कोरोनाः बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने लिखी सोनिया गांधी को चिट्ठी, कहा कांग्रेस नेताओं का रवैया याद रखा जाएगा

इमेज स्रोत, @JagatPrakashNadda
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोरोना महामारी पर कांग्रेस की आलोचनाओं का जवाब देते हुए पार्टी और उसके नेताओं पर कड़ा प्रहार किया है.
नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस कार्यसमिति में मोदी सरकार की आलोचना का जवाब देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक चिट्ठी लिखी है.
इसमें उन्होंने लिखा है, "महामारी के दौरान कांग्रेस के व्यवहार से मैं हैरान नहीं, बल्कि आहत हूँ."
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं का व्यवहार दोमुँहेपन और ओछेपन के लिए याद रखा जाएगा."
चिट्ठी में वैक्सीन पर हो रही आलोचना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की.
नड्डा ने लिखा, "हाल के इतिहास में भारत में टीके को लेकर कभी कोई हिचकिचाहट नहीं रही, मगर कांग्रेस ने एक ऐसी महामारी के दौरान ऐसा करने की कोशिश की जो सदी में एक बार आती है."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
बीजेपी अध्यक्ष ने लिखा कि ऐसे समय जब सारा भारत कोरोना से लड़ रहा है, कांग्रेस को लोगों को भ्रम में डालना और झूठी दहशत फैलाना बंद करना चाहिए.
भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर में केंद्र सरकार पर लगातार आक्रमण कर रही कांग्रेस ने सोमवार को कार्यसमिति की बैठक के बाद एक प्रस्ताव पारित किया था.
इसमें कहा गया, "कोरोना से जिस प्रकार से जानमाल का नुकसान हो रहा है और जिस प्रकार से यह सरकार अपराधिक तौर से निष्क्रिय है और मोदी सरकार ने पूरे देश को राम भरोसे छोड़ दिया है; उस पर कांग्रेस कार्य समिति ने व्यापक प्रस्ताव पारित किया है."
बैठक की शुरूआत करते हुए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बैठक में कहा, "कोविड 19 की दूसरी लहर मोदी सरकार की उदासीनता, असंवेदनशीलता और अक्षमता का सीधा परिणाम है."





