You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुणे की केमिकल फ़ैक्ट्री में आग: कम से कम 18 लोगों की मौत, कइयों के फँसे होने की आशंका

फ़ायर ब्रिगेड विभाग का कहना है कि कई मज़दूर अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है. फँसे हुए मज़दूरों को सुरक्षित निकालने के लिए फ़ैक्ट्री की दीवारों को जेसीबी से तोड़ा जा रहा है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान में दो ट्रेनों की टक्कर, कम से कम 25 लोगों की मौत

    पाकिस्तान के सिंध प्रांत में डहरकी के क़रीब सर सैयद एक्सप्रेस और मिल्लत एक्सप्रेस में टक्कर के कारण कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है और कई यात्री घायल हैं.

    रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक़ यह दुर्घटना सोमवार की सुबह-सुबह हुई और मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है.

    रिपोर्ट के मुताबिक गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अस्पताल भेज दिया गया है जबकि बोगियों में फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू हो चुका है.

    रेलवे के मुताबिक़, मिल्लत एक्सप्रेस कराची से सरगोधा जबकि सर सैयद एक्सप्रेस रावलपिंडी से कराची जा रही थी.

    दुर्घटना के बाद मिल्लत एक्सप्रेस की आठ और सर सैयद एक्सप्रेस के इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतर गईं, जबकि कुछ बोगियां खाई में जा गिरीं.

    यह दुर्घटना घोटकी के नज़दीक डहरकी और रेती के रेलवे स्टेशन के बीच हुई है. इस घटना के बाद इस ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है.

    डिप्टी कमिश्नर घोटकी उस्मान अब्दुल्लाह ने जियो न्यूज़ को बताया कि इस हादसे में कम से कम 40 लोग ज़ख़्मी हुए हैं जबकि एसएसपी घोटकी के मुताबिक़ अब तक कम से कम 30 यात्रियों के मारे जाने की ख़बर है.

    डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि राहत कार्यों के लिए भारी मशीनरी की ज़रूरत है जो कि घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं और जल्द ही पहुंच जाएंगी.

  2. बोको हराम के नेता अबूबकर शेकाउ के मारे जाने का विरोधी गुट ने किया दावा

    एक विरोधी इस्लामी चरमपंथी समूह ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में बताया है कि नाइजीरिया के चरमपंथी समूह बोको हराम के नेता अबूबकर शेकाउ मारा गया है.

    एक समाचार एजेंसी को मिले ऑडियो में इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ़्रीका प्रोविंस (Iswap)ने कहा है कि शेकाउ ने दो समूह के बीच लड़ाई के दौरान ख़ुद के शरीर पर बंधे विस्फोटकों में धमाका कर लिया.

    बीते महीने भी शेकाउ की मौत की ख़बर को रिपोर्ट किया गया था और कई बार ऐसा कहा जाता रहा है कि वो मारे गए हैं.

    हालांकि, न ही बोको हराम और न ही कभी नाइजीरियाई सरकार ने उनकी मौत की पुष्टि की है.

    यह ऑडियो रिकॉर्डिंग कब की है यह साफ़ नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि इसमें Iswap नेता अबू मुसाब अल-बरनावी कह रहे हैं कि शेकाउ ने ‘विस्फोटकों में धमाका करके ख़ुद को ख़त्म कर दिया.’

    अल-बरनावी ने कहा कि Iswap लड़ाकों ने उन्हें नाकाम कर दिया था और उन्हें प्रस्ताव दिया था कि वो उनके साथ शामिल हो जाएं.

    शेकाउ की मौत की ख़बर जब पिछले महीने प्रसारित हुई थी तो नाइजीरियाई सेना ने कहा था कि वो इसकी जांच करेगी.

    सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद येरिमा ने बीबीसी से कहा था कि सेना देख रही है कि क्या हुआ है लेकिन उन्होंने तब तक बयान जारी करने से इनकार कर दिया था जब तक कि कोई पुख़्ता सबूत न मिले.

    सुरक्षा एजेंसियों के क़रीबी एक पत्रकार ने कहा है कि शेकाउ की मौत तब हो गई थी जब Iswap ने उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के संबिसा जंगलों में बोको हराम के ठिकानों पर हमला किया था.

    उनकी मौत की ख़बर पहले भी कई बार फैल चुकी है ताकि वो फिर से संगठित हो सकें.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 6 जून, रविवार के सभी बड़े अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.