You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

म्यांमार से आने वाले शरणार्थियों के लिए रिफ्यूजी कैंप न खोले जाएं: मणिपुर -आज की बड़ी ख़बरें

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मिज़ोरम, नागालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश को म्यांमार से आने वाले अवैध शरणार्थियों को आने से रोकने के लिए इंतज़ाम करने के लिए कहा था.

लाइव कवरेज

  1. पश्चिम बंगालः सत्ता-संसाधनों से लैस बीजेपी को कितनी टक्कर दे पाएंगी 'बंगाल की बेटी ममता'

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से क़रीब 160 किलोमीटर दक्षिण में एक गर्म दोपहरी में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं.

    "आपने उन्हें दस साल तक काम करने का मौक़ा दिया. अब हमें भी एक मौक़ा दीजिए."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दरअसल पश्चिम बंगाल की फ़ायरब्रैंड महिला नेता ममता बनर्जी की बात कर रहे हैं.

    ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस बीते दस सालों से भारत के इस पूर्वी राज्य की सत्ता संभाल रही है.

    अनुभवी वक्ता नरेंद्र मोदी भाषण देते-देते लच्छेदार बंगाली बोलने लगते हैं तो सुनने वाली भीड़ को भी हैरत होने लगती है.

    प्रधानमंत्री मोदी के निशाने पर ममता बनर्जी ही रहती हैं. ममता को पश्चिम बंगाल में लोग 'दीदी' कहते हैं. भारत में इस शब्द के मायने होते हैं बड़ी बहन.

    बंगाल में ममता के समर्थकों ने उनके लिए ये ही नाम रखा है.

  2. जम्मू और कश्मीरः चरमपंथी हमले में एक पार्षद और सुरक्षा गार्ड की हत्या

    माजिद जहाँगीर

    श्रीनगर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    भारत -प्रशासित कश्मीर के सोपोर क़स्बे में सोमवार दोपहर को संदिग्ध चरमपंथियों ने एक हमले में नगरपलिका पार्षद और उनके एक सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी है.

    इस हमले में एक और नगर पालिका पार्षद घायल हो गए हैं.

    पुलिस ने अपने एक ट्वीट में बताया है कि चरमपंथियों ने उत्तरी कश्मीर के सोपोर क़स्बे में स्थित नगरपालिका के दफ़्तर पर गोली चलायी, जिसमें एक पुलिस कर्मी और एक नगरपलिका पार्षद की मौत हो गयी.

    कश्मीर ज़ोर के आईजी पुलिस विजय कुमार ने कहा है कि सोपोर की घटना में एक विदेशी और एक स्थानीय चरमपंथी शामिल थे. कुमार ने कहा कि उन्होंने सोपोर के एसएसपी को आदेश दिया है कि मारे गए लोगों के साथ जो सुरक्षाकर्मी तैनात थे उनको सस्पेंड किया जाए क्योंकि वो हमले के वक़्त मौजूद थे लेकिन उन्होंने जवाबी कार्रवाई नहीं की. विजय कुमार ने कहा कि सर्च ऑपरेशन जारी है.

    मारे गये नगरपालिका परिषद की पहचान रियाज़ अहमद के रूप में हुई है, जबकि मारे गये पुलिसकर्मी का नाम शफ़ात अहमद बताया गया है.

    शम्सुद्दीन नाम के एक अन्य पार्षद घायल भी हुए हैं.

    ये हमला उस समय हुआ, जब नगर पालिका दफ़्तर के अंदर पार्षदों की बैठक चल रही थी.

    मारे गए पुलिसकर्मी इसी दफ़्तर के बाहर ड्यूटी पर थे.

    हमले के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां रियाज़ अहमद और शफ़ात अहमद की मौत हो गई.

    जम्मू कश्मीर बीजेपी के प्रवक्ता अल्ताफ़ ठाकुर ने बीबीसी को बताया कि रियाज़ अहमद 2014 से बीजेपी के साथ जुड़े थे.

    ठाकुर ने बताया, "रियाज़ अहमद ने वर्ष 2018 में नगरपालिका का चुनाव लड़ा था. घायल पार्षद रियाज़ अहमद के ससुर थे और वो भी बीजेपी से जुड़े थे."

    घटना की निंदा करते हुए ठाकुर ने बताया, "जब पूरा देश होली मना रहा है और मुसलमान शब-ए- बारात की तैयारी कर रहे हैं, तभी दूसरी तरफ़ दहशतगर्द इंसानों का ख़ून बहा रहे हैं. हम इस घटना की सख़्त शब्दों में निंदा कर रहे हैं."

    अभी तक किसी भी चरमपंथी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    घाटी में बीते पाँच दिनों में ये दूसरा बड़ा चरमपंथी हमला है.

    पाँच दिन पहले श्रीनगर के लावेपोरा इलाक़े में चरमपंथियों ने सीआरपीएफ़ के एक क़ाफ़िले पर हमला किया था, जिसमें दो जवान मारे गये थे और तीन जवान घायल हो गये थे.

  3. बीजेपी कार्यकर्ता की मां की मौत, अमित शाह का ममता पर निशाना

    पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना ज़िले में एक बीजेपी कार्यकर्ता की 85 वर्षीय मां की मौत के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया है कि वो इससे बहुत दुखी हैं.

    कथित तौर पर निमटा इलाक़े में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने एक महीने पहले बीजेपी कार्यकर्ता की मां की पिटाई की थी जिसके बाद उनकी मौत हुई है.

    अमित शाह ने ट्वीट किया, “बंगाल की बेटी शोवा मजूमदार जी के निधन से दुखी हूं जिन्हें टीएमसी के गुंडों ने बुरी तरह पीटा था. उनके परिवार का दर्द और ज़ख़्म ममता दीदी को लंबे समय तक डराएंगे. बंगाल हिंसामुक्त कल के लिए लड़ेगा, बंगाल हमारी बहनों और मांओं के लिए एक सुरक्षित राज्य के लिए लड़ेगा.”

    वहीं, टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि 85 वर्षीय महिला की मौत कई बीमारियों के कारण हुई है और इसका उन्हें दुख है और इसका उनके बेटे और टीएमसी कार्यकर्ताओं से हुई झड़प से कोई लेना-देना नहीं है.

  4. नंदीग्राम में ममता बनर्जी की पदयात्रा, रैली को करेंगी संबोधित

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम में सोमवार को पदयात्रा निकाल रही हैं.

    यह पदयात्रा खुदीराम मोड़ से ठाकुर चौक तक जाएगी. इसके बाद ममता बनर्जी एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगी.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम से ही विधानसभा चुनाव की उम्मीदवार हैं.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, शरद पवार को हुई स्वास्थ्य दिक़्क़त, 31 मार्च को होगी सर्जरी

    नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने जानकारी दी है कि उनके पार्टी अध्यक्ष शरद पवार की पित्ताशय की थैली से जुड़ी एक सर्जरी की जाएगी.

    पार्टी प्रवक्ता नवाब मलिक ने ट्वीट करके बताया है कि पार्टी अध्यक्ष को शनिवार शाम को पेट में दर्द की शिकायत हुई थी जिसके बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया था.

    उन्होंने बताया कि टेस्ट करने के बाद पता चला कि उन्हें पित्ताशय की थैली से जुड़ी परेशानियां हैं.

    नवाब मलिक ने अगले ट्वीट में लिखा, “वो ख़ून पतला करने वाली दवाइयां ले रहे थे जिसे इस परेशानी के सामने आने के बाद रोक दिया गया है. उनको 31 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा और फिर सर्जरी होगी. अगले नोटिस तक उनके सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं.”

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 68 हज़ार से अधिक मामले

    भारत में सोमवार को बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 68,020 नए मामले सामने आए हैं. अक्तूबर के बाद से यह एक दिन में आए सबसे अधिक मामले हैं.

    इसके साथ ही भारत में कुल मामलों की संख्या 1.20 करोड़ से अधिक हो चुकी है जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 5 लाख से अधिक है.

    बीते 24 घंटों में 291 लोगों की इस संक्रमण के कारण मौत हुई है जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 1.61 लाख हो चुका है.

  7. स्वेज़ नहर: जहाज़ के सभी क्रू सदस्य हैं भारतीय, कंपनी ने कहा- सभी सुरक्षित

    स्वेज़ नहर में फंसे एवर ग्रीन नामक कंटेनर जहाज़ पर मौजूद क्रू के सभी सदस्य सुरक्षित हैं.

    इस जहाज़ का संचालन करने वाली एक ताइवानी कंपनी ने बताया है कि इस पर क्रू दल के सभी 25 सदस्य भारतीय हैं और वे सुरक्षित हैं.

    मिस्र की स्वेज़ नहर में 23 मार्च से फंसे इस जहाज़ के कारण जहाज़ों की आवाजाही ठप्प पड़ चुकी है.

    400 मीटर लंबे और 2 लाख टन वज़न वाले इस जहाज़ पर जापान के शोए किसन नामक कंपनी का मालिकाना हक़ है जिसका संचालन ताइवान के एवरग्रीन मरीन नामक फ़र्म करती है.

    बर्नहार्ड शुल्ट शिपमैनेजमेंट ने अपने बयान में कहा है, “क्रू के सभी 25 सदस्य सुरक्षित हैं और उनका स्वास्थ्य अच्छा है और उत्साह बरक़रार है. क्रू के सभी सदस्य भारतीय हैं और जहाज़ पर ही हैं. वे सभी पक्षों के साथ फंसे हुए जहाज़ को निकालने को लेकर काम कर रहे हैं. मास्टर और चालक दल की कड़ी मेहनत और पेशेवराना रवैये की सराहना करने लायक है.”

  8. राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करके दी होली की बधाई

    राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करके देश को होली की शुभकामनाएं दी हैं.

    राष्ट्रपति कोविंद ने लिखा कि रंगों का यह त्योहार सामाजिक सौहार्द का पर्व है.

  9. भारत में सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख पार

    चार महीने के अंतराल के बाद रविवार को फिर भारत में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले पांच लाख पार हो गए.

    देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के मामलों में तेज़ उछाल देखने को मिला है. सिर्फ पिछले हफ़्ते में ही 178,000 सक्रिय मामले कुल मामलों में जुड़े हैं, जो बीते साल मार्च में देश में महामारी पहुंचने के बाद से किसी भी हफ़्ते में सबसे ज़्यादा है.

    देश में पिछले कुछ दिनों से रोज़ संक्रमण के 60 हज़ार से ज़्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं. रविवार को ही संक्रमण के नए 68,204 मामले दर्ज किए गए. रविवार रात को देश में सक्रिय मामलों की संख्या कुल 523,550 रही.

    हालांकि इससे पहले सितंबर के मध्य में देश में सक्रिय मामलों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई थी लेकिन फिर उसके बाद तेज़ी से नीचे आ गई थी. लेकिन अब दोबारा मामलों में चिंताजनक उछाल देखा गया है.

    दिल्ली में रविवार को संक्रमण के 1,881 नए मामले दर्ज किए गए, जो पिछले साल 13 दिसंबर के बाद से सबसे ज़्यादा हैं. पहले भी बुरी तरह प्रभावित रहा महाराष्ट्र एक बार फिर लगातार बढ़ते मामलों से जूझ रहा है.

    मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए कई राज्य सरकारों ने सख़्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

  10. प्रधानमंत्री मोदी ने दी होली की बधाई

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को होली के त्योहार की बधाई दी है और उनके लिए मंगलकामना की है.

  11. होली मनाने पर कई राज्यों में रोक

    आज रंगों का त्योहार होली है. लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच कई राज्यों ने होली का त्योहार मनाने पर रोक लगा दी है. चिंता इसलिए बढ़ी हुई है क्योंकि बीते कुछ दिनों से हर रोज़ देश में कोरोना संक्रमण के 60 हज़ार से ज़्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं.

    यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी होली मिलन का कार्यक्रम रद्द कर दिया और लोगों को बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर होली ना खेलने की सलाह दी.

    हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों और विशेषज्ञों को चिंता है कि अगर लोग कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन नहीं करते हैं तो होली और शब-ए-बारात के त्योहार सुपर-स्प्रेडर साबित हो सकते हैं.

    होली के लिए कई राज्यों ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

    दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने लोगों से होली पर सार्वजनिक तौर पर इकट्ठा होने से बचने और घर पर ही त्योहार मनाने की अपील की है. दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 23 मार्च को आदेश दिया था कि होली और नवरात्री जैसे आगामी त्योहारों को सार्वजनिक तौर पर मनाने की मनाही होगी. डीडीएमए के आदेश का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस के पीआरओ चिन्मय बिस्वाल ने लोगों से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की और कहा कि मैदान, पार्क, बाज़ार या धार्मिक स्थलों पर होली के लिए इकट्ठा होने और सार्वजनिक तौर पर मनाने की अनुमति नहीं है.

    महाराष्ट्र:कोरोना वायरस के मामलों में अचानक आई बढ़ोतरी के मद्देनज़र महाराष्ट्र के नागरिक और ज़िला प्रशासनों ने निजी और सार्वजनिक, दोनों जगहों पर होली मनाने पर पाबंदी लगा दी है. मुंबई के मेयर किशोरी पेडनेकर ने लोगों से होली के दौरान बिना वजह बाहर ना जाने की अपील की है और कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख़्ती से पालन करने के लिए कहा है.

    वहीं राजस्थान में प्रतिबंधों में कुछ रियायत दी गई है और शाम 4 से रात 10 बजे के बीच सार्वजनिक आयोजनों की अनुमति दी है. हालांकि 50 से ज़्यादा लोग इन आयोजनों में हिस्सा नहीं ले सकते. साथ ही लोगों से कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करने और मास्क के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने के लिए कहा गया है.

    इसके अलावा हरियाणा, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं.

  12. मोज़ाम्बिक: पल्मा में हुए हमले में दर्जनों की मौत, कई लोग अब भी लापता

    मोज़ाम्बिक के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ओमर सारंगा ने बताया है कि देश के उत्तरी हिस्से में समुद्रतट पर मौजूद शहर पल्मा में हुए कथित इस्लामी चरमपंथियों के हमले में दर्जनों लोगों की मौत हो गई है.

    ओमर सारंगा के अनुसार सात लोगों की मौत उस वक्त हो गई जब वो एक होटल से निकल कर भागने की कोशिश कर रहे थे. वो चार दिन तक इस होटल में छिपे रहे थे.

    मंत्रालय का कहना है कि चरमपंथियों के चंगुल से सैंकड़ों स्थानीय और विदेशी लोगों को बचा लिया गया है.

    बुधवार को इस इलाक़े पर कथित इस्लामी चरमपंथियों ने हमला किया था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों से बचने के लिए वो छिपे हुए थे और सुरक्षाबलों का इंतज़ार कर रहे थे. उनका कहना है कि समुद्रतट पर उन्होंने कई लोगों के शव देखे जिनके सिर धड़ से अगल कर दिए गए थे.

    मरीन ट्रैफिक की वेबसाइट के अनुसार पल्मा और पेम्बा बंदरगाह के नज़दीक बड़ी संख्या में नाव और यात्री जहाज़ देखे गए हैं और लोग नावों के ज़रिए पल्मा से बच कर भागने की कोशिश कर रहे हैं.

    एक कॉन्ट्रैक्टर ने बीबीसी को बताया कि बच कर भागने वाले कई लोग ऐसे हैं जो होटल से बच कर भागे हैं. ये लोग शुक्रवार की रात से ही समुद्रतट पर आकर छिप गए थे. इन्हें शनिवार सवेरे सुरक्षाबलों ने बचाया.

    बचाव दल से जुड़े एक सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफ़पी का बताया कि रविवार दोपहर को 1,400 लोगों को लेकर एक जहाज़ पल्मा से 250 किलोमीटर दूर पेम्बा बंदरगाह पहुंचा.

    राहत एजेंसियों का कहना है कि लोगों को लेकर कई और छोटी-छोटी नाव पेम्बा के लिए निकल चुकी हैं और सोमवार सवेरे तक वहां पहुंच सकती हैं.

    पल्मा में क्या है स्थिति?

    काबो डेल्गाडो प्रांत में बसे पल्मा की आबादी क़रीब 75,000 है. चरमपंथी हमले में कितने लोगों की मौत हुई है अब तक ये स्पष्ट नहीं है. लेकिन बताया जा रहा है कि कई लोग अब भी लापता है.

    मोज़ाम्बिक पुलिस की मदद कर रही डाइक एडवाइज़री ग्रूप प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी के कर्नल लायनेल डाइक कहते हैं, “पूरे शहर में शव बिखरे पड़े हैं. कई शवों के सिर धड़ से अलग किए गए हैं.”

    बताया जा रहा है एक हथियारबंद गुट ने शहर को अपने कब्ज़े में ले लिया है. लेकिन पल्मा से सभी तरह के संपर्क टूट गए हैं. ऐसे में इस दावे की पुष्टि नहीं की जा सकी है.

    बुधवार को जब हमला शुरू हुआ उस वक्त सबसे पहले हथियारबंद चरमपंथियों के के समूह ने सबसे पहले दुकानों, बैंकों और सेना के ठिकानों पर हमले किए.

    हमले से बचने के लिए कई लोग जंगलों में भाग गए और कई आसपास के मैन्ग्रूव के जंगलों की तरफ चले गए. यहां के एक गैस प्रोजेक्ट में काम करने वाले क़रीब सौ कर्मचारियों और कई स्थानीय लोगों ने शहर के एक होटल में पनाह ली.

    शुक्रवार को कई लोगों ने होटल से निकल कर समुद्रतट तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन कइयों को होटल के बाहर मार दिया गया.

    अपुष्ट ख़बरों के अनुसार एक ब्रितानी नागरिक होटल में फंसे हैं. आरए इंटरनेशनल नाम की एक कंपनी ने बीबीसी को बताया कि वो ब्रितानी नागरिक के बारे में और जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं. कंपनी का कहना है कि शुक्रवार दोपहर को आख़िरी बार वो अपने कर्मचारियों से संपर्क कर सके थे.

    उत्तरी मोज़ाम्बिक में साल 2017 के बाद से चरमपंथी हमले होते रहे हैं. मुख्य रूप से मुसलमान आबादी वाले काबो डेल्गाडो में कथित चरमपंथी समूह इस्लामिक स्टेट से जुड़े समूहों के हमले होते रहे हैं. अब तक इन हमलों में 2,500 लोगों की मौत हुई है जबकि 700,000 लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं.

  13. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.