You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान: होटल में ज़बर्दस्त धमाका, कम से कम चार की मौत 11 घायल

संवाददाताओं के मुताबिक, हो सकता है कि पाकिस्तान में चीन के राजदूत इस हमले का निशाना रहे हों.

लाइव कवरेज

  1. वैक्सीन संक्रमण से नहीं बचाती है बल्कि बीमारी गंभीर होने से बचाती है: एम्स निदेशक

    एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया, नारायणा हेल्थ के चैयरमेन डॉक्टर देवी शेट्टी और मेदांता के चैयरमेन डॉक्टर नरेश त्रेहन ने बुधवार को देश में कोविड-19 की स्थिति को लेकर वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए बात की.

    डॉक्टर देवी शेट्टी ने इस दौरान कहा कि भरोसेमंद डॉक्टर को दिखाना सबसे ज़रूरी है और अगर काफ़ी व्यायाम के बाद ऑक्सीजन का स्तर 94से नीचे नहीं जा रहा है तो डरने की कोई ज़रूरत नहीं है, अपने डॉक्टर से सही समय पर बात करें और ठीक इलाज लें.

    डॉक्टर नरेश त्रेहन ने कहा कि ‘अपने शरीर के हिसाब से लक्षणों को पहचानना ज़रूरी है. इलाज घर पर शुरू कर दें और उसके लिए अच्छे डॉक्टर को दिखाना सबसे ज़रूरी है. तुरंत अस्पताल में भर्ती होने को लेकर भगदड़ करने की ज़रूरत नहीं है, प्रोटोकॉल के अनुसार ही आपको अस्पताल में भर्ती किया जा सकता है.’

    उन्होंने कहा कि ‘बहुत कम लोगों को ही अस्पताल में भर्ती किए जाने की ज़रूरत पड़ती है. रेमडेसिविर हर किसी को नहीं दी जानी चाहिए. टेस्ट रिज़ल्ट पॉज़िटिव आने के बाद कुछ लक्षणों के बने रहने और उस शख़्स को अलग-अलग बीमारी होने पर ही रेमडेसिविर इंजेक्शन दिया जाना चाहिए. यह कोई रामबाण नहीं है बस वायरल लोड को कम करने में सहायक है. मेरी अपील है कि पॉज़िटिव होने पर अस्पताल न भागें.’

    डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने बताया कि आंकड़े बताते हैं कि कोविड-19 से संक्रमित 85% लोग आराम से ठीक हो गए हैं और 15% लोगों को ही अस्पताल और गंभीर इलाज की ज़रूरत पड़ी है.

    “रेमडेसिविर मृत्यु दर कम नहीं करती है. घर पर ही ख़ुद को मॉनिटर करें और अपने डॉक्टर से संपर्क करें. बहुत कम लोगों को ही अस्पताल आने की ज़रूरत है क्योंकि सब अस्पताल आ जाएं तो इससे अराजकता की स्थिति बन जाती है.”

    “वैक्सीन के बारे में यह बताना चाहता हूं कि वैक्सीन संक्रमण होने से नहीं बचाती है बल्कि वो आपकी बीमारी गंभीर होने से बचाती है. आपको अस्पताल में भर्ती होने से बचाती है. वैक्सीन लगाने के बाद भी मास्क पहनना ज़रूरी है ताकि हम अपने परिजनों को बचा सकें.”

    “वैक्सीन महामारी ख़त्म नहीं कर सकती है. हमें इस चेन को तोड़ना होगा और यह कुछ नियमों का पालन करके ही हो सकता है. इसके लिए मास्क पहनें, दो ग़ज़ की दूरी बनाए रखें और लगातार हाथ धोएं.”

  2. महाराष्ट्र: नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं मिलने से 22 लोगों की मौत, इस घटना से जुड़ी तमाम दूसरी जानकारियों के साथ बीबीसी मराठी संवाददाता अनघा पाठक इस समय मौजूद हैं डॉ. ज़ाकिर हुसैन अस्पताल के बाहर.

  3. इंडोनेशिया की पनडुब्बी हुई ग़ायब, ऑस्ट्रेलिया-सिंगापुर की मांगी मदद

    इंडोनेशिया में अधिकारियों का कहना है कि उनकी एक पनडुब्बी ग़ायब हो गई है और उसकी तलाश जारी है.

    अधिकारियों के मुताबिक़ नौसेना की यह पनडुब्बी बाली टापू के उत्तर में हो रही ट्रेनिंग में हिस्सा ले रही थी.

    इंडोनेशिया के सेना प्रमुख ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया है कि केआरआई नंग्गला-402 पनडुब्बी पर 53 लोग सवार थे.

    रॉयटर्स के अनुसार इंडोनेशिया ने इसकी खोज में ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर से मदद माँगी है. लेकिन अभी तक ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार बुधवार की सुबह बाली के तट से क़रीब 96 किलोमीटर दूर पनडुब्बी लापता हो गई.

    कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि जैसे ही पनडुब्बी को पानी की गहराई में जाने की इजाज़त दी गई उसके बाद से ही उससे संपर्क टूट गया.

  4. कोवैक्सीन की दूसरी डोज़ लेने के बाद 0.04% लोग हुए संक्रमित: केंद्र

    केंद्र सरकार ने बताया है कि कोरोना वायरस की वैक्सीन कोवैक्सीन की दूसरी डोज़ लेने के बाद 0.04% लोग ही कोरोना से संक्रमित हुए हैं जबकि दूसरी वैक्सीन कोविशील्ड में यह दर 0.03% है.

    वहीं, सरकार ने बताया है कि 10 साल से कम आयु के बच्चों में पहली लहर के दौरान पॉज़िटिविटी रेट 4.03% था जो कि इस बार दूसरी लहर के दौरान सिर्फ़ 2.97% है.

    सरकार ने यह भी बताया है कि 10-20 साल के आयु वर्ग में पहली लहर के दौरान कोविड-19 के मामले 8.07% देखे गए थे जबकि इस बार इसकी दर 8.50% है.

  5. रेमडेसिविर: सरकार के इस क़दम से क्या घटेंगे दाम?

    कोरोना वायरस के इलाज के लिए अहम मानी जाने वाली दवा रेमडेसिविर और उसके कच्चे माल पर सरकार ने आयात शुल्क हटा दिया है.

    देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र एंटी-वायरल दवा रेमडेसिविर की मांग तेज़ी से बढ़ी है जिसके कारण सरकार ने इस पर, इसके कच्चे माल और दवा के एक्टिव फ़ार्मास्युटिकल इंग्रिडिएंट्स (एपीआई) से आयात शुल्क हटा लिया है.

    इस क़दम से इस इंजेक्शन की घरेलू क़ीमतों में कमी आने की संभावना है.

    केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री सदानंड गौड़ा ने बुधवार को ट्वीट किया, “फ़ार्मास्युटिकल विभाग की ओर से आई सिफ़ारिश के बाद व्यय विभाग ने रेमडेसिविर और उसके एपीआई/केएसएमपर सीमा शुल्क माफ़ कर दिया है.”

    केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि केंद्र सराकर ने रेमडेसिविर बनाने में इस्तेमाल होने वाली बीटा साइक्लोडेक्सट्रिन, रेमडेसिविर एपीआई और रेमडेसिविर इंजेक्शन के आयात शुल्क में छूट दी गई है.

    आयात शुल्क में छूट 31 अक्तूबर 2021 तक जारी रहेगी.

    यह घोषणा तब हुई है जब हाल ही में केंद्र सरकार ने घरेलू निर्माताओं को रेमडेसिविर बनाने की अनुमति दे दी थी.

    14 अप्रैल को केंद्रीय राज्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा था, “रेमडेसिविर दवा के निर्माताओं के साथ बैठक के बाद इसके उत्पादन को बढ़ाने और इसके दाम कम करने को लेकर फ़ैसला लिया गया है.”

    केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के बयान में कहा गया था, “रेमडेसिविर के सात निर्माताओं की प्रति माह 38.30 लाख इंजेक्शन बनाने की ही क्षमता है. छह निर्माताओं को सात अतिरिक्त जगहों पर इसके निर्माण के लिए फ़ास्ट ट्रैक अनुमति दी गई है जिसके कारण प्रति माह 10 लाख इंजेक्शन बनेंगे.”

    इस बयान में आगे कहा गया है, “30 लाख अतिरिक्त इंजेक्शन का उत्पादन और होना है. इसके बाद प्रति माह 78 लाख इंजेक्शन निर्माण की क्षमता होगी.”

  6. मोदी सरकार की कोरोना वैक्सीन पर घोषणा क्या सफल हो पाएगी?

  7. भारत में कोरोना की दूसरी लहर 'मोदी निर्मित आपदा': ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि देश में कोरोना की दूसरी लहर और इसका प्रबंधन एक 'मोदी निर्मित आपदा' है.

    उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल एक बंगाल इंजन सरकार से चलेगा, मोदी की डबल इंजन सरकार से नहीं.

  8. केंद्रीय मंत्री निशंक कोरोना से हुए संक्रमित

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट करके बताया है कि वो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं.

    उन्होंने लिखा, “यह आपको सूचित करने के लिए है कि आज मैं कोविड पॉज़िटिव पाया गया हूं. मैं अपने डॉक्टरों की सलाह पर दवाइयां ले रहा हूं.”

    “हाल ही मैं मेरे संपर्क में आए लोगों को सलाह है कि वे अपने स्वास्थ्य पर नज़र रखें और टेस्ट कराएं.”

  9. छत्तीसगढ़ सरकार 18 साल से अधिक आयु के लोगों को लगाएगी मुफ़्त कोरोना का टीका

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की है कि राज्य सरकार 1 मई से 18 साल से अधिक आयु के लोगों को मुफ़्त वैक्सीन लगाएगी.

    उन्होंने ट्वीट किया है, “छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी.अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे.”

    “केंद्र सरकार से अनुरोध है कि वह पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करे.”

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, नासिक में एक अस्पताल में ऑक्सीजन लीक होने से 22 लोगों की मौत

    महाराष्ट्र के नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक होने के कारण कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है.

    अस्पताल में कुल 150 मरीज़ थे जिनमें 23 लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया था.

    ऑक्सीजन लीकेज की वजह से अस्पताल में आधे घंटे तक आपूर्ति बाधित रही.

    नासिक नगर निगम के आयुक्त कैलाश जाधव थोड़ी देर पहले बताया था, "तकनीकी इंजीनियर की मदद से लीकेज को बंद किया जा चुका है. लेकिन अब अस्पताल में केवल 25 प्रतिशत ऑक्सीजन बची है. 10-11 लोगों की मौत हो चुकी है. कम ऑक्सीजन आपूर्ति से लोग ज़िंदा रह सकते हैं लेकिन जो लोग वेंटिलेटर पर होते हैं वो कम ऑक्सीजन से जीवित नहीं रह सकते. हम हादसे की जांच करेंगे और दोषियों पर सख़्त कार्रवाई करेंगे."

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, नासिक के डॉक्टर ज़ाकिर हुसैन अस्पताल में जब टैंकरों के ज़रिए ऑक्सीजन भरा जा रहा था तो यह लीक हुई.

  11. बाइडन के जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में शी जिनपिंग भी लेंगे भाग

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग गुरुवार को एक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में भाग लेंगे. नए अमेरिकी प्रशासन में दो नेताओं के बीच यह पहली बैठक होगी.

    गुरुवार से शुरू होने जा रहे दो दिवसीय वर्चुअल सम्मेलन में राष्ट्रपति बाइडन ने दुनिया के कई नेताओं को आयोजित किया है. इसमें भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी शामिल है.

    चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हु चुनयिंग ने बुधवार को बताया कि राष्ट्रपति जिनपिंग वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए ‘महत्वपूर्ण’ भाषण देंगे.

    चीन की आर्थिक नीतियों से लेकर कथित मानवाधिकार उल्लंघनों तक अमेरिका कई दफ़ा चीन से भिड़ चुका है.

    बीते महीने अलास्का में अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के बीच पहली उच्च स्तरीय बैठक हुई थी लेकिन इस दौरान काफ़ी गहमागहमी के बाद कोई बड़ी कूटनीतिक पहल नहीं हो सकी थी.

    हालांकि, दुनिया के दो बड़े ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जक इन देशों ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने में साझा रुचि दिखाई थी.

    बीते सप्ताह अमेरिका के पर्यावरण दूत जॉन कैरी ने शांघाई का दौरा किया था और अपने चीनी समकक्ष के साथ मुलाक़ात की थी. यह चीन में बाइडन प्रशासन के अधिकारी के साथ पहली मुलाक़ात थी.

    पेरिस समझौते से डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के निकलने के बाद पर्यावरण पर चर्चा की यह दोबार शुरुआत होगी.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, नेहरू इंचार्ज नहीं हैं, नरेंद्र मोदी हैं: कोरोना की स्थिति पर प्रियंका गांधी

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए देश में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के लिए सरकार की आलोचना करते हुए वैक्सीन रणनीति को ‘ख़ारिज’ कर दिया है.

    उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार किसी और पर ज़िम्मेदारी नहीं डाल सकती है. जवाहरलाल नेहरू इंचार्ज नहीं हैं, नरेंद्र मोदी हैं. प्रधानमंत्री को हर भारतीय की रक्षा करनी चाहिए.”

    “राजनीति के कारण विपक्ष के रचनात्मक सुझावों को ख़ारिज कर दिया गया जबकि साहस से इसे स्वीकार करना चाहिए क्योंकि राष्ट्र संकट में है.”

    प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मोदी सरकार की दूरदर्शिता की कमी के कारण भारत को वैक्सीन आयातक बनना पड़ा है, कोविड-19 वैक्सीन की रणनीति भेदभावपूर्ण है.

    उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान लोगों की ज़िंदगी बचाने के लिए जिन मुद्दों को उठाने की ज़रूरत है कांग्रेस उन्हें उठाएगी चाहे सरकार उन पर कोई भी ठप्पा लगाए.

  13. पूरी दुनिया में हर चार कोरोना मरीज़ों में एक भारतीय: रॉयटर्स

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, पूरी दुनिया में रोज़ाना सामने आ रहे संक्रमण के नए मामलों में औसत रूप से भारत शीर्ष पर पहुंच चुका है. हर रोज़ आ रहे चार मामलों में से एक मामला भारत से है.

    संक्रमण के मामले में भारत अमेरिका के बाद बस दूसरे पायदान पर है. विशेषज्ञों ने इसके लिए आक्रामक वैरिएंट के प्रति सरकारी चुप्पी को ज़िम्मेदार बताया है जबकि सरकार का कहना है कि सोशल डिस्टेंसिंग के नाकाम रहने से ऐसा हो रहा है.

    संक्रामक रोग विशेषज्ञों और डॉक्टरों का कहना है कि भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान पहले की तुलना में अस्पताल अधिक तेज़ी से भर रहे हैं और एक मरीज़ कई लोगों को बीमार कर रहा है.

    पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र संक्रमण के मामले में सबसे आगे है जहां देश के कुल 25 फ़ीसदी मामले दर्ज किए गए हैं.

    दिल्ली में हालात काफ़ी बुरे हैं यहां पर रोज़ाना 25 हज़ार से अधिक संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं.

    रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि 2 करोड़ आबादी वाली राजधानी में 100 से भी कम आईसीयू बेड उपलब्ध हैं.

  14. क्या लहसुन खाने से ख़त्म हो जाता है कोरोना वायरस?

  15. कोरोना वायरस को हराने में इस विटामिन की कितनी बड़ी भूमिका

  16. पाकिस्तान: थरपारकर की ये महिलाएं एक बर्तन की शुक्रगुज़ार

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई

    दिल्ली में कोविड मरीज़ों के लिए अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति मंगलवार रात कुछ ही घंटों के लिए बची थी. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा था कि अगर ऑक्सीजन की आपूर्ति तत्काल नहीं की गई तो भयावह स्थिति पैदा हो सकती है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार दिल्ली के बड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में बुधवार तड़के मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति कर दी गई है. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार रात ट्वीट कर कहा था कि जीटीबी अस्पताल में ऑक्सीजन चार घंटे से ज़्यादा नहीं चलेगी जबकि 500 से ज़्यादा कोविड मरीज़ ऑक्सीजन के सहारे हैं.

  18. भारत में कोविड की स्थिति पर अमेरिका की है ‘क़रीबी’ नज़र

    भारत में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर अमेरिका क़रीबी नज़र बनाए हुए हैं. इसी विषय में सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर से फ़ोन पर बात की.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय का कहना है कि भारत में कोविड-19 की वर्तमान स्थिति पर अमेरिका ‘बेहद क़रीबी’ नज़र बनाए हुए है.

    अमेरिका के सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने सभी अमेरिकियों को सलाह दी है कि वे भारत की यात्रा करने से बचें.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने दैनिक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में संवाददाताओं से कहा, “भारत में कोविड महामारी पर हम क़रीबी नज़र बनाए हुए हैं.”

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सोमवार को विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने फ़ोन पर इस विषय में बात की है.

    उन्होंने कहा, “चाहे यह भारत हो या कोई और देश.. हम वर्तमान में जो कुछ करने लायक हैं उसको लेकर प्रतिबद्ध हैं और देख रहे हैं कि यह वायरस कैसे नियंत्रण में आ पाएगा.”

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, तीन जनवरी 2020 से लेकर 20 अप्रैल 2021 तक भारत में कोविड-19 के 1.53 करोड़ मामले सामने आ चुके हैं और इसके कारण 1.80 लाख लोगों की मौत हुई है.

    संगठन का कहना है कि 11 अप्रैल तक 10.4 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है.

    वहीं बुधवार को भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2,95,041 मामले सामने आए हैं. इस संक्रमण के कारण इसी वक़्त में 2,023 लोगों की मौत हुई है.

    इस बीच यह ख़ुशख़बरी ज़रूर रही कि बीते 24 घंटों में 1,67,457 लोग इस बीमारी से ठीक भी हुए हैं.

    मंगलवार को पाए गए 2.94 लाख मामले पिछले साल 17 सितंबर को आए सबसे अधिक मामलों (98,795) से तक़रीबन तीन गुना अधिक हैं.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना से पिछले 24 घंटे में दो लाख 95 हज़ार लोग संक्रमित हुए

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2,95,041 मामले दर्ज किए गए हैं. ये आँकड़े मंगलवार के हैं. मंगलवार को कोविड संक्रमण से कुल 2023 लोगों की मौत हुई है. पहली बार 2000 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

    यह लगातार सातवाँ दिन है जब कोरोना के नए मामले दो लाख से ऊपर आए हैं. कोरोना संक्रमण से अब तक मरने वालों की तादाद भारत में बढ़कर 1,82,553 हो गई है.

    भारत में अब तक 1.56 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं जो कि अमेरिका से पीछे है और ब्राज़ील से आगे. भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अभी 21 लाख 57 हज़ार 538 कोरोना के सक्रिय मामले हैं.

  20. कोरोना वैक्सीन के लिए क्या एक हज़ार रुपए देने होंगे?