You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन ने ताइवान के पास किया 'एंफ़िबियस लैंडिंग' का अभ्यास

चीनी सेना ने ताइवान के क़रीब समंदर में एंफ़िबियस लैंडिंग एक्सराइसज़ की है. इस तरह के युद्धाभ्यास में थल, जल और वायु, तीनों सेनाएं इस्तेमाल होती हैं.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना की अगली लहर के बच्चों को प्रभावित करने के सबूत नहीं: एम्स निदेशक

    एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि तीसरी लहर के दौरान बच्चों में कोविड-19 के गंभीर लक्षण मिलेंगे इसके कोई सबूत अब तक नहीं मिले हैं.

    उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण जिन 60-70% बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा उनमें और भी बीमारियां थीं जबकि हलकी बीमारियों वाले बच्चे घर पर ही ठीक हो गए.

    डॉक्टर गुलेरिया ने कहा, “मुझे नहीं लगता है कि हम भविष्य में बच्चों में अधिक गंभीर संक्रमण देखेंगे.”

    “पूरे विश्व में या भारत में ऐसा नहीं देखा गया है कि बच्चे अधिक प्रभावित हैं. दूसरी लहर के दौरान मिले डाटा से भी पता चलता है कि हलकी बीमारी वाले बच्चे ही संक्रमित हुए जिनको और दूसरी गंभीर बीमारियां थीं उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की ज़रूरत पड़ी.”

    “दुनिया के ओर दूसरे हिस्सों में जहां कोरोना की नई लहरें आ रही हैं वहां भी बच्चों के गंभीर रूप से प्रभावित होने के आंकड़े नहीं दिखते हैं.”

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना: भारत में कल से अधिक आए नए संक्रमण के मामले

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 92,596 नए मामले पाए गए हैं जो कि मंगलवार से थोड़े अधिक हैं. मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 86,498 मामले सामने आए थे जो कि दो महीने बाद 1 लाख से कम मामले थे.

    इसके अलावा एक दिन में 2,219 लोगों की इस वायरस के कारण मौत भी हुई है.

    भारत में अब तक 2.90 करोड़ कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पाए जा चुके हैं जबकि 3.53 लाख लोगों की मौत हो चुकी है.

    भारत में इस समय प्रति 100 लोगों पर पॉज़िटिविटी रेट 4.67% चल रहा है जो कि लगातार 16वें दिन घटा है.

  3. कोरोना चीन से आया और बेस्ट कोविड वैक्सीन अमेरिका से: रिपब्लिकन सीनेटर

    अमेरिका के एक मशहूर रिपब्लिकन सीनेटर ने कहा है कि कोरोना वायरस चीन से ‘आया है’ जबकि बेस्ट वैक्सीन अमेरिका से आ रही हैं.

    सीनेटर जॉन कैनेडी ने कहा, “कोरोना वायरस ख़त्म नहीं हुआ है. अमेरिका में अब हालात ठीक हैं लेकिन दक्षिणी अमेरिका में नहीं हैं. सब-सहारा अफ़्रीका में बेहतर नहीं हैं. भारत में बेहतर नहीं हैं. और तथ्य केवल तथ्य हैं. मैं इसे राजनीतिक बयान नहीं बनाना चाहता हूं. वायरस चीन से आया. बेस्ट वैक्सीन अमेरिका से आ रही हैं.”

    उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास यह अवसर है कि वो दुनिया के दिखा सके कि अमेरिकी नेतृत्व कैसा होता है.

    कैनेडी ने कहा, “हमारे पास अवसर है कि हम ज़िंदगियां बचाने में मदद कर सकें. हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कुछ बेहतर चीज़ें कर सकें, चीन में कम्युनिस्ट पार्टी के उभार को जांचें न कि चीन के लोगों को. चीन के लोग अच्छे हैं लेकिन चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य लुटेरे हैं.”

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने घोषणा की है कि अमेरिका के पास रखी 2.5 करोड़ कोरोना वैक्सीन की पहली खेप में से 1.9 करोड़ को वो संयुक्त राष्ट्र के कोवैक्स वैश्विक वैक्सीन साझा कार्यक्रम में देंगे.

  4. यरूशलम में मुस्लिम क्वार्टर से निकलेगा यहूदियों का मार्च, हमास ने दी धमकी

    बिन्यामिन नेतन्याहू की अब समाप्त होने जा रही इसराइली सरकार ने धार्मिक राष्ट्रवादियों को एक मार्च निकालने की अनुमति दे दी है जिसके लिए पहले आयोजकों को मना कर दिया गया था. इस मार्च से डर था कि इससे एक बार फिर नया टकराव शुरू हो सकता है.

    मौलिक रूप से गुरुवार को यह फ़्लैग मार्च यरूशलम के मुस्लिम क्वार्टर से होकर गुज़रना था लेकिन पुलिस ने असली रूट को ख़ारिज किया है.

    अब यह मार्च मंगलवार को निकलेगा.

    ग़ज़ा का नियंत्रण करने वाले इस्लामी आंदोलन हमास ने धमकी दी है कि अगर मार्च निकलता है तो आगे टकराव होगा.

    बीते महीने इसराइल और ग़ज़ा के बीच 11 दिनों तक चले संघर्ष में कम से कम 242 फ़लस्तीनियों की और इसराइल में 13 लोगों की मौत हुई थी.

    मंगलवार को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की कैबिनेट की बैठक के बाद यह फ़ैसला लिया गया.

    प्रधानमंत्री पद पर हटने से पहले फ़ैसला

    इसराइली संसद रविवार को नई सरकार के लिए मतदान करेगी. इसराइल के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे नेतन्याहू का कार्यकाल अब समाप्त हो जाएगा क्योंकि नए गठबंधन पर मुहर लग चुकी है.

    धुर-दक्षिणपंथी नेफ़्टाली बेनेट और मध्यमार्गी येर लेपिड की आने वाली नई सरकार पर यह फ़ैसला होगा कि वो दो दिन बाद होने वाले मार्च पर अंतिम फ़ैसला ले.

    1967 में मध्य पूर्व युद्ध के दौरान इसराइल ने पूर्वी यरूशलम पर क़ब्ज़ा कर लिया था, इसी की याद में 10 मई को यहूदी यरूशलम दिवस मनाते हैं.

    सैकड़ों इसराइली युवा हाथों में झंडे लिए राष्ट्रवादी गीत गाते दमिश्क गेट से दाख़िल होते हुए मुस्लिम क्वार्टर से गुज़रते हैं.

    इसे कई फ़लस्तीनी जानबूझकर उकसावे के रूप में देखते हैं. इस साल का मार्च इस्लामी महीने रमज़ान के आख़िरी दिनों में होना था लेकिन उस दौरान इसराइल और ग़ज़ा के बीच संघर्ष जारी था.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 8 जून, मंगलवार के सभी बड़े अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.