You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जामिया में गोली चलाने वाले गोपाल पर गुरुग्राम में केस, गिरफ़्तार

गोपाल पर आरोप है कि उन्होंने एक महापंचायत में मुसलमानों के ख़िलाफ़ भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया था.

लाइव कवरेज

वात्सल्य राय, अनंत प्रकाश, भूमिका राय, विभुराज and अपूर्व कृष्ण

  1. चीनी कंपनियों पर अमेरिकी पाबंदी के बाद चीन ने कहा, कार्रवाई करेंगे

    वीगर मुसलमानों के मुद्दे पर चीनी कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने के अमेरिकी फ़ैसले पर चीन ने कहा है कि वो 'ज़रूरी कार्रवाई' करेगा.

    अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने कहा है कि शिनजियांग से कारोबार कर रही 14 कंपनियों और चीन की सेना को सहयोग पहुंचा रही अन्य पांच कंपनियों को प्रतिबंधित कंपनियों की सूची में जोड़ा गया है.

    शिनजियांग से कारोबारी संपर्क रखने वाली इन कंपनियों पर वीगर मुसलमानों और अन्य मुस्लिम अल्पसंख्यकों के साथ ही हो रही बदसलूकी में कथित तौर पर शामिल होने का आरोप है.

    अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि इस कदम से चीन के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ग़ैरवाजिब तरीके से दबाने की कोशिश की गई है और ये अंतरराष्ट्रीय आर्थिक और व्यापार नियमों के ख़िलाफ़ है.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि "चीनी कंपनियों के वैध अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए चीन ज़रूरी कदम उठाएगा."

    चीन शिनजियांग में डिटेंशन कैंपों और वीगर मुसलमानों और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों से जबरन काम लेने के आरोपों से इनकार करता रहा है. अतीत में अमेरिका की तरफ़ से जब भी ऐसी कार्रवाई हुई तो चीन ने भी जवाब में ऐसी ही कार्रवाई की है.

    अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा था कि कुछ इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नॉलॉजी कंपनियां और अन्य व्यापारिक संगठन शिनजियांग में मुस्लिम अल्पसंख्यकों पर चीन के दमन और उच्च तकनीकी से निगरानी में मदद कर रही है.

    अमेरिकी पाबंदियों की वजह ये चीनी कंपनियां अमेरिकियों से मशीनरी और अन्य सामान नहीं खरीद पाएंगी.

  2. जयपुर: सेल्फ़ी लेने के दौरान गिरी बिजली, 11 की मौत

    राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत राज्य के कई ज़िलों में रविवार को तेज़ बारिश हुई. आकाशीय बिजली गिरने से राज्य में कम से कम बीस लोगों की मौत हो गई है.

    जयपुर के उत्तर में 11 लोगों की मौत तो उस समय हुई जब वो सेल्फ़ी ले रहे थे. जिस समय ये हादसा हुआ ये लोग आमेर क़िले के वॉच टावर के ऊपर बारिश में सेल्फ़ी ले रहे थे.

    जब यह दुर्घटना हुई तब क़रीब 27 लोग क़िले की मीनार और दीवार पर थे. जब आकाशीय बिजली गिरी तो उनमें से कुछ ने कथित तौर पर नीचे छलांग लगा दी.

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, मरने वालों में ज़्यादातर युवा थे.

  3. सऊदी क्राउन प्रिंस और पूर्व जासूस की दुश्मनी जिसके बीच आया अमेरिका

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और इंटेलिजेंस की दुनिया के सूरमा कहे जाने वाले एक पूर्व जासूस की इस रंजिश ने अमेरिका को भी दख़ल देने पर मजबूर कर दिया है.

    दरअसल, सऊदी अरब की कुछ कंपनियों ने पूर्व जासूस साद अलजब्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और इसे लेकर अमेरिका और कनाडा की अदालतों में दो मुक़दमें दायर किए गए हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिका को डर है कि इस मुक़दमे की वजह से उसके संवेदनशील ख़ुफ़िया राज़ ज़ाहिर न हो जाएं. इसलिए अमेरिका इसकी क़ानूनी कार्यवाही में दख़ल देने के विकल्प पर विचार कर रहा है.

    पूर्व जासूस साद अलजब्री के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने चरमपंथ विरोधी अभियानों में अमेरिकी अधिकारियों के साथ काफ़ी क़रीब रहकर काम किया है.

    इस मामले में अमेरिका की ओर से दख़ल देने की संभावनाओं ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और साद अलजब्री के बीच लंबे समय से चली आ रही अदावत में नया मोड़ ला दिया है.

  4. तालिबान के डर से भागकर ईरान पहुंचे अफ़ग़ान सुरक्षा बलों को वापस लौटाया

    बीबीसी मॉनिटरिंग

    ईरान के नेशनल ब्रॉडकास्टर की आईआरआईबी न्यूज़ एजेंसी ने 11 जुलाई को एक ईरानी पुलिस प्रवक्ता के हवाला से बताया कि ईरान ने तालिबान के डर से भागकर आए अफ़ग़ान बॉर्डर गार्ड्स और सीमा शुल्क कर्मचारियों को वापस भेज दिया है.

    आईआरआईबी ने सेकेंड ब्रिगेडियर जनरल मेहदी हाजियन के हवाले से लिखा है, कि अफ़ग़ान सरकार ने हमारे देश के संबंधित अधिकारियों से इस बारे में अनुरोध किया था. उनके आधिकारिक अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया और इन बॉर्डर गार्ड्स और सीमा शुल्क कर्मचारियों को हवाई मार्ग से वापस भेज दिया गया.

    ईरान के सीमा शुल्क प्रशासन ने कहा कि तालिबानी चरमपंथियों ने 8 जुलाई को ईरान के साथ लगने वाली अफ़ग़ान की तीन में से दो क्रॉसिंग - डोगरुन और महिरुद सीमा चौकियों को अपने कब्ज़े में कर लिया.

    ईरान के सशस्त्र सेना के जनरल स्टाफ़ के एक सूत्र ने 9 जुलाई को कहा था कि ईरान उन अफ़ग़ान सैनिकों को उनके देश वापस भेज देगा जो तालिबानी चरमपंथियों के हमले मे चौकियों के नष्ट होने के बाद ईरान भाग आए थे.

    हाजियन कहते हैं कि ईरान ने इस्लामी मूल्यों, एक अच्छे पड़ोसी संबंध होने के नाते और अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशनों के कारण ही अफ़ग़ान सुरक्षा बलों को अपनी ज़मीन पर स्वीकार किया और उनके हथियार ले लेने के बाद आश्रय भी दिया.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटों में 37,154 नए मामले, 724 की मौत

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 37,154 नए मामले सामने आए हैं जबकि 724 लोगों की मौत हुई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में सक्रिय मामलों की संख्या 4,50,899 है जबकि रिकवरी रेट बढ़कर 97.22% हो गया है.

    वहीं, बीते 24 घंटों में 39,649 लोग इस संक्रमण से ठीक हुए.

  6. उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से 42 लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने से 42 लोगों की मौत हो गई है. सबसे ज़्यादा 13 लोगों की मौत प्रयागराज में हुई है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार समीरात्मज मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश में रविवार को हुई भारी बारिश के दौरान बिजली गिरने से अलग-अलग जगहों पर 42 लोगों की मौत हो गई है.

    मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है.

    कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दर्जनों मवेशियों के भी मरने की ख़बर है.

    मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान किए जाने और घायलों को समुचित इलाज के लिए आदेश जारी किया है.

    राजस्थान में भी तेज़ बारिश का क़हर, बिजली गिरने से मौतें

    राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत कई ज़िलों में रविवार को तेज़ बारिश हुई. तेज़ और मूसलाधार बारिश के कारण हुए हादसों में कोटा ज़िले में चार और धौलपुर में तीन बच्चों की मौत हो गई. रिपोर्टों के मुताबिक़, इनकी मौत आकाश से बिजली गिरने की वजह से हुई.

    इसके अलावा जयपुर के उत्तर में भी 11 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है.

    राज्य में कुल कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत ने हादसे पर दुख जताया है.

    हादसे के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक ट्वीट करके पीड़ित परिवारों के प्रति सांत्वना ज़ाहिर की है. उन्होंने ट्वीट किया है-

    उन्होंने लिखा, "कोटा, धौलपुर, झालावाड़, जयपुर और बारां में आज आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रभावितों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें सम्बल प्रदान करे.अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाएं."

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई की ख़बर के अनुसार, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में बिजली गिरने से जान गंवाने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. इसके साथ ही घायलों के लिए मुआवज़ा देने का भी आदेश दिया गया है.

    जयपुर के पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने बताया, "स्थानीय लोगों की मदद से आमेर किला इलाके से बिजली गिरने के बाद करीब 29 लोगों को बचाया गया है. जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. इनमें से 16 लोगों की मौत हो गई."

    उत्तराखंड में भू-स्खलन

    इसके अलावा उत्तराखंड के बागेश्वर ज़िले कीआपदा प्रबंधक अधिकारी शिखा सुयाल के हवाले से न्यूज़ एजेंसी ने बताया है कि ज़िले में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के बीच एक घर ढह गया. इस हादसे में घर में रहने वाले तीन लोगों की मौत हो गई.

    उत्तर प्रदेश में भी तेज़ बारिश के प्रकोप से कुछ ज़िंदगियां हमेशा के लिए ख़ामोश हो गईं.

  7. #EURO2020: इटली ने इंग्लैंड को हराकर यूरो कप ख़िताब पर किया कब्ज़ा

    इटली ने इंग्लैंड को पेनल्टी शूटआउट में हराकर यूरो कप का ख़िताब अपने नाम कर लिया है.

    इटली और इंग्लैंड के बीच खेला गया ये फ़ाइनल मुक़ाबला बेहद दिलचस्प रहा जिसका फ़ैसला पेनल्टी शूटआउट के ज़रिए तय हो सका.

    दोनों ही टीमों ने अच्छी शुरुआत की थी और 1-1 गोल के साथ बराबरी पर थीं. इसके बाद मैच का फ़ैसला करने के लिए पेनल्टी शूटआउट कराना पड़ा. जिसमें इटली का पलड़ा भारी पड़ा और उसने 3-2 से इंग्लैंड को शिकस्त दे दी.

    इंग्लैंड लगातार तीन पेनल्टी चूक गया जबकि इटली के 2 पेनल्टी शॉट बेकार गए.

    इटली के लिए यह ऐतिहासिक मौक़ा है क्योंकि साल 1968 के बाद से इटली एक बार फिर यूरो कप का ख़िताब जीतकर चैंपियन बन गया है.

    वेंबली स्टेडियम में खेला गया यह मैच इटली के लिए तो ऐतिहासिक रहा लेकिन चैंपियन बनने का इंग्लैंड का सपना इसी के साथ टूट भी गया जब उसके तीन पेनल्टी शूट मिस हो गए.

    इंग्लैंड की टीम वेंबली स्टेडियम में अपने 55 साल के इंतज़ार को ख़त्म करने के लिए उतरी थी. लेकिन मैच में अच्छा खेल दिखाने के बावजूद पेनल्टी शूटआउट में तीन शॉट ख़राब होने के साथ इंग्लैंड की टीम इटली के हाथों मैच गंवा बैठी.

  8. नमस्कार,

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.11 जुलाई के सभी बड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.