साउथ चाइना सी में चीन की नई हरकत, मलेशिया ने उठाया यह क़दम

साउथ चाइना सी में विवादित क्षेत्र के ऊपर 16 चीनी लड़ाकू विमानों की मौजूदगी के बाद मलेशिया ने चीनी राजदूत को तलब किया है.

लाइव कवरेज

  1. चीनी विमानों की कथित 'घुसपैठ' पर मलेशिया ने चीनी राजदूत को किया तलब

    विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मलेशिया का कहना है कि चीनी विमानों में मालवाहक शायन वाई-20 विमान भी शामिल था.

    साउथ चाइना सी में विवादित क्षेत्र के ऊपर 16 चीनी लड़ाकू विमानों की मौजूदगी के बाद मलेशिया ने चीनी राजदूत को तलब किया है.

    मलेशिया ने आरोप लगाया है कि चीनी सेना के विमानों ने उसकी समुद्री सीमा के ऊपर उड़ान भरी है.

    मलेशिया के विदेश मंत्री ने कहा कि सोमवार को साउथ चाइना सी के ऊपर ‘संदिग्ध’ गतिविधियों का पता लगने पर उनके लड़ाकू विमानों ने चीन के मालवाहक जहाज़ों का पीछा किया.

    उन्होंने इस घटना को ‘राष्ट्रीय संप्रभुता के लिए गंभीर ख़तरा’ क़रार दिया है.

    हालांकि, चीन का कहना है कि उसके विमानों ने पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पालन किया.

    हुआ क्या था

    मलेशिया की वायुसेना के मुताबिक़, चीनी विमान 27 हज़ार फ़ीट पर ‘रणनीतिक फ़ॉरमेशन’ में उड़ रहे थे और मलेशिया के तट के 110 किलोमीटर क़रीब तक आ गए.

    बयान में कहा गया कि इन विमानों से संपर्क करने की कोशिश की गई मगर किसी ने जवाब नहीं दिया.

    इसके बाद मलेशियाई लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी और मुआयना किया.

    विदेश मंत्री हिशामुद्दीन हुसैन ने कहा कि चीनी विमान मलेशिया की समुद्री सीमा में दाख़िल हुए थे और इस बारे में चीन से आपत्ति जताई जाएगी.

    उन्होंने कहा कि इस बारे में चीन के राजदूत को तलब किया जा रहा है.

    पुराना विवाद

    चीन लगभग पूरे साउथ चाइना सी को अपना बताता है मगर मलेशिया, फ़िलीपीन्स, ब्रुनेई, ताइवान और वियतनाम उसके दावे का विरोध करते हैं.

    ये कई दशकों पुराना विवाद है मगर पिछले कुछ सालों से इसे लेकर क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है.

    इस इलाक़े में चीन अपना दख़ल बढ़ाता जा रहा है. यहां पर उसकी सेना की बढ़ती मौजूदगी पर बाक़ी देश चिंता जताते हैं.

    चीन यहां कृत्रिम द्वीप भी बना रहा है और कहता है कि ऐसा वह शांतिपूर्ण उद्देश्यों से कर रहा है.

  2. मेहुल चोकसी पर डोमिनिका की अदालत में सुनवाई

    मेहुल चोकसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले दिनों कैरेबियाई देश डोमिनिका में गिरफ़्तार किए गए हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी पर वहां की एक अदालत में सुनवाई चल रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, यह सुनवाई डोमिनिका के हाई कोर्ट ऑफ़ जस्टिस में चल रही है.

    पीएनबी घोटाले में अभियुक्त मेहुल भारत से फ़रार होने के बाद 2018 से ही एंटीगा और बारबूडा में वहां की नागरिकता लेकर रह रहे थे.

    पिछले दिनों अचानक वह एंटीगा से लापता हो गए थे जिसके बाद 26 मई को उन्हें डोमिनिका में ‘अवैध ढंग से प्रवेश’ करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    एंटीगा और बारबूडा के प्रधानमंत्री ने डोमिनिका से गुज़ारिश की थी मेहुल चोकसी को एंटीगा न भेजकर भारत प्रत्यर्पित कर दिया जाए.

    डोमिनिका के कोर्ट में चल रही सुनवाई को लेकर मेहुल चोकसी के वकील ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि अदालत को सिर्फ यह फ़ैसला करना है कि वह अवैध ढंग से देश में घुसे थे या नहीं. अधिवक्ता विजय अग्रवाल के मुताबिक़, मेहुल को भारत प्रत्यर्पित करने पर अदालत कोई कोई फ़ैसला नहीं करना है.

    हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी पर सरकारी बैंक पीएनबी से 13,500 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है.

  3. बीबीसी हिन्दी का डिजिटल बुलेटिन ‘दिनभर’

  4. उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड ने भी रद्द की 12वीं की परीक्षाएं

    सीबीएसई और आईसीएसई के बाद अब उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड ने भी 12वीं की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, राज्य के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने इसकी जानकारी दी है.

    इससे पहले मध्य प्रदेश और गुजरात के शिक्षा बोर्ड भी 12वीं की बोर्ड की परीक्षाएं न करवाने का फ़ैसला कर चुके हैं.

    महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश समेत अन्य कई राज्यों के शिक्षा बोर्ड अभी विमर्श कर रहे हैं कि 12वीं की परीक्षाएं करवाई जाएं या नहीं.

  5. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा वैक्सीन ख़रीद का पूरा लेखा-जोखा

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को कोविड-19 वैक्सीन की ख़रीद का पूरा लेखा-जोखा देने को कहा है.

    क़ानूनी मामलों को कवर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार सुचित्र मोहंती के अनुसार, अपने आदेश में में शीर्ष अदालत ने कहा है कि अब तक जितनी भी वैक्सीन ख़रीदी गई है (कोवैक्सीन, कोविशील्ड और स्पुतनिक वी), केंद्र उसका पूरा ब्योरा दे.

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि केंद्र को यह जानकारी भी देनी होगी कि उसने इन तीनों वैक्सीन्स को ख़रीदने का ऑर्डर कब-कब दिया, किस दिन कितनी मात्रा ऑर्डर की गई और उसकी आपूर्ति की संभावित तिथि क्या थी.

    जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने यह आदेश 31 मई को सुनाया था मगर यह सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर आज अपलोड हुआ. इस बेंच में जस्टिस एल नागेश्वर राव और श्रीपति रविंद्र भट भी हैं.

    वैक्सीनेशन की जानकारी भी मांगी

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा है कि वह कोविड-19 से निपटने, अब तक शहरी और ग्रामीण इलाकों में टीके की एक या दो डोज़ लगवा चुके लोगों के प्रतिशत की जानकारी दे.

    अदालत ने केंद्र को यह भी कहा है कि हलफ़नामा दायर करते समय ऐसे सभी संबंधित दस्तावेज़ और फ़ाइलें आदि ऑन रिकॉर्ड रख जाएं, जिनसे वैक्सीनेशन पर उसकी नीति स्पष्ट हो सके.

    केंद्र सरकार से यह भी पूछा गया है कि म्यूकरमाइकॉसिस (ब्लैक फ़ंगस) की दवा की उपलब्धता बनाए रखने के लिए क्या क़दम उठाए गए हैं.

    जवाब दाख़िल करने के लिए केंद्र सरकार को दो हफ़्तों का समय दिया गया है और मामले पर अगली सुनवाई 30 जून को होगी.

    राज्यों को भी दो हफ़्ते का समय

    सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी वैक्सीन पॉलिसी पर हलफ़नामा दायर करके अपना रुख़ साफ़ करने को कहा है.

    आदेश में कहा गया है कि अगर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपने यहां लोगों को मुफ़्त में टीका लगाने की योजना बनाई है तो सैद्धांतिक रूप वे अपने हलफ़नामों में इस पॉलिसी का ज़िक्र करें ताकि उनके यहां के लोग आश्वस्त हो सकें कि उन्हें मुफ़्त में टीका लगेगा.

    कोर्ट ने कहा, “इसलिए हम राज्य और केंद्र शासित प्रदेसों की सरकारों को भी दो हफ़्ते के अंदर हलफ़नामा दायर करने का आदेश देते हैं. उसमें उन्हें अपने रुख़ और नीतियों को स्पष्ट करना होगा.”

  6. अगले साल जून में प्लैटिनम जुबिली मनाएंगी ब्रितानी महारानी

    महारानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रितानी शाही परिवार के ट्विटर हैंडल से जानकारी दी गई है कि महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय को गद्दी पर बैठे 70 साल पूरे होने पर अगले साल दो से पांच जून तक प्लैटिनम जुबिली मनाई जाएगी.

    महारानी प्लैटिनम जुबिली मनाने वालीं ब्रिटेन की पहली शासक होंगी. उन्होंने छह फ़रवरी 1952 को 25 साल की उम्र में राजगद्दी संभाली थी.

    ब्रिटेन के शाही परिवार की वेबसाइट के अनुसार, 2022 में महारानी और शाही परिवार के सदस्य साल भर कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

    जश्न का यह सिलसिला आज से ठीक एक साल बाद शुरू होगा.इस मौक़े पर पूरे ब्रिटेन में दो से पांच जून तक बैंकों में छुट्टी रहेगी.

    इस उत्सव के पहले दिन, दो जून को महारानी के जन्मदिन पर एक परेड का आयोजन होगा जिसमें सैनिक, घुड़सवार और संगीतकार पारंपरिक परेड करेंगे.

    इसके बाद तीन जून को सैंट पॉल कथीड्रल में महारानी की सेवाओं का धन्यवाद अदा करने के लिए सभा का आयोजन होगा. चार जून को बकिंगम पैलेस में पार्टी का आयोजन होगा और पांच जून को 'द बिग जुबिली लंच' का आयोजन होगा.

  7. कश्मीरी बच्ची ने पीएम मोदी से की शिकायत, हुआ एक्शन

    माहिरू

    इमेज स्रोत, ANI

    माजिद जहांगीर

    श्रीनगर से बीबीसी हिंदी के लिए

    कोरोना काल में लगातार हो रही ऑनलाइन क्लासेज़ और ज़्यादा होमवर्क से परेशान एक बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद जम्मू-कश्मीर के शिक्षा विभाग ने नए दिशा निर्देश जारी किए हैं.

    नए नियमों के तहत स्कूली बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई के घंटे तय कर दिए गए हैं. साथ ही, ऐसी हिदायत भी दी गई है कि पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों को होमवर्क बहुत ज़रूरी होने पर ही दिया जाए.

    दरअसल, कुछ दिन पहले कश्मीर की छह साल की एक बच्ची का वीडियो वायरल हो गया था जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कह रही थी कि लगातार चलने वाली ऑनलाइन पढ़ाई से बच्चों पर दबाव पड़ रहा है.

    माहिरू नाम की इस बच्ची ने कहा था, ‘मेरी क्लासेज़ सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होती हैं. छोटे बच्चों को इतना ज्यादा होमवर्क क्यों दिया जाता है मोदी साहब?’

    दो दिन पहले जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस वीडियो को रीट्वीट किया था और लिखा था, “बहुत प्यारी शिकायत. मैने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि 48 घंटों के अंदर स्कूली बच्चों के होमवर्क का बोझ घटाने के लिए नीति लेकर आएं.”

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    अब जम्मू-कश्मीर के शिक्षा विभाग ने स्कूलों को डिजिटल एजुकेशन पर भारत सरकार के दिशानिर्देशों को लागू करने के लिए कहा है.

    क्या हैं नए नियम

    इसके तहत कहा गया है कि प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों के अभिभावकों से बात करने और उनके मार्गदर्शन के लिए 30 मिनट से अधिक न लिए जाएं.

    नोटिफिकेशन

    इमेज स्रोत, Govt of JKUT

    पहली से आठवीं कक्षा तक दिन में दो सेशन से ज़्यादा क्लास न ली जाए. एक सेशन 30-45 मिनट का होना चाहिए.

    वहीं नौवी से 12वीं तक के छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई चार सत्रों से ज़्यादा नहीं हो सकेगी. इनके लिए भी एक सत्र की अवधि 30-45 मिनट रखी गई है.

    राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी नए दिशा-निर्देशों को ट्वीट करते हुए कहा है कि इनका सख़्ती से पालन किया जाए.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल ने ट्वीट किया है, "बच्चों के पास खेलने के लिए, माता-पिता के साथ समय बिताने के लिए ज़्यादा समय होना चाहिए. बच्चों को सबसे ज़्यादा इसी से सीखने को मिलता है."

  8. साल के आख़िर तक सबको टीका लगाने की योजना तैयार: केंद्रीय मंत्री

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत सरकार ने दिसंबर 2021 के आख़िर तक देश में 'सभी लोगों को कोविड-19 का टीका लगाने की योजना' तैयार कर ली है.

    केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, “सरकार ने कई सारी फार्मा कंपनियों से चर्चा के बाद दिसंबर के आख़िर तक सभी लोगों को टीका लगाने की कार्य योजना तैयार की है."

    केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए वैक्सीन की 250 करोड़ डोज़ का उत्पादन करना होगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, रेड्डी ने कहा, “स्पुतनिक वैक्सीन कल हैदराबाद पहुंच गई है. फ़ाइज़र और जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन लाने के लिए भी चर्चा जारी है.”

  9. चीन में पहली बार किसी इंसान में मिला बर्ड फ़्लू का स्ट्रेन

    बर्ड फ़्लू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के 41 साल के एक शख़्स में दुर्लभ बर्ड फ़्लू स्ट्रेन का संक्रमण मिला है. ये पहला मामला है जब किसी इंसान में H10N3 स्ट्रेन मिला है.

    हालांकि अधिकारियों ने अभी इस सबंध में कोई जानकारी नहीं दी है कि यह शख़्स संक्रमित कैसे हुआ. लेकिन ऐसा माना जाता है कि यह स्ट्रेन इंसान से इंसान में आसानी से नहीं फैलता है.

    जियांग्सु प्रांत के रहने वाले इस शख़्स में बीते सप्ताह ही संक्रमण की पहचान की गई. अब वह इलाज के बाद बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें जल्दी ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.

    बर्ड फ़्लू के कई स्ट्रेन होते हैं और यह काफी सामान्य बात है कि जो लोग पॉल्ट्री फार्म में काम करते हैं वो अक्सर संक्रमित हो जाते हैं.

    अभी तक कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग को कोई भी मामला सामने नहीं आया है.

    बीजिंग के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने मंगलवार को बताया कि ज़ेनज़ियांग शहर के निवासी को 28 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और एक महीने बाद उनके H10N3 से संक्रमित होने का पता चला.

    ग्लोबल टाइम्स ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के हवाले से लिखा है कि “दुनिया में H10N3 का कोई मामला सामने नहीं आया है. यह केस भी कभी-कभार पॉल्ट्री फार्म से इंसानों में होने वाले क्रॉस-ट्रांसमिशन का उदाहरण है. और इसके बड़े पैमाने पर फैलने की आशंका भी बेहद कम है.”

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया कि "मौजूदा समय में मानव-से-मानव संक्रमण फैलने का कोई भी मामला सामने नहीं आया है."

    हालांकि मौजूदा समय में H5N8 स्ट्रेन का प्रकोप फैला हुआ है. जिसके कारण यूरोप के कई देशों में हज़ारों मुर्गे-मुर्गियां मारे गए हैं.

    इससे पूर्व फरवरी माह में रूस ने मानव में बर्ड फ़्लू के पहले मामले को लेकर आगाह किया था. जोकि विशेष तौर पर इसी स्ट्रेन से जुड़ा हुआ था.

    इंसानों में बर्ड फ़्लू का संक्रमण हालांकि दुर्लभ है लेकिन कुछ साल पहले जब साल 2016 और 2017 में H7N9 स्ट्रेन फैला था तो कम से कम 300 लोगों की जान चली गई थी.

  10. ऑस्ट्रेलिया: कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए विक्टोरिया में बढ़ाया गया लॉकडाउन

    कोरोना

    इमेज स्रोत, EPA

    कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा दिया गया है.

    ऑस्ट्रेलिया में स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मेलबर्न B.1.617.1 वेरिएंट के बहुत अधिक मामले सामने आए हैं.इसीलिए सतर्कता बरतते हुए लॉकडाउन को बढ़ाने का फ़ैसला किया गया है.

    इस वेरिएंट को अब गामा वेरिएंट नाम दे दिया गया है.

    ऑस्ट्रेलिया का अब दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य अब दस जून तक लॉकडाउन में रहेगा. यह चौथा मौक़ा है जब यहां के लोगों के लिए लॉकडाउन लगाया गया है.

    बुधवार को यहां छह नए स्थानीय मामले सामने आए.

    कार्यवाहक प्रीमियर जेम्स मर्लिनो ने कहा, "मुझे पता है कि कोई भी यह ख़बर नहीं सुनना चाहता है लेकिन जिस तरह से कोरोना के मामले आ रहे हैं उसे देखते हुए सरकार के पास कोई विकल्प नहीं था."

    "अगर हम यह (लॉकडाउन) नहीं करते हैं, तो यह हालात और ख़राब हो जाएंगे. स्थिति बेकाबू हो जाएगी और लोग मरने लगेंगे."

  11. कोरोना अपडेट : भारत में बीते 24 घंटे में कोविड19 के कारण 3000 से अधिक लोगों की मौत

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,32,788 नए मामले सामने आए हैं. बीते चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमित 3,207 मरीज़ों की मौत भी हुई है.

    वहीं 2,31,456 संक्रमित मरीज़ इलाज के बाद ठीक हुए हैं.

    • भारत में कुल केस - 2,83,07,832
    • इलाज के बाद ठीक हुए कुल केस - 2,61,79,085
    • अब तक कुल मौतें - 3,35,102
    • एक्टिव केस - 17,93,645
    • कुल वैक्सीनेशन - 21,85,46,667
    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  12. भारत में मिले कोविड19 के वेरिएंट के बस एक ही स्ट्रेन को लेकर चिंता: विश्व स्वास्थ्य संगठन

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत में मिले कोविड वेरिएंट के अब सिर्फ़ एक स्ट्रेन को लेकर ही चिंता जताई जा रही है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि भारत में सबसे पहले मिले कोविड19 वेरिएंट (डेल्टा वेरिएंट) के बस एक ही स्ट्रेन को लेकर चिंता है शेष दो स्ट्रेन से ख़तरा कम हो गया है.

    ऐसा माना जा रहा है कि भारत में कोरोना की दूसरी लहर के पीछे B.1.617 वेरिएंट ज़िम्मेदार था. यह ट्रिपल म्यूटेंट लेरिएंट है क्योंकि यह तीन लिनिएज में विभाजित हो जाता है.

    बीते महीने विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस वेरिएंट के पूरे स्ट्रेन को वेरिएंट ऑफ़ कंसर्न बताया था लेकिन बीते मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह स्पष्ट किया कि अब इसका बस एक ही स्ट्रेन चिंता का विषय है.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने महामारी पर अपने साप्ताहिक अपडेट कार्यक्रम के दौरान कहा कि यह साफ़ है कि वर्तमान समय में कोरोना के ज़्यादातर मामले B.1.617.2 स्ट्रेन से जुड़े हैं. बाकी स्ट्रेन के प्रभाव में कमी देखी गई है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा, “B.1.617.2 अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है, इसके साथ वायरस के तीन अन्य वेरिएंट भी ख़तरनाक माने जा रहे हैं.

    ये वेरिएंट ओरिजिनल वायरस से ज्यादा ख़तरनाक माने जा रहे हैं क्योंकि ये पहले से ज्यादा संक्रामक हैं और कुछ-कुछ में वैक्सीन की सुरक्षा को पार कर जाने की संभावना भी है.

  13. कोरोना की दूसरी लहर में भारत में 594 डॉक्टरों की मौत- आईएमए

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी है. हालांकि एक समय में प्रतिदिन जहाँ चार लाख नए मामले आ रहे थे वहीं अब इसमें कुछ कमी निश्चित तौर पर आयी है लेकिन ख़तरा टला नहीं है.

    इस बीच न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के हवाले से ख़बर दी है कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भारत में 594 डॉक्टरों की मौत हो गई.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    सबसे अधिक मौतें राजधानी दिल्ली में हुई हैं. देश की राजधानी में दूसरी लहर के दौरान 107 डॉक्टरों की मौत हो गई.

    दूसरे स्थान पर बिहार है जहां दूसरी लहर के दौरान 96 डॉक्टरों की मौत हुई है.

    कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान उत्तर प्रदेश में 67 डॉक्टरों की मौत हो गई.

  14. पी चिदंबरम बोले, अगर ज़रूरत लगे तो और नोट छापे मोदी सरकार

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भारत के पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भारत की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए मोदी सरकार को और करेंसी छापने की सलाह दी है.

    उन्होंने कहा कि भारत के पास नोटों की छपाई करने का संप्रभु अधिकार है और अगर सरकार को लगता है, तो उसे यह करना चाहिए.

    चिदंबरम ने कांग्रेस पार्टी की एक प्रेस वार्ता में ये बात कही. उन्होंने अर्थव्यवस्था में 2020-21 के दौरान 7.3 प्रतिशत की गिरावट पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि अगर 2021-21 में ऐसी स्थिति से बचना है तो सरकार को अपनी गलतियाँ स्वीकार करते हुए विपक्ष एवं अर्थशास्त्रियों की सलाह सुननी चाहिए.

    उन्होंने अर्थव्यवस्था के लिहाज़ से 2021-21 को पिछले चार दशक का ‘सबसे अंधकारमय’ साल करार दिया और यह आरोप भी लगाया कि कोरोना महामारी के साथ ही सरकार के ‘अकुशल एवं अक्षम आर्थिक प्रबंधन’ से हालात और बिगड़ गए.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    चिदंबरम ने कहा कि 2018-19 में जीडीपी 140,03,316 करोड़ थी. 2019-20 में यह 145,69,268 करोड़ रुपये थी और 2020-21 में यह घटकर 135,12,740 करोड़ रुपये हो गई. यह देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति को बताता है.

    चिदंबरम ने कहा, ‘‘पिछले साल जब कोरोना महामारी की पहली लहर धीमी पड़ती नज़र आयी, तो वित्त मंत्री और मुख्य आर्थिक सलाहकार अर्थव्यवस्था के पटरी पर आने की बातें करने लगे. तभी हमने कहा था कि अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन पैकेज की मज़बूत मदद चाहिए.’’

    उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात ये है कि प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद एक लाख रुपये से नीचे चला गया है.

    उन्होंने कहा, ‘‘अगर 2020-21 की तरह साल 2021-22 को नहीं होने देना है तो सरकार को जागना चाहिए, अपनी गलतियाँ स्वीकार करनी चाहिए, अपनी नीतियां बदलनी चाहिए तथा विपक्ष एवं अर्थशास्त्रियों की सलाह स्वीकार करनी चाहिए.’’

    एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2020-21 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में 1.6 प्रतिशत रही. यह इससे पिछली तिमाही अक्तूबर-दिसंबर, 2020 में 0.5 प्रतिशत से अधिक है.

    वित्त वर्ष 2019-20 की जनवरी-मार्च तिमाही में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी.

  15. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. मंगलवार, 1 जून के सभी बड़े अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.