हाई कोर्ट की फटकार के बाद केंद्र ने बुधवार को पहली
बार दिल्ली को उसकी ज़रूरत के हिसाब से ऑक्सीजन मुहैया कराई.
इसके लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर शुक्रिया कहा है.
केजरीवाल ने गुरुवार को भेजी चिट्ठी में लिखा, “दिल्ली में कई दिनों से ऑक्सीजन की
भारी कमी चल रही थी. दिल्ली की खपत 700 टन प्रतिदिन है. हम लगातार केंद्र से प्राथना
कर रहे थे कि इतनी ऑक्सीजन हमें दी जाए. कल पहली बार दिल्ली को 730 टन ऑक्सीजन मिली
है. मैं दिल्ली के लोगों की तरफ से दिल से आपका आभार व्यक्त करता हूं.”
साथ ही मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी से
अपील की कि दिल्ली को रोज़ कम से कम इतनी ऑक्सीजन देना जारी रखा जाए और इसमें कोई
कटौती ना की जाए.
इससे एक दिन पहले दिल्ली
हाईकोर्ट ने ऑक्सीजन की क़िल्लत पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार को फटकार लगाई थी
और कहा था कि अब कोई तर्क नहीं, आपको दिल्ली को तुरंत 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की
सप्लाई करनी होगी.
हाई कोर्ट ने कहा था कि
केंद्र सरकार दिल्ली को ऑक्सीजन देने के मामले में ऐसा रवैया कैसे अपना सकती है
जबकि लोग ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे हैं और मर रहे हैं. हाई कोर्ट ने सुनवाई में
कहा था कि हम आंखें नहीं मूंद सकते हैं.
हाई कोर्ट ने केंद्र
सरकार पर सख़्त टिप्पणी करते हुए पूछा था कि सुप्रीम कोर्ट ने आपको जो आदेश दिया
था उसका क्या हुआ? दिल्ली को आख़िर
उसके कोटे की ऑक्सीजन क्यों नहीं मिल रही है?
दिल्ली हाई कोर्ट ने
केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा था कि आख़िर ऑक्सीजन सप्लाई के
मामले में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर उनके ख़िलाफ़
कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए.
हाईकोर्ट ने केंद्र को
फटकारते हुए कहा था कि - आप अपनी आंखें मूंद सकते हैं हम नहीं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि “अगर हमें रोज़ाना 700 मेट्रिक टन ऑक्सीजन मिलती है तो हम
किसी मरीज़ को ऑक्सीजन की कमी से मरने नहीं देंगे.”
उन्होंने कहा कि दिल्ली को कोविड की दूसरी लहर धीमी
होने तक रोज़ाना 700 मेट्रिक टन ऑक्सीजनकी ज़रूरत है.
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ये भी कहा कि अगर दिल्ली को रोज़ाना
700 मेट्रिक टन ऑक्सीजन मिलती है तो हम तुरंत क़रीब 9,500 बेड और बढ़ा सकते हैं.
उनके मुताबिक़, “कई
दिल्ली के अस्पतालों ने ऑक्सीजन की किल्लत होने पर बेड की संख्या घटा दी थी, उन
अस्पतालों से फिर से बेड की संख्या बढ़ाने की अपील करता हूं.”
अरविंद केजरीवाल ने “एक बार फिर हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और केंद्र का
शुक्रिया किया और कहा कि दिल्ली को 730 मेट्रिक टन ऑक्सीजन देने का कदम कई जानों
को बचाएगा.”