You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राहुल गांधी ने कहा- ऑक्सीजन, बेड और श्मशान के लिए भी लाइनें, मोदी हैं ज़िम्मेदार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए ख़ास इंटरव्यू में कहा है कि भारत में कोविड-19 महामारी की गंभीरता और लाइनों को देखकर पूरी दुनिया हिल गई है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, गुजरात के भरूच में आग लगने से 18 कोविड मरीज़ों की मौत

    गुजरात के भरूच में शनिवार सुबह एक अस्पताल में आग लगने से कम से कम 18 कोविड मरीज़ों की मौत हो गई है.

    अस्पताल में आग लगने की तस्वीरें भयावह हैं. चार मंजिला अस्पताल में जब आग लगी तो 50 मरीज़ मौजूद थे. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार आग रात में एक बजे के आसपास लगी. बाक़ी के मरीज़ों को स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों की मदद से निकाला गया.

    एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि सुबह 6.30 तक मरने वालों की संख्या 18 थी. इससे पहले 12 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी.

    भरूच के एसपी राजेद्रसिंह चुडासामा ने कहा कि 12 मरीज़ों की मौत दम घुटने से हुई है. उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि बाक़ी 6 लोगों की भी मौत हुई है या उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में शिफ़्ट किया गया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को लेकर दुख जताया है और पीड़िता परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

  2. अमेरिका ने चार मई से भारत से यात्रा पर लगाया प्रतिबंध, ये हैं नियम

    भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए अमेरिका ने चार मई से भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का फ़ैसला किया है.

    भारत में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और एक दिन में चार लाख से ज़्यादा मामले सामने आ चुके हैं.

    यहाँ पिछले एक हफ़्ते में ही दस लाख से ज़्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है. भारत में अब तक कोरोना वायरस के कुल 1,91,63,488 मामले सामने आए हैं और 2,11,778 मौतें हो चुकी हैं.

    सरकार के कोरोना को लेकर लगाए प्रतिबंधों में ढील देने, पूरी आबादी के टीकाकरण में समय लगने और वायरस के नए वैरिएंट के आने से भारत में कोरोना के मामलों में ये बढ़ोतरी आई है.

    फ़िलहाल अमेरिका ने भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का फ़ैसला किया है, जिससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां इस प्रकार हैं-

    कब से शुरू होगा यात्रा प्रतिबंध

    यात्रा प्रतिबंध की शुरुआत चार मई से होगी. जिन लोगों को छूट दी जाएगी उन्हें प्रतिबंध के बाद भी अमेरिका जाने की अनुमति होगी. फ़िलहाल ये यात्रा प्रतिबंध अनिश्चितकाल के लिए है जब तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इसे हटाने का फ़ैसला नहीं करते.

    यात्रा प्रतिबंध से छूट

    इस यात्रा प्रतिबंध से कुछ लोगों को छूट गई है जिनमें अमेरिकी नागरिक या स्थायी निवासी और उनके पति या पत्नी शामिल हैं.

    अमेरिकी प्रशासन के मुताबिक़ कुछ और लोगों को भी अपवाद की श्रेणी में रखा गया है जैसे मानवाधिकार कार्यकर्ता या शोधकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी जिनका काम सीधे तौर पर कोरोना वायरस से जुड़ा है.

    जो अन्य यात्री अमेरिका आने से पहले 14 दिनों तक भारत में रहे हैं उन पर भी यात्रा प्रतिबंध लागू होगा.

    अमेरिका पहुंचने वालों के लिए नियम

    जिन लोगों को यात्रा प्रतिबंध से छूट दी गई है उन्हें अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए तय अन्य अमेरिकी नियमों का पालन करना होगा.

    सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक़ भारत से अमेरिका आने वाले हर यात्री को कोरोना वायरस की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य है.

    ये रिपोर्ट अमेरिका पहुंचने से तीन दिन से ज़्यादा पहले की नहीं होनी चाहिए. आपने वैक्सीन लगवाई है या नहीं, इसमें ये मायने नहीं रखेगा.

    यात्रियों को अमेरिका पहुंचने के तीन से पाँच दिनों के बाद एक और टेस्ट कराना होगा और ख़ुद को क्वारंटीन करना होगा.

    भारत-अमेरिका के बीच चलने वालीं फ्लाइट्स

    केवल यूनाइटेड एयरलाइंस होल्डिंग्स इंक और एयर इंडिया ही अमेरिका और भारत के बीच नॉनस्टॉप फ्लाइट उपलब्ध करा रही हैं.

    उड़ान संबंधी आँकड़े देने वाली वेबसाइट सीरियम के मुताबिक़ यूनाइटेड एयरलाइंस दोनों देशों के बीच हर दिन चार उड़ाने भर रही है. एयर इंडिया की अप्रैल में हर दिन तीन या छह उड़ानें रही हैं.

    अगर पहले से है फ्लाइट बुक

    भले ही आपका टिकट पहले से बुक है लेकिन अगर आप यात्रा प्रतिबंध के दायरे में आते हैं तो आपको चार मई से अमेरिका में प्रवेश करने की इजाज़त नहीं होगी.

    यूनाइटेड एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन नए प्रतिबंधों का पालन करेगी और प्रतिबंध के तहत आने वाले जिन लोगों ने पहले ही टिकट बुक करा ली है उन्हें रिफंड देगी.

    किन-किन देशों ने लगाया यात्रा प्रतिबंध

    कई और देशों ने भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए यात्रा प्रतिबंध लगाया है. इनमें ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं.

    कई और देशों की सरकारों ने अपने यात्रियों को भारत की यात्रा ना करने की सलाह दी है या भारत से आने वालों के लिए क्वारंटीन के नियम कड़े कर दिए हैं.

    भारत से अमेरिका जाने वालों की संख्या

    नेशनल ट्रैवल एंड टूरिज़्म ऑफ़िस के मुताबिक साल 2019 में भारत में रहने वाले 15 लाख लोगों ने अमेरिका की यात्रा की थी.

    क्या अन्य देशों पर भी लगा प्रतिबंध

    अमेरिका महामारी की शुरुआत से ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, आयरलैंड, ब्राज़ील, दक्षिण अफ़्रीका, चीन और ईरान से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा चुका है.

    अमेरिका ने हाल ही में कुछ अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंट्स, शिक्षाविद और पत्रकारों के लिए यात्रा प्रतिबंधों में राहत दी थी.

  3. कोरोना कहर: भारत में कल चार लाख से ज़्यादा लोग आए चपेट में

    भारत में एक दिन में (30 अप्रैल रात 11 बजे तक) कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल 4,08,323 नए मामले सामने आए हैं. वहीं, 3,464 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है.

    भारत विश्व का पहला ऐसा देश बन गया है जहाँ कोरोना वायरस से संक्रमण के एक दिन में चार लाख से ज़्यादा मामले सामने आए हों.

    राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 62,919, कर्नाटक में 48,296 और केरल में 37,199 मामले आए हैं.

    महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों का आँकड़ा 828, दिल्ली में 375 और उत्तर प्रदेश में 332 रहा.

    भारत में अब तक कोरोना वायरस के कुल 1,91,63,488 मामले सामने आ चुके हैं और 2,11,778 मौतें हो चुकी हैं.

    इन आँकड़ों में लद्दाख में आए मामले और वहाँ हुई मौतें शामिल नहीं हैं.

    30 अप्रैल तक 2,97,488 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं और ठीक होने वालों की कुल संख्या 1,56,71,536 तक पहुँच गई है.

    देश में बड़े स्तर पर कोरोना टेस्टिंग भी चल रही है. 29 अप्रैल को 19,20,107 सैंपल लिए गए (जिनके नतीजे 30 अप्रैल को आए). ये पहली बार था जब 19 लाख से ज़्यादा सैंपल टेस्ट किए गए हों.

    इससे पहले 28 अप्रैल को 17.68 लाख सैंपल टेस्ट किए गए थे. भारत में 29 अप्रैल तक कुल 28.64 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं.

    भारत में चल रहे टीकाकरण अभियान की बात करें तो पिछले 24 घंटे (30 अप्रैल सुबह 7 बचे तक) में 22.24 लाख टीके लगाए गए हैं.

    इससे पहले एक दिन में जितने टीके लगाए गए थे उनके मुक़ाबले 31,267 डोज़ ज़्यादा दी गई हैं.

    आँकड़ों के मुताबिक़ अप्रैल के दूसरे सप्ताह में पहले सप्ताह के मुक़ाबले एक दिन में होने वाले टीकाकरण की दर में कमी आई है.

    एक से 14 अप्रैल तक भारत में औसतन रोज़ाना कोरोना वायरस के टीके की 35.26 लाख डोज़ दी गई थीं जबकि 15 से 29 अप्रैल तक ये आँकड़ा 25.16 लाख रहा है.

    भारत में 30 अप्रैल सुबह सात बजे तक कोरोना वायरस के कुल 15,00,20,648 टीके लगाए जा चुके हैं.

    अवर वर्ल्ड इन डेटा के मुताबिक़ भारत में दुनियाभर में रोज़ाना औसतन कोरोना के सबसे ज़्यादा मामले सामने आ रहे हैं.

    28 अप्रैल को भारत में ये आँकड़ा 3.49 लाख था. वहीं, अमेरिका में फ़िलहाल रोज़ाना औसतन 52,679, फ्रांस में 27,250, जर्मनी में 20,788 और कनाडा में 7,980 मामले आए हैं.

  4. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर भारत में जारी कोरोना महामारी और देश-दुनिया के सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.