You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रधानमंत्री मोदी को मिलेगा वैश्विक ऊर्जा एवं पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार

बीबीसी हिन्दी के लाइव पन्ने पर पढ़ें दिन के तमाम बड़े न्यूज़ अपडेट्स.

लाइव कवरेज

  1. राम मंदिर ट्रस्ट ने अयोध्या में मंदिर की 70 एकड़ ज़मीन के पास 7,285 वर्ग फ़ीट ज़मीन ख़रीदी

    राम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या शहर में राम मंदिर की प्रस्तावित ज़मीन से सटी हुई 7,285 वर्ग फ़ीट ज़मीन ख़रीद ली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, राम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर परिसर को 70 एकड़ से बढ़ाकर 170 एकड़ करना चाहता है.

    सितंबर 2019 में, सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश से राम मंदिर के निर्माण के लिए ट्रस्ट को यह 70 एकड़ ज़मीन दी थी.

    स्थानीय अख़बारों के अनुसार, ट्रस्ट ने यह 7,285 वर्ग फ़ीट ज़मीन दीप नारायण नाम के एक स्थानीय बाशिंदे से ख़रीदी है, जिन्हें इस ज़मीन के लिए 1,373 वर्ग फ़ीट की दर से एक करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है.

    राम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा है कि ‘इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए मंदिर की प्रस्तावित ज़मीन के पास कुछ और ज़मीन ख़रीद जाने की ज़रूरत है. इस ख़रीद के बाद, उनके लिए भी काम में तेज़ी आने की उम्मीद है.’

    द टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार ने राम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक सदस्य के हवाले से लिखा है कि ‘मुख्य मंदिर का निर्माण क़रीब पाँच एकड़ ज़मीन में होना है और क़रीब 100 एकड़ ज़मीन में म्यूज़ियम, लाइब्रेरी, योग-शाला, फ़ोटो गैलरी वगैरह बनेंगी.’

    अख़बार ने लिखा है कि राम मंदिर की प्रस्तावित ज़मीन के पास जिन लोगों की संपत्ति है, उनसे राम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बातचीत चल रही है.

  2. कैपिटल पर हमले की ख़ुफ़िया चेतावनी के बाद अमेरिकी संसद के निचले सदन ने सत्र रद्द किया

    अमेरिकी संसद के निचले सदन यानी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स ने ख़ुफ़िया विभाग से मिली चेतावनी के आधार पर गुरुवार के लिए निर्धारित सत्र को रद्द कर दिया है.

    वॉशिंगटन पोस्ट अख़बार के अनुसार, पुलिस को यह चेतावनी मिली थी कि कोई स्थानीय आक्रामक समूह गुरुवार को एक बार फिर कैपिटल (अमेरिकी संसद) में घुसने की कोशिश कर सकता है.

    इस चेतावनी के बाद कैपिटल बिल्डिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किये गए हैं. पुलिस ने कहा है कि वो किसी भी संभावित ख़तरे के लिए तैयार है.

    एक ओर जहाँ हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स ने इस चेतावनी के मद्देनज़र गुरुवार के अपने सत्र को रद्द कर दिया, वहीं सीनेट (जो कैपिटल बिल्डिंग में ही बैठती है) ने राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा पेश किये गए 1.9 ट्रिलियन डॉलर के ‘कोविड राहत बिल’ पर बहस कराने का निर्णय लिया है.

    कैपिटल पुलिस का कहना है, ‘हम राज्यों की पुलिस, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसी किसी भी संभावित घटना को रोकने का प्रयास कर रहे हैं. हमें जो ख़ुफ़िया जानकारी मिली है, उसे हम बहुत गंभीरता से ले रहे हैं. जो जानकारी हमें मिली है, उसकी गंभीरता को समझते हुए हम और सूचनाएं प्रेस के साथ साझा नहीं कर सकते.’

    जनवरी में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों की भीड़ पुलिसकर्मियों को रौंदते हुए कैपिटल बिल्डिंग में घुस गई थी. उस वक़्त ज़्यादातर अमेरिकी सांसद कैपिटल बिल्डिंग के अंदर ही थे.

    उस घटना में एक पुलिसकर्मी समेत पाँच लोगों की मौत हुई थी, जिसने अमेरिका समेत दुनिया के तमाम लोकतांत्रिक देशों को हिलाकर रख दिया था.

    कैपिटल हिल पर हुए ‘हमले’ को अमेरिकी लोकतंत्र के इतिहास में एक ‘काला दिन’ कहा गया और इस घटना के बाद कैपिटल पुलिस फ़ोर्स के प्रमुख को इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-इंग्लैंड चौथा टेस्टः इंग्लैंड ने टॉस जीता, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद में आज से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    चार टेस्ट मैचों की इस सिरीज़ में भारत 2-1 से आगे चल रहा है.

  4. अमेरिका ने जम्मू-कश्मीर में भारत के प्रयासों की सराहना की

    केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आर्थिक और राजनीतिक तौर पर स्थिति सामान्य करने के लिए भारत सरकार द्वारा उठाये गये क़दमों का अमेरिका ने स्वागत किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नीड प्राइस ने कहा कि ‘अमेरिका जम्मू-कश्मीर के घटनाक्रम का बारीकी से पालन करता रहा है.’

    प्रेस से बात करते हुए प्राइस ने कहा कि ‘कश्मीर के संबंध में अमेरिका की नीति बदली नहीं है.’

    उन्होंने कहा, “भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप, जम्मू-कश्मीर में आर्थिक और राजनीतिक तौर पर सामान्य स्थिति लाने के लिए केंद्र सरकार ने जो क़दम उठाये हैं, हम उनका स्वागत करते हैं. अमेरिकी सरकार ने कुछ मौक़ों पर भारत से इस बारे में बात भी की है.”

    अमेरिका के भारत ही नहीं, पाकिस्तान के साथ भी महत्वपूर्ण संबंध रहे हैं. इस बारे में प्राइस ने कहा कि ‘इन संबंधों को हमारे विचार में अपने दम पर खड़ा किया गया है.’

    उन्होंने कहा, “जब भारत की बात आती है, तो हमारे बीच एक वैश्विक व्यापक रणनीतिक साझेदारी हैऔर हमने इस बारे में बात की है. वहीं जब पाकिस्तान की बात आती है, तो उस क्षेत्र में हमारे महत्वपूर्ण साझा हित हैं और हम उन साझा हितों पर पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे.”

    प्राइस ने कहा कि ‘अमेरिका भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर समेत अन्य मुद्दों पर सीधी बातचीत का समर्थन करता है.’

    उन्होंने कहा कि ‘निश्चित रूप से, हम नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तनाव कम करने की बात कहते रहे हैं. हम चाहते हैं कि चीज़ें सामान्य हों और 2003 के संघर्ष विराम पर लौट जायें.’

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ दिनभर देश दुनिया से जुड़े बड़े और ज़रूरी अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.