You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आर्मीनिया के प्रधानमंत्री बोले, अगले महीने इस्तीफ़ा दूंगा -आज की बड़ी ख़बरें

निकोल पाशिन्यान ने कहा जल्द से जल्द चुनाव हों इसके लिए वो इस्तीफ़ा दे देंगे लेकिन इस बीच कार्यकारी प्रधानमंत्री के तौर काम करते रहेंगे.

लाइव कवरेज

  1. मन की बात में कोरोना और खेती-किसानी पर बोले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के ज़रिए देशवासियों को संबोधित किया और इस कार्यक्रम के 75वें संस्करण को ‘सफल बनाने के लिए श्रोताओं का आभार’ व्यक्त किया.

    उन्होंने कहा कि साल 2014 में विजयदशमी के दिन मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी लेकिन ‘ऐसा लगता है कि ये कल की ही बात है.’

    प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दस हज़ार रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं मिताली राज को बधाई दी.

    उन्होंने कहा, "दो दशकों से ज़्यादा के करियरमें मिताली राज जी ने हजारों-लाखों को प्रेरित किया है. उनके कठोर परिश्रम और सफलता की कहानी, न सिर्फ महिला क्रिकेटरों, बल्कि, पुरुष क्रिकेटरों के लिए भी एक प्रेरणा है."

    मिताली राज ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहा है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये दिलचस्प है कि इसी मार्च महीने में, जब हम महिला दिवस मना रहे थे, तब कई महिला खिलाड़ियों ने पदकऔर रिकॉर्डअपने नाम किए.

    प्रधानमंत्री ने कहा, ''पिछले साल मार्च का ही महीना था जब देश ने पहली बार जनता कर्फ्यू शब्द सुना था लेकिन इस महान देश की महान प्रजा की महाशक्ति का अनुभव देखिए, जनता कर्फ्यू पूरे विश्व के लिए एक अचरज बन गया था.''

    उन्होंने कहा कि अनुशासन का ये अभूतपूर्व उदाहरण था और आने वाली पीढ़ियां इस एक बात को लेकर ज़रूर गर्व करेंगी.

    प्रधानमंत्री ने कहा, ‘'आपको अंदाज़ा नहीं है कि सम्मान, आदर, थाली बजाना, ताली बजाना और दिया जलाना कोरोना वॉरियर्स के दिल को कितना छू गया था. यही कारण है कि वो सालभर बिना थके, बिना रुके डटे रहे.’'

    पीएम मोदी ने कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, “कृषि के क्षेत्र में रोज़गार के नए अवसर पैदा करने के लिए, किसानों की आय बढ़ाने के लिए, परंपरागत कृषि के साथ ही, नए विकल्पों को, नए-नए इनोवेशनको, अपनाना भी, उतना ही ज़रूरी है.”

    प्रधानमंत्री ने ऐसे वक़्त में ये कहा है जब बीते कई महीनों से केंद्र सरकार के कृषि क़ानूनों से नाराज़ हज़ारों किसान प्रदर्शन कर रहे हैं और क़ानून रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर डटे हैं. हालांकि मोदी सरकार लगातार कहती रही है कि उनके क़ानूनों की मदद से किसानों की आय दोगुनी होगी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने आख़िर में देशवासियों को आने वाले त्योहारों के लिए शुभकामनाएं दीं और कोरोना को गंभीरता से लेने का संदेश देते हुए कहा कि ये भी याद रखें-दवाई भी - कड़ाई भी.

  2. पंजाब: गुस्साए किसानों ने बीजेपी विधायक को निर्वस्त्र करके पीटा

  3. कोरोना: भारत में लगातार दूसरे दिन 62 हज़ार से ज़्यादा मामले

    भारत में कई महीनों बाद लगातार दूसरे दिन 24 घंटे में 62 हज़ार से ज़्यादा संक्रमण के मामले सामने आए. एक दिन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 312 हो गई है.

    संक्रमण को देखते हुए होली और शब-ए-बारात से पहले महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों ने पाबंदियाँ बढ़ा दी हैं.

    महाराष्ट्र में 'नाइट कर्फ़्यू' तो दिल्ली में 'मिनी लॉकडाउन' लगा दिया गया है.

  4. कानपुर: अस्पताल में आग, शीशा तोड़कर निकाले गए मरीज़

    समीरात्मज मिश्र

    बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर प्रदेश के कानपुर में एलपीएस इंस्टिट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी में रविवार सुबह अचानक आग लग गई.

    बताया जा रहा है कि आग प्रथम तल पर स्थित इमर्जेंसी वॉर्ड में लगी है.

    आग लगने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है.

    अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि ग्राउंड और फर्स्ट फ़्लोर के शीशे तोड़ सारे मरीज निकाल लिए गए हैं और उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है.

    राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ज़िला प्रशासन को हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं और हादसे की जाँच के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति गठित की है.

  5. इंडोनेशिया: चर्च के बाहर धमाका, इंसानी शरीर के टुकड़े मिले

    इंडोनेशिया के मकस्सार शहर में रविवार को एक कैथोलिक चर्च के बाहर बम धमाका हुआ. पुलिस ने बताया कि इस धमाके में कुछ मौतें हुई हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ जिस समय यह धमाका हुआ उस समय कई लोग चर्च के अंदर थे.

    साउथ सुलावेसी पुलिस के प्रवक्ता ई. ज़ुलपन ने मीडिया को बताया, “हमने यहाँ पीड़ितों और इंसानी शरीर के हिस्सों को देखा है जो पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गए हैं.”

    उन्होंने कहा, “अभी तक हमें ये नहीं पता कि शरीर के क्षत-विक्षत अंग हमलावर के हैं या उन लोगों के जो आस-पास थे.”

    हादसे की जगह वाले एक वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस ने चर्च को घेर रखा है और चर्च के पास खड़ी कारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.

    इस मामले में ज़्यादा जानकारी का इंतज़ार है.

  6. कनाडा की लाइब्रेरी में चाकूबाज़ी, एक की मौत और पांच घायल

    कनाडा के वैंकूवर शहर में शनिवार को एक सार्वजनिक लाइब्रेरी में चाकूबाज़ी की घटना हुई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए.

    यह लाइब्रेरी व्यस्त बाज़ार के नज़दीक है. पुलिस का कहना है कि उसने हमले के संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, हमला दोपहर के वक़्त हुआ. पुलिस ने चश्मदीदों से जांच में सहयोग करने की अपील की है. कुछ लोगों ने घटना का वीडिया बनाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया.

    वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फ्रैंक जंग ने एक प्रेस वार्ता में कहा, “छह पीड़ित चाकू से घायल हुए थे. एक पीड़ित ने दम तोड़ दिया. वो पीड़ित एक महिला थीं.”

    लाइब्रेरी के सामने खड़े पत्रकारों से फ्रैंक ने कहा, “हमारा मानना है कि एक ही संदिग्ध है, जिसे हमने हिरासत में ले लिया है. ज़ाहिर तौर पर सवाल ये है कि ऐसा क्यों हुआ.”

    पीड़ितों से जुड़ी और कोई जानकारी साझा नहीं की गई है.

    वीडिया में देखा जा सकता है कि एक आदमी को हिरासत में लिया जा रहा है, जिसके हाथ में चाकू है और वो ख़ुद भी घायल है. उसकी हालत के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक़ संदिग्ध का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने उत्तरी वैंकूवर की इस घटना के पीड़ितों के लिए ट्विटर पर लिखा, “कनाडा के सभी लोग आपके लिए ग़मगीन हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं.”

  7. होली पर किसान कृषि क़ानूनों की प्रतियां जलाएंगे, रंग की जगह मिट्टी का टीका लगाएंगे

    भारतीय किसान संघ ने शनिवार को कहा कि होली के मौक़े पर किसान गाज़ीपुर बॉर्डर पर तीनों कृषि क़ानूनों की प्रतियां जलाएंगे.

    बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत रविवार को क़ानूनों की प्रतियां जलाने वाले किसानों का नेतृत्व करेंगे.

    गाज़ीपुर बॉर्डर पर बीकेयू ही विवादित कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहा है.

    राकेश टिकैत ने होलिका दहन पर किसानों से अपने गांवों में क़ानूनों की प्रतियां जलाने की अपील की.

    उन्होंने कहा, “इससे सरकार को समझ आएगा कि किसानों को ये क़ानून स्वीकार नहीं हैं.”

    टिकैत ने कहा कि ये संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यक्रम का हिस्सा है.

    उन्होंने कहा, “सोमवार को रंगों की जगह किसान, प्रदर्शनों के दौरान जान गंवाने वाले किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए अपने माथे पर मिट्टी का टीका लगाएंगे.”

    राकेश टिकैत ने कहा कि अगर क़ानून रद्द नहीं किए जाते और एमएसपी की गारंटी देने वाला एक नया क़ानून नहीं बनाया जाता तो किसान दिवाली तक प्रदर्शन स्थल पर बैठे रहने के लिए तैयार हैं.

    #किसान_कृषि_बिल_दहन_करेगे हैशटैग भी रविवार को ट्विटर के टॉप ट्रेंड में बना हुआ है.

    इस बीच शनिवार को किसान मज़दूर जागृति यात्रा गाज़ीपुर बॉर्डर पहुंची.

    यह यात्रा छह मार्च से रामराज से शुरू हुई थी. इस यात्रा में शामिल हुए किसान 16 ज़िलों के अलग-अलग गांवों से मिट्टी इकट्ठा करके लाए हैं.

    बीकेयू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने कहा, “इस मिट्टी को गाज़ीपुर बॉर्डर पर रखा जाएगा.”

  8. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.