You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

धमाके की वजह क्या है जिससे हिल गया दुबई

इस धमाके से जुड़ी शुरुआती रिपोर्ट्स में सामने आया था कि ये धमाका इतना शक्तिशाली था कि बंदरगाह से 25 किलोमीटर दूर तक आवाज़ सुनाई दी और इमारतें और खिड़कियाँ हिलने लगीं थीं.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, भूमिका राय and अपूर्व कृष्ण

  1. कोविड से निपटने के लिए 23000 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार: स्वास्थ्य मंत्री

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कार्यभार संभालने के बाद गुरुवार शाम मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य के क्षेत्र में नये स्तर पर निवेश किए जाने की सूचना दी.

    उन्होंने कहा, “आज कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य के संदर्भ में महत्वपूर्ण फ़ैसला किया गया. अप्रैल 2020 में कोविड के लिए पहले पैकेज में 15 हज़ार करोड़ रुपए दिए गए. कोविड अस्पताल 163 से बढ़कर 4,389 हो गए. ऑक्सीजन बेडों को 50,000 से बढ़ाकर 4,17,396 कर दिए गए.”

    भविष्य की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा -

    • भविष्य में कोविड से निपटने के लिए 23 हज़ार करोड़ रुपए का पैकेज़ लाया जाएगा.
    • केंद्र सरकार 15,000 करोड़ रुपए देगी और राज्य सरकारें 8,000 करोड़ रुपए देगी.
    • 736 ज़िलों में पीडिएट्रिक यूनिट बनाए जाएंगे.
    • 20,000 ICU बेड तैयार किए जाएंगे
    • हर ज़िले में 10,000 लीटर ऑक्सीजन स्टोरेज की व्यवस्था की जाएगी.
    • हर ज़िले में एक करोड़ रुपए की दवाईयों का बफर स्टॉक किया जाएगा.
    • 23,000 करोड़ रुपए के इस पैकेज की सारे प्रावधानों को अगले 9 महीनों में अमल में लाया जाएगा
  2. ब्रेकिंग न्यूज़, जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो चरमपंथियों और दो जवानों की मौत

    जम्मू - कश्मीर के राजौरी ज़िले के सुंदरबनी सेक्टर में गुरुवार शाम सेना ने घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करते हुए दो AK-47 राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है.

    पीआरओ, डिफेंस के मुताबिक़, इस अभियान में दो पाकिस्तानी चरमपंथी मारे गए हैं. इसके साथ ही सेना के दो जवान नायब सूबेदार श्रृजित एम और सिपाही मरुपरोलु जसवंत रेड्डी की भी मौत हो गई है.

    सेना इस इलाक़े में तलाशी अभियान चला रही है.

    (मोहित कांधारी के इनपुट्स समेत)

  3. वाईएसआर की बेटी शर्मिला ने बनाई नई पार्टी

    आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी वाईएस शर्मिला ने आधिकारिक तौर पर अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है.

    हैदराबाद में पार्टी के कुछ लोगों की उपस्थिति में उन्होंने अपने पिता के जन्मदिन के अवसर पर नई पार्टी के नाम का ऐलान किया और कहा कि तेलंगाना में फिर से वाईएस राजशेखर रेड्डी के शासनकाल को वापिस लेने के उद्देश्य से ये पार्टी शुरू की गई है.

    पार्टी का नाम वाईएसआर तेलंगाना पार्टी रखा गया है.

    शर्मिला ने कहा है कि इसके ज़रिए उनका एजेंडा लोकहित, आत्मनिर्भरता और बराबरी के मुद्दों पर काम करने का है.

    उन्होंने इस मौक़े पर पार्टी के झंडे का भी अनावरण किया. नीले रंग के इस झंडे में दूधिया रंग में तेलंगाना का मानचित्र बना है और उस पर राजशेखर रेड्डी की तस्वीर है.

    इस मौक़े पर उनकी मां वाईएस विजयम्मा भी शामिल थीं.

  4. 'इमरान सरकार ने लोगों से रोटी-कपड़ा और मकान छीन लिया' : बिलावल भुट्टो

    पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ने गुरुवार को प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर निशाने साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों के लिए रोटी, कपड़ा और मकान हासिल करना मुश्किल कर दिया है.

    पाक अधिकृत कश्मीर में 11वें आम चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है. इस क्षेत्र में पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) की उपाध्यक्ष मरियम नवाज़ भी रैलियां कर रही हैं.

    ये दूसरा मौक़ा था जब बिलावल भुट्टो ने पीएमल-एन पर हमला बोला. इससे पहले वह पीएमएल-एन पर सरकार के साथ समझौता करने का आरोप लगा चुके हैं.

    पीएमएल-एन को निशाने पर लेते हुए बिलावल भुट्टो ने कहा कि वह चाहते हैं कि वे शेरों वाली राजनीति करें, न कि बिल्लियों वाली.

    गुरुवार को पाक अधिकृत कश्मीर के हवेली ज़िले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भुट्टो ने कहा, “हम चाहते हैं कि वे शेरों की तरह राजनीति करें, बिल्लियों की तरह नहीं. एक विपक्षी दल होने के नाते अपनी भूमिका निभाएं ताकि हम मजबूती से सरकार को चुनौती दे सकें.”

    उन्होंने कहा, “हम भविष्य में हलवा और निहारी खाने के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे.”

    साथ ही भुट्टो ने कहा कि अगर पीएमएल-एन इमरान ख़ान और पंजाब के मुख्यमंत्री के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आती है तो उनकी पार्टी इसमें उनका साथ देगी.

  5. धमाके की वजह क्या है जिससे हिल गया दुबई

    संयुक्त अरब अमीरात के जेबेल अली बंदरगाह पर बुधवार रात ओशिअन ट्रेडर नामक जहाज में तेज धमाके के बाद लगी आग पर काबू पा लिया गया है.

    संयुक्त अरब अमीरात के ऊर्जा एवं इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री सुहैल अल मजरौई ने गुरुवार को बचाव अभियान से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया है कि इस आग पर जिस तेज़ी के साथ काबू पाया गया है, वह बताता है कि यूएई समुद्रतटवर्ती दुर्घटनाओं और जोख़िमों को संभालने की अपनी ज़िम्मेदारी का किस तरह निर्वाहन करता है.

    उन्होंने कहा, “हम उन सभी टीमों के प्रयासों की सराहना करते हैं जिन्होंने कंटनेर शिप ओशिअन ट्रेडर में बीती सात जुलाई की शाम 11:55 मिनट पर लगी आग को बुझाने में अपना योगदान दिया.

    इस बचाव टीम ने आग बुझाने से लेकर लोगों की जान बचाने के साथ ही सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ये सुनिश्चित किया कि जहाज़ पर रेडियोएक्टिव पदार्थ मौजूद न हों.”

    बरसों से की जा रही मेहनत का फल

    सुहैल अल मजरौई ने बताया, “इस बचाव अभियान में कंटेनर शिप ओशिअन ट्रेडर की क्रू और कर्मचारियों को तत्परता से बाहर निकाला गया. इस अभियान में डीपी वर्ल्ड, यूएई रीज़न टीम, नेशनल इमर्जेंसी क्राइसिस एंड डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और दुबई पुलिस एवं दुबई सिविल डिफेंस ने काम किया है.

    ये मज़बूत प्रतिक्रिया सक्रिय रूप से संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाहों और समुद्र तटवर्ती सुविधाओं में विश्व स्तरीय आधारभूत ढांचा खड़ा करने के लिए सालों से की जा रही तैयारियों का नतीजा है.

    अर्ली वॉर्निंग सिस्टम से लेकर सिविल डिफेंस टीमों, नेशनल इमर्जेंसी क्राइसिस और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में भारी निवेश के साथ हमारा प्राथमिक उद्देश्य सुरक्षा को पहली वरीयता देना है.

    हमारे इस रवैये ने हमें इस क़ाबिल बनाया है कि हम सभी ज़रूरी क़दमों को तुरंत उठा सकें. आपदा को संभालने में लगी सभी टीमों के साझा प्रयासों और बेहतरीन मशीनों के चलते जेबेल अली बंदरगाह पर सामान्य कामकाज़ और माल ढुलाई से जुड़ा काम शुरू होना सुनिश्चित किया जा सका है.”

    रिसाव रोकना हमारी ज़िम्मेदारी

    इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि इस समय उनकी प्राथमिकता स्थिति पर नज़र बनाए रखते हुए समुद्र में हानिकारक पदार्थों का रिसाव रोककर समुद्री पर्यावरण को बचाना है.

    उन्होंने ये भी बताया कि “मंत्रालय का मैरिटाइम डिपार्टमेंट अपनी जाँच जारी रखेगा ताकि उसे ज़्यादा जानकारी मिल सके और संबंधित अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ मिलकर एहतियाती उपायों को बढ़ाने के लिए एक ब्लूप्रिंट तैयार किया जा सके.

    हम यूएई और दुबई की जनता और समुद्र तटवर्ती उद्योग से जुड़े लोगों एवं संस्थानों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि जेबेल अली बंदरगाह की लॉजिस्टिक्स (माल ढुलाई) और अन्य कामकाज से जुड़ी सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. बंदरगाह पर वॉटर चैनल और मुख्य शिपिंग लाइन से दूर होने की वजह से इस दुर्घटना ने जहाजों के आने – जाने पर प्रभाव नहीं डाला है.”

    बेहद ख़तरनाक था धमाका

    इस धमाके से जुड़ी शुरुआती रिपोर्ट्स में सामने आया था कि ये धमाका इतना शक्तिशाली था कि बंदरगाह से 25 किलोमीटर दूर तक आवाज़ सुनाई दी और इमारतें और खिड़कियाँ हिलने लगीं थीं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, 22 किलोमीटर दूर स्थित रिहाइशी इलाक़ों में रहने वाले लोगों ने भी बताया कि उन्हें धमाके की आवाज़ सुनाई दी थी.

  6. सोशल मीडिया ध्रुवीकरण कर सकता है- सुप्रीम कोर्ट की फ़ेसबुक मामले में टिप्पणी

    सुप्रीम कोर्ट ने फ़ेसबुक इंडिया के उपाध्यक्ष अजीत मोहन की एक याचिका पर फ़ैसला सुनाते हुए कहा है कि सोशल मीडिया में इतनी क्षमता है कि वो लोगों को प्रभावित कर सके, और वहाँ की बहस और पोस्ट से समाज के लोगों का ध्रुवीकरण हो सकता है क्योंकि ज़्यादातर लोगों के लिए उसकी सत्यता को परखना संभव नहीं होता.

    फ़ेसबुक अधिकारी ने अपने ख़िलाफ़ दिल्ली विधानसभा की एक समिति की ओर से दिल्ली दंगों के बारे में जारी किए गए सम्मन को अदालत में चुनौती दी थी.

    सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश संजय किशन कौल की अध्यक्षता वाली पीठ ने आदेश जारी करते हुए ये टिप्पणी की.

    अदालत ने अपने फ़ैसले में कहा कि दिल्ली विधानसभा फ़ेसबुक और उनके अधिकारियों से दिल्ली दंगों में कथित भूमिका के लिए जानकारी ले सकती है, मगर वो क़ानून-व्यवस्था और अभियोजन के विषय में दख़ल नहीं दे सकती.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान पहले अपना घर देखे, लाहौर धमाके में हाथ के आरोप पर भारत का जवाब

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार शाम लाहौर ब्लास्ट में भारत का हाथ होने से जुड़े पाकिस्तान के आरोप पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है, “पाकिस्तान के लिए भारत के ख़िलाफ़ आधारहीन दुष्प्रचार में संलिप्त होना कोई नयी बात नहीं है. पाकिस्तान अगर अपने यहां हालात ठीक करने में इतनी ही मेहनत करे और आतंकवाद के ख़िलाफ़ मजबूत कदम उठाए तो उसे इसका फायदा होगा.”

    इसके साथ ही बागची ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की साख के बारे में अच्छी तरह पता है. ये बात स्वयं पाकिस्तान के नेतृत्व ने स्वीकार की है जो कि अभी भी ओसामा बिन लादेन जैसे आतंकवादियों का एक शहीद के रूप में महिमामंडन कर रही है.”

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी और प्रधानमंत्री इमरान ख़ान समेत पाकिस्तान सरकार के कई प्रतिनिधियों ने पिछले महीने लाहौर में लश्कर प्रमुख हाफ़िज़ सईद के घर के पास धमाके के लिए भारत को ज़िम्मेदार ठहराया था.

    23 जून को लाहौर के जौहर टाउन इलाक़े में हुए धमाके में एक पुलिसकर्मी समेत 3 लोगों की मौत हुई थी जबकि कम से कम 24 लोग घायल हुए थे.

    पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) मोईद यूसुफ़ ने इसके कुछ दिन बाद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर इस हमले के लिए सीधे-सीधे भारत को ज़िम्मेदार बताया था.

    उन्होंने कहा कि 'ऐसे सबूत मिले हैं कि इस सबका ताना-बाना भारत से जाकर मिलता है. इस हमले के पीछे मास्टरमाइंड भारत का नागरिक है.'

    इसके साथ ही विदेश मंत्रालय प्रवक्ता बागची ने भारतीय राजदूत की इस्लामिक देशों के संगठन ओआईसी के साथ मुलाक़ात के बारे में बताया.

    बागची ने बताया, “हमने कहा है कि ओआईसीसी को सावधान रहना चाहिए और इस मंच को निहित स्वार्थ (समूहों) द्वारा भारत विरोधी दुष्प्रचार के लिए इस्तेमाल होने से बचाना चाहिए.”

  8. उत्तर कोरिया किसी से कोरोना वैक्सीन क्यों नहीं ले रहा?

    रूस ने उत्तर कोरिया में सख़्त लॉकडाउन की वजह से खाद्य संकट के हालात पैदा होने से जुड़ी ख़बरें सामने आने के बाद एक बार फिर उसे कोरोना वैक्सीन देने की पेशकश की है.

    इससे पहले कई अन्य देश उत्तर कोरिया को वैक्सीन और मदद देने की पेशकश कर चुके हैं. लेकिन प्योंगयांग ने ऐसे सभी प्रस्तावों को ठुकराकर अपनी सीमाएं बंद कर ली हैं ताकि वायरस को बाहर रखा जा सके.

    लेकिन इससे चीन के साथ हो रहे व्यापार पर असर पड़ा है. उत्तर कोरिया खाद्य सामग्री, फर्टिलाइज़र और ईंधन के लिए चीन पर निर्भर है.

    किम जोंग-उन ने स्वीकार किया है कि उनका देश खाद्य संकट से जूझ रहा है और उन्होंने स्थिति को “तनावपूर्ण” बताया है.

    पिछले महीने किम जोंग-उन ने उत्तर कोरियाई लोगों से ‘बेहद बुरे परिणाम’ के लिए तैयार होने के लिए कहा है.

    इसके बाद इस खाद्य संकट की तुलना साल 1990 में पड़े भयानक सूखे से की जाने लगी है. ऐसा माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक प्रतिबंधों की वजह से खाद्यान्न आपूर्ति पर दबाव पड़ा है.

    रूस ने इससे पहले भी उत्तर कोरिया से कहा था “सभी लोग अभूतपूर्व कड़े और व्यापक प्रतिबंधों को बर्दाश्त” नहीं कर सकते.

    बीते बुधवार रूसी विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव ने कहा है कि रूस ने कई मौकों पर उत्तर कोरिया को वैक्सीन देने की पेशकश की है.

    क्या हैं ज़मीनी हालात?

    सियोल में मौजूद बीबीसी संवादाता लॉरा बिकर ने इस मुद्दे पर कई जानकारों से बात की है.

    वे कहती हैं, “ये बात सही है कि उत्तर कोरिया में हालात ख़राब हैं लेकिन इससे किस तरह की स्थिति पैदा होगी, ये इस बात पर निर्भर करता है कि आने वाले महीनों में क्या होता है.”

    इसके साथ ही वे ये भी बताती है कि ये बात सही है कि खाद्दान्न संकट जैसी स्थितियां है लेकिन इसकी तुलना 1990 की भुखमरी से नहीं की जा सकती.

    संवाददाता ने उत्तर कोरियाई सरकार की वैक्सीन लेने में हिचकिचाहट को समझने के लिए भी कुछ विशेषज्ञों से बात की है.

    लॉरा बताती हैं, "उत्तर कोरिया की हिचकिचाहट की वजह रेफ्रिजेरेशन फैसिलिटीज़ से लेकर टीकाकरण के लिए परिवहन से जुड़े इंतज़ामों में कमी हो सकती है. इसके साथ ही एक वजह विदेशियों के आने और टीकाकरण पर नज़र रखने के डर से भी जुड़ी है."

  9. ईरान में बिजली की किल्लत, 'ख़मेनेई मुर्दाबाद' कहते लोग सड़कों पर उतरे

    ईरान के कई शहरों में पिछले कुछ दिनों से बड़े पैमाने पर पावरकट होने से नाराज़ होकर लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में तेहरान के पास शर-ए-रे, शिराज़, अमोल समेत कई जगहों पर इस सप्ताह रात में बड़ी संख्या में लोगों ने बाहर निकल प्रदर्शन किया.

    इनमें कई लोग "ख़मेनेई मुर्दाबाद" के नारे लगा रहे थे. आयतोल्ला ख़मेनेई ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता और सबसे ताक़तवर शख़्सियत हैं.

    एक वायरल वीडियो में एक महिला गोर्गानांद शहर में एक सरकारी दफ़्तर में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते दिखती है जो कहती है कि उनकी बातों को 'आला अधिकारियों जैसे राष्ट्रपति रूहानी तक' पहुँचाया जाए.

    वो कहती है - "आपने जो एक काम किया है वो ये है कि आपने हमें हिजाब पहना दिया है."

    हालाँकि बीबीसी सोशल मीडिया पर जारी इन सामग्रियों की पुष्टि नहीं कर सकता.

    मामले की गंभीरता देख ईरान सरकार ने लोगों से माफ़ी माँगी है और पावरकट के लिए ज़बरदस्त सूखे और बिजली की भारी माँग को ज़िम्मेदार बताया है.

    ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने इस सप्ताह टीवी पर कहा कि सूखे की वजह से देश की ज़्यादातर पनबिजली परियोजनाएँ ठप्प हो गई हैं.

    उन्होंने कहा कि साथ ही भीषण गर्मी की वजह से लोग एसी का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे बिजली की ख़पत में अचानक बड़ा उछाल आ गया है.

    रूहानी ने कहा, "मैं अपने प्यारे देशवासियों से माफ़ी माँगता हूँ जो पिछले कुछ दिनों से परेशानियों का सामना कर रहे हैं और मैं उनसे आग्रह करता हूँ कि वो (खपत कम कर) सहयोग करें. लोग पावर कट को लेकर शिकायत कर रहे हैं और उनकी बात वाज़िब है."

    राष्ट्रपति ने लोगों से वादा किया है कि सरकार अगले दो से तीन सप्ताह में इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रही है.

  10. टोक्यो में ओलंपिक खेलों से ठीक पहले लगा आपातकाल

    जापान सरकार ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए टोक्यो में आपातकाल लगाने की घोषणा की है जो पूरे ओलंपिक खेलों के दौरान जारी रहेगा.

    टोक्यो में ओलंपिक खेलों का शुभारंभ 23 जुलाई को होना है जो 8 अगस्त तक चलेगा. इससे पहले कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है.

    जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने पत्रकारों बताया है कि ये आपातकाल ओलंपिक के बाद 26 अगस्त तक जारी रहेगा.

    इस बीच जापान में ओलंपिक कराए जाने का विरोध जारी है और इसे आगे बढ़ाने या निरस्त किए जाने की माँग की जा रही है.

    जापान में बीते अप्रैल महीने में कोरोना की एक नयी लहर शुरू हुई है लेकिन अपेक्षाकृत रूप से संक्रमित लोगों की संख्या कम है. इससे मरने वालों की कुल संख्या 14,900 है.

    बीते बुधवार, जापान में 2180 नए मामले सामने आए थे. इनमें से 920 मामले टोक्यो में थे जो कि पिछले हफ़्ते के आँकड़े 714 से ज़्यादा थे. ये मई 13 (1010 मामले) के बाद दूसरा मौका है जब टोक्यो में इतने ज़्यादा मामले आए हों.

  11. जब शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को नमस्कार करना भूले ज्योतिरादित्य सिंधिया

    नरेंद्र मोदी सरकार ने बुधवार शाम अपने मंत्री मंडल में 43 नए मंत्रियों को शामिल किया है जिनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हैं.

    सिंधिया ने गुरुवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय में अपना कार्यभार संभाल लिया है.

    लेकिन बुधवार को शपथ लेने के बाद एक सिंधिया भूल कर बैठे.

    देखिए कल शाम क्या हुआ -

  12. ट्विटर मामले पर नए आईटी मंत्री बोले- भारत का क़ानून मानना पड़ेगा

    भारत के नए सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैश्नव ने नए आईटी नियमों को लेकर सरकार के साथ ट्विटर के टकराव के संबंध में कहा है कि भारत में रहने और काम करने वाले हर किसी को देश का क़ानून मानना पड़ेगा.

    वैश्नव ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में बीजेपी महासचिव बीएल संतोष से मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से बातचीत में ये कहा.

    ओडिशा से सांसद वैश्नव ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री की शपथ ली थी. उन्हें रेल और आईटी मंत्रालय की ज़िम्मेदारी दी गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इससे पहले वैष्णव ने राज्य सभा में कर्नाटक की एक छात्रा के साथ साइबर बुलिंग का सवाल उठाया था जिन्होंने ब्रिटेन में ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था. वैष्णव ने इसे नस्लभेद का एक गंभीर मामला बताया था.

    अमेरिका स्थित कंपनी ट्विटर पिछले कुछ समय ये भारत में नए आईटी नियमों को लेकर चर्चा में है जिसे लेकर सरकार के साथ उसका टकराव हो रहा है.

    पिछले आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी ट्विटर को लेकर सख़्त टिप्पणी की थी और कहा था कि अगर सोशल मीडिया कंपनियों को भारत में काम करना है तो उन्हें यहाँ के क़ानूनों को मानना होगा.

    ये नए नियम 26 मई को प्रभाव में आ गए थे, मगर सरकार के बार-बार कहने के बाद भी ट्विटर ने अभी तक इन दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं किया है.

    दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में टिप्पणी करते हुए कहा है कि सरकार अगर ट्विटर को आईटी नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए तो वह उसके ख़िलाफ़ कोई भी कदम उठाने के लिए स्वतंत्र है.

  13. राहुल गाँधी ने स्वास्थ्य मंत्री बदलने पर पूछा- “अब पूरी हो जाएगी वैक्सीन की कमी?”

    पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने गुरुवार को मनसुख मांडविया द्वारा स्वास्थ्य मंत्रालय का कार्यभार संभालने के कुछ देर बाद सवाल उठाया है कि क्या इससे मौजूदा स्थिति में कोई बदलाव आएगा.

    उन्होंने सवाल किया है कि "क्या इसका मतलब ये है कि अब वैक्सीन की कमी नहीं होगी?"

    राहुल गाँधी और कांग्रेस पार्टी वैक्सीनेशन के मुद्दे पर सरकार की आलोचक रही है.

    पार्टी का मानना है कि टीकाकरण की रफ़्तार बेहद धीमी है और इसे तेज़ किए जाने की ज़रूरत है.

    हालांकि, बीजेपी ने राहुल गाँधी पर पलटवार किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ग़ैर-ज़िम्मेदार हैं और आलोचना करने मात्र के लिए आलोचना कर रहे हैं.

    भाटिया ने कहा है कि “हम इसके बाद भी उनकी रचनात्मक आलोचना का स्वागत करते हैं.”

    कांग्रेस ने इससे पहले कहा था कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को हटाया जाना महामारी के दौरान सरकार की असफलता को स्वीकार करना है.

    वहीं, कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा है कि नए स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया का पहला काम वैक्सीन की कमी को पूरा करना है क्योंकि कई राज्यों में वैक्सीन की भारी किल्लत है.

  14. दुबईः बंदरगाह पर हालात क़ाबू में, ज़बरदस्त धमाके से हिल गया था शहर

    दुबई के प्रमुख बंदरगाह जेबेल अली पर बुधवार रात एक जहाज़ पर ज़बरदस्त धमाका हुआ जिसके बाद अफ़रातफ़री मच गई.

    बताया जा रहा है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि बंदरगाह से 25 किलोमीटर दूर तक आवाज़ सुनाई दी और इमारतें और खिड़कियाँ हिलने लगीं.

    दुबई सरकार ने अब बताया है कि ये धमाका एक कंटेनर में हुआ जिसमें ज्वलनशील पदार्थ रखा था.

    दुबई मीडिया दफ़्तर की महानिदेशक मोना अल मारी ने अल अरेबिया टीवी को इसकी जानकारी देते हुए इसे एक "मामूली घटना" बताया.

    उन्होंने बताया कि कोई भी हताहत नहीं हुआ है और बंदरगाह पर काम काज को सामान्य रखने के लिए प्रबंध किए गए हैं.

    अल अरेबिया की एक रिपोर्ट के अनुसार दुबई पुलिस का कहना है कि ये धमाका शायद गर्मी के मौसम में अत्यधिक तापमान में घर्षण या टकराव की वजह से हुआ होगा.

    दुबई पुलिस के मुताबिक़ जहाज़ पर 130 कंटेनरों में से तीन में ज्वलनशील पदार्थ था.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार 22 किलोमीटर दूर रिहाइशी इलाक़ों में रहने वाले लोगों ने भी बताया कि उन्हें धमाके की आवाज़ सुनाई दी.

    दुबई मीडिया ऑफ़िस ने ट्विटर पर इस घटना की जानकारी देते हुए लिखा है, “जेबेल अली बंदरगाह पर जाने के लिए खड़े एक जहाज़ के कंटेनर में विस्फोट के बाद आग लग गई. जिस पर अब नियंत्रण पा लिया गया है. इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है. ”कार्यालय की ओर से जारी एक दूसरे बयान में कहा गया है कि यह शिप जाने की तैयारी कर रहा था.

    उन्होंने साथ ही एक वीडियो भी पोस्ट किया गया है. जिसमें दमकलकर्मी आग को काबू करने की कोशिश कर रहे हैं.

  15. हेती के राष्ट्पति जोवेनेल मोइज़ की हत्या के बाद पुलिस ने चार संदिग्ध हमलावरों को मारा

    हेती की पुलिस का कहना है कि राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ की हत्या करने वाले चार संदिग्ध लोगों को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मार डाला गया है.

    दो अन्य को हिरासत में लिया गया है. जबकि समझा जाता है कि कुछ और संदिग्ध राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में हैं जिनकी तलाश हो रही है.

    पुलिस प्रमुख लियोन चार्ल्स ने कहा, "या तो उन्हें मार दिया जाएगा या पकड़ लिया जाएगा."

    उन्होंने बताया कि हमलावरों ने तीन पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था जिनको छुड़ा लिया गया है.

    बुधवार सुबह राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ पर उनके घर में हमलावरों ने जानलेवा हमला किया था.

    उनकी पत्नी भी इस हमले में घायल हो गई हैं. उसकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर बतायी जा रही है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की अपील

    राष्ट्रपति की हत्या के बाद अंतरिम प्रधानमंत्री क्लॉड जोसेफ़ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आपताकाल की घोषणा कर दी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस "भयानक हत्या" के लिए हेती के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इसे "घृणित कृत्य" कहा है और लोगों से शांत रहने की अपील की है.

    राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ महज़ 53 साल के थे और वे फ़रवरी 2017 से सत्ता में थे.

    उनका कार्यकाल उथल-पुथल भरा रहा. उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और उन्हें बार-बार होने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हिंसा की चुनौती का भी सामना करना पड़ा.

    इस साल की शुरुआत में देश की राजधानी समेत कई शहरों में उनके इस्तीफ़े की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए थे.

    हेती की विपक्षी पार्टियों का कहना है कि राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज़ के पांच साल के कार्यकाल को 7 फरवरी, 2021 को ही ख़त्म हो जाना चाहिए था.

  16. मोदी सरकार के नए मंत्रियों ने संभाला कामकाज, देखिए कौन कैसे पहुंचा नए कार्यालय

    मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पहली बार मंत्रिपरिषद का विस्तार किया गया है.

    बुधवार को 43 नए मंत्रियों को शामिल किया गया. इनमें 15 कैबिनेट स्तर के और 28 राज्य मंत्री हैं.

    इनमें से कई नव-नियुक्त मंत्री आज अपने नए पद के अनुसार अपने-अपने कार्यालय पहुंचे.

    पूर्व नौकरशाह अश्विनी वैष्णव को पीएम मोदी की नई कैबिनेट में रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री की भूमिका सौंपी गई है.

    मनसुख मांडविया हर्षवर्धन की जगह मोदी सरकार में अब नए स्वास्थ्य मंत्री हैं. उन्हें रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की ज़िम्मेदारी भी सौंपी गई है.

    इससे पहले केंद्रीय खेल मंत्री रहे किरेन रिजिजू को अब न्याय और कानून मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    अनुराग ठाकुर को सूचना प्रसारण, खेल और युवा मामले का मंत्री बनाया गया है. अनुराग इससे पहले वित्त राज्य मंत्री थे.

    जेडीयू के अध्यक्ष और पूर्व नौकरशाह आरसीपी सिंह को इस्पात मामलों का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.

    ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्रालय सौंपा गया था. एक समय में उनके पिता माधवराव सिंधिया भी इस विभाग के मंत्री थे.

    दर्शना विक्रम जरदोश को राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है. उनके पास रेल और कपड़ा मंत्रालय है.

    भारती प्रवीण पवार को राज्यमंत्री नियुक्त किया गया है. उनके पास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का दायित्व है.

    राज्य सभा सांसद व उद्योगपति राजीव चंद्रशेखर को कौशल विकास, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मामलों का राज्य मंत्री बनाया गया है.

    दनवे राव साहेब दादा राव- रेलवे और खनन (राज्य मंत्री)

    नव-निर्वाचित पर्यावरण एवं वन, जलवायु परिवर्तन, श्रम एवं रोज़गार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कार्यभार संभालने से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाक़ात की.

    असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल को पोर्ट, शिपिंग, जलमार्ग और आयुष मंत्रालय का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.

    जी. किशन रेड्डी को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    पुरुषोत्तम रूपाला ने मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय का प्रभार संभाला. वो कैबिनेट मंत्री हैं.

    महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के राज्य मंत्री के रूप में अपना कार्यभार संभाला.

  17. 'फिर तो मोहन भागवत और ओवैसी का DNA एक ही है'- दिग्विजय का तंज, मिला ये जवाब

    पिछले रविवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक प्रमुख मोहन भागवत के चर्चित भाषण को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने तंज कसा है जिसके बाद अब मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ मंत्री ने इसका जवाब दिया है.

    वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को प्रदेश के सीहोर ज़िले में भागवत के बयान का ज़िक्र करते हुए सवाल किया.

    उन्होंने कहा- "अगर हिन्दू और मुस्लमान का DNA एक है तो धर्म परिवर्तन क़ानून की क्या आवश्यकता है, लव ज़िहाद क़ानून की क्या आवश्यकता है? फिर मोहन भागवत और ओवैसी का DNA एक ही है."

    दिग्विजय सिंह के बयान पर अब मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि दिग्विजय सिंह देश तोड़ने वालों से तुलना करते हैं.

    नरोत्तम मिश्रा ने कहा," दिग्विजय सिंह देश तोड़ने वालों से तुलना करेंगे. देशभक्ति, राष्ट्रभक्ति जिसके DNA में है वे हमेशा मोहन भागवत जैसी बात करेंगे. ओवैसी जैसी सोच जिनकी है वे ऐसी ही बात करेंगे। इनकी तुलना हमेशा ऐसी होती है जो समाज में भ्रम पैदा करे और टूटन पैदा करे.

    आरएसएस प्रमुख भागवत ने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में एक समारोह में कहा था कि - "हम लोकतांत्रिक देश में रहते हैं. यहां केवल भारतीयों का प्रभुत्व हो सकता है, हिंदू या मुसलमानों का प्रभुत्व नहीं."

    उन्होंने कहा था - "सभी भारतीयों का डीएनए एक ही है, चाहे वो किसी भी धर्म के हों."

  18. कोरोनाः दुनिया भर में मरने वालों की संख्या 40 लाख के पार

    कोविड19 के कारण दुनिया भर में मरने वालों की संख्या 40 लाख से ऊपर जा चुकी है. सबसे ज़्यादा लोगों की जान अमेरिका में गई है. भारत दूसरे नंबर पर है.

    अमेरिका में अब तक 6 लाख से ज़्यादा और भारत में 4 लाख से ज़्यादा लोगों की कोरोना से मौत हुई है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 40 लाख लोगों की मौत के आँकड़े पर कहा है “यह दर्दनाक मील का पत्थर इस बात की याद दिलाता है कि हमें इस महामारी को हराने के लिए अभी भी कितना लंबा सफ़र तय करना है.”

    हालांकि उन्होंने साथ ही टीकों को 'आशा की किरण' बताया और कहा कि सारी दुनिया में टीकाकरण की ज़रूरत है.

    जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटीके आँकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में अब तक कोरोना से 18.5 करोड़ से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं.

    भारत में अब तक 3 करोड़ से ज़्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं

    दुनिया भर में अभी तक 3.32 अरब से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है.

  19. कोरोना अपडेट: भारत में बीते 24 घंटे का हाल

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 45,892 नये मामले दर्ज किये गए हैं. बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण 817 लोगों की मौत हुई है और 44,291 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के जारी आंकड़ों के मुताबिक़,

    कुल केस: 3,07,09,557

    कुल ठीक हुए लोग: 2,98,43,825

    एक्टिव केस: 4,60,704

    अब तक कुल मौतें: 4,05,028

    कुल कोरोना टीका: 36,48,47,549

    बीते 24 घंटे में हुई वैक्सीनेशन- 33,81,671

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में रिकवरी रेट अब बढ़कर 97.18 प्रतिशत हो गया है.

  20. बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर दागे गए तीन रॉकेट- इराक़ी सेना

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी ने इराक़ सेना के हवाले से लिखा है कि बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर तीन रॉकेट दागे गए हैं.

    रॉयटर्स ने भी हमले की ख़बर जारी की है. ख़बर के अनुसार, इराक़ और सीरिया में अमेरिकी राजनयिकों और सैनिकों पर पिछले 24 घंटे में तीन रॉकेट और ड्रोन से हमला किया गया और उन्हें निशाना बनाया गया.

    अरब न्यूज़ के मुताबिक़, सेना ने कहा है कि सिर्फ़ दूतावास को ही निशाना नहीं बनाया गया था बल्कि बगदाद के ग्रीन ज़ोन के आस-पास भी हमले किये गए.

    इराक़ में अमेरिकी सैनिकों और राजनयिकों पर हाल में हुए हमलों के लिए, उसने ईरान समर्थित सशस्त्र समूहों को दोषी ठहराया है.

    ख़बरों के मुताबिक़, अमेरिकी सेना के क़रीब 2500 सैनिक इराक़ में तैनात हैं. जिन पर इस साल में अब तक कम से कम 50 बार हमले हो चुके हैं. लेकिन बीते कुछ दिनों में इन हमलों में तेज़ी आयी है.

    इससे पूर्व बुधवार को पश्चिमी प्रांत अनबार में अमेरिकी सैनिकों की मेज़बानी करने वाले एक हवाई अड्डे पर 14 रॉकेट दागे गए. जिसमें दो कर्मी घायल भी हुए.