जनरल मिलर ने कहा कि मेरे लिए यह विदाई महत्वपूर्ण है.

    इस समारोह में अफ़ग़ानिस्तान के उच्च अधिकारी भी शामिल थे. अपने भावनात्मक संबोधन में मिलर ने कहा कि – हमारा काम अब भूलना नहीं है.

    जनरल मिलर वो शख़्स हैं जिन्होंने अफ़ग़ानिस्तान में नैटो और अमेरिकी सेना की सबसे लंबे समय तक देखरेख की है और कमांड किया है.

    उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान में अपनी ड्यूटी को अपने करियर का हाइलाइट बताया.

    कमांडर मिलर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    काबुल में सोमवार को हुए इस समारोह में बीबीसी के मुख्य अंतरराष्ट्रीय संवाददाता लिस डौसे भी शामिल हुईं.

    वो कहते हैं कि मिलर का जाना इस बात को दिखता है कि कैसे एक युग का अंत हो गया है. भले ही अमेरिका कह रहा हो कि उसका समर्थन जारी रहेगा.

    उनके अनुसार, "अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए यह जानना बहुत कठिन होगा कि अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन पर असल में क्या हो रहा है."

    "अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए यह जानना बहुत कठिन होगा कि अफ़ग़ानिस्तान में ज़मीन पर क्या हो रहा है, सरकार द्वारा नियंत्रित क्षेत्रों में निर्णायक प्रभाव पड़ता है, और इससे भी कम, उन ज़िलों की बढ़ती संख्या में जहां तालिबान अब कहते हैं प्रभारी हैं."

    इस बीच हाल ही में तालिबान की ओर से दावा किया गया है कि उनके लड़ाकों ने अफ़ग़ानिस्तान में लगभग 85 फ़ीसद क्षेत्र को अपने कब्ज़े में ले लिया है.

    इस दावे की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं की जा सकती है और सरकार भी इसका खंडन करती है. एक अन्य अनुमान के मुताबिक तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान के 400 ज़िलों में से लगभग एक-तिहाई को अपने कब्ज़े में ले लिया है.

    तालिबान

    इमेज स्रोत, Getty Images

  7. नमस्कार,

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.12 जुलाई के सभी बड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.