You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लखनऊ में श्मशान घाट के बाहर दीवार बनाने पर उठे सवाल

लखनऊ में गुरुवार को भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम श्मशान घाट के बाहरी हिस्से को नीले रंग की टिन की दीवारों से ढकने की तस्वीरें वायरल हुईं तो हंगामा मच गया.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: पिछले 24 घंटे में दो लाख से ज़्यादा नये मामले, 1038 लोगों की कोविड से मौत

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2,00,739 नये मामले दर्ज किये गए और 1,038 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई.

    मंत्रालय के अनुसार, भारत में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 14 लाख 70 हज़ार से अधिक हो गई है और देश में अब तक 1 लाख 73 हज़ार 123 लोग इस महामारी की वजह से मारे जा चुके हैं.

  2. झारखण्ड: क़रीब एक-तिहाई सैंपलों में मिला कोरोना का यूके स्ट्रेन और डबल म्यूटेंट वायरस

    रवि प्रकाश

    राँची (झारखण्ड) से, बीबीसी हिन्दी के लिए

    झारखण्ड के राँची और पूर्वी सिंहभूम ज़िलों से हाल में लिये गए सैंपलों में से कम से कम 33 प्रतिशत सैंपलों में कोविड के यूके स्ट्रेन और डबल म्यूटेंट वाले वायरस की पुष्टि हुई है.

    ये सभी सैंपल जाँच के लिए भुवनेश्वर के इंस्टीट्यूट ऑफ़ लाइफ़ साइंसेज़ भेजे गए थे. स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ यूके स्ट्रेन को बी-1.1.7 और डबल म्यूटेशन वाले स्ट्रेन को बी-1.617 के तौर पर पहचाना गया है.

    प्रदेश के प्रिंसिपल हेल्थ सेक्रेटरी के के सोन ने बताया है कि 1 जनवरी से 23 मार्च के बीच ऐसे सैंपलों की संख्या काफ़ी कम थी.

    इस बीच बुधवार को कोरोना संक्रमित कुल 31 लोगों की मौत के साथ झारखण्ड में पिछले चार दिनों के दौरान 100 संक्रमितों की मौत दर्ज की गई है.

    बुधवार शाम को जारी किये गए अपडेट के मुताबिक़, राज्य में कुल 3,198 नये संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई है. इनमें से 1,273 लोग राँची के हैं.

    यह एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है.

  3. उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव: कोरोना के बीच पहले चरण का मतदान शुरू, सुबह से ही लंबी कतारें

    उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है.

    उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफ़ाइनल’कहे जा रहे पंचायत चुनाव के पहले चरण में 18 ज़िलों में मतदान हो रहा है.

    राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग, शाम 6 बजे तक चलेगी.

    बताया गया है कि ज़िला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 2.21 लाख से अधिक पदों के लिए 3.33 लाख से ज़्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं.

    चार चरणों में होने वाले इस चुनाव के पहले चरण में अयोध्या, आगरा, कानपुर, ग़ाज़ियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, प्रयागराज, बरेली, भदोही, महोबा, रामपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, संत कबीर नगर, सहारनपुर, हरदोई और हाथरस ज़िलों में मतदान हो रहा है.

    निर्वाचन आयोग के मुताबिक़, पहले चरण में ज़िला पंचायत सदस्य के 779 पदों के लिए 11,442 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 19,313 पदों के लिए 81,747 उम्मीदवार, ग्राम प्रधान के 14,789 पदों के लिए 1,14,142 प्रत्याशी तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों के 1,86,583 पदों के लिए 1,26,613 उम्मीदवार मैदान में हैं.

    इस बार भाजपा, सपा और कांग्रेस के साथ-साथ, आम आदमी पार्टी, आज़ाद समाज पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी भी चुनाव-मैदान में हैं.

    बुधवार को सोशल मीडिया पर यह अफ़वाह फैली थी कि कोविड-19 की वजह से राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव को रद्द कर दिया है, लेकिन कुछ ही घंटों में इस अफ़वाह पर विराम लगाते हुए यूपी के पंचायती राज निदेशक किंजल सिंह ने प्रेस से कहा कि ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है, पोलिंग पार्टियाँ पहुँच चुकी हैं, वोटिंग अपने तय वक़्त पर होगी.

    यूपी के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया था कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 20,510 नये मामलों का पता चला है, वहीं 24 घंटे में 67 लोगों की कोविड-19 की वजह से मौत हुई है. यूपी में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9,376 हो गई है.

    इसे ध्यान में रखते हुए, यूपी के अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने कहा है कि मतदान कोविड-19 संबंधित कड़े प्रोटोकॉल के बीच होगा. इस दौरान मतदाताओं के लिए मास्क लगाना और सामाजिक दूरी बनाये रखना अनिवार्य होगा. आयोग ने मतदान केंद्रों के बाहर छह-छह फ़ीट की दूरी पर घेरे बनाने का आदेश जारी किया है.

  4. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.