छत्तीसगढ़: 24 घंटे में 9 हज़ार से ज़्यादा कोरोना मरीज़, पहली बार एक दिन में 53 लोगों की मौत
आलोक प्रकाश पुतुल
बीबीसी हिंदी के लिए, रायपुर से
छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं. बीते 24 घंटों में 9921 नए मरीज़ों की पहचान की गई है. इसके अलावा राज्य में मंगलवार को कोरोना से 53 लोगों की मौत हो गई है.
इन आंकड़ों के साथ ही राज्य में कुल सक्रिय मरीज़ों का आंकड़ा 52,445 तक पहुँच गया है. अब तक राज्य में 3,86,269 कोरोना संक्रमित मिले हैं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 2,821 मामले राजधानी रायपुर में सामने आए हैं. वहीं पड़ोसी ज़िले दुर्ग में भी 1,838 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है.
पिछले साल जब कोरोना चरम पर था, उस समय रायपुर में संक्रमण दर 7.21 फ़ीसदी के आसपास थी. अब यह आंकड़ा 20.68 फ़ीसदी तक पहुँच गया है.
कोरोना के ये चिंताजनक आंकड़े ऐसे समय में सामने आए हैं, जब राज्य के अधिकांश सरकारी और निजी अस्पतालों में कोरोना मरीज़ों के सभी बेड फुल हो चुके हैं. मरीज़ों को अस्पताल में भर्ती करने के लिए मारामारी-सी मची हुई है.
दूसरी ओर हर दिन औसतन दो लाख लोगों के टीकाकरण के कारण राज्य में कोरोना वायरस के टीकों की कमी हो गई है.
सोमवार से ही टीकों की कमी के कारण आदिवासी बहुल दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागाँव और बीजापुर में टीके की आपूर्ति बंद है.













