You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गर्भवती महिलाएं भी अब ले सकेंगी कोरोना वैक्सीन: स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गर्भवती महिलाएं को भी कोरोना वैक्सीन लेने की मंजूरी दे दी है. अब गर्भवती महिलाएं भी कोरोना की वैक्सीन लगवा सकती हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and विभुराज

  1. कोविड वैक्सीन साइड इफेक्ट: क्या इसकी वजह से दिल से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं?

  2. उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कयासों का दौर जारी, कल होगी भाजपा पार्टी विधानमंडल की अहम बैठक

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने इस्तीफ़े को लेकर जारी कयासों पर उस वक्त लगाम लगा दिया जब उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने कार्यकाल की उपलब्धियां तो गिनवाईं लेकिन इस्तीफ़े का कोई ज़िक्र नहीं किया.

    देहरादून में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अब से कुछ देर पहले उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सरकार की उपलब्धियां गिवनाईं. लेकिन अपने इस्तीफ़े पर न तो उन्होंने कुछ कहा और न ही पत्रकारों के सवालों का कोई जवाब दिया.

    देहरादून में बीबीसी के सहयोगी पत्रकार ध्रुव मिश्रा ने बताया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस से कुछ देर पहले शुक्रवार शाम भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि 3 जुलाई को दोपहर तीन बजे पार्टी मुख्यालय में विधानमंडल की बैठक होगी.

    पार्टी ने सभी विधायकों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा है.

    ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश के नेतृत्व को लेकर शनिवार को होने वाली बैठक में कोई फ़ैसला लिया जा सकता है.

    इससे पहले उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलों का बाज़ार गर्म था. मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को ये संकेत दिया था कि उपचुनाव पर निर्वाचन आयोग के फ़ैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी अपना निर्णय ले सकती है.

    दरअसल मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत इस समय राज्य विधानसभा के सदस्य नहीं हैं और पद पर बने रहने के लिए शपथ लेने के छह महीने के भीतर उन्हें विधानसभा में चुनकर आना होगा.

    उत्तराखंड के सियासी गलियारों में पिछले कुछ दिनों से ये ख़बरें तेज़ी से चल रही हैं कि भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए नए नेता का चयन कर सकती है. हालांकि ऐसा तभी होगा जब निर्वाचन आयोग राज्य में उपचुनाव कराने पर फिलहाल कोई फ़ैसला न ले.

    अगर ऐसा हुआ तो रावत के विधानसभा पहुंचने का रास्ता बंद हो जाएगा और वे छह महीने के भीतर सदन के सदस्य बनने की शर्त नहीं पूरी कर पाएंगे. हालांकि विधायक बनने के लिए अभी उनके पास दो महीने का समय है.

    मार्च में बने थे सीएम

    भारतीय जनता पार्टी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ सिंह रावत मुख्यमंत्री बनाया था.

    लेकिन पर्यवेक्षकों का कहना है कि राज्य विधानसभा के कार्यकाल का एक साल से भी कम समय बचा हुआ है और मुमकिन है कि निर्वाचन आयोग उत्तराखंड की रिक्त सीटों पर उपचुनाव कराने पर कोई आदेश न दे.

    जानकारों का कहना है कि कोरोना महामारी के बीच चुनाव कराने पर हाल के दिनों में आई अदालती टिप्पणियों को भी निर्वाचन आयोग उपचुनाव को लेकर कोई फैसला करने या न करने में भी ध्यान में रख सकती है.

    बुधवार को तीरथ सिंह सिंह रावत को अचानक पार्टी हाईकमान ने दिल्ली बुलाया था जिसके बाद नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सुगबुगाहटों का दौर शुरू हो गया. दिल्ली में तीरथ सिंह रावत की मुलाकात पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई.

    गुरुवार को वे वापस लौट आए. शुक्रवार को रावत ने पत्रकारों से कहा कि उपचुनाव कराए जाएं या न कराए जाएं, ये फैसला करना निर्वाचन आयोग का विशेषाधिकार है और पार्टी इसी के मुताबिक़ अगला कदम उठाएगी.

    पौड़ी गढ़वाल के सांसद तीरथ सिंह रावत ने 10 मार्च को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. संविधान के मुताबिक़ पद पर बने रहने के लिए उन्हें 10 सितंबर से पहले राज्य विधानसभा का सदस्य बनना होगा.

    जनप्रतिनिधित्व क़ानून, 1951 की धारा 151ए में निर्वाचन आयोग को ये अधिकार दिया गया है कि संसद और राज्य विधानसभा की सीटों के खाली होने की सूरत में छह महीने के भीतर उपचुनाव कराकर उन्हें भरा जाए लेकिन इसमें एक शर्त है कि संसद और राज्य विधानसभा का एक साल या उससे ज्यादा का कार्यकाल बचा हुआ हो.

  3. अमेरिका के हवाई प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हुआ कार्गो विमान

    अमेरिका के हवाई प्रांत की राजधानी होनोलुलु के सागर तट पर एक बोइंग 737 कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. बताया जाता है कि विमान के इंजन में कुछ खराबी आ गई थी. फेडरल एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि कोस्ट गार्ड ने विमान पर सवार दोनों लोगों को बचा लिया है.

    ये विमान होनोलुलु से माउइ द्वीप पर जा रहा था. लेकिन कालाइलोआ एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद विमान ने केवल दो मील का फासला ही तय किया था कि वो पानी में गिर गया. फेडरल एविएशन अथॉरिटी और ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस दुर्घटना की जांच करेगी.

    एनबीसी न्यूज़ चैनल पर दुर्घटना के बाद के जो फुटेज दिखाए गए हैं, उनमें एक व्यक्ति व्हीलचेयर पर ले जाता हुआ देखा जा सकता है. माना जा रहा है कि विमान के एक पायलट हैं और होश में हैं. साथ ही वहां से जाते हुए ऐंबुलेंस को भी देखा जा सकता है.

    फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 ने ट्वीट किया कि दुर्घटनाग्रस्त होने वाला विमान 737-200 कार्गो प्लेन था. ये साल 2014 से ही विमानन कंपनी ट्रांसएयर के बेड़े में शामिल है. इसका निर्माण 1975 में हुआ था.

  4. गर्भवती महिलाएं भी अब ले सकेंगी कोरोना वैक्सीन: स्वास्थ्य मंत्रालय

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गर्भवती महिलाएं को भी कोरोना वैक्सीन लेने की मंजूरी दे दी है. अब गर्भवती महिलाएं भी कोरोना की वैक्सीन लगवा सकती हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को नेशनल टेक्नीकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन (एनटीएजीआई) की सिफारिशों को मंजूर कर लिया है.

    इसकी जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक ट्वीट किया है और प्रेस रिलीज़ जारी की है.

    प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि गर्भवती महिलाएं अब कोविन ऐप पर पंजीकरण कर सकती हैं या फिर सीधे नज़दीकी कोविड सेंटर पर जा सकती हैं.

    गर्भवती महिलाओं के वैक्सीनेशन से जुड़े दिशानिर्देश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से साझा किए जाएंगे.

    प्रेस रिलीज में बताया गया है कि अध्ययनों में यह सामने आया था कि कोरोना संक्रमण से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर हो रहा था. उनमें कई गंभीर बीमारियों का ख़तरा बढ़ने के साथ ही भ्रूण पर भी असर पड़ने की आशंका थी.

    अब नए नियम के मुताबिक गर्भवती महिलाएं देश में मौजूद कोई भी वैक्सीन गर्भावस्था के किसी भी समय में लगवा सकती हैं.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, पुलवामा में हुई मुठभेड़ में लश्कर ए-तैयबा के ज़िला कमांडर की मौत

    माजिद जहांगीरकश्मीर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में हुई एक मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के पांच चरमपंथियों की मौत हो गई है. मारे जाने वालों में लश्कर ए-तैयबा के ज़िला कमांडर निशाज़ लोन खिताब शामिल हैं.

    इस मुठभेड़ में सेना के एक जवान की भी मौत हो गई है जबकि एक जवान घायल हो गया है.

    कश्मीर के आईजी पुलिस विजय कुमार ने कहा है कि बीती शाम पुलिस को पुलवामा के हानजिन नाम के एक गांव में चरमपंथियों के छिपे होने की ख़बर मिली थी जिसके बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ़ ने मिल कर अभियान शुरू किया था.

    विजय कुमार के हवाले से एक ट्वीट में बताया गया है कि मारे गए पांच चरमपंथियों में लश्कर-ए-तैयबा का ज़िला कमांडर निशांत लोने उर्फ़ ख़िताब और एक पाकिस्तानी मूल का चरमपंथी भी शामिल है.

    पुलिस ने चरमपंथियों के ख़िलाफ़ इस ऑपरेशन को बड़ी कामयाबी बताया है.

    श्रीनागर में सेना के प्रवक्ता कर्नल इमरान मूसवी ने बताया कि मारे गए जवान की पहचान हवालदार काशी राव के तौर पर हुई है.

    हवालदार काशी राव को गुरुवार देर रात मुठभेड़ के दौरान सीने में गोली लगी थी और उन्हें श्रीनगर में सेना के अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था जहां उनकी शुकरवार को मौत हो गई.

    सुरक्षा बलों ने गुरुवार को ज़िला पुलवामा के राजपुरा इलाक़े में चरमपंथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इस इलाक़े को घेरा था और तलाशी अभियान शुरू किया था.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार आईजी पुलिस विजय कुमार ने बताया कि चरमपंथियों में शामिल आमिर नाम के एक व्यक्ति के अभिभावकों ने पहले उनसे हथियार डालने की अपील की लेकिन इसके नाकाम होने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई.

    पुलिस को घटनास्थल से कुछ हथियार और कागज़ात बरामद हुए हैं.

    पुलिस का कहना है कि ये पांचों श्रीनगर पुलवामा हाईवे पर हमला करने की योजना बना रहे थे.

  6. उत्तर प्रदेश में सोमवार से खुलेंगे जिम, सिनेमा हॉल और स्टेडियम

    उत्तर प्रदेश सरकार सोमवार से कोरोना वायरस के कारण लगाई पाबंदियों में और ढील देने जा रही है.

    सोमवार से प्रदेश में सिनेमा हॉल, जिम, मल्टीप्लेक्स और स्टेडियम 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे.

    शुक्रवार को सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये फ़ैसला लिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार प्रवक्ता ने कहा कि नए दिशानिर्देशों के अनुसार पांच जुलाई से सवेरे सात बजे से लेकर रात के 9 बजे तक सप्ताह में पांच दिनों के लिए सिनेमा हॉल, जिम, मल्टीप्लेक्स और स्टेडियम को खोला जा सकता है.

    इस दौरान इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सभी कदमों का सख़्ती से पालन किया जाए.

    प्रवक्ता ने बताया कि अगर कोई जिम कंटेनमेंट ज़ोन में है तो उसे खोला नहीं जा सकेगा.

    इसके साथ ही ये भी आदेश दिए गए हैं कि सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर लगाए जाएं जिनमें कोरोना से बचने के बारे में जानकारी दी जाए.

  7. दक्षिण चीन सागर को लेकर दुनिया से लड़ने को क्यों है तैयार चीन? - Duniya Jahan

    बीते कई सालों से चीन को लेकर जो एक मुद्दा चर्चा में रहा है वो है दक्षिण चीन सागर यानी साउथ चाइना सी.

    समुद्र के इस इलाक़े पर चीन अपना दावा करता है. एक महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत वो यहां नए द्वीप बना रहा है. लेकिन चीन के अलावा पांच और मुल्क भी साउथ चाइना सी के कुछ हिस्सों पर दावा करते हैं. वहीं अमेरिका, यहां तक कि नैटो भी इस इलाक़े में चीन की हरकतों को लेकर कई बार चिंता ज़ाहिर कर चुके हैं.

    जानकारों का मानना है कि साउथ चाइना सी का विवाद महज़ कुछ देशों का झगड़ा नहीं बल्कि विश्व मानचित्र में आ रहे नए बदलाव की ओर इशारा है और आने वाले वक्त में ये बड़े संघर्ष का कारण बन सकता है.

    इस सप्ताह दुनिया जहान में हम यही पड़ताल कर रहे हैं कि वो क्या वजह है कि चीन हर हाल में साउथ चाइना सी पर अपना कब्ज़ा चाहता है?

  8. कोविड: डेल्टा वेरिएंट क्या है?

    कोरोना वायरस, बीते दो साल से शायद इन शब्दों से आपने सबसे ज़्यादा नफ़रत की होगी. आखिर हो भी क्यों ना, कोरोना वायरस ने हम सभी का हाल जो इतना बेहाल किया हुआ है. कोरोना की एक लहर थमती नहीं है कि दूसरी लहर हिलोरें मारने लगती हैं.

    ये वायरस अपना रूप यानी वेरिएंट इतनी बार बदल चुका है कि अब इनका नामकरण तक करना पड़ गया. ऐसा ही एक वेरिएंट है डेल्टा प्लस, जो कि पूरी दुनिया में एक बार फिर से कोरोना के मामले तेज़ी से बढ़ा रहा है. आखिर कितना ख़तरनाक है ये डेल्टा प्लस वेरिएंट और क्या हमारे देश में कोरोना की तीसरी लहर इसी की वजह से आ सकती है?

    डेल्टा प्लस वेरिएंट, डेल्टा वेरिएंट से ही जुड़ा है, जिसकी सबसे पहले भारत में ही पहचान की गई थी.

  9. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 02 जुलाई 2021, सुनिए मोहनलाल शर्मा से.…

    बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' 02 जुलाई 2021, सुनिए मोहनलाल शर्मा से.

    अफ़ग़ानिस्तान के बगराम वायुसैनिक अड्डे से अमेरिकी और नाटो सेना की आखिरी टुकड़ी वापसी के लिए रवाना.

    मध्य प्रदेश में जहां कोरोना महाभियान के तहत एक ही दिन में रिकार्ड 17 लाख 44 हज़ार टीके लगे, उसमें कुछ हैं गड़बड़ी के मामले

    कोरोना के बाद लोग हैं महंगाई से त्रस्त

    और विवेचना में सुनिए काल कोठरी में 146 अंग्रेजों को ठूसने का सच

  10. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नहीं की तालिबान नेता से मुलाक़ात- विदेश मंत्रालय

    अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफ़िंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मीडिया में आ रही उन ख़बरों का खंडन किया है कि भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हाल में तालिबान के किसी नेता से मुलाक़ात की है.

    उनसे सवाल किया गया था कि एस जयशंकर एक यात्रा के दौरान कुछ वक़्त के लिए दोहा में रुके थे क्या इस दौरान उन्होंने तालिबान नेताओं से बात की थी.

    अरिंदम बागची ने कहा कि एक पत्रकार के एक ट्वीट को लेकर इस तरह की ख़बरें मीडिया में आई थीं कि विदेश मंत्री ने तालिबान नेता से मुलाक़ात की है, लेकिन ये पूरी तरह फर्जी ख़बर है.

    उन्होंने कहा, "भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तालिबान के किसी नेता से कोई मुलाक़ात नहीं की है."

    अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सेना के हटने और वहां तालिबान के बढ़ते हमलों को लेकर उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में बढ़ते सुरक्षा संकट को लेकर सरकार को चिंता है और सरकार ने वहां रह रहे भारतीयों के लिए एक एडवायज़री जारी की है.

    एक सवाल के जवाब में अरिंदम बागची ने कहा कि 26 जून को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय हाईकमीशन के पास ड्रोन देखा गया था.

    उन्होंने कहा, "इस मामले में पाकिस्तान सरकार के साथ आधिकारिक तौर पर बात की गई है और उनसे गुज़ारिश की गई है कि वो इस मामले की जांच करें और इस बात का ध्यान रखें कि सुरक्षा के उल्लंघन के इस तरह के मामलों को रोका जाए."

    मीडिया ब्रीफिंग में जम्मू एयरफोर्स स्टेशन के पास हुए ड्रोन हमलों के बारे में उन्होंने कहा कि मामले की फिलहाल जांच चल रही है.

    उन्होंने कहा, "आतंकवाद और आतंकवाद के वित्तपोषण के मामले में भारत ज़ीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करता है."

  11. LIVE: बढ़ती महँगाई से कितने परेशान हैं लोग?

    पुरानी दिल्ली के नया बाज़ार में लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी.

  12. ऑस्ट्रेलिया ने विदेशों से आने वाली यात्रियों की संख्या घटाकर की आधी

    ऑस्ट्रेलिया में कोरोना के मामले बढ़ने के चलते दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों की संख्या को घटाकर आधा कर दिया जाएगा.

    ऑस्ट्रेलिया अब पहले के मुक़ाबले केवल आधे ही लोगों को देश में प्रवेश की अनुमति देगा.

    ऑस्ट्रेलिया में कोरोना संक्रमण की रफ़्तार बढ़ गई है जिसके कारण इस हफ़्ते देश की करीब आधी आबादी को क्वारंटीन में रखना पड़ा है.

    ऑस्ट्रेलिया के सख़्त सीमा नियमों के मुताबिक केवल उसके नागरिकों और छूट प्राप्त लोगों को ही ऑस्ट्रेलिया में आने की इजाजत है.

    अब नए नियमों के मुताबिक 14 जुलाई से ऑस्ट्रेलिया हर हफ़्ते सिर्फ़ तीन हज़ार लोगों को ही देश में आने की अनुमति देगा. इस नियम के अगले साल तक बने रहने की संभावना है.

    हालांकि, इस घोषणा के बाद ऑस्ट्रेलिया के उन लोगों ने नाराज़गी जाहिर की है जो विदेशों में रह रहे हैं और अपने परिवार से दूर हैं.

    लेकिन, प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि इस बदलाव से देश के क्वारंटीन सिस्टम पर दबाव कम होगा.

    होटलों से संक्रमण फैलने की आशंका

    ऑस्ट्रेलिया आने वाले लोगों को होटल में क्वारंटीन में रहना अनिवार्य होता है.

    लेकिन, देश में कई जगहों पर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह होटलों के ज़रिए वायरस फैलना बताया जा रहा है.

    ऑस्ट्रेलियाई पूरी आबादी का अगले साल तक टीकाकरण होने तक कोविड-उन्मूलन नीति को बनाए रखेगा. अभी तक देश की आठ प्रतिशत आबादी को ही कोरोना का टीका लग पाया है.

    मॉरिसन सरकार पिछले साल से ही अपनी सीमा संबंधी नीतियों को लेकर आलोचना झेल रही है. इन नीतियों के कारण परिवारों को अलग होना पड़ा है और कई ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों के लिए वापस आना मुश्किल हुआ है.

    लगभग 37 हज़ार ऑस्ट्रेलियाई नागरिक विदेशों में रहते हैं.

    अप्रैल में ऑस्ट्रेलिया सरकार ने भारत से आने वाले अपने नागरिकों के देश में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया था. उस समय भारत में कोरोना की दूसरी लहर चल रही थी और संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे थे.

    इस फ़ैसले पर भारी आलोचना के बाद मॉरिसन सरकार ने अपने फ़ैसले में बदलाव किया था.

  13. LAC को लेकर वीके सिंह के बयान पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका खारिज, कोई मंत्री अच्छा नहीं तो ये पीएम देखेंगे, अदालतें कुछ नहीं कर सकतीं'', वीके सिंह के मामले पर सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह के ख़िलाफ़ दायर एक याचिका को खारिज कर दिया है.

    इस याचिका में आरोप लगाया गया था कि वीके सिंह ने चीन के साथ एलएसी पर भारत की आधिकारिक स्थिति के संबंध में बयान देकर पद की गरिमा का उल्लंघन किया है.

    इस याचिका में केंद्र को ये निर्देश देने की मांग की गई थी कि केंद्र ये घोषित करे कि वीके सिंह का बयान पद की शपथ का उल्लंघन है.

    वीके सिंह ने इस साल फरवरी में दिए एक बयान में कहा था कि "अगर चीन ने एलएसी पर सीमा का दस बार अतिक्रमण किया है, तो भारत ने कम से कम पचास बार एलएसी का अतिक्रमण किया होगा."

    हालांकि, कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा, ''अगर कोई मंत्री अच्छा नहीं है तो इसे प्रधानमंत्री देखेंगे, अदालतें कुछ नहीं कर सकतीं.''

    ये याचिका तमिलनाडु के रहने वाले चंद्रशेखरन रामासामी ने दायर की थी. वो खुद को वैज्ञानिक बताते हैं.

    मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन्ना और न्यायाधीश एएस बोपन्ना और ऋषिकेश रॉय इस मामले की सुनवाई कर रहे थे.

    सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने कहा, ''अगर आपको एक मंत्री का बयान पसंद नहीं है तो इसका मतलब ये नहीं कि आप याचिक दायर कर देंगे और उन्हें हटाने की मांग करेंगे.''

    कोर्ट ने याचिकाकर्ता से कहा कि ऐसा लगता है कि आप वैज्ञानिक हैं, तो आपको अपनी ऊर्जा देश के लिए कुछ करने में लगानी चाहिए. हम इसे खारिज कर रहे हैं.

  14. चीन के परमाणु हथियारों को लेकर अमेरिका ने जताई चिंता

    अमेरिका ने कहा है कि चीन तेज़ी से परमाणु हथियारों की अपनी क्षमता बढ़ा रहा है जो चिंता का विषय है.

    अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने चीन से अपील की कि हथियारों की दौड़ के कारण अस्थिरता पैदा होने का जोखिम बनता है जिसे कम करने के लिए चीन को बातचीत में शामिल होना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि चीन दशकों पुरानी उस परमाणु रणनीति से भटक रहा है जिसके अनुसार ये कोशिश करनी चाहिए कि गतिरोध कम से कम हो.

    हाल में वॉशिंगटन पोस्ट में एक रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी जिसके अनुसार चीन उत्तर-पश्चिमी शहर युमेन के पास एक रेगिस्तान में परमाणु मिसाइलें रखने के लिए सौ से अधिक नए गोदामों का निर्माण कर रहा था.

    अख़बार के अनुसार ख़बर कैलिफोर्निया स्थित ग्रुप द जेम्स मार्टिन सेंटर फ़ॉर नॉनप्रोलिफरेशन स्टडीज़ के एक अध्ययन पर आधारित थी.

    नेड प्राइस ने कहा, "ये रिपोर्ट और इस तरह के और डेवलपमेन्ट इस तरफ इशारा करते हैं कि चीन का परमाणु हथियारों का ज़खीरा पहले जैसा सोचा गया था शायद उससे अधिक तेज़ी से बढ़ने लगेगा. ये चिंता का विषय है. ये चीन की मंशा पर सवाल खड़े करता है और ये भी बताता है कि हम परमाणु हथियारों के कारण पैदा होने वाले ख़तरे को कम करने के लिए कैसे व्यवहारिक तरीके अपनाए जाएं."

  15. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला तिहाड़ जेल से रिहा हुए

    शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की जेल की सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यंत्री ओम प्रकाश चौटाला को शुक्रवार को जेल से रिहा कर दिया गया है.

    तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि 86 वर्षीय ओम प्रकाश चौटाला पहले से परोल पर थे. रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वे शुक्रवार को तिहाड़ जेल आए जिसके बाद ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी करके उन्हें रिहा किया गया.

    पिछले महीने दिल्ली सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए राज्य की जेलों में भीड़ कम करने के मकसद से एक आदेश जारी किया था. आदेश के तहत जो लोग 10 की सज़ा में से साढ़े नौ साल सज़ा काट चुके होंगे, उनकी सज़ा छह महीने कम कर दी जाएगी.

    अधिकारियों के अनुसार, चौटाला पहले ही अपनी सज़ा के नौ साल और नौ महीने पूरे कर चुके हैं, इसलिए उन्हें इस फ़ैसले का लाभ मिला.

    पूर्व मुख्यमंत्री चौटाला को शिक्षक भर्ती घोटाले में साल 2013 में जेल की सज़ा सुनाई गई थी.

    कोरोना महामारी को देखते हुए उन्हें 26 मार्च, 2020 को इमर्जेंसी परोल पर रिहा किया गया था. फरवरी, 2021 में उन्हें वापस जेल लौटना था. लेकिन हाई कोर्ट के आदेश के बाद चौटाला के परोल की अवधि बढ़ा दी गई थी.

  16. आम के एक पेड़ पर लगे 121 किस्म के आम

    आम का एक पेड़ और उसपर लगे हैं 121 किस्म के आम. ऐसा अनोखा आम का पेड़ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में है.

    कंपनी बाग़ इलाक़े में लगा यह आम का पेड़ 15 साल पुराना है.

    पाँच साल पहले कुछ वैज्ञानिकों ने इस पेड़ पर नई-नई किस्में उगाने का प्रयोग किया था. उनका वो प्रयोग अब इस तरह फल दे रहा है.

  17. कोरोना: बच्चों की ज़ायकोव-डी वैक्सीन तीन डोज़ में क्यों लगेगी?

    भारत में देसी फ़ार्मास्युटिकल कंपनी ज़ायडस कैडिला की वैक्सीन ज़ायकोव-डी जल्द ही बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए उपलब्ध हो सकती है.

    इस वैक्सीन को अगले कुछ हफ़्तों में ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ़ इंडिया की ओर से मंज़ूरी मिल सकती है, जिसके साथ ही ज़ायकोव-डी दुनिया की पहली डीएनए आधारित वैक्सीन बन जाएगी.

    भारत सरकार ने बीते शनिवार सुप्रीम कोर्ट को वैक्सीन उपलब्धता से जुड़े आँकड़े देते हुए बताया है कि ज़ायकोव-डी वैक्सीन जुलाई–अगस्त तक 12 वर्ष से ज़्यादा उम्र के बच्चों के लिए उपलब्ध हो जाएगी.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में चरमपंथियों से मुठभेड़ में एक जवान की मौत

    जम्मू-कश्मीर के पुलवामा ज़िले में गुरुवार देर रात से चरमपंथियों और सुरक्षा बलों के बीच चल रही मुठभेड़ में सेना के एक जवान की मौत हो गई है.

    जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “हमनें सेना के एक हवलदार को एनकाउंटर में खो दिया है. पुलिस, सेना और सीआरपीएफ़ की टीमें अब ऑपरेशन ख़त्म करने की ओर हैं. तलाशी चल रही है.”

    वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने पुलवामा ज़िले के राजपोरा इलाक़े के हंजन गाँव में चरमपंथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया.

    उन्होंने कहा कि चरमपंथियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियाँ चलाईं जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई और तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया.

  19. आईआईटी मद्रास में लेक्चरर का जला हुआ शव मिला

    आईआईटी मद्रास के एक लेक्चरर का जला हुआ शव गुरुवार को परिसर के अंदर पाया गया.

    हॉकी मैदान के पास शव देखे जाने के बाद संस्थान के खेल अधिकारी ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुतबिक़, मृतक की पहचान 30 वर्षीय उन्नीकृष्णन नायर के रूप में हुई है.

    उन्होंने अप्रैल 2021 में बी.टेक पूरा किया था और वे एक प्रोजेक्ट एसोसिएट और गेस्ट लेक्चरर के रूप में IIT मद्रास में काम कर रहे थे.

    कथित तौर पर, वे गुरुवार सुबह केरल से कैंपस में लौटे थे. कोट्टूरपुरम पुलिस अब इस मामले की जाँच कर रही है.

    पुलिस सूत्रों का दावा है कि मृतक के कमरे से 11 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है. सीआरपीसी की धारा-174 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

  20. अमेरिका ने 20 साल बाद छोड़ा अफ़ग़ानिस्तान का बाग्राम एयरफ़ील्ड

    अमेरिका के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया है कि अमेरिकी सेना ने क़रीब 20 साल बाद बाग्राम एयरफ़ील्ड को छोड़ दिया है.

    बाग्राम एयरफ़ील्ड कभी तालिबान को उखाड़ फेंकने के लिए हुए युद्ध और अमेरिका पर 9/11 में हुए आतकंवादी हमले के ज़िम्मेदार अल-क़ायदा के साज़िशकर्ताओं की धर-पकड़ के लिए सेना का केंद्र रहा था.

    अधिकारियों ने बताया कि एयरफ़ील्ड ‘अफ़ग़ान राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा बल’ को पूरी तरह से सौंप दिया गया है.

    एक अधिकारी ने बताया कि बलों की रक्षा का अधिकार और क्षमताएं अभी भी अफ़ग़ानिस्तान में अमेरिका के शीर्ष कमांडर जनरल ऑस्टिन एस मिलर के पास हैं.