हाल ही में उत्तर
कोरियाई नेता किम जोंग उन एक सभा में नज़र आए. इस सभा में पहुंचे किम जोंग उन का एक
वीडियो फ़ुटेज काफी चर्चा में है.
इस सभा के एक वीडियो
फ़ुटेज में उत्तर कोरियाई नेता पहले की तुलना में काफी दुबले नज़र आ रहे हैं.
सरकार नियंत्रित
मीडिया ने अपनी एक ख़बर में कहा है कि किम के गिरते वज़न के कारण देश के लोग
चिंतित हैं.
रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी ने उत्तर कोरिया के सरकार नियंत्रित मीडिया के
हवाले से लिखा है, “किम के हालिया फ़ुटेज
देखने के बाद उत्तर कोरिया में हर कोई किम के स्वास्थ्य को लेकर दुखी है.”
सरकारी मीडिया ने यह बात
प्योंगयांग के एक शख़्स से बातचीत के आधार पर कही है.
किम के स्वास्थ्य को लेकर
जून महीने में ही सार्वजनिक बयान आया था. यह बयान विदेशी विश्लेषकों की उन टिप्पणियों
के बाद आया था जिसमें उन्होंने किम जोंग उन के स्वास्थ्य को लेकर टिप्पणी की थी.
विश्लेषकों
ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि 37 साल के शासक के शारीरिक वज़न में स्पष्ट तौर पर
दिखाई देने वाला फ़र्क आया है.
सरकारी मीडिया केआरटी ने
शुक्रवार को एक शख़्स का इंटरव्यू ब्रॉडकास्ट किया. इस शख़्स ने कहा,“किम जोंग उन के गिरते स्वास्थ्य को देखकर हमारा दिल दुखी
होता है.”
हालांकि किम जोंग उन की
जो वीडियो क्लिप चर्चा में है, रॉयटर्स उसकी निजी तौर पर पुष्टि तो नहीं करता है पर इससे पूर्व भी
किम जोंग उन के स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगायी गई थीं.
बीते साल भी उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की बातें सामने आयी थीं. बाद में
दक्षिण कोरिया ने एक बयान जारी कर कहा था कि वे रिपोर्ट्स सच नहीं हैं, जिनमें कहा गया है कि उत्तर कोरिया के
नेता किम जोंग उन दिल की सर्जरी के बाद गंभीर रूप से बीमार हैं.
बीते साल 15 अप्रैल को अपने दादा के जन्मदिन के समारोह में किम जोंग उन शामिल नहीं हुए थे. ये देश के लिए साल के सबसे बड़े आयोजनों में से एक होता है. किम जोंग उन के दादा उत्तर कोरिया के संस्थापक थे.
किम जोंग उन ने भी इस कार्यक्रम को कभी मिस नहीं किया था.
बीते साल सरकारी मीडिया ने उन्हें आख़िरी बार 12 अप्रैल को दिखा था, जब वे लड़ाकू विमानों का निरीक्षण कर रहे थे. हालांकि उस हैंडआउट में कोई तारीख़ नहीं थी. उन तस्वीरों में उन्हें हमेशा की तरह बेफ़िक्र और सहज देखा जा सकता था.
अच्छे दिनों में भी उत्तर कोरिया से रिपोर्टिंग बहुत मुश्किल होती है. कोविड-19 के कारण बीते साल जनवरी के अंत से ही उत्तर कोरिया ने अपनी सीमाएँ बंद कर दी थीं. ऐसे में रिपोर्टिंग और भी मुश्किल हो गई थी.
अगर उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन को कुछ होता है, तो उनका उत्तराधिकारी कौन होगा, इस बारे में स्पष्टता नहीं है.
वर्षों तक किम जोंग उन के पिता ने उन्हें देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार किया था. किम साम्राज्य सुरक्षित दिखता था.
किम की बहन किम यो जोंग उत्तराधिकारी बनने की स्पष्ट पसंद दिखती हैं. वो किम साम्राज्य के ख़ून (पेक्टू परिवार का ख़ून) का हिस्सा हैं. साथ ही वे कई बार अपने बलबूते ख़बरों में भी बनी रहती हैं.
सच्चाई यही है कि जब उत्तर कोरियाई नेता के स्वास्थ्य की बात आती है, तो लोग अक्सर अंधेरे में तीर चला रहे होते हैं.