बंगाल चुनावः नंदीग्राम में आख़िर तक बना रहा सस्पेंस, 1956 वोटों से जीते शुभेंदु अधिकारी

चुनाव आयोग द्वारा जारी अब तक के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार के पश्चिम बंगाल की 292 सीटों में से 208 सीटें तृणमूल कांग्रेस ने जीत ली हैं.

लाइव कवरेज

  1. पश्चिम बंगाल में टीएमसी बीजेपी से आगे, रुझानों में बहुमत का आँकड़ा पार किया

    ममता मोदी

    इमेज स्रोत, REUTERS/EPA

    पश्चिम बंगाल में जब सुबह आठ बजे मतगणना की शुरुआत हुई तो बीजेपी और टीमएससी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी, लेकिन अब सुबह 11:30 के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है.

    292 निर्वाचन क्षेत्रों में से 277 के रुझान आ गए हैं, जिनमें ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 191 पर आगे है. और बीजेपी पीछे होकर 82 पर आ पहुंची है. वहीं वाम दलों, कांग्रेस और आईएसएफ का गठबंधन रेस में कहीं नज़र तक नहीं आ रहा है.

    इसके अलावा नज़रें नंदीग्राम पर भी टिकी हैं, जहां ममता बनर्जी अपने पूर्व सहयोगी और अब बीजेपी में जाकर उनके ख़िलाफ़ लड़े शुभेंदु अधिकारी से क़रीब आठ हज़ार वोटों से पीछे हैं.

    नंदीग्राम का संग्राम महत्वपूर्ण है क्योंकि तृणमूल कांग्रेस एक दशक पहले यहीं से उठी थी और अधिकारी परिवार ने भी तब के आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई थी. इसी आंदोलन की बदौलत ममता बनर्जी 2011 में 34 साल के लेफ्ट फ्रंट के शासन को उखाड़ सकी थीं.

    बहरहाल पश्चिम बंगाल का रण सबसे दिलचस्प बना हुआ है क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीजेपी को पछाड़कर तीसरी बार सत्ता की चाबी हासिल करने की उम्मीद में हैं. वहीं बीजेपी जिसने अपना मुख्यमंत्री का चेहरा सामने नहीं किया, वो विश्वास दिखाती रही है कि वो 200 से ज़्यादा सीटें जीतने में कामयाब रहेगी.

    पश्चिम बंगाल

    इमेज स्रोत, EC

  2. मतगणना के रुझानों में कांग्रेस को अब तक हर तरफ़ से निराशा

    कांग्रेस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाँच राज्यों में हो रही मतगणना के रुझानों से जो संकेत मिल रहे हैं, वो कांग्रेस के लिए निराशाजनक हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में अब तक 275 सीटों के रुझान आ गए हैं लेकिन कांग्रेस और सीपीएम के उम्मीदवार एक भी सीट पर आगे नहीं चल रहे हैं. बाद में कांग्रेस का एक उम्मीदवार आगे हुआ.

    टीएमसी ने अच्छी बढ़त बना ली है और वो 187 सीटों पर आगे चल रही है जबकि बीजेपी 84 सीटों पर आगे है.

    असम में भी कांग्रेस के लिए बुरी ख़बर है. असम में बीजेपी 56 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस महज़ 28 सीटों पर. तीसरे नंबर पर ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट है, जो 11 सीटों पर आगे चल रही है.

    केरल में हर पाँच साल पर सत्ता बदलती रही है और वहां कांग्रेस को उम्मीद थी कि सत्ता में लौटेगी लेकिन यहाँ भी निराशाजनक स्थिति है. केरल में कांग्रेस 24 सीट पर और सीपीएम 56 सीटों पर आगे चल रही है. इस बार केरल में हर पाँच साल पर सत्ता बदलने का ट्रेंड भी टूटता दिख रहा है.

    तमिलनाडु में विपक्षी डीएमके सत्ता में लौटने की तरफ़ बढ़ रही है जबकि कांग्रेस महज़ 10 सीटों पर आगे है. पुद्दुचेरी में कांग्रेस सत्ताधारी थी और वहां भी महज़ एक सीट पर ही आगे है.

    बंगाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, पश्चिम बंगाल में टीएमसी को रुझानों में अच्छी बढ़त

    ममता

    इमेज स्रोत, Getty Images

    निर्वाचन आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में 292 में से 263 सीटों के रुझान आए. सत्ताधारी टीएमसी 172 सीटों पर आगे चल रही है और बीजेपी 87 सीटों पर.

    कांग्रेस और वाम मोर्चा एक अब तक रुझानों में एक भी सीट पर आगे नहीं. हालांकि टीएमसी रुझानों में आगे चल रही है लेकिन ममता बनर्जी नंदीग्राम से पीछे चल रही हैं.

    बंगाल

    इमेज स्रोत, ECI

  4. उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के लिए मतगणना जारी

    पाँच राज्यों में विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच उत्तर प्रदेश में भी पंचायत चुनावों के लिए मतगणना हो रही है. प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और इस लिहाज़ से इस चुनाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

    हालाँकि कोरोना महामारी की वजह से चुनाव पर असर पड़ा और मतगणना होने को लेकर सवाल खड़े हो गए थे और मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा पहुँचा.

    सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद इन शर्तों के साथ मतगणना की अनुमति दे दी कि इस दौरान कोरोना दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा और मतगणना केंद्रों के आस-पास भीड़ नहीं होगी.

    मतगणना

    इमेज स्रोत, Samiratmaj Mishra

    कोरोना संकट काल को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों और पोलिंग बूथ पर तैनात कर्मचारियों को प्रोटोकॉल का पालन करने के सख़्त निर्देश दिए हैं.

    राज्य निर्वाचन आयुक्त की ओर से जारी एक आदेश में हर मतगणना केंद्र पर मेडिकल हेल्थ डेस्क का इंतज़ाम करने को कहा गया है.

    मतगणना

    इमेज स्रोत, समीरात्मज मिश्र

    75 ज़िलों में चार चरणों में संपन्न हुए पंचायत चुनाव जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों पदों के लिए हुए.

    चूंकि मतदान बैलेट पेपर से हुए हैं तो इस बात की पूरी संभावना है कि नतीजे आने में देरी है.

    मतगणना

    इमेज स्रोत, समीरात्मज मिश्र

    इस बीच कई जगहों से सोशल डिस्टेंसिंग की उपेक्षा होने की भी ख़बरे हैं.

    बुलंदशहर के मतगणना स्थल खुर्जा के जटिया इंटर कॉलेज में जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गईं. एजेंट बिना सोशल डिस्टनसिंग के ही लाइन में नज़र आए.

    हालांकि बाद में पुलिस ने परिस्थिति संभालते हुए प्रोटोकॉल का पालन करवाया.

    पंचायत चुनाव बीते कुछ दिनों से काफी सुर्खियों में रहे.

    उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बीच पंचायत चुनाव को लेकर शुरू से ही सवाल उठ रहे थे. लेकिन चुनाव ड्यूटी में लगे सैकड़ों शिक्षकों की कथित तौर पर कोरोना संक्रमण से हुई मौत के मामले ने इससे जुड़ी एक अलग ही बहस को जन्म दे दिया.

    प्राथमिक शिक्षक संघ ने राज्य निर्वाचन आयोग और यूपी के मुख्यमंत्री को चुनाव ड्यूटी में लगे 706 शिक्षकों की मौत की सूची सौंपते हुए दो मई को होने वाली मतगणना को रोकने की मांग की थी.

    वहीं दूसरी ओर विपक्षी पार्टियों ने मृतकों के परिजनों को मुआवज़ा देने की मांग की है तो कुछ लोग शिक्षक संघ के इस दावे पर सवाल भी उठा रहे थे.

    प्राथमिक शिक्षक संघ ने आरोप लगाया है कि ट्रेनिंग से लेकर मतदान तक राज्य निर्वाचन आयोग ने कोरोना गाइडलाइन्स का कहीं भी पालन नहीं कराया, जिससे हालात भयावह हो गए.

  5. पुद्दुचेरी में 30 में से 12 सीटों के रुझान

    केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी की 30 निर्वाचन क्षेत्रों में से 12 के रुझान हमारे सामने हैं.

    जिनमें ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस सबसे आगे यानी 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. बीजेपी तीन सीटों पर आगे है. कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है.

    पुद्दुचेरी

    इमेज स्रोत, EC

  6. तमिलनाडु में 187 सीटों के रुझान, डीएमके आगे

    तमिलनाडु के 234 निर्वाचन क्षेत्रों में से 187 के रुझान आ गए हैं. सत्ताधारी एआईएडीएमके लगातार पिछड़ रही है.

    एम के स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके 86 सीटों पर आगे है वहीं मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके 75 सीटों पर आगे है.

    अभिनेता से नेता बने कमल हासन की पार्टी मक्कल नीधि मय्यमसिर्फ एक सीट पर आगे है.

    तमिलनाडु

    इमेज स्रोत, EC

  7. असम में 85 सीटों के रुझान, बीजेपी 43 पर आगे

    असम की 126 सीटों में से 85 के रुझान सामने आ गए हैं. बीजेपी सबसे आगे चल रही है, कांग्रेस दूसरे नंबर पर बनी हुई है.

    रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 43 सीटों पर आगे है और कांग्रेस 16 सीटों पर आगे है. वहीं असम गण परिषद 11 सीटों पर आगे चल रही है.

    असम

    इमेज स्रोत, EC

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, नंदीग्राम में ममता बनर्जी शुरुआती रुझानों में शुभेंदु अधिकारी से पीछे

    ममता

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पश्चिम बंगाल की हाई प्रोफ़ाइल सीट नंदीग्राम के शुरुआती रुझान में बीजपी के शुभेंदु अधिकारी से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछड़ गई हैं. शुभेंदु अधिकारी पहले टीएमसी में ही थे और ममता बनर्जी के सबसे ख़ास लोगों में से एक थे. लेकिन अब वे बीजेपी में हैं और नंदीग्राम से ममता को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले शुभेंदु अधिकारी 1497 मतों से आगे चल रहे थे लेकिन अब फासला बढ़ता जा रहा है. शुभेंदु अधिकारी अब लगभग पाँच हज़ार मतों से आगे चल रहे हैं.

    ममता

    इमेज स्रोत, ECI

  9. पश्चिम बंगाल: पीपीई किट में मतगणना एजेंट

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    कोरोना के ख़तरे के बीच पश्चिम बंगाल समेत 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव की मतगणना जारी है. लेकिन जो कर्मी मतगणना के काम में लगे हैं, उन्हें संक्रमण का डर सबसे ज़्यादा है.

    इसे देखते हुए मतगणना केंद्रों पर ख़ास इंतज़ाम भी किए गए. सोशल डिस्टेंसिंग, सैनेटाइज़ेशन और रेपिड एंटिजन टेस्ट की रिपोर्ट जैसी एहतियात बरती गई है. कई केंद्रों पर मतगणना एजेंट पीपीई किट पहने नज़र आए.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  10. शुरुआती रुझान में पश्चिम बंगाल में सात पर टीएमसी और तीन पर बीजेपी आगे

    चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में 10 सीटों के रुझान आए. सात पर तृणमूल कांग्रेस आगे और तीन पर भारतीय जनता पार्टी.

    चुनाव आयोग

    इमेज स्रोत, ECI

  11. ममता और बीजेपी में कांटे की टक्कर

    शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल में ममता और बीजेपी के बीच काँटे की टक्कर दिख रही है. तमिलनाडु में डीएमके की बढ़त है जबकि केरल में एलडीए और असम में बीजेपी की.

    चुनाव आयोग

    इमेज स्रोत, ECI

  12. पश्चिम बंगाल में अभी पोस्टल बैलेट की गिनती

    पश्चिम बंगाल में अभी पोस्ट बैलेट की गिनती चल रही है. पोस्टल बैलेट में भी बीजेपी और टीएमसी के बीच काँटे की टक्कर है. पोस्टल बैलेट में किसी के आगे और पीछे होने से जीत या हार का अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता.

  13. केरल विधानसभा चुनाव परिणाम: देखिए मतगणना का ताज़ा रुझान

  14. असम विधानसभा चुनाव: देखिए मतगणना का ताज़ा रुझान

  15. पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव परिणाम: देखिए मतगणना का ताज़ा रुझान

  16. तमिलनाडु चुनाव परिणाम: देखिए मतगणना के रुझानों में कौन आगे, कौन पीछे

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, पश्चिम बंगाल में बीजेपी शुरुआती रुझानों में आगे- सीवोटर

    सी-वोटर के अनुसार शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल में बीजेपी दो सीटों पर आगे और टीएमसी एक सीट पर. बीजेपी पश्चिम बंगाल में 2019 के लोकसभा चुनाव से बड़ी ताक़त बनकर उभरी है और ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर दे रही है.

  18. कोरोना महामारी के बीच पाँच राज्यों में मतगणना, क्या होने जा रहे बड़े उलटफेर?

    विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोरोना महामारी के बीच हुए चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 822 विधानसभा सीटों पर चुनाव की मतगणना आज आठ बजे से शुरू होने जा रही है.

    भारत जब कोरोना महामारी में बुरी तरह से जकड़ा हुआ है और हर दिन हज़ारों लोग इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं तब मतगणना शुरू होने जा रही है. भारत के निर्वाचन आयोग की तीखी आलोचना हो रही है कि उसने महामारी के बीच बड़ी रैलियों के आयोजन की अनुमति दी. मद्रास हाई कोर्ट ने तो यहाँ तक कह दिया कि चुनाव आयोग पर हत्या का मुक़दमा दर्ज किया जाना चाहिए.

    वीडियो कैप्शन, मिथुन चक्रवर्ती ने खुद को 'मोदी भक्त' बोले जाने पर क्या कहा?

    पश्चिम बंगाल

    पश्चिम बंगाल में मतदान आठ चरणों में 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच हुआ. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी ने राज्य में बहुत ही आक्रामक चुनावी कैंपेन चलाए. ममता बनर्जी तीसरी बार सत्ता में पहुँचने के लिए पूरे दमखम के साथ लगी रहीं तो बीजेपी ने टीएमसी को कड़ी चुनौती दी.

    29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में आख़िरी चरण का मतदान ख़त्म होने के बाद एग्ज़िट पोल जारी किया गया. अलग-अलग एग्ज़िट पोल के नतीजों में अनुमान लगाया गया है कि ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री बन सकती हैं लेकिन चुनावी नतीजा टीएमसी और बीजेपी में बहुत क़रीबी का रहेगा.

    एग्ज़िट पोल के अनुसार वाम-कांग्रेस और इंडियन सेक्युलर फ्रंट गठबंधन मामूली सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रहेगा. बीजेपी को 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 294 में से महज़ तीन सीटों पर जीत मिली थी जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की कुल 42 लोकसभा सीटों में 18 पर शानदार जीत मिली थी.

    पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए कुल 294 विधानसभा सीटों में से आधी से ज़्यादा यानी 147 सीटों से ज़्यादा सीटों पर जीत ज़रूरी होगी. हालांकि मतगणना 292 सीटों पर ही होगी. मुर्शिदाबाद की दो सीटों पर दो उम्मीदवारों की कोरोना से मृत्यु के कारण मतदान रोकना पड़ा था. टीएमसी और बीजेपी दोनों जीत का दावा कर रही हैं.

    वीडियो कैप्शन, बंगाल चुनाव: स्वपन दासगुप्ता मुस्लिमों, बीफ और ममता बनर्जी पर क्या बोले?

    पश्चिम बंगाल के बाद सबकी नज़रें असम, केरल, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी पर है.

    तमिलनाडु में एग्ज़िट पोल के अनुमान के मुताबिक़ विपक्षी डीएमके को जबर्दस्त जीत मिल सकती है. करुणानिधि की मौत के बाद 62 साल के स्टालिन डीएमके के सबसे बड़े नेता के तौर पर उभरे हैं.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके को एग्ज़िट पोल में पिछड़ने का अनुमान लगाया गया है. तमिलनाडु में पहली बार वहाँ के दोनों दिग्गज नेता करुणानिधि और जयललिता के बिना चुनाव हो हुआ है. रविवार को तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा के लिए कुल 4,218 उम्मीदवारों की किस्मत का फ़ैसला होना है. तमिलनाडु में इस बार अभिनेता से नेता बने कमल हासन की पार्टी भी चुनावी मैदान में थी.

    केरल में मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के नेतृत्व वाला लेफ़्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी एलडीएफ़ के सत्ता में बने रहने की बात कही जा रही है. ऐसा तब है जब केरल में दशकों से हर पाँच साल के बाद सरकार बदलती रही है. हालांकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूनाइडेट डेमोक्रेटिक फ़्रंट भी पूरे आत्मविश्वास के साथ जीत का दावा कर रही है. केरल में पिछले 40 सालों से हर पाँच साल पर सरकार बदलती रही है.

    वीडियो कैप्शन, बंगाल चुनाव: पीएम मोदी की रैलियां दूसरी रैलियों से अलग क्यों दिखती हैं?

    असम में एग्ज़िट पोल के अनुमान के मुताबिक़ बीजेपी सत्ता में बनी रह सकती है. असम में कुल 126 सीटों पर कांग्रेस बड़े गठबंधन के साथ उतरी है लेकिन एग्ज़िट पोल में जीत का अनुमान बीजेपी के पक्ष में है. बीजेपी नेता हिमंता बिस्वा सरमा का कहना है कि उनकी पार्टी को 100 सीटों पर जीत मिलेगी. वहीं कांग्रेस नेता गौरव गोगोई दावा कर रहे हैं कि एग्ज़िट पोल सच नहीं होगा.

    पुद्दुचेरी में भी 30 सीटों के लिए मतगणना होगी. यहाँ एनआर कांग्रेस के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस की जीत की बात कही जा रही है. सत्ताधारी कांग्रेस की हार का अनुमान लगाया गया है.

    बंगाल में मतदान आठ चरणों, असम में तीन चरणों और केरल, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी में एक दिन में ही मतदान संपन्न कराए गए थे. निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस बार पाँचों राज्यों में लगभग दोगुने मतगणना केंद्र बनाए गए हैं ताकि कोरोना को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा सके.

    मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

  19. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत हैं. हम इस लाइव पेज में पाँच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझान से आपको अवगत कराएंगे.