You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन को मिली संवैधानिक ताक़त, 2036 तक सत्ता में बने रह सकते हैं -आज की बड़ी ख़बरें

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को उस विधेयक पर दस्तख़त किए जो 2036 तक उन्हें सत्ता में बनाए रखने की ताक़त प्रदान करता है.

लाइव कवरेज

  1. व्लादिमीर पुतिन को मिली संवैधानिक ताक़त, 2036 तक सत्ता में बने रह सकते हैं

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को उस विधेयक पर दस्तख़त किए जो 2036 तक उन्हें सत्ता में बनाए रखने की ताक़त प्रदान करता है. यह क़दम संवैधानिक बदलावों को औपचारिक रूप देता है.

    इस विधेयक पर दस्तख़त के साथ ही उन्हें राष्ट्रपति के पद पर अन्य दो कार्यकाल तक बने रहने की अनुमति मिल गई है.

    इसके साथ ही संभावना है कि पुतिन रूसी तानाशाह जोसेफ़ स्टालिन से भी ज़्यादा लंबे वक्त तक सत्ता में रहने वाले नेता बन सकते हैं.

    हालाँकि क़रीब दो दशकों से सत्ता में आसीन पुतिन ने कहा कि वो इस पर बाद में फ़ैसला करेंगे कि क्या वर्तमान कार्यकाल के छह वर्ष पूरे होने के बाद भी वे फिर सत्ता हासिल करने की होड़ में रहेंगे या नहीं.

    बीते वर्ष ही रूस में इस संविधान संशोधन के लिए एक जनमत संग्रह करवाया गया था. लोगों ने इसका जोरदार समर्थन किया था. इसके बाद बीते महीने ही सांसदों ने इस विधेयक को मंजूरी भी दे दी थी.

    पुतिन पहली बार 2000 में राष्ट्रपति बने थे. उन्होंने दो बार चार-चार साल के कार्यकाल पूरे किए. इसके बाद उनके सहयोगी दिमित्रि मेदेवदेव 2008 में राष्ट्रपति बने. 2012 में पुतिन की सत्ता में एक बार फिर वापसी हुई और 2018 में भी उन्होंने जीत हासिल की.

  2. माओवादियों का दावा, सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के बाद एक जवान को बंधक बनाया

    आलोक प्रकाश पुतुल

    रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षा बलों के 22 जवानों की मौत के बाद माओवादियों ने एक बयान जारी कर कहा है कि अमित शाह देश के गृहमंत्री होने के बाद भी बीजापुर के तर्रेम की घटना पर बदला लेने की असंवैधानिक बात कर रहे हैं.

    इसके साथ ही माओवादियों ने रविवार को सुरक्षबलों से हुई झड़प के बाद एक जवान को बंधक बनाकर रखने का दावा भी किया है.

    भाकपा माओवादी की केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभय के नाम से जारी बयान में कहा गया है, "यह उनकी बौखलाहट है और यह उनकी फासीवादी प्रवृत्ति को ही जाहिर कर रहे हैं. अमित शाह किस-किस से बदला लेंगे? शोषित जनता और माओवादी अलग नहीं हैं और दिन ब दिन जनता क्रांति की चेतना प्राप्त कर पूंजीवादी व्यवस्था और ब्राह्मणवाद के खिलाफ विभिन्न रूपों में संघर्ष कर रही है."

    माओवादी प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा है कि उनकी लड़ाई पुलिस के जवानों से नहीं है. प्रवक्ता ने कहा, "पुलिस में भर्ती जवान आम शोषित जनता का ही हिस्सा है. पर दुश्मन वर्ग की तरफ से उनको हथियार बनकर जब पुलिस या अर्धसैनिक बलों की ओर से हमला करने ये जवान आते हैं तो मजबूरन हमें उनसे लड़ना पड़ता है. देश के विभिन्न राज्यों के जवानों की इस लड़ाई में मृत्यु हुई है, हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है."

    माओवादी प्रवक्ता ने कहा है कि इस साल जनवरी से 3 अप्रैल तक देश भर में 28 माओवादी मारे गये हैं. प्रवक्ता ने अपने साथियों को संबोधित करते हुए कहा है कि दुश्मन के लिए हुए निर्णयात्मक टारगेट के हमले आठ माह तक नहीं रहेंगे, इसकी तीव्रता और बढ़ेगी, इसके संकेत मिल रहे हैं, ये नज़र में रखते हुए हमें सतर्कता बरतनी चाहिए.

    माओवादी प्रवक्ता ने 26 अप्रैल को भारत बंद का भी आह्वान किया है.

    एक जवान को माओवादियों ने बंधक बनाया

    शनिवार को बीजापुर के तर्रेम में हुए माओवादी हमले के बाद से लापता कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह मनहास के बारे में माओवादियों ने दावा किया है कि वो उनके कब्ज़े में हैं.

    शनिवार को माओवादियों के हमले में 22 जवान मारे गये थे, जबकि 23वें जवान की कोई ख़बर पुलिस के पास नहीं थी.

    सोमवार को संदिग्ध माओवादियों ने पत्रकारों को फोन करके बताया कि मुठभेड़ के बाद उन्होंने राकेश्वर सिंह मनहास को बंधक बना लिया था.

    माओवादियों ने कहा कि मनहास बिल्कुल सुरक्षित हैं और समय आने पर उन्हें रिहा कर दिया जाएगा. माओवादियों ने कहा कि जम्मू में रहने वाले मनहास के परिजनों से भी उनकी बात कराई गई है.

  3. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 5 अप्रैल 2021, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से

  4. बिहार बोर्ड: मैट्रिक की परीक्षा के नतीजे घोषित

    बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने दसवीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. इस बार तीन बच्चे एक साथ अव्वल नंबर पर आए हैं. तीनों टॉपर्स में दो लड़कियां हैं.

    जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पूजा कुमारी और शुभदर्शिनी एवं रोहतास के दिनारा के बलदेव हाई स्कूल के संदीप कुमार ने 484 नंबर (96.80 प्रतिशत) हासिल कर टॉप किया है.

    बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बताया की तीनों छात्रों ने बराबर नंबर हासिल किए हैं, इसलिए उन्हें संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर घोषित किया गया है.

    मैट्रिक की परीक्षा में इस बार 16,54,171 विद्यार्थी शामिल हुए थे. इनमें 829278 छात्र थे जबकि 824893 छात्राएं थीं.

    कुल 413087 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से पास हुए हैं जबकि 500615 बच्चों को सेकेंड डिविजन हासिल हुआ.

    परीक्षा में पास होने वाले छात्रों की संख्या 1293054 (78.17 प्रतिशत) रही.

  5. जावेद अख़्तर मानहानि मामला: कंगना रनौत की याचिका कोर्ट से खारिज

    मुंबई के एक सेशन कोर्ट ने सोमवार को बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की वो याचिका खारिज कर दी जिसमें उन्होंने मजिस्ट्रेट कोर्ट में उनके ख़िलाफ़ चल रहे मानहानि के मुक़दमे को चुनौती दी थी.

    दरअसल, इस मामले में गीतकार जावेद अख़्तर ने कंगना रनौत के ख़िलाफ़ मुंबई के एक मजिस्ट्रेट कोर्ट में मानहानि का मुक़दमा दायर किया है. एडिशनस सेशन जज एसयू बघेले ने कहा कि कंगना की याचिका खारिज की जाती है.

    जावेद अख़्तर की शिकायत पर अंधेरी के मजिस्ट्रेट कोर्ट में कंगना के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्यवाही चल रही है और इस मामले में उनके नाम समन भी जारी किया गया था.

    कंगना ने इस क़ानूनी कार्यवाही और समन को खारिज कराने के लिए सेशन कोर्ट में याचिका दायर की थी.

    जावेद अख़्तर ने नवंबर में दायर किए गए इस मुक़दमें में दावा किया है कि कंगना ने एक टेलीविजन चैनल को दिए अपने इंटरव्यू में उनके ख़िलाफ़ अपमानजनक बयान दिए थे और जिसकी वजह से उनके सम्मान को आघात पहुंचा है.

    मुंबई के डिंडोशी सेशन कोर्ट ने तीन अप्रैल को कंगना की याचिका पर अपना फ़ैसला सुरक्षित रखा था.

  6. रामपुरी चाकू और मेरठ की कैंची की धार कुंद क्यों होती जा रही है?

    भारत में दर्जनों ऐसी कलाएँ और कलाकार हैं जिनके हुनर से उनके परिवार सदियों तक ख़ुशहाली में रहे हैं.

    तमाम ऐसे शहर भी हैं जिनकी पहचान इन अनोखे हुनरों पर टिकी रही है.

    लेकिन सस्ते चीनी आयात ने इन उद्योगों की कमर तोड़ दी है.

    रामपुर और मेरठ से बीबीसी वर्क लाइफ़ इंडिया के लिए नितिन श्रीवास्तव और देबलिन रॉय की ये विशेष रिपोर्ट.

  7. कोरोना: सितंबर में घटे तो अचानक अप्रैल में क्यों बढ़ रहे हैं भारत में मामले?

    बीते चौबीस घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 1,03,558 नए मामले दर्ज किए गए हैं. कोरोना महामारी के आँकड़ों में ये अब तक का सबसे बड़ा उछाल बताया जा रहा है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के कारण 478 मौतें हुई हैं.

    इन आँकड़ों के बीच ख़बर है कि भारत के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन 6 अप्रैल को 11 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे. रविवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति का जायज़ा लिया था और महाराष्ट्र समेत तीन राज्यों में स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम रवाना करने का फ़ैसला किया गया है.

    लेकिन ऐसा क्यों हो रहा है?

    आख़िर सितंबर से लेकर अब तक ऐसा क्या बदला है कि अचानक कोरोना के मामले इतनी तेज़ी से बढ़ने लगे? अब तो कोरोना की वैक्सीन भी आ गई है, ऐसे में तो मामले घटने चाहिए, फिर ऐसा क्यों हो रहा है. इसके पीछे कारण क्या हैं?

  8. प्रधानमंत्री मोदी करेंगे मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना समीक्षा बैठक

    भारत के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के तेज़ी से बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ अप्रैल को तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में एक दिन में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा एक लाख को पार गया है जिसे लेकर विशेषज्ञों ने बड़ी चिंता जताई है.

    इससे पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा कि नियमों को यदि आसान बना दिया जाए तो दिल्ली में तीन महीनों के भीतर उनकी सरकार सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगा सकती है.

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 मार्च को आख़िरी बार मुख्यमंत्रियों के साथ बात की थी. उस बातचीत में पीएम मोदी ने देश के कुछ हिस्सों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता भी जताई थी और महामारी की दूसरी लहर को रोकने के लिए जल्दी से निर्णायक कदम उठाने का आह्वान भी किया था.

    सोमवार को देश में कोरोना संक्रमण के 103,558 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई ने स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया है कि देश में महामारी की शुरुआत के बाद से रोज़ रिपोर्ट होने वाले संक्रमण के मामलों का ये सबसे उच्च रिकॉर्ड है. इसके साथ ही देश संक्रमितों की कुल संख्या 125,89,067 हो गई है.

    रविवार को इस सिलसिले में प्रधानमंत्री ने एक उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई थी जिसमें देश में संक्रमण और मौत के बढ़ते मामलों की मद्देनज़र कोरोना महामारी और टीकाकरण अभियान की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट, कोविड में संयम वाला बर्ताव और टीकाकरण, इस पांच सूत्री रणनीति पर अगर गंभीरता और प्रतिबद्धता से अमल किया गया तो ये असरदार होगा और इससे महामारी को फैलने से रोकने में प्रभावी मदद मिलेगी.

  9. अनिल देशमुख के इस्तीफ़े पर बोले रविशंकर प्रसाद, उद्धव ठाकरे की खामोशी कई सवाल खड़े कर रही है

    महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख के इस्तीफ़े पर भारतीय जनता पार्टी के नेता और देश के क़ानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा को उम्मीद है कि इस मुद्दे के सभी पहलुओं की मुकम्मल जांच की जाएगी और जो लोग भी इसमें शामिल हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने कहा, "हमने ये विषय उठाया था कि ये टारगेट सिर्फ एक शहर मुंबई का है तो पूरे महाराष्ट्र का टारगेट क्या था? ये टारगेट सिर्फ एक मंत्री का है तो बाकी मंत्रियों का टारगेट क्या था? हम शुरू से एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे और मुंबई पुलिस के द्वारा ये संभव नहीं था."

    रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा, "जैसा आरोप लगाया गया था कि देशमुख जी ने सचिन वाझे को कहा था कि मुंबई में 17 सौ बार और रेस्तरां हैं तो आप 100 करोड़ रुपये कलेक्शन कर के दीजिए."

    राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बारे में रविशंकर प्रसाद ने कहा, "मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे खामोश हैं. शरद पवार जी कहते हैं कि मंत्री के बारे में फैसला मुख्यमंत्री करते हैं. कांग्रेस और शिवसेना कहती है कि देशमुख जी के बारे में फैसला एनसीपी करेगी. आज तो कमाल हो गया, शरद पवार से अनुमति के बाद मुख्यमंत्री जी को इस्तीफा सौंपा गया. ये देश को क्या बताया जा रहा था. हम भी जानते हैं कि शरद पवार के इशारे पर ही वो इस्तीफा देते या न देते. लेकिन उद्धव ठाकरे कब बोलेंगे? उनकी खामोशी कई सवाल खड़े कर रही है."

  10. जया बच्चन ने कोलकाता जाकर ममता बनर्जी का किया समर्थन

    समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कोलकाता जाकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुरज़ोर समर्थन किया है और उन्हें अत्याचारों से लड़ने वाला नेता बताया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जया बच्चन ने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में अत्याचारों के ख़िलाफ़ और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए अकेले लड़ रही है.

    जया बच्चन ने ये भी कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर वे तृणमूल कांग्रेस के चुनावी प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल आई हैं.

  11. असम चुनाव: मतदान में अनियमितता के बाद पांच चुनाव कर्मी निलंबित

    असम के एक पोलिंग बूथ पर मतदान में अनियमितता के बाद पांच चुनाव कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.

    इस मामले में असम के दिमा हसाओ ज़िले के एक मतदान केंद्र पर केवल 90 लोग ही वोट देने के लिए योग्य थे जबकि उस बूथ पर कुल 171 वोट डाले गए थे.

  12. गुंदेचा बंधुः प्रख्यात संगीत गुरुओं पर यौन शोषण के आरोप

    ज़ूम की स्क्रीन पर भी उस लड़की की असहजता को साफ़-साफ़ देखा जा सकता था. वह अपनी कहानी बताने के लिए उत्सुक थीं. पहचान छिपाने के लिए हमने लड़की के लिए मोनिका, एक बदले हुए का इस्तेमाल किया है.

    लड़की का आरोप है कि जाने-माने शास्त्रीय संगीतकार रमाकांत गुंदेचा ने उनके साथ बलात्कार किया जब वो मध्य प्रदेश में उनके संगीत विद्यालय ध्रुपद संस्थान में पढ़ने गई थीं.

    नवंबर 2019 में गुंदेचा का निधन हो चुका है लेकिन उनके दो भाईयों उमाकांत और अखिलेश पर भी उनके संगीत विद्यालय की कई छात्राओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं.तीन महीने की पड़ताल में बीबीसी ने ऐसी कई शिकायतें सुनींजिनमेंतीनों ही गुंदेचाबंधुओंपर यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि उमाकांत और अखिलेश ने इन आरोपों से इंकार किया है.

    रमाकांत गुंदेचा ध्रुपद संगीत की दुनिया में एक बड़ा नाम थे और आज के समय में उनके भाई उमाकांत काफ़ी जाना-माना नाम हैं. वहीं अखिलेश वाद्य यंत्र बजाने में माहिर है. ध्रुपद भारतीय शास्त्रीय संगीत की सबसे पुरानी विधाओं में से एक है. साल 2012 में रमाकांत और उमाकांत को संगीत में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.

  13. मानगढ़ में हुआ था जलियाँवाला बाग़ से भी बड़ा नरसंहार, क्या है कहानी?

    जलियाँवाला बाग़ नरसंहार के बारे में तो सब जानते हैं लेकिन राजस्थान-गुजरात सीमा की मानगढ़ पहाड़ी पर हुए नरसंहार से कम ही लोग परिचित होंगे. मानगढ़ नरसंहार में डेढ़ हज़ार लोगों के मारे जाने का दावा किया जाता है.

    मानगढ़ पहाड़ी पर जुटे हज़ारों लोगों पर अंग्रेज़ी और देसी रियासतों की फ़ौज ने पूरी तैयारी के साथ गोलियाँ बरसाईं थीं. दावा है कि ये कांड जलियाँवाला बाग़ से बड़ा नरसंहार था. लेकिन, इतना बड़ा नरसंहार इतिहास में उस स्तर पर दर्ज नहीं हो सका. राजस्थान की राजधानी जयपुर से क़रीब 550 किलोमीटर दूर आदिवासी बहुल बांसवाड़ा के ज़िला मुख्यालय से क़रीब 80 किमी दूर है मानगढ़.

    108 साल पहले हुए नरसंहार का गवाह रहा ये पहाड़ इसकी कहानी ख़ुद में समेटे हुए है. लोग अब इसे मानगढ़ धाम के नाम से बुलाते हैं. इसका क़रीब 80 फ़ीसदी भाग राजस्थान और 20 फ़ीसदी हिस्सा गुजरात में पड़ता है.

    घटना के क़रीब आठ दशक बाद राजस्थान सरकार ने नरसंहार में मारे गए सैकड़ों लोगों की याद में 27 मई, 1999 को शहीद स्मारक बनवाया, तो मानगढ़ को पहचान मिली.

  14. दृष्टि जायसवाल: 7 साल की बच्ची का ये टैलेंट ग़ज़ब का है

    सात साल की दृष्टि जायसवाल तेज़ी से गुलाटियां मारती हैं. इस तरह गुलाटियां मारने को जिमनास्टिक्स में फ्रंट वॉकओवर कहते हैं.

    दृष्टि ने फ्रंट वॉकओवर करते हुए गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया.

    उन्होंने एक मिनट में 64 बार फ़्रंट वॉकओवर किया.

    इससे पहले यह रिकॉर्ड एक 22 वर्षीय एथलीट के नाम दर्ज था. दृष्टि तीन साल की उम्र से फ़्रंट वॉकओवर की प्रैक्टिस कर रही हैं.

  15. अनिल देशमुख ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया

    महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सोमवार को ही बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की याचिका की सुनवाई करते हुए अनिल देशमुख पर लगे आरोपों की सीबीआई जांच का आदेश दिया.

    अनिल देशमुख ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भेजे गए अपने त्यागपत्र में कहा है कि सीबीआई जांच को देखते हुए उनका पद पर बने रहना नैतिक रूप से सही नहीं है.

    परमबीर सिंह ने अपनी याचिका में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे.

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता और उद्धव सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक ने बताया कि अनिल देशमुख ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है. लेकिन मुख्यमंत्री ने उसे अभी तक स्वीकार नहीं किया है.

    मलिक ने कहा कि परमबीर सिंह के आरोपों में कोई तथ्य नहीं है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गृह मंत्री के पद की जिम्मेदारी वर्तमान में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पास ही रहेगी.

  16. वो महिलाएं जो कोरोना और वैक्सीन से जुड़ी अफ़वाहों के ख़िलाफ़ लड़ रही हैं

    दक्षिण अफ़्रीका में कोरोना वैक्सीन के ख़िलाफ़ भ्रामक जानकारियों से लड़ने के लिए ऑनलाइन वॉलंटियर्स की एक टीम ने कमर कस ली है. इनमें से अधिकतर महिलाएं देश के बाहर ही रहती हैं.

    सारा डाउंस ने जब अपनी दादी की कोविड-19 की वजह से मौत के बारे में ट्वीट किया तो एक प्रतिक्रिया ऐसी भी आई जिसकी उम्मीद उन्होंने नहीं की थी. वो कहती हैं, "मैंने सिर्फ़ ये लिखा था कि मेरी दादी की मौत हो गई है और वो मेरे लिए कितना मायने रखती थीं."

    वो बताती हैं, "तब किसी ने मुझसे पूछा कि क्या हमने अपनी दादी का पोस्टमॉर्टम करवाया? कराया तो उसका नतीजा क्या था? आपको नहीं पता कि उनकी मौत कोविड से ही हुई है. उनकी मौत की वजह कुछ और भी तो हो सकती है?"

    सारा से सवाल करने वाला व्यक्ति दरअसल कोविड को ही नकार रहा था. ऐसे बहुत से लोग हैं जो खुलकर अपनी राय रखते हैं और उनमें से कई सामान्य तौर पर ये मानते हैं कि कोविड-महामारी है ही नहीं है, या ये एक झूठ है.

  17. बांग्लादेश में नाव डूबी, कम से कम 26 लोगों की मौत

    बांग्लादेश में अधिकारियों का कहना है कि एक छोटी नाव अपने से कहीं अधिक बड़े मालवाहक जहाज़ से टकराने के बाद नदी में डूब गई, जिसकी वजह से कम से कम 26 लोग मारे गए हैं.

    घटना रविवार शाम नारायणगंज ज़िले की है जहां पांच शव रविवार को ही बरामद कर लिए गए थे और बाकी शवों की तलाश जारी थी.

    प्रशासन का कहना है कि सारे लापता लोगों के शव मिल गए हैं और अब तलाशी अभियान बंद कर दिया गया है.

  18. अनिल देशमुख ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया

    महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने इस्तीफ़ा दे दिया है. इस्तीफ़े से पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ सीबीआई जांच का आदेश दिया था.

    इससे पहले, मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि गृह मंत्री अनिल देशमुख ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को हर महीने सौ करोड़ रुपए की उगाही का टार्गेट दिया था.

    70 साल के अनिल देशमुख महाराष्ट्र की राजनीति के ऐसे चुनिंदा नेताओं में से हैं जिन्होंने हर पार्टी की सरकार में अपनी जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है.

    मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के विस्फोटक पत्र के बाद राजनीतिक विश्लेषकों को महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख का राजनीतिक करियर ख़तरे में लग रहा था.

    देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में बनी पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार के पाँच साल के कार्यकाल को छोड़ दिया जाए तो देशमुख साल 1995 के बाद से लगातार मंत्री रहे हैं.

  19. कोरोना का भारत में नया रिकॉर्ड, 24 घंटे में एक लाख के पार मामले

  20. छत्तीसगढ़: अंत में नक्सलियों के खिलाफ हमारी जीत निश्चित है- अमित शाह

    बीते कल छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर बॉर्डर के पास हुए नक्सली हमले में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि देने जगदलपुर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जिन लोगों ने जान गंवाई है उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा.

    अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सली हमले पर जगदलपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की.

    बैठक के बाद अमित शाह ने कहा, "नक्सली हमले में जान गंवाने वाले जवानों को मैं सभी की तरफ से श्रद्धांजलि देता हूं उनका ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. आज हमने इस पर बैठक की. मैं देश को विश्वास दिलाता हूं कि लड़ाई रुकेगी नहीं बल्कि और गति के साथ आगे बढ़ेगी. अंत में नक्सलियों के खिलाफ हमारी जीत निश्चित है."

    वहीं भूपेश बघेल ने कहा हमले में नक्सलियों को भी भारी नुक़सान हुआ है. उन्होंने कहा कि "हमें जानकारी मिली है कि नक्सलियों को चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों में घायलों और मृतकों के शवों को ले जाना पड़ा है."