You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

फ्रांस के अरबपति, राजनेता ओलिवियर डसॉल्ट की हेलिकॉप्टर हादसे में मौत - आज की बड़ी ख़बरें

फ्रांसीसी अरबपति, राजनेता ओलिवियर डसॉल्ट की एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. म्यांमार: रविवार को भी सैन्य शासकों के ख़िलाफ़ जारी जनता का विरोध प्रदर्शन

    म्यांमार में सैन्य शासन के ख़िलाफ़ रविवार को होने वाले विरोध प्रदर्शनों से पहले, मुख्य शहर यंगून में पुलिस ने रात के समय कई जगहों पर छापेमारी की.

    सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में दिखाई देता है कि लोगों को गिरफ़्तार करने के लिए एक गली में घुसने से पहले सुरक्षाबलों ने इमारतों की तरफ गोलियाँ चलाईं.

    संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि देश में जारी विरोध प्रदर्शनों को दबाने की सेना की कोशिश में अब तक पचास से ज़्यादा लोगों की जान गई है.

    रविवार को भी यंगून शहर में हज़ारों की संख्या में लोग सड़कों पर सेना के विरोध में निकल आये हैं.

    इसके अलावा मांडले शहर में बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, म्यांमार-भारत सीमा पर काले के नज़दीक भी लोगों का प्रदर्शन जारी है.

  2. महंगाई को लेकर सिलिगुड़ी में आज ममता बनर्जी की पदयात्रा

    तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज सिलिगुड़ी में पदयात्रा निकालने वाली हैं.

    उनकी ये पदयात्रा रसोई गैस की क़ीमतों में हुई बढ़ोतरी के ख़िलाफ़ है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, चीन के व्यापार में उम्मीदों के उलट दिखाई दिया बड़ा उछाल

    रविवार को जारी हुए कस्टम विभाग के आंकड़ों से पता चला है कि चीन के निर्यात में पिछले साल जनवरी-फ़रवरी की तुलना में 60.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. वहीं आयात में 22.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है जो पिछले साल की तुलना में उम्मीद से काफ़ी ज़्यादा है.

    व्यापार की दृष्टि से, दुनिया के अन्य देशों की तरह चीन के लिए भी साल 2020 काफ़ी निराशाजनक रहा था.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में विश्लेषकों के अनुमानों के आधार पर यह उम्मीद जताई कि चीन का निर्यात पिछले वर्ष की तुलना में क़रीब 39 प्रतिशत ज़्यादा रहेगा. वहीं उम्मीद की गई थी कि चीन का आयात क़रीब 15 प्रतिशत तक बढ़ेगा. लेकिन चीन के व्यापार में उम्मीद से ज़्यादा सुधार देखा गया है.

    चीन ने बीते दो महीने में 103.25 बिलियन डॉलर का अधिक व्यापार किया है. जबकि विश्लेषकों ने दिसंबर में इसके घटने का अनुमान लगाया था.

  4. पश्चिम बंगाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'ब्रिगेड ग्राउंड रैली' में शामिल होंगे मिथुन चक्रवर्ती

    बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने समाचार एजेंसी एएनआई को जानकारी दी है कि कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में नामी अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती शामिल होंगे.

    इससे पहले, शनिवार देर रात कैलाश विजयवर्गीय ने बेलगाछिया में मिथुन चक्रवर्ती से मुलाक़ात की थी.

    इस मुलाक़ात के बाद विजयवर्गीय ने ट्विटर पर लिखा था, "देर रात कोलकाता के बेलगाचिया में सिनेमा जगत के मशहूर अभिनेता मिथुन दा के साथ लंबी चर्चा हुई. उनकी राष्ट्रभक्ति और ग़रीबों के प्रति प्रेम की कहानियाँ सुनकर मन गद-गद हो गया."

  5. वरवर राव को अस्पताल से छुट्टी मिली

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से ख़बर दी है कि वामपंथी कवि और लेखक वरवर राव को शनिवार देर रात मुंबई के नानावती अस्पताल से छुट्टी मिल गई.

    बॉम्बे उच्च न्यायालय ने 22 फ़रवरी को उन्हें छह महीने की अंतरिम ज़मानत दी थी. कोर्ट ने 82 वर्षीय वरवर राव के ख़राब स्वास्थ्य को आधार मानते हुए उन्हें ज़मानत देने का निर्णय लिया.

    राष्ट्रीय जाँच एजेंसी के अनुसार, वरवर राव ‘माओवादियों से संबंध और भीमा-कोरेगाँव हिंसा मामले’ में मुख्य अभियुक्तों में से एक हैं.

    राव ने अदालत से अनुरोध किया था कि जब तक उन्हें कोई ज़मानतदार नहीं मिल जाता, उन्हें नकद मुचलका भरने की अनुमति दी जाये.

    अदालत ने उनकी यह अर्ज़ी सोमवार को स्वीकार कर ली थी.

    अदालत ने इससे पहले कहा था कि ‘अस्पताल से छुट्टी मिलते ही राव को तुरंत जेल से रिहा कर दिया जाए.’

    राव तबियत ख़राब होने के कारण मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे.

    बीती रात, सुप्रीम कोर्ट की जानी-मानी वक़ील और कार्यकर्ता इंदिरा जयसिंह ने ट्वीट करके वरवर राव के अस्पताल से बाहर आने की ख़बर दी थी.

    उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘अंतत: आज़ाद! वरवर राव नानावती अस्पताल से 6 मार्च 2021 को रात 11 बजकर 45 मिनट पर बाहर आये.’

    ज़मानत देते समय बम्बई उच्च न्यायालय ने कहा था कि वरवर राव मुंबई में ही रहेंगे और जब भी ज़रूरत पड़ेगी, उन्हें जाँच के लिए उपस्थित होना पड़ेगा.

    भीमा कोरेगाँव हिंसा की जाँच राष्ट्रीय जाँच एजेंसी यानी एनआईए कर रही है.

    वरवर राव पर आरोप है कि ‘31 दिसंबर 2017 को पुणे में हुई ऐलगार परिषद के दौरान उन्होंने भड़काऊ भाषण दिये थे, जिस वजह से दूसरे दिन भीमा-कोरेगाँव में हिंसा हुई.’ हालांकि, वरवर राव इन आरोपों से इनकार करते हैं.

  6. म्यांमार ने भारत से कहा, सीमा पार कर गये पुलिसकर्मियों को वापिस सौंपा जाए

    म्यांमार ने भारत से कहा है कि 'वो उन पुलिसकर्मियों को वापिस उन्हें सौंप दे, जिन्होंने सेना का आदेश मानने से इनक़ार करने के बाद सीमा पार कर भारत से शरण माँगी है.'

    भारत सरकार को लिखे एक पत्र में म्यांमार के अधिकारियों ने कहा कि 'दोनों देशों के बीच ‘मैत्रीपूर्ण रिश्ते‘ बनाये रखने के लिए इन पुलिसकर्मियों को वापस किया जाए.'

    इस पत्र के अनुसार, अब तक म्यांमार के आठ पुलिस अधिकारी सीमा पार कर भारत आ चुके हैं.

    पत्र में लिखा गया है कि “दोनों पड़ोसी मुल्कों के बीच दोस्ताना रिश्ते क़ायम रहें, इसलिए आपसे गुज़ारिश है कि जो आठ पुलिसकर्मी सीमा पर कर आपके देश में आए हैं, उन्हें हिरासत में लिया जाये और म्यांमार को सौंप दिया जाये.”

    इधर भारतीय अधिकारियों का कहना है कि म्यांमार के कुछ अधिकारियों और उनके परिवार ने हाल के दिनों में सीमा पार की थी.

    भारतीय राज्य मिज़ोरम के चम्पई ज़िले के एक वरिष्ठ अधिकारी डिप्टी कमिश्नर मारिया सीटी जुआली ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि उन्हें म्यांमार के फ़ालाम ज़िले के अपने समकक्ष का एक पत्र मिला था, जिसमें पुलिसकर्मियों की वापसी के लिए अनुरोध किया गया है.

    म्यांमार में पिछले महीने सैन्य तख्तापलट हुआ था जिसके बाद सेना ने देश की निर्वाचित नेता आंग सान सू ची समेत सैंकड़ों नेताओं को गिरफ़्तार कर लिया था. इसके बाद से वहाँ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    इन प्रदर्शनों के दौरान हिंसा हुई है. कई जगह पर सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर रबर की गोलियाँ चलाई हैं. सुरक्षाबलों पर असली गोलियाँ चलाने की भी आरोप है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, एडवोकेसी ग्रूप एसिस्टेन्स एसोसिएशन फ़ॉर पॉलिटिकल प्रिज़नर ने कहा है कि सैन्य शासन ने अब तक 1,500 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    शनिवार को भी देश में बड़े स्तर पर देश में विरोध प्रदर्शन हुए.

    यंगून समेत कई बड़े शहरों में हज़ारों की संख्या में लोगों ने जमा होकर सैन्य शासन का विरोध किया. यंगून में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दाग़े.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ दिनभर देश-दुनिया से जुड़े बड़े और ज़रूरी अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.