You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, डेथ वैली में तापमान 54 डिग्री के पार

अमेरिका के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं. कैलिफ़ोर्निया और नेवाडा में तापमान रिकॉर्ड ऊंचाई छू रहा है.

लाइव कवरेज

अभिजीत श्रीवास्तव, प्रशांत चाहल and भूमिका राय

  1. सऊदी अरब ने घोषणा की 20 जुलाई को मनाई जाएगी बकरीद

    सऊदी अरब ने घोषणा की है कि ईद अल-अदहा (बकरीद) का अवकाश मंगलवार 20 जुलाई से शुरू होगा.

    सऊदी प्रेस एजेंसी ने शुक्रवार को यह ख़बर जारी की.

    क्रिसेंट मून साइटिंग डिपार्टमेंट ने कहा, “सोमवार को अराफ़ात है और उसके अगले दिन यानी मंगलवार को ईद अल-अदहा होगी.”

    चांद देखने वाली समिति ने कहा है कि शुक्रवार की शाम को चांद नहीं देखा गया था.

    ईद उल अदहा यह दिन उस समय की याद दिलाता है जब पैग़ंबर इब्राहीम अपने बेटे को अल्लाह के आदेश का पालन करते हुए बलिदान तक कर देने को तैयार हो गए थे.

    यह दिन सालाना हज यात्रा समाप्त होने के एक दिन बाद मनाया जाता है.

    यह लगातार दूसरा साल है जब हज यात्रा को कोविड-19 नियमों और शर्तों के तहत संचालित किया गया है.

    इससे पहले जून में, सऊदी अधिकारियों ने घोषणा करते हुए कहा था कि इस बार की हज यात्रा सिर्फ़ किंगडम में रहने वाले साठ हज़ार लोगों तक ही सीमित रहेगी.

    वहीं बीते साल तो हज यात्रा के लिए सिर्फ़ एक हज़ार लोगों को ही अनुमति दी गई थी.

  2. अमेरिका ने हेटी को सैन्य मदद देने से इनकार किया

    अमेरिका ने हेटी को सैन्य सहायता देने से मना कर दिया है. राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ की हत्या के बाद, हेटी प्रशासन ने अपने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए अमेरिका से सैन्य मदद माँगी थी.

    इसके जवाब में अमेरिका ने कहा कि वो हत्या के मामले की जाँच में हेटी प्रशासन की मदद कर सकता है, लेकिन वो सैन्य मदद नहीं भेजेगा.

    शुक्रवार को हेटी की पुलिस ने कहा था कि राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ की हत्या विदेशी हमलावरों के एक दस्ते ने की जिसमें ज़्यादातर कोलंबिया के पूर्व सैनिक थे.

    पुलिस प्रमुख लियोन चार्ल्स ने कहा कि इस दस्ते में 26 कोलंबियाई और हेटी मूल के दो अमेरिकी हमलावर शामिल थे.

    आठ संदिग्ध अब भी फ़रार हैं, जबकि दो अमेरिकियों समेत 17 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    बाकी संदिग्धों को पुलिस ने राजधानी पोर्ट ओ प्रिंस में मुठभेड़ में मार दिया था.

    कोलंबिया की सरकार ने कहा है कि इस कथित दस्ते के कम-से-कम छह सदस्य उनकी सेना के रिटायर्ड सैनिक लग रहे हैं. कोलंबिया ने कहा है कि वो जाँच में हेटी का पूरा सहयोग करेगा.

    वहीं अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अब तक अपने किसी नागरिक के हिरासत में होने की पुष्टि नहीं की है.

    बुधवार सुबह कुछ बंदूकधारी राष्ट्रपति मोइज़ के आवास में घुसे थे और उन्होंने गोलियाँ चलानी शुरू कर दी थीं.

    इस हमले में राष्ट्रपति मोइज़ की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मार्टिन घायल हो गई थीं.

    उन्हें इलाज के लिए अमेरिका के फ़्लोरिडा राज्य ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

    हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले की योजना किसने बनाई या इसके पीछे क्या मक़सद था.

    हेटी में राष्ट्रपति की अचानक हुई मौत से राजनीतिक संकट मंडरा रहा है जिसकी वजह से हेटी में हालात बिगड़ सकते हैं, हेटी में भुखमरी और कोविड-19 की स्थिति बिगड़ सकती है.

    इस बीच हेटी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से भी मदद माँगी है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: पिछले 24 घंटे में 42,766 नये मामले, 1206 की मौत

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 42,766 नये मामलों की पुष्टि हुई और इसी दौरान 1206 लोग कोविड-19 की वजह से मारे गये.

    मंत्रालय के रिकॉर्ड के मुताबिक़, भारत में कोविड-19 के कारण अब तक 4 लाख 7,145 लोगों की मौत हो चुकी है.

    भारत में कोरोना के संक्रिय मामलों की संख्या अब भी 4 लाख 55 हज़ार से अधिक बताई गई है.

    भारत सरकार का दावा है कि भारत में अब तक कोरोना वैक्सीन की 37 करोड़ से ज़्यादा डोज़ दी जा चुकी हैं.

  4. राष्ट्रपति बाइडन ने अपने राजनीतिक सहयोगी एरिक गार्सेटी को भारत में अमेरिकी राजदूत के लिए नामित किया

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने लॉस एंजिल्स के मेयर एरिक गार्सेटी को भारत में अमेरिका का नया राजदूत नामित किया है.

    व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को तीन अन्य राजदूतों के साथ उनके नाम की घोषणा की.

    लॉस एंजिल्स के मेयर गार्सेटी के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया है- "आज, राष्ट्रपति ने घोषणा की कि मैं भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में काम करने के लिए उनकी ओर से नामित किया गया हूं. मैं इस भूमिका में सेवा करने के लिए नामांकन स्वीकार करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं."

    50 वर्षीय गार्सेटी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के क़रीबी राजनीतिक सहयोगी हैं.

    गार्सेटी राष्ट्रपति बाइडन के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के सह-अध्यक्ष भी थे और वो उस समिति का हिस्सा भी थे जिसे बाइडन अपने रनिंग-मेट की तलाश के लिए नियुक्त किया था.

    चुनाव के बाद गार्सेटी को उद्घाटन समिति के सह-अध्यक्षों में से एक नामित किया गया था. दुनिया के तमाम देशों की तरह भारत भी अपने लिए एक ऐसे अमेरिकी राजदूत की उम्मीद रखता है जो दोनों देशों के बीच के संबंध को और बातचीत को मज़बूत करे.

    इस मामले के जानकार मानते हैं कि इस लिहाज़ से गार्सेटी का चुनाव एक बेहतर चुनाव है.

    गार्सेटी के काम से परिचित लोगों का मानना है कि वह एक बेहद क़ाबिल शख़्स हैं.

    भारत के लिए अमेरिकी राजदूत के नाम की घोषणा बाइडन प्रशासन के लिए एक हाई-प्रोफ़ाइल घोषणाओं में से एक है क्योंकि राष्ट्रपति बाइडन भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने की बात करते रहे हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यभार संभालने के बाद से 100 दिनों के भीतर ही राष्ट्रपति बाइडन और भारत के पीएम मोदी के बीच चार बार बात हो चुकी है. इसके अलावा क्वाड और 40 विश्व नेताओं की समिट के दौरान भी उनकी वर्चुअल भेंट हो चुकी है.

    गार्सेटी 2013 से लॉस एंजिल्स शहर के मेयर रहे हैं. वह 12 साल तक सिटी काउंसिल के भी सदस्य रहे हैं जिसमें छह साल वो काउंसिल के अध्यक्ष भी रहे.

  5. राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा- रूसी साइबर हमलों पर अमेरिका करेगा कार्रवाई

    व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से कहा है कि रूसी साइबर हमलों को रोकने के लिए अमेरिका ‘कोई भी आवश्यक कार्रवाई’ करेगा.

    रूस के राष्ट्रपति के साथ क़रीब घंटे भर फ़ोन पर हुई बातचीत के बाद जब एक पत्रकार ने राष्ट्रपति बाइडन से पूछा कि क्या रूस को परिणाम भुगतने होंगे तो उन्होंने कहा- ‘हां’.

    लेकिन मॉस्को ने अमेरिका के उन दावों से इनकार किया है जिसमें अमेरिका ने कहा था कि उन्होंने साइबर हमलों के संदर्भ में बीते महीने बार-बार रूसियों से संपर्क किया था.

    शुक्रवार को राष्ट्रपति जो बाइडन और उनके रूसी समकक्ष के बीच फ़ोन पर बात हुई. इससे पूर्व दोनों नेताओं ने पिछले महीने जेनेवा में मुलाक़ात भी की थी जिसमें कई अहम बिंदुओं पर दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई थी.

    बीते कुछ समय से इन हमलों में तेज़ी देखी गई है. जिसमें से इसी महीने हुए एक साइबर हमले के कारण क़रीब 1500 कंपनियों पर असर हुआ.

    राष्ट्रपति पुतिन से हुई लंबी बातचीत के बाद मीडिया से मुख़ातिब हुए राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, “मैंने उन्हें बहुत स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका यह उम्मीद करता है कि अगर उनकी धरती से कोई भी किसी भी तरह का साइबर हमला होता है, भले ही वो राज्य प्रायोजित ना हो, तो भी वे उस पर कार्रवाई करेंगे अगर हम उन्हें पर्याप्त जानकारी देते हैं तो...”

    एक पत्रकार ने जब पूछा कि क्या अमेरिका हैकर्स द्वारा इस्तेमाल किये गए सर्वर्स पर हमला कर सकता है तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने जवाब में कहा- ‘हां.’

    लेकिन शुक्रवार को हुई कॉल के बाद क्रेमलिन ने कहा है कि अमेरिका ने साइबर हमलों को लेकर मॉस्को से कोई संपर्क नहीं किया.

    रूस के राष्ट्रपति के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “सूचना के क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर संयुक्त रूप से रोक लगाने के लिए रूस की तत्परता के बावजूद, पिछले महीने में संबंधित अमेरिकी विभागों से किसी भी तरह का कोई अनुरोध नहीं प्राप्त हुआ है.”

    एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर रूस के दावे का खंडन किया है. उन्होंने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि बाइडन प्रशासन ने कार्रवाई के लिए कई बार ख़ासतौर से अनुरोध किये थे.

    दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई बातचीत के संबंध में व्हाइट हाउस के एक रीडआउट में कहा गया है कि दोनों देश सीरिया के लिए अधिक मानवीय सहायता के समझौते पर सहमत हुए हैं. यह सहमति दिखाती है कि दोनों नेता साइबर स्पेस पर तनाव के बावजूद परस्पर सहयोग के अवसर देखते हैं.

  6. नमस्कार,

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 8 जुलाई के सभी बड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.