You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तीरंदाज़ दीपिका कुमारी ने पेरिस में तीन गोल्ड मेडल जीते

पेरिस में आयोजित चैंपियनशिप में इस कामयाबी के साथ ही सोमवार को जारी होने वाली वर्ल्ड रैंकिंग में दीपिका नंबर एक तीरंदाज़ हो जाएँगी.

लाइव कवरेज

प्रशांत चाहल, भूमिका राय and विभुराज

  1. अमेरिका: मियामी में बिल्डिंग के मलबे से अब तक पाँच शव मिले, 150 से ज़्यादा लापता

    फ़्लोरिडा में एक रिहायशी इमारत के गिरने की घटना में मरने वालों की आधिकारिक संख्या बढ़कर पाँच हो गई है.

    स्थानीय प्रशासन ने बताया है कि अब भी 150 से ज़्यादा लोगों का पता नहीं चल पाया है.

    मियामी की मेयर डैनिएला लेवीन कावा ने रविवार को प्रेस से बातचीत में कहा कि अब तक हमें पाँच शव मिले हैं. फ़िलहाल हमारा लक्ष्य ज़्यादा से ज़्यादा ज़िन्दगियों को बचाना है.

    गुरुवार सुबह मयामी स्थित यह इमारत गिरी थी. तभी से लोगों को मलबे से निकालने का काम चल रहा है.

    हालांकि, स्थानीय एजेंसियाँ अभी तक भी इमारत के गिरने की वजह पर कुछ खुलकर नहीं बता पायी हैं.

    लेकिन एक इंजीनियर की 2018 की एक रिपोर्ट शनिवार को सार्वजनिक की गई, जिससे पता चलता है कि इस इमारत के डिज़ाइन में मूल रूप से एक बड़ी गड़बड़ी थी जिसकी वजह से पानी बाहर जाने की बजाय, इमारत की नींव में जमा होता था.

    इस बीच, राष्ट्रपति जो बाइडन ने फ़्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसैन्टिस को हर संभव मदद मुहैया कराने का वादा किया है.

    बचावकर्मी घटनास्थल पर बड़ी मशीनों, ड्रोन और ख़ासतौर पर प्रशिक्षित कुत्तों की मदद से लोगों को ढूंढने का काम कर रहे हैं.

    शनिवार को मलबे के एक हिस्से में आग लगने की वजह से कुछ देर के लिए बचाव कार्य रोकना पड़ा था.

    बताया गया है कि इस दुर्घटना में अब तक लापता लोगों में इसराइल और लातिन अमेरिका के भी लोग शामिल हैं.

    स्थानीय प्रशासन ने बताया है कि जो लोग मलबे में से सुरक्षित निकाले गये हैं, उनके लिए पास के होटलों में रहने और खाने की व्यवस्था की गई है.

  2. कोरोना: 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे बैंक्वेट हॉल, जिम-सेंटर से भी हटेगा ताला

    दिल्ली डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने अपने एक आदेश में कहा है कि सोमवार यानी 29 जून से बैंक्वेट हॉल आधी क्षमता के साथ खुल सकेंगे. वहीं जिम सेंटर्स को भी दोबारा से खोलने की अनुमति दे दी गई है.

    कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार आ रही कमी को देखते हुए दिल्ली सरकार चरणबद्ध तरीक़े से एक-एक सेवा को दोबारा से खोल रही है.

    हालांकि अभी जिम, योगा इंस्टिट्यूट पचास फ़ीसदी क्षमता के साथ ही खुल सकेंगे.

    एएनआई न्यूज़ एजेंसी ने अमन गुप्ता नाम के एक जिम ट्रेनर से जब इस संबंध में बात की तो उन्होंने कहा, “हम स्लॉट में जिम चलाएंगे. जिम के अंदर मौजूद हर मशीन को छह फ़ीट की दूरी पर रखा जा रहा है. स्टाफ़ के सभी लोगों को वैक्सीन लग चुकी है और सैनेटाइज़ेशन का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है.”

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, मन की बात में पीएम मोदी बोले- कोरोना की बीमारी बहरूपिए वाली

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम में ओलंपिक खेलों में शामिल होने वाले भारतीय खिलाड़ियों, कोरोना के टीकाकरण को लेकर फैलने वाली अफ़वाहों और जल संरक्षण पर अपनी बात रखी.

    पीएम मोदी ने पहले उन खिलाड़ियों के संघर्ष की बात की जो ओलंपिक खेलों में जाने वाले हैं.

    उन्होंने दिवंगत ओलंपिक धावक मिल्खा सिंह का ज़िक्र करते हुए कहा कि अस्पताल में बीमारी की हालत में भी मिल्खा सिंह ने उन्हें ओलंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अपनी रज़ामंदी दी थी और यही खिलाड़ियों का आत्मविश्वास होता है.

    इसके अलावा पीएम मोदी ने अपने कार्यक्रम में आम लोगों से कोरोना टीकाकरण की अफ़वाहों पर बात की.

    उन्होंने मध्य प्रदेश के दो ग्रामीणों से बात करते हुए बताया कि टीकाकरण की अफ़वाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

    उन्होंने बताया कि कश्मीर के बांदीपुरा ज़िले के वायन गांव में 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग टीका लगवा चुके हैं और नागालैंड के भी तीन गांव के सभी लोग टीका लगवा चुके हैं.

    उन्होंने कहा, “कोरोना की बीमारी बहरूपिए वाली है और अपना रंग-रूप बदलकर पहुंच जाती है.”

    पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य में यह रिसर्च का विषय बनेगा कि कैसे गांव के लोगों ने क्वारंटीन सेंटर बनाए, किसी को भूखा नहीं रहने दिया और शहरों तक दूध-सब्ज़ी पहुंचाते रहे.

    उन्होंने कहा कि इसके साथ अब गांव वालों को टीकाकरण के लिए लक्ष्य बनाना चाहिए, सबको टीका लगवाना है. हमें कोरोना पर जीत के लिए सतत प्रयास करते रहना है.

    पीएम मोदी ने 30 मार्च को नेशनल डॉक्टर्स डे को लेकर कहा, “कुछ दिनों बाद हम डॉक्टर्स डे मनाएंगे. हमारे डॉक्टर्स ने कोरोना काल में अपनी जान की फ़िक्र किए बिना हमारी सेवा की. हमारा दायित्व है कि हम उनका धन्यवाद करें और उनका हौसला बढ़ाएं.”

    “कोरोना काल में मारे गए लोगों को श्रद्धांजली यही होगी कि हम कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और टीका लगवाएं.”

  4. बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 50,040 नये मामले

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 50,040 नए मामले सामने आए हैं. इसके अलावा इस दौरान 1,258 लोगों की इस वायरस के कारण मौत हुई है.

    देश में अब कुल संक्रमण के मामले 3.02 करोड़ से अधिक हो चुके हैं जबकि मरने वालों की संख्या 3.95 लाख है.

    इसके अलावा देश में एक्टिव मामलों की संख्या 5,86,403 हो गई है. देश में रिकवरी रेट 96.75% हो गया है.

  5. यूपी चुनाव में बीएसपी अकेले ही मैदान में उतरेगी, मायावती ने किया ट्वीट

    बीएसपी प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने बताया है कि उनकी पार्टी आगामी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में अकेले ही मैदान में उतरेगी.

    साथ ही उन्होंने यह साफ़ कर दिया है कि यूपी चुनावों में उनकी और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम साथ मिलकर नहीं लड़ेगी और मीडिया में फैल रही यह ख़बरें भ्रामक हैं.

    मायावती ने ट्वीट किया है उनकी पार्टी सिर्फ़ पंजाब में गठबंधन में चुनाव लड़ने जा रही है. ग़ौरतलब है कि पंजाब में बीएसपी ने अकाली दल के साथ गठबंधन किया है.

    मायावती ने सिलसिलेवार तरीक़े से रविवार की सुबह चार ट्वीट किए.

    उनमें से एक ट्वीट में उन्होंने जानकारी दी है कि बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सतीश चन्द्र मिश्र को बीएसपी मीडिया सेल का राष्ट्रीय कोओर्डिनेटर बनाया गया है.

    मीडिया से मायावती ने अपील की है कि बीएसपी और उसकी राष्ट्रीय अध्यक्ष से जुड़ी कोई भी ख़बर चलाने से पहले वे सतीश चन्द्र मिश्र से पहले सही जानकारी ज़रूर प्राप्त कर ले.

  6. जम्मू एयर फ़ोर्स स्टेशन में कम तीव्रता के दो धमाके हुए: भारतीय वायु सेना

    जम्मू एयर फ़ोर्स के टेक्निकल एरिया में दो ज़ोरदार रहस्यमय धमाके हुए.

    भारतीय वायु सेना ने इस घटना पर ट्वीट किया है जिसमें बताया गया है कि “रविवार की सुबह जम्मू एयर फ़ोर्स स्टेशन के टेक्निकल एरिया में कम तीव्रता के दो धमाके हुए. एक धमाके के कारण एक इमारत की छत को नुक़सान पहुंचा है वहीं दूसरा धमाका खुले में हुआ.”

    वायु सेना ने दूसरे ट्वीट में बताया है कि इस घटना में किसी सामान को कोई नुक़सान नहीं पहुँचा है और नागरिक एजेंसियों के साथ जाँच जारी है.

    बताया गया है कि ये धमाका देर रात दो बजे, टेक्निकल एरिया के अंदर हुआ जिसे भारतीय वायु सेना इस्तेमाल करती है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मोहित कंधारी ने बताया है कि जम्मू एयरपोर्ट की हवाई पट्टी और एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल भारतीय वायु सेना के नियंत्रण में है जिसे आम यात्रियों की उड़ान के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है.

    बताया गया है कि फ़ॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जाँच कर, वहाँ से कुछ नमूने एकत्र किये हैं.

  7. पूर्व आईपीएस अधिकारियों ने कश्मीर मामले पर पीएम मोदी को ख़त लिखा, ख़त में क्या लिखा?

    भारतीय पुलिस सेवा के पंद्रह सेवानिवृत अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला-पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने कश्मीर मुद्दे का समाधान ढूंढने के लिए उनकी सरकार के ‘साहसी और निर्णायक प्रयासों’ की सराहना की है.

    हाल ही में केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हितधारकों के साथ एक बैठक की थी, जिसमें घाटी के भारत-समर्थक नेता शामिल हुए थे.

    इन सेवानिवृत अधिकारियों ने बैठक करने की उस पहल को भी अपने पत्र में एक ‘नज़ीर’ बताया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पत्र पर जिन सेवानिवृत अधिकारियों ने हस्ताक्षर किये हैं, उनमें से 10 लोग विभिन्न राज्यों के पूर्व पुलिस महानिदेशक रह चुके हैं.

    इन अधिकारियों ने कहा है कि “सात साल पहले मोदी सरकार के आने के बाद से, कश्मीर की जटिल समस्या को सुलझाने के लिए सरकार के साहसी और निर्णायक प्रयास देखे जा रहे हैं. यह राष्ट्रीय गौरव का विषय है कि इन सालों में केंद्र सरकार ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी तरह के क़दम उठाये.”

    इन अधिकारियों ने मोदी सरकार की तारीफ़ में लिखा है कि ‘सरकार में भविष्य की संभावनाओं का अनुमान लगाने की दूरदृष्टि है जो बेहद संतोषजनक बात है. सरकार ने जम्मू-कश्मीर में अपराध और आतंकवाद पर नियंत्रण करने के लिए योजनाएं बनाईं. उन्हें त्रुटिहीन तरीक़े से लागू किया और कश्मीर के मामलों में हमेशा से हस्तक्षेप करने वाले पाकिस्तान को कठिन स्थिति में डाल दिया गया.’

    पत्र में कहा गया है कि “ये रोचक बात है कि पाकिस्तान अब जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा देने के लिए कह रहा है जिसका अर्थ है कि वो स्वीकार कर रहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है.”

    पत्र में कहा गया कि राजनीतिक हितधारकों से मुलाक़ात करने संबंधी केंद्र सरकार की हालिया पहल और विश्वास बढ़ाने के लिए ‘दिल की दूरी’ तथा ‘दिल्ली की दूरी’ मिटाने का विचार, अपने आप में एक नज़ीर है.

    इस पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में एके सिंह (आईपीएस, गुजरात, 1985), बद्री प्रसाद सिंह (आईपीएस, उत्तर प्रदेश, 1990), गीता जौहरी (आईपीएस, गुजरात, 1982), के अरविंद राव (आईपीएस, आंध्र प्रदेश, 1977), के राजेंद्र कुमार (आईपीएस, जम्मू कश्मीर, 1984), केबी सिंह (आईपीएस, ओडिशा, 1985), एम नागेश्वर राव (आईपीएस, ओडिशा, 1986), पीपी पांडे (आईपीएस, गुजरात, 1982), प्रकाश मिश्रा (आईपीएस, ओडिशा, 1977) आदि शामिल हैं.

    पीएम मोदी ने गुरुवार को कश्मीरी नेताओं के साथ दिल्ली में एक बैठक की थी जिसके बाद ये बताया गया कि जम्मू-कश्मीर में जल्द ही परिसीमन का काम पूरा कर लिया जायेगा ताकि घाटी में जल्द से जल्द चुनाव कराये जा सकें.

    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में हुई इसी बैठक में पीएम मोदी ने कहा था कि “वे कश्मीर के मामले में दिल्ली की दूरी और दिल की दूरी को हटा देना चाहते हैं.”

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 25 जून, शुक्रवार के सभी बड़े अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.