नहीं मिले ज़रूरी वोट, नीरा टंडन ने वापिस लिया अपना नामांकन
भारतीय मूल की अमेरिकी नीरा टंडन ने मंगलवार को व्हाइट हाउस ऑफ़िस ऑफ़ मैनेजमेन्ट एंड बजट के पद के लिए अपना नामांकन वापिस ले लिया है. उनके नामांकन पर मुहर लगाने के लिए पार्टी और बाइडन प्रशासन सीनेट में उनके लिए ज़रूरी वोट नहीं हासिल कर सके.
राष्ट्रपति जो बाइडन ने नामांकन वापस लेने की नीरा टंडन की इस गुज़ारिश को स्वीकार कर लिया है. हालाँकि उन्होंने ये इशारा भी किया है कि उन्हें बाइडन प्रशासन में किसी और पद पर नियुक्त किया जा सकता है.
नीरा बाइडन प्रशासन में उच्च पद के लिए नामांकित पहला हाई-प्रोफाइल नाम हैं जिनका नामांकन स्वीकार नहीं हो सका. इसे बाइडन प्रशासन के लिए एक बड़े झटके की तरह देखा जा रहा है.
अब तक बाइडन प्रशासन के सुझाए 23 नामों में से 11 के नामांकन पर मुहर लग चुकी है.
50 साल की नीरा को इस पद पर नियुक्ति के लिए ज़रूरी मत नहीं मिलने के पीछे एक कारण ट्विटर पर कई नेताओं के ख़िलाफ़ उनकी आलोचना भी है. इन नेताओं में कई डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता भी शामिल हैं.
बाइडन ने एक बयान जारी कर कहा, “ऑफ़िस ऑफ़ मैनेजमेन्ट एंड बजट के निदेशक के पद के लिए नाम वापिस लेने के नीरा टंडन के फ़ैसले को मैंने स्वीकार कर लिया है.”
बाइडन ने ये भी संकेत दिया कि उनके प्रशासन में नीरा की भूमिका अहम रहेगी. उन्होंने कहा, “उनकी उपलब्धियों, उनके अनुभव और उनकी काबीलियत की मैं इज़्ज़त करता हूँ. मुझे उम्मीद है कि मेरे प्रशासन में वो कोई अहम भूमिका निभा सकेंगी और अपने अनुभव और काम से वो हमारे काम को और बेहतर बनाने में हमारी मदद कर सकेंगी.”
नारी के नामांकन पर मुहर लगना इसलिए मुश्किल था क्योंकि उन्होंने कई रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक सीनेटर्स की आलोचना करते हुए सैकड़ों ट्वीट किए थे. सीनेट में उनके कंफर्मेशन पर इन्हीं सीनेटर्स को हामी भरनी थी.
कंफर्मेशन की प्रिक्रिया शुरू होने से पहले नीरा टंडन ने कथित तौर पर हज़ार से अधिक ट्वीट डिलीट किए थे और सीनेटर्स से माफ़ी भी माँगी थी.