कोरोना: भारत ने वैक्सीन के निर्यात पर फ़िलहाल रोक लगाई

भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने वैक्सीन के निर्यात पर फ़िलहाल पाबंदी लगा दी है.

लाइव कवरेज

  1. असम चुनाव: 26 बुद्धिजीवियों की अपील, बीजेपी को वोट ना दें

    दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम

    इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma/BBC

    असम में पहले चरण के लिए 47 विधानसभा सीटों पर महज तीन दिन बाद मतदान होने हैं लेकिन इस बीच राज्य के कई लेखकों, बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों ने असम के लोगों से सत्तारूढ़ बीजेपी के पक्ष में वोट न करने की अपील की है.

    इन लेखकों, बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों ने अपनी इस अपील में उन दलों के पक्ष में मतदान करने को कहा है जो 'बेहतर जीवन की शर्तों को स्वीकार’करते हैं.

    असम के 26 लेखकों, बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों ने मंगलवार शाम को संयुक्त रूप से एक लिखित बयान जारी कर यह अपील की है.

    इनमें अंतरराष्ट्रीय विद्वान डॉक्टर हिरेन गोहाईं, साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता निरुपमा बोरगोहाईं, डॉक्टर लखीनंदन बोरा, पूर्व पुलिस महानिदेशक हरेकृष्णा डेका, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त सुदक्षिणा शर्मा, डॉक्टर अरूपा पटंगिया कलिता, कुलादा कुमार भट्टाचार्य और अपूर्व शर्मा जैसे 26 जाने-माने लोग शामिल हैं.

    इस संयुक्त बयान को जारी करने की पुष्टि करते हुए डॉक्टर हिरेन गोहाईं ने बीबीसी से कहा, "हम लोगों ने असम के लोगों के बेहतर जीवन के लिए यह सार्वजनिक अपील की है."

    इन लेखकों, बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों ने नए बने क्षेत्रीय दल असम जातीय परिषद और रायजोर दल से भी अपील करते हुए कहा कि वो ऐसा कोई भी कदम न उठाए जिससे बीजेपी विरोधी वोट विभाजित हो और उसका बीजेपी को सत्ता में वापस आने में मदद मिले.

  2. उत्तर प्रदेश: मंत्री ने भी मस्जिद के लाउड स्पीकर की आवाज़ पर ऐतराज़ जताया

    आनंद स्वरुप शुक्ल

    इमेज स्रोत, पीटीआई

    इमेज कैप्शन, आनंद स्वरुप शुक्ल

    उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य एवं ग्राम्य विकास राज्य मंत्री आनंद स्वरुप शुक्ल ने भी मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज़ को लेकर आपत्ति जताई है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार समीरात्मज मिश्र ने बताया कि बलिया के डीएम को पत्र लिखकर आनंद स्वरुप शुक्ल ने मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों को हटाने की माँग की है.

    मंत्री आनंद शुक्ल का कहना है कि लाउडस्पीकर पर अज़ान के शोर के कारण उनके योग, ध्यान, पूजा पाठ और शासकीय कार्यों में बाधा पैदा होती है.

    आनंद स्वरुप शुक्ल बलिया सदर क्षेत्र से विधायक हैं. उन्होंने अपने दो पन्नों के पत्र में छात्र-छात्राओं का ज़िक्र करते हुए लिखा कि मस्जिद से दिनभर होने वाली तकरीरों से उन्हें अनेक तरह की परेशानियाँ होती हैं.

    शुक्ल से पहले, इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफ़ेसर संगीता श्रीवास्तव ने मस्जिद पर लगे एक लाउड-स्पीकर की शिकायत की थी जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने मस्जिद पर लगे लाउड-स्पीकर की आवाज़ कम करा दी थी.

  3. लौटता कोरोना: दिल्ली में होली और शबे बारात के सार्वजनिक जश्न पर रोक

    होली

    इमेज स्रोत, nshuman Poyrekar/Hindustan Times via Getty Images

    कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर होली, शबे बारात और नवरात्रि का जश्न मनाने पर रोक लगा दी गई है.

    दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी डीडीएमए इस संबंध में एक औपचारिक आदेश जारी किया है.

    अपने आदेश में डीडीएमए ने लिखा है, "दुनिया में महामारी घो‌षित किये जा चुके कोविड-19 की गंभीरता के प्रति सरकार काफ़ी संवेदनशील है. अब दिल्ली में प्रतिदिन कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में दिल्ली में त्योहारों के दौरान किसी भी सार्वजनिक जगह, पब्लिक ग्राउंड, पार्क, बाज़ार या धार्मिक स्थान पर सार्वजनिक उत्सव, लोगों के इकट्ठा होने और जश्न मनाने पर पाबंदी रहेगी."

    आदेश में कहा गया है कि सभी ज़िला मजिस्ट्रेट और पुलिस उपायुक्त अपने इलाक़ों में इस आदेश को सख़्ती से लागू कराएं.

    होली

    इमेज स्रोत, रॉयटर्स

    दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव, जो डीडीएमए के चेयरपर्सन भी हैं, उन्होंने अपने आदेश में लिखा, “इसकी अवहेलना करने वालों के ख़िलाफ़ डीडीएमए एक्ट, 2005 के सेक्शन-51 से 60 के तहत ‌कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा उल्लंघन करने वालों के ख़िलाफ़ आइपीसी के सेक्शन-188 के तहत क़ानूनी कार्रवाई भी की जायेगी.”

    मंगलवार को दिल्ली में कोरोना संक्रमण के लगभग 1,100 नए मामले सामने आने के बाद डीडीएमए ने यह आदेश जारी किया.

    एक अन्य आदेश में डीडीएमए ने ज़िला प्रशासन से कहा है कि कुछ जगहों पर, जैसे बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर रैंडम सैप्लिंग यानी आकस्मिक कोविड जाँच शुरू की जाए.

    इस दौरान जिन लोगों को कोरोना से संक्रमित पाया जायेगा, उन्हें प्रोटोकॉल के अनुसार क्वॉरंटीन में रहना होगा.

    बताया गया है कि बुधवार को इस संबंध में डीडीएमए एक और आदेश जारी कर कुछ ज़रूरी डिटेल बतायेगा.

  4. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.