कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कैसे सुरक्षित चुनाव कराया
जाये, इसपर चर्चा के लिए निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में एक सर्वदलीय
बैठक बुलाई है.
उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में कुछ बड़े फ़ैसले लिये
जा सकते हैं.
बताया गया है कि चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से इस
बैठक में अपना एक-एक प्रतिनिधि भेजने को कहा है.
इस बैठक में पश्चिम बंगाल के बाकी चार चरणों के चुनाव पर
चर्चा की जायेगी.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार शाम एक ट्वीट करके कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव कराने के निर्णय का एक बार फिर विरोध किया और बाक़ी सभी सीटों पर एक साथ चुनाव कराने की माँग की.
अपने ट्वीट में ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि कोरोना संक्रमण के तेज़ी से बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए बाक़ी बचे चरणों का मतदान एक ही चरण में कराया जाए.
ममता बनर्जी का कहना है कि एक चरण में बाक़ी मतदान कराने से लोगों को कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बचाया जा सकेगा.
ग़ौरतलब है कि चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरणों में चुनाव कराने का फ़ैसला किया था.
चार चरण के चुनाव हो चुके हैं और पाँचवे चरण का चुनाव शनिवार को होने वाला है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चुनाव आयोग शुक्रवार को होने वाली सर्वदलीय बैठक में सभी दलों से कोरोना गाइडलाइंस के पालन को लेकर चर्चा करेगा.
राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान सभी दलों की ओर से आयोजित चुनावी रैलियों में भारी भीड़ जुट रही है जिनमें कोरोना गाइडलाइंस का पालन बिल्कुल नहीं किया जा रहा.
पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. वहाँ अब तक कोरोना के कुल छह लाख से ज़्यादा मामले सामने आ चुके हैं और कोविड-19 से मरने वालों की संख्या दस हज़ार से ज़्यादा हो गई है.