संक्रमण के कारण कई दिन अस्पताल में रहेंगे प्रिंस फिलिप

इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रिटेन के राजनिवास बकिंघम पैलेस ने कहा है कि ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा प्रिंस फ़िलिप को संक्रमण हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है और इलाज के लिए उन्हें कई दिन अस्पताल में रहना होगा.
प्रिंस फ़िलिप को असहज महसूस करने के बाद 17 फरवरी को लंदन के किंग एडवर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
99 वर्षीय प्रिंस फिलिप, महारानी एलिज़ाबेथ के पति हैं. बकिंघम पैलेस ने बताया कि प्रिंस अब बेहतर हैं और इलाज का उन पर असर हो रहा है.
प्रिंस फ़िलिप और महारानी एलिज़ाबेथ दोनों को जनवरी में कोविड-19 का टीका लगाया गया था. हालांकि उन्हें कोरोना वायरस संबंधी दिक्कत की वजह से अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है.
प्रिंस फ़िलिप और महारानी एलिज़ाबेथ ने पिछले साल नवंबर में ही अपनी शादी की 73वीं सालगिरह मनाई थी. प्रिंस फ़िलिप इस वर्ष जून में 100 साल के हो जाएंगे.






