You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
योगी सरकार का फ़ैसला: मुज़फ़्फ़रनगर दंगों का मुक़दमा बीजेपी नेताओं से हटा, कोर्ट ने दी मंजूरी -आज की बड़ी ख़बरें
साल 2013 के मुज़फ़्फ़रनगर दंगों से जुड़े एक मामले में ज़िले की एक अदालत ने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के 12 नेताओं के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने का मुकदमा वापस लेने की मंजूरी दे दी.
लाइव कवरेज
पीएम मोदी ने बांग्लादेश के काली मंदिर में की पूजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन ईश्वरीपुर के जेशोरेश्वरी काली मंदिर में पूजा की.
इसे 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है.
सचिन तेंदुलकर कोरोना पॉज़िटिव, घर में हुए क्वॉरंटीन
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर कोरोना से संक्रमित पाये गये हैं.
सचिन ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.
पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा के बीच पहले चरण का मतदान जारी
प्रभाकर मणि तिवारी
कोलकाता से बीबीसी हिन्दी डॉट कॉम के लिए
पश्चिम बंगाल में शनिवार को छिटपुट हिंसा के बीच पहले चरण की 30 सीटों के लिए मतदान जारी है.
चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि सुबह दस बजे तक क़रीब 15 फ़ीसदी मतदान हुआ. इस दौरान भगवानपुर में बीजेपी और टीएमसी के बीच हुई झड़प के दौरान देर रात बम फेंके गये. इससे दो पुलिसवालों के घायल होने की ख़बर है.
इस मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. सालबनी में सीपीएम उम्मीदवार सुशांत घोष पर कथित टीएमसी समर्थकों ने हमला किया और उनकी कार में तोड़-फोड़ की.
सुशांत ने इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताया है. लेकिन टीएमसी ने इन आरोपों का खंडन किया है. पहले चरण के मतदान के लिए सुरक्षा का व्यापक इंतज़ाम किया गया है.
इस दौर में 10 हज़ार मतदान केंद्रों पर राज्य पुलिस के अलावा केंद्रीय बलों की 732 कंपनियां तैनात की गई हैं. कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के माजना इलाक़े में वोटरों ने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया.
टीएमसी ने भी चुनाव आयोग से ईवीएम में गड़बड़ी कि शिकायत की है. पाटी का आरोप है कि वोट किसी को भी दिया जाये, पर वोट एक ख़ास पार्टी को ही जा रहे हैं.
दूसरी ओर, केशियारी में शनिवार सुबह एक बीजेपी कार्यकर्ता मंगल सोरेन का शव उनके घर के बरामदे से बरामद होने की वजह से इलाक़े में तनाव है.
बीजेपी ने इस हत्या के लिए टीएमसी को ज़िम्मेदार ठहराया है. लेकिन टीएमसी ने इसे बीजेपी की आपसी गुटबाज़ी का नतीजा बताया है.
ज़िला प्रशासन ने आयोग को इस मामले की रिपोर्ट भेज दी है. वहीं झाड़ग्राम में ईवीएम की गड़बड़ी से एक मतदान केंद्र पर मतदान का काम देरी से शुरू हुआ.
असम चुनावः पहले चरण के तहत 47 सीटों पर वोटिंग जारी, कई बूथों पर मतदाताओं के लिए मास्क, दस्तानों और सैनेटाइज़र की व्यवस्था
दिलीप कुमार शर्मा
मरियानी (असम) से बीबीसी हिन्दी के लिए
असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 12 ज़िलों की 47 विधानसभा सीटों पर शनिवार सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहें हैं.
पहले चरण की वोटिंग में सुबह साढ़े 9 बजे तक 10.2 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किये गए है. पहले चरण के इस चुनाव के लिए सुरक्षाबलों की तीन सौ कंपनियों को उतारा गया है.
कोविड-19 को देखते हुए लाहोवाल निर्वाचन क्षेत्र के मानकाटा इलाक़े में कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को मास्क, दस्ताने और हैंड सैनेटाइज़र दिये जा रहे हैं.
जोरहाट ज़िले की मरियानी विधानसभा सीट पर इस समय महिला मतदाताओं की भीड़ ज़्यादा दिखाई दे रही है.
राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पहले दौर की इन सीटों पर कुल 81 लाख 9 हज़ार 815 पंजीकृत मतदाता हैं जो निर्दलीय उम्मीदवारों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के 264 उम्मीदवारों के भाग्य का फ़ैसला करेंगे.
इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 40 लाख 32 हज़ार 481 है.
पहले दौर के चुनाव में बीजेपी के 24 मौजूदा विधायक चुनाव लड़ रहें हैं जिनमें मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी शामिल है.
इसके अलावा कांग्रेस के छह मौजूदा विधायक, असम गण परिषद के छह विधायक और एक बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआईयूडीएफ के विधायक पहले दौर के चुनाव में खड़े हुए है.
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना संक्रमण: 24 घंटे में 62 हज़ार से ज़्यादा नये मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 62,258 नये केस दर्ज किये गये.
लगातार दूसरे दिन कोरोना के साठ हज़ार से ज़्यादा नये मामले दर्ज किये गए हैं.
शुक्रवार को मंत्रालय ने कहा था कि भारत में 160 दिन बाद कोरोना के इतने नये मामले दर्ज किये गए हैं.
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक़, महाराष्ट्र, पंजाब और गुजरात में संक्रमण सबसे तेज़ी से बढ़ रहा है.
मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में 291 लोगों को कोविड-19 से मौत हुई है.
भारत में इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या अब एक लाख 61 हज़ार से अधिक हो गई है.
बताया गया है कि भारत सरकार द्वारा अब तक पाँच करोड़ 81 लाख से ज़्यादा कोविड वैक्सीन की डोज़ दी जा चुकी हैं.
कोरोना वैक्सीन के निर्यात को लेकर फ़्रांस ने ब्रिटेन पर लगाया 'ब्लैकमेल' करने का आरोप
फ़्रांस ने कोरोना वैक्सीन के निर्यात को लेकर यूके पर 'ब्लैकमेल' करने का आरोप लगाया है.
फ़्रांस ने यूरोपीय संघ से कहा है कि वैक्सीन के निर्यात पर सख़्ती से नियंत्रण रखा जाए.
यूरोपीय देशों में वैक्सीन देने की प्रक्रिया काफ़ी धीमी है ईयू के सदस्य देशों ने इसके लिए वैक्सीन बनाने वाली कंपनी ख़ासकर एस्ट्राज़ेनेका को ज़िम्मेदार ठहराया है.
हालांकि एस्ट्राज़ेनेका कंपनी ने इस बात से इनकार किया है कि उसने ईयू देशों के साथ किए गए अपने क़रार का पालन नहीं किया है.
ईयू देश मार्च के आख़िर तक कोरोना वैक्सीन की क़रीब तीन करोड़ ख़ुराक़ हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं जो कि उनकी उम्मीद की एक तिहाई से भी कम है.
ईयू के 27 सदस्य देशों की तुलना में यूके में वैक्सीन देने की मुहिम ज़्यादा सफल रही है.
शुक्रवार को फ़्रांस के विदेश मंत्री ने कहा कि यूके की वैक्सीन नीति की क़ीमत ईयू को नहीं चुकानी चाहिए.
विदेश मंत्री ने यूके पर हमला करते हुए कहा, "आप इस तरह से ब्लैकमेल नहीं कर सकते हैं. आप इस तरह से नहीं खेल सकते हैं."
हालांकि विदेश मंत्री ने यह साफ़ नहीं किया कि ब्लैकमेल जैसे शब्द का इस्तेमाल करके वह क्या कहना चाहते थे.
इसी हफ़्ते यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा था कि ईयू देशों की तरफ़ से अगर निर्यात को सख़्ती से नियंत्रित किया जाता है तो इससे सदस्य देशों में निवेश पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.
फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को कहा था, "मैं इस बात का समर्थन करता हूं कि जब तक वैक्सीन बनाने वाली कंपनियां अपने क़रार के अनुसार अपना वादा पूरा नहीं करती हैं उस समय तक हमें वैक्सीन के निर्यात पर पाबंदी लगा देनी चाहिए."
ईयू के आंतरिक मार्केट कमिश्नर ने भी एस्ट्राज़ेनेका पर निशाना साधा और कहा कि ईयू को इस ख़ास कंपनी से परेशानी हो रही है.
यौन उत्पीड़न के आरोपों से बरी हुए चिन्मयानंद, कोर्ट को नहीं मिले पर्याप्त सबूत
समीरात्मज मिश्र
लखनऊ से, बीबीसी हिन्दी के लिए
पूर्व केंद्रीय गृह-राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद को यौन उत्पीड़न के आरोप से बरी कर दिया गया है.
विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने शुक्रवार को साक्ष्यों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया.
चिन्मयानंद पर उन्हीं के लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली एलएलएम की छात्रा ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, लेकिन पिछले दिनों सुनवाई के दौरान कोर्ट में वे अपने आरोप से मुकर गई थीं.
कोर्ट ने चिन्मयानंद पर रेप का आरोप लगाने वाली लड़की को भी बरी कर दिया.
लड़की पर चिन्मयानंद को ब्लैकमेल करके पाँच करोड़ रुपये की रंगदारी माँगने का आरोप था.
इस मामले में चार अन्य अभियुक्तों को भी बरी कर दिया गया.
पीएम मोदी की युवा मतदाताओं से अपील- 'आज रिकॉर्ड संख्या में वोट करें'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल और असम के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है.
उन्होंने दो ट्वीट किये हैं. पहले ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, “असम में पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है. मैं लोगों से अपील करूंगा कि वो रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें. ख़ासकर, युवा लोगों से मेरी यह अपील है.”
दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से भी ऐसी ही अपील की है.
उन्होंने असमिया और बांग्ला भाषा में भी ट्वीट किये हैं.
फ़िलहाल पीएम मोदी अपने दो दिवसीय बांग्लादेश दौरे पर हैं. बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आज वे कुछ कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
भारी सुरक्षा के बीच, पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 47 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान शुरू
पश्चिम बंगाल के पाँच ज़िलों की 30 विधानसभा सीटों और असम की 126 विधानसभा सीटों में से 47 सीटों पर आज यानी 27 मार्च को पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है.
दोनों ही राज्यों में भारी सुरक्षा के बीच चुनावी बंदोबस्त किये गए हैं.
पहले चरण में असम की कुछ हाई-प्रोफ़ाइल सीटों, जैसे माजुली, गोहपुर, जोरहाट और नाज़िरा सीट पर मतदान होने जा रहा है.
माजुली से असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल चुनावी मैदान में हैं. वहीं असम विधानसभा के अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी जोरहाट से चुनाव मैदान में हैं, मंत्रियों में रणजीत दत्ताजोनाई से, नाबा कुमार डेली और तिनसुकिया से संजय किशन पहले चरण में अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं.
अन्य हाई-प्रोफ़ाइल उम्मीदवारों में कांग्रेस विधानमण्डल दल के नेता देवव्रत सैकिया शामिल हैं, जो नाज़िरा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में असम के 264 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 23 महिलाएं शामिल हैं. इनके लिए असम के 12 ज़िलों के 81 लाख मतदाता आज वोट करेंगे.
पश्चिम बंगाल के भी कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है, जिनमें माओवादियों के नियंत्रण वाले इलाक़े भी शामिल हैं. इसे देखते हुए भारतीय निर्वाचन आयोग ने इन इलाक़ों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 732 कंपनियों को तैनात किया है.
पश्चिम बंगाल की जिन 30 सीटों पर आज मतदान हो रहा है, उनमें पुरुलिया की 9, बांकुड़ा की 4 और झाड़ग्राम की 4 सीटों समेत पूर्व और पश्चिम मेदिनापुर की 13 सीटें शामिल हैं.
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम साढ़े 6 बजे तक होगा.
असम में वोटिंग से एक दिन पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि समाज को धार्मिक, सांस्कृतिक और भाषा के आधार पर बाँटा जा रहा है.
उन्होंने लोगों से ऐसी सरकार चुनने को कहाजो संविधान और लोकतंत्र के सिद्धांत को क़ायम रख सके. उन्होंने असम के मतदाताओं को आश्वस्त किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आयी तो राज्य में नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) लागू नहीं होगा.
राज्यसभा में 28 सालों तक असम का प्रतिनिधित्व करने वाले मनमोहन सिंह ने कांग्रेस को वोट देने की भावुक अपील करते हुए कहा कि असम उनका दूसरा घर है. वे राज्य के लोगों के आभारी हैं कि उन्होंने उन्हें पाँच साल वित्त मंत्री और 10 साल तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया.
नमस्कार!
यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.