You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जॉनसन एंड जॉनसन की कोरोना वैक्सीन सुरक्षित: एफ़डीए

अमेरिकी नियामक संस्था फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने पाया है कि जॉनसन एंड जॉनसन की कोरोना वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है.

लाइव कवरेज

  1. संक्रमण के कारण कई दिन अस्पताल में रहेंगे प्रिंस फिलिप

    ब्रिटेन के राजनिवास बकिंघम पैलेस ने कहा है कि ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा प्रिंस फ़िलिप को संक्रमण हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है और इलाज के लिए उन्हें कई दिन अस्पताल में रहना होगा.

    प्रिंस फ़िलिप को असहज महसूस करने के बाद 17 फरवरी को लंदन के किंग एडवर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    99 वर्षीय प्रिंस फिलिप, महारानी एलिज़ाबेथ के पति हैं. बकिंघम पैलेस ने बताया कि प्रिंस अब बेहतर हैं और इलाज का उन पर असर हो रहा है.

    प्रिंस फ़िलिप और महारानी एलिज़ाबेथ दोनों को जनवरी में कोविड-19 का टीका लगाया गया था. हालांकि उन्हें कोरोना वायरस संबंधी दिक्कत की वजह से अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है.

    प्रिंस फ़िलिप और महारानी एलिज़ाबेथ ने पिछले साल नवंबर में ही अपनी शादी की 73वीं सालगिरह मनाई थी. प्रिंस फ़िलिप इस वर्ष जून में 100 साल के हो जाएंगे.

  2. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज करेंगे मोटेरा स्टेडियम का शुभारंभ

    भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद में स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का शुभारंभ करेंगे.

    सरदार पटेल स्टेडियम में एक बार में एक लाख 10 हज़ार दर्शक बैठकर मैच देख सकते हैं.

    मोटेरा स्टेडियम के नाम से चर्चित रहे इस स्टेडियम में पहले 54 हज़ार लोगों के बैठने की व्यवस्था थी.

    इससे पहले दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया में था. मेलबर्न में 90 हज़ार दर्शक बैठ सकते हैं.

    मोटेरा में बुधवार से भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की टेस्ट सिरीज़ का तीसरा मैच खेला जाएगा.

    63 एकड़ में फैले सरदार पटेल स्टेडियम में चार दरवाजे हैं. इसमें कई ड्रेसिंग रूम, इंडोर प्रेक्टिस पिच, आउटडोर पिच के साथ साथ एक डॉरमेटरी है जहां 40 एथलीट रह सकते हैं.

    इस स्टेडियम में कोच, फीज़ियोथेरेपिस्ट और ट्रेनर्स के लिए ख़ास इंतज़ाम हैं.

    लगभग आठ अरब रुपये में बनाए गए इस स्टेडियम को भी उसी कंपनी ने बनाया है जिसने 182 मीटर ऊंची सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति बनाई थी.

  3. अमेरिका के जानेमाने गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स कार दुर्घटना में घायल

    कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस में हुई कार दुर्घटना में अमेरिका के जानेमाने गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स को गंभीर चोट आई है.

    टाइगर वुड्स के पैरों में कई चोट हैं, जिसकी वजह से उनकी सर्जरी की नौबत आ गई.

    45 वर्षीय टाइगर वुड्स के एजेंट मार्क स्टीनबर्ग का कहना है कि उनकी सर्जरी की जा रही है.

    लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ डिपार्टमेंट का कहना है कि टाइगर वुड्स की कार दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और उन्हें बाहर निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी.

  4. एलन मस्क ने खोया ताज, जेफ़ बेज़ोस फिर बने दुनिया के सबसे रईस शख़्स

    इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क इस साल जनवरी में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे, लेकिन एक महीने बाद ही ये ख़िताब उनके सिर से उतर गया है.

    एक महीने पहले टेस्ला के शेयरों की कीमतों में ज़बर्दस्त उछाल की वजह से एलन मस्क की कुल सम्पत्ति 1 खरब 85 अरब डॉलर को पार कर गई थी.

    लेकिन एलन मस्क अब अपने ही शेयरों में गिरावट की वजह से दूसरे पायदान पर आ गए हैं.

    इसके साथ ही, ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफ़ॉर्म 'अमेज़न' के संस्थापक जेफ़ बेज़ोस एक बार फिर दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए हैं जिन्हें एलन मस्क ने अपने शेयरों के बूते पछाड़ा था.

    जानकार मानते हैं कि हाल के दिनों में बिटक्वॉइन में आई गिरावट ने समीकरणों को बदल दिया है. माना जा रहा है कि इसी गिरावट की वजह से टेस्ला के निवेशकों को अपने शेयर बेचने पड़े होंगे.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर देश दुनिया से जुड़े बड़े और ज़रूरी अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.