You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना: दिल्ली में 24 घंटे में 357 मौतें, 24,103 नए मामले
राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण से अभी तक कुल 13,898 लोग दम तोड़ चुके हैं और अभी भी कई मरीज़ अपनी ज़िंदगी की सबसे बड़ी जंग लड़ रहे हैं.
लाइव कवरेज
कोरोना संकट: दिल्ली में ऑक्सीजन के लिए त्राहि-त्राहि करते आम लोग
कोरोना: दिल्ली में 24 घंटे में 357 मौतें, 24,103 नए मामले
सरकार की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 24,103 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 357 लोगों ने दम तोड़ा है.
इस दौरान कुल 22,695 कोरोना मरीज़ ठीक भी हुए हैं जिन्हें अस्पतालों से छुट्टी मिल गई है. राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण से अभी तक कुल 13,898 लोग दम तोड़ चुके हैं.
छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में जहां 16,731 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज़ों की पहचान हुई, वहीं 205 लोगों ने दम भी तोड़ा है.
पश्चिम बंगाल में भी नए संक्रमितों की तादाद रिकॉर्ड 14 हजार के पार पहुंच गई है जहां बीते 24 घंटे में 59 मरीज़ों की मौत हुई है.
RSS ने चेताया, भारत विरोधी शक्तियां कोरोना संकट का लाभ उठा सकती हैं
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत में कोरोना महामारी की वजह से पैदा हुए हालात पर चिंता जताते हुए भारत विरोधी शक्तियों के प्रति आगाह किया है.
उन्होंने कहा है, ''यह भी संभव है कि समाज विघातक एवं भारत विरोधी शक्तियाँ इस गंभीर परिस्थिति का लाभ उठाकर देश में नकारात्मकता एवं अविश्वास का वातावरण खड़ा कर सकती हैं. देशवासियों को अपने सकारात्मक प्रयासों के साथ इन शक्तियों के षड्यंत्रों के प्रति भी सजग रहना होगा.''
उन्होंने कहा, ''राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, स्वयंसेवकों सहित समाज के सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा सेवा संस्थाओं, उद्योगों एवं व्यावसायिक संस्थानों आदि क्षेत्रों के बंधुओं से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता है कि समस्या के निराकरण हेतु तत्परता एवं सेवाभाव से जुटकर किसी भी प्रकार के अभाव को दूर करने का हर संभव प्रयास करें.''
भारत बायोटेक ने राज्य सरकारों और प्राइवेट अस्पतालों के लिए अपनी वैक्सीन के दाम तय किए
भारत बायोटेक ने राज्य सरकारों और प्राइवेट अस्पतालों के लिए अपनी कोवैक्सीन के दाम की घोषणा कर दी है.
एक ट्वीट में भारत बायोटेक ने जानकारी दी है कि राज्य सरकारों के लिए कोवैक्सीन के एक डोज़ का दाम 600 रूपये तय किया गया है.
इसी तरह प्राइवेट अस्पतालों के लिए कोवैक्सीन के डोज़ की कीमत 1200 रूपये निर्धारित की गई है.
इतना ही नहीं, वैक्सीन निर्यात के लिए एक डोज़ की मूल्य 15 से 20 अमरीकी डॉलर तय किया गया है.
इससे पहले, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया (सीआईआई) ने राज्य सरकारों के लिए अपनी वैक्सीन के एक डोज़ की क़ीमत 400 रुपये और प्राइवेट अस्पतालों के लिए 600 रुपए रखने की घोषणा की थी.
दिल्ली को उसके कोटे से अधिक ऑक्सीजन दी गई, वह इसका ढंग से इस्तेमाल करे: डॉक्टर हर्षवर्धन
दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी के मसले पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने जितनी मांग की थी उससे अधिक ऑक्सीजन का कोटा उन्हें दिया गया है और अब यह उन पर है कि वह इसका किस तरह निर्धारण करते हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, स्वास्थ्य मंत्री ने यह बात सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल के दौरे के दौरान कही. कोविड-19 को समर्पित यह अस्पताल अगले सप्ताह से काम करने लगेगा.
इस दौरान उन्होंने कहा, “भारत में ऑक्सीजन के उत्पादन के हिसाब से हर राज्य को उसके कोटे के हिसाब से ऑक्सीजन दी गई है. यहां तक कि दिल्ली को उसके मांगे गए कोटे से अधिक ऑक्सीजन दी गई है और दिल्ली के मुख्यमंत्री ने इसके लिए कल प्रधानमंत्री का शुक्रिया भी किया था.”
“अब व्यवस्थित तरीक़े से कोटा बांटने पर राजधानी की सरकार को प्लान बनाना चाहिए.”
डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली को यह भरोसा भी दिलाया है कि ऑक्सीजन के परिवहन में कोई रुकावट नहीं आएगी.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि ऑक्सीजन के परिवहन में जो बाधा डालता है उसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उत्तराखंड: सुमना में मरने वाले मज़दूरों की संख्या बढ़कर हुई दस, सेना ने की पुष्टि
शहबाज़ अनवर
बीबीसी हिंदी के लिए
उत्तराखंड में भारत-चीन सीमा पर सुमना में शुक्रवार को ग्लेशियर फटने की घटना में सेना अब तक दस मज़दूरों के शवों को बरामद कर चुकी है.
आठ मज़दूर अभी भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है.
सेना में ब्रिगेडियर कृशानु शाह ने कहा, "384 ज़िंदा मज़दूरों को उन्होंने बर्फ के अंदर से निकाला है.दुख की बात ये है कि दस शव भी बरामद हुए हैं.ऑडिट किया गया तो उसमें मालूम पड़ा कि आठ मज़दूर अभी भी लापता हैं.उनकी तलाश जारी है.रेस्क्यू किया जा रहा है."
उन्होंने आगे कहा, "वहां कुल दो लेबर कैम्प थे जिनमें अलग-अलग 402 मज़दूर थे. एक कैम्प के सभी मज़दूरों को बचा लिया गया है."
उधर, शनिवार सुबह को उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने प्रभावित क्षेत्र का हवाई जायज़ा लिया था और बचाव और राहत कार्य के लिए निर्देश दिए थे.
केरल के पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन को एम्स में शिफ़्ट करने के लिए याचिका
केरल यूनियन ऑफ़ वर्किंग जर्नलिस्ट (KUWJ) ने पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन को मथुरा अस्पताल से एम्स में शिफ़्ट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में हेबियस कॉर्पस रिट पिटिशन दायर की है.
याचिका में KUWJ ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि कप्पन इस समय मथुरा के केएम मेडिकल कॉलेज में हैं जहां ख़राब स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण उनकी ज़िंदगी को ख़तरा है और उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल में शिफ़्ट किया जाना चाहिए.
कप्पन बीते 15 सालों से डायबटीज़ के साथ-साथ हाई ब्लड प्रेशर और कॉलेस्ट्रॉल के मरीज़ हैं.
याचिका में सर्वोच्च न्यायालय से कहा गया है कि मथुरा जेल में जिस तरह से खाना तैयार हो रहा था उसे खाकर वो उल्टी कर दिया करते थे, इस कारण उनकी हालत ख़राब होती चली गई और 20 अप्रैल 2021 को वो बाथरूम में गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आई थीं.
पिछले साल हाथरस में दलित लड़की से गैंगरेप की घटना को कवर करने जा रहे केरल के पत्रकार को यूपी पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया था.
पुलिस का आरोप था कि हाथरस में कथित गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद अभियुक्त को जाति आधारित दंगे भड़काने के लिए विदेश से पैसा मिला था.
अप्रैल की शुरुआत में सिद्दीक़ कप्पन समेत आठ लोगों के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश पुलिस ने 5,000 पन्नों की चार्जशीट मथुरा कोर्ट में दायर की थी.
कोरोना संकट: दिल्ली में ऑक्सीजन के लिए त्राहि-त्राहि करते आम लोग
"ऑक्सीजन, ऑक्सीजन, क्या आप मुझे ऑक्सीजन दिलवा सकते हैं?"
आज सवेरे जब फ़ोन की घंटी से मेरी आंख खुली तो दूसरी तरफ़ से घबराई आवाज़ में एक स्कूल टीचर ने मुझसे यही कहा.
उनके 46 वर्षीय पति दिल्ली के एक अस्पताल में कोरोना से जूझ रहे हैं और हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की किल्लत थी.
मैंने खुद से कहा, हम फिर उसी मोड़ पर आकर खड़े हो गए हैं.
इस शहर में ज़िंदगी हर रोज़ क्या-क्या रंग दिखा रही है, जहां सांस लेना भी बहुत से लोगों के लिए ख़ुशकिस्मती की बात हो गई है.
सीबीआई ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के ख़िलाफ़ दर्ज की एफ़आईआर
सीबीआई ने शनिवार को महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के ख़िलाफ़ कथित रिश्वत मामले में एफ़आईआर दर्ज की.
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा उनके गृहनगर नागपुर और मुंबई में कई जगहों पर तलाशी भी ली गई है.
एनसीपी नेता ने नागपुर में पत्रकारों को बताया कि उन्होंने अपने घर पर इस तलाशी में सहयोग किया है.
अधिकारियों का कहना है कि बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद उनके ख़िलाफ़ जांच एजेंसी यह शुरुआती जांच कर रही है. मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने देशमुख पर रिश्वत के आरोप लगाए थे जिसके बाद हाईकोर्ट ने यह आदेश जारी किया था.
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पहली नज़र में सीबीआई को ऐसी सामग्रियां मिलीं जिसके बाद देशमुख के ख़िलाफ़ एक रेगुलर केस दर्ज करके औपचारिक जांच शुरू की जा सकती है.
केस रजिस्टर करने के बाद सीबीआई ने देशमुख से जुड़े मुंबई, नागपुर के अलावा अन्य स्थानों पर छापेमारी की.
25 मार्च को परमबीर सिंह ने आपराधिक जनहित याचिका दायर करके देशमुख के ख़िलाफ़ सीबीआई जांच की मांग की थी.
उनका दावा था कि देशमुख ने निलंबित पुलिस अफ़सर सचिन वाज़े समेत पुलिस अफ़सरों को बार और रेस्टॉरेंट से कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की उगाही करने के लिए कहा था.
कोरोना संक्रमण की सूनामी के बीच सरकार ने कोविड वैक्सीन और ऑक्सीजन पर इम्पोर्ट ड्यूटी ख़त्म की
शनिवार को भारत सरकार ने कोविड वैक्सीन, मेडिकल ऑक्सीजन और इससे जुड़े उपकरणों की विदेश से खरीद पर इम्पोर्ट ड्यूटी ख़त्म कर दी है. इस बीच लगातार तीसरे दिन देश में कोरोना संक्रमण के मामले रिकॉर्ड संख्या में दर्ज किए गए हैं.
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने कस्टम अधिकारियों को कोविड के इलाज के लिए विदेशों से आ रही सप्लाई को प्राथमिकता के आधार पर मंज़ूरी देने का निर्देश दिया है.
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि कोविड वैक्सीन, ऑक्सीजन और इससे जुड़े यंत्रों पर कस्टम ड्यूटी और हेल्थ सेस अगले तीन महीनों के लिए ख़त्म कर दिया गया है.
कोविड वैक्सीन पर दस फीसदी कस्टम ड्यूटी लगती थी जबकि मेडिकल ऑक्सीजन पर पांच फीसदी की दर से लागू था. वित्त मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक मीटिंग के बाद इम्पोर्ट ड्यूटी में छूट देने का फ़ैसला लिया गया है.
शनिवार को देश में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 346,786 नए मामले रिपोर्ट किए गए. इसके साथ ही देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1.66 करोड़ हो गई है. शनिवार को 2624 लोगों की मौत के साथ इस महामारी के कारण मरने वालों का कुल आंकड़ा 189,544 हो गया.
कानपुर: कोरोना से सरकारी आंकड़ों में कुछ ही मौतें दर्ज, श्मशान घाट पर जगह नहीं
कानपुर में गुरुवार को सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या तीन थी जबकि एक स्थानीय अख़बार ने दावा किया कि उस दिन शहर के विभिन्न श्मशान घाटों पर 476 शव जले, जिनमें बड़ी संख्या में उन लोगों के शव थे जिनकी मौत कोरोना संक्रमण से हुई.
सरकारी आंकड़ों में अगले दिन यानी शुक्रवार को भी कोरोना संक्रमण से मृतकों की संख्या 6 बताई गई जबकि श्मशान घाटों की स्थिति यह है कि वहां रात दिन चिताएं जल रही हैं और ज़्यादातर मौतें कोरोना संक्रमण की वजह से बताई जा रही हैं.
कानपुर के अस्पतालों में वैसे ही कोरोना मरीज़ों के लिए जगह की किल्लत है जैसे राज्य के अन्य शहरों में और ऑक्सीजन के लिए वैसे ही हाहाकार मचा हुआ है जैसे पूरे देश में.
यहां तक कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को भी दवाइयां और ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही हैं और लोग होम आइसोलेशन में भी मर रहे हैं.
बीबीसी इंडिया बोल, 24 अप्रैल 2021,कोरोना से बिगड़ते हालात में लोग क्या करें?
बीबीसी इंडिया बोल, 24 अप्रैल 2021. देशभर में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की कमी की ख़बरें हर तरफ़ से आ रही हैं. दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, यूपी और पंजाब जैसे राज्यों की स्थिति कहीं ज़्यादा ख़राब है. इन बिगड़ते हालात के बीच लोग कहां जाएं, क्या करें? बीबीसी इंडिया बोल में आज इसी विषय पर चर्चा सुनिए.
ब्रेकिंग न्यूज़, पंजाब ने ऑक्सीजन के लिए स्टील और लोहे के प्लांट में उत्पादन बंद किया
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को राज्य के आयरन और स्टील इंडस्ट्री में काम रोकने और इनकी जगहों पर ऑक्सीजन को मेडिकल ज़रूरतों में इस्तेमाल करने को कहा है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, इसके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऑक्सीजन संकट से निपटने के लिए राज्य और ज़िला स्तर पर तुरंत ऑक्सीजन कंट्रोल रूम स्थापित करने के लिए कहा है.
अमृतसर में शनिवार सुबह ऑक्सीजन की कमी के कारण छह मरीज़ों की मौत की ख़बर है.
पंजाब में कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी की ख़बरें हैं. साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि पंजाब को केंद्र द्वारा जितने ऑक्सीजन का कोटा निर्धारित किया गया है वह कम है.
पंजाब के मुख्यमंत्री ने केंद्र के सामने इस मुद्दे को उठाते हुए ऑक्सीजन का कोटा बढ़ाने की मांग की है.
लोहे और स्टील प्लांट उद्योग को बंद करने के आदेश पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि वो इसके बारे में जल्द ही केंद्र सरकार को सूचित करेंगे.
चुनावी रैलियों से क्या भारत में कोरोना संक्रमण बढ़ा है?
एक तरफ़ भारत कोरोना संक्रमण के बेतहाशा बढ़ते मामलों से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ़ भारतीय स्वास्थ्य तंत्र ख़ुद को बचाए रखने के लिए संघर्ष कर रहा है.
कुछ लोगों का मानना है कि कोविड-19 के मामलों में अचानक रिकॉर्ड तेज़ी के लिए वो राजनीतिक पार्टियाँ ज़िम्मेदार हैं, जिन्होंने ख़तरों के बावजूद विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र भीड़भाड़ वाली रैलियाँ करने में कोई झिझक नहीं दिखाई.
हालाँकि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों और राजनीतिक रैलियों के बीच कोई संबंध नहीं है. बीजेपी नेता डॉक्टर विजय चौथाइवाले ने बीबीसी से कहा, "संक्रमण के बढ़ते मामलों का धार्मिक या राजनीतिक वजहों से जुटी भीड़ से कोई वास्ता नहीं है."
भारत में संक्रमण की स्थिति
सितंबर 2020 से भारत में कोविड-19 संक्रमण के मामले धीरे-धीरे ही सही मगर कम होने लगे थे लेकिन फिर फ़रवरी 2021 से इनमें तेज़ी आनी शुरू हो गई.
सुप्रीम कोर्ट के 48वें मुख्य न्यायधीश बने जस्टिस रमन्ना को जानिए
जस्टिस नाथुलापति वेंकट रमन्ना ने सुप्रीम कोर्ट के नए मुख्य न्यायधीश के रूप में शनिवार को शपथ ले ली है. वो देश के 48वें मुख्य न्यायधीश बन गए हैं.
उनसे पहले मुख्य न्यायधीश रहे जस्टिस एसए बोबड़े का कार्यकाल शनिवार को ख़त्म हो गया है.
जस्टिस रमन्ना खेती-किसानी करने वाले परिवार से हैं और साहित्य में उनकी दिलचस्पी है.
जस्टिस रमन्ना 65 साल की उम्र होने तक, 26 अगस्त 2022 तक सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश के रूप में काम करेंगे.
कौन हैं जस्टिस एनवी रमन्ना?
जस्टिस रमन्ना का जन्म 27 अगस्त 1957 को अविभाजित आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के पोन्नावरम के एक किसान परिवार में हुआ था. 1970 से 1980 तक दो साल तक उन्होंने एनाडु अख़बार के लिए राजनीति और क़ानूनों मामलों के पत्रकार के तौर पर काम किया.
कोरोना का नया वैरिएंट भारत में इतना ख़तरनाक क्यों?
भारत में कोरोना का नया वैरिएंट क्या दूसरी लहर को कहीं ज़्यादा ख़तरनाक बना रहा है? क्या यह दुनिया भर में फैल रहा है और क्या यह वैश्विक ख़तरा बन चुका है?
भारतीय वैज्ञानिक फ़िलहाल इस बात को लेकर निश्चिंत नहीं हैं कि कथित डबल म्यूटैंट वायरस, जिसे आधिकारिक तौर पर बी.1.617 कहा जा रहा है, उसकी वजह से संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं.
इसकी एक वजह तो यही है कि अभी भारत में पर्याप्त जीनोम सीक्वेंस के लिए सैंपल एकत्रित नहीं हो पाए हैं. हालांकि महाराष्ट्र में एकत्रित किए गए सीमित सैंपल में से 61 फीसदी मामलों में यह वैरिएंट पाया गया है.
जयपुर गोल्डन हॉस्पिटल जैसे हालात क्या दिल्ली के अधिकतर अस्पतालों में हैं?
भारत की राजधानी दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी से हाहाकार मचा हुआ है और इसका अंत कब होगा ये पता नहीं है.
अस्पताल के भीतर और बाहर कोरोना वायरस के मरीज़ ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ रहे हैं और हर तरफ़ डर फैला हुआ है.
अस्पताल ऑक्सीजन के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं, अदालत, मीडिया का दरवाज़ा खटखटा रहे हैं.
उधर, जिनके प्रियजनों के जीवन की डोर ऑक्सीजन सिलेंडर की डोर से बंधी है, वो पैसे की परवाह न करते हुए ब्लैक मार्केट के चक्कर काट रहे हैं.
देश और दिल्ली में लगातार बिगड़ती स्थिति
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते चौबीस घंटों में कोरोना संक्रमण के 3,46,756 मामले दर्ज किए गए और 2,624 लोगों की मौत हुई है.
महाराष्ट्र: शराब की जगह सैनिटाइज़र पीने से सात लोगों की मौत
महाराष्ट्र के यवतमाल में शराब की जगह सैनिटाइज़र पीने से सात लोगों की मौत गई.
यवतमाल ज़िले के वानी तहसील में कोविड लॉकडाउन के कारण शराब की दुकानें बंद थीं और ऐसे में सात लोगों ने शराब न मिलने पर सैनिटाइज़र पी लिया.
सातों मृतक मज़दूर बताए जा रहे हैं.
वानी पुलिस स्टेशन के अंजय पुजलवार ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है.
महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना संक्रमण को काबू में करने के लिए गुरुवार को कड़ी पाबंदियों का ऐलान किया था.
महाराष्ट्र देश में कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्यों में से एक है.
अब विदेश से ऑक्सीजन आयात करेगा भारत: मीडिया रिपोर्ट
देश में ऑक्सीजन की कमी और कोरोना संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने विदेश से मेडिकल ऑक्सीजन आयात करने का फ़ैसला किया है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने सरकारी सूत्रों के हवाला से ख़बर दी है कि भारत अगले हफ़्ते से अमेरिका से ऑक्सीजन का आयात करना शुरू कर देगा.
एक सरकारी सूत्र ने एएनआई को बताया, “एयर बबल के तहत चलने वाले एयर इंडिया के विमान अगले हफ़्ते सैन फ़्रांसिस्को और शिकागो से ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर लाएंगे.”
इससे पहले शनिवार को केंद्र सरकार ने अगले तीन महीने तक के लिए ऑक्सीजन और इससे जुड़े उपकरणों के आयात पर लगने वाले सीमा शुल्क और स्वास्थ्य उपकर पर छूट देने का फ़ैसला लिया.
सरकार के ये फ़ैसला देश में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी और कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच आए हैं.
कड़ी आलोचनाओं से घिरी केंद्र सरकार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कोविड-19 वैक्सीन पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को भी अगले तीन महीनों के लिए हटाने का फ़ैसला लिया.
देश के कई हिस्सों में इन दिनों ऑक्सीजन की भारी कमी है जिसका असर गंभीर रूप से बीमार कोविड मरीज़ों पर हो रहा है.