You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान-अफ़ग़ान सीमा पर तेल टैंकरों में लगी भीषण आग, दर्जनों घायल

ईरान से सीमा पार कर अफ़ग़ानिस्तान आए तेल के ट्रक सीमा शुल्क ऑफ़िस के पास खड़े थे. इनमें से कई ट्रक आग की चपेट में आ गए.

लाइव कवरेज

  1. तुर्की पर सख़्त हुए बाइडन, अर्दोआन के लिए बढ़ेंगी मुश्किलें

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सत्ता संभालते ही तुर्की पर सख़्त होते नज़र आ रहे हैं.

    राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों देशों के हित तेज़ी से अलग हो रहे हैं और ऐसे में उनकी आगे की राह मुश्किल हो सकती है.

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन दुनिया के उन नेताओं में से हैं, जिन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मैत्रीपूर्ण रिश्ते निभाए थे और अब सरकार बदलने के बाद उन्हें बाइडन की ओर से रूख़ा व्यवहार देखने को मिल रहा है.

    वहीं, बाइडन ने राष्ट्रपति बनने से पहले अर्दोआन को ‘निरंकुश शासक’ बताया था और तुर्की में विपक्ष को और मज़बूत करने का वादा किया था.

    बाइडन के प्रशासन ने शुरुआत में ही तुर्की के जाने-माने सिविल सोसायटी नेता ओस्मान कवाला की रिहाई की माँग की थी और छात्रों के प्रदर्शन के दमन के दौरान तुर्की सरकार के समलैंगिक विरोधी (होमोफ़ोबिक) रवैये की आलोचना की था.

    अपने बयानों में जो बाइडन ने लोकतंत्र को बढ़ावा देने की बात कही थी लेकिन अमेरिका और तुर्की के बीच कई ऐसी वजहें हैं जो पारस्परिक तनाव को बढ़ा सकती हैं.

    अर्दोआन ने उस चेतावनी को दरकिनार करते हुए रूस से उन्नत एस-400 मिसाइस सिस्टम ख़रीदा था कि इससे नेटो में उसकी भूमिका प्रभावित होगी.

    इसकी वजह से ट्रंप प्रशासन ने तुर्की के रक्षा उद्योग पर कुछ हद तक पाबंदियाँ भी लगानी पड़ी थीं क्योंकि इसे लेकर अमेरिकी संसद में बहुत हंगामा हुआ था.

  2. कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 12,143 नये मामले

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 12,143 नये मामले आने के बाद कुल पॉज़िटिव मामलों की संख्या 1,08,92,746 हुई.

    103 नई मौतों के बाद कोविड से मरने वालों की कुल संख्या 1,55,550 हो गई है.

    देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,36,571 है और कुल 1,06,00,625 लोग इलाज के बाद ठीक होकर घर लौट चुके हैं.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, इंग्लैंड के साथ दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    इंग्लैंड के साथ दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. दूसरा टेस्ट मैच चेन्नै के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है. पहले टेस्ट मैच में भारत को शर्मनाक हार मिली थी. इस बार प्लेइंग इलेवन में बदलाव किया गया है. अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को मौक़ा दिया गया है.

    भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने आए शुभमन गिल बिना खाता खोले ही ओली स्टोन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए.

  4. चीन के रवैये से भारत का भरोसा टूटा: सेना प्रमुख जनरल नरवणे

  5. बजट पर झूठ फैला रहा है विपक्ष: निर्मला सीतारमण

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि है कि विपक्षी पार्टियाँ जानबूझकर बजट को लेकर झूठ फैला रही हैं जबकि यह 'आत्मनिर्भर भारत' को बढ़ावा देने वाला है.

    सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष बजट पर ‘अमीरों के हित’ में होने का आरोप लगा रहा है कि जबकि असल में यह मोदी सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मज़बूती देने वाला और आत्मनिर्भर देश बनाने वाला है.

    राज्यसभा में शुक्रवार को बजट को लेकर हुई तकरीबन एक घंटे की बहस में वित्त मंत्री ने कहा कि कोरोना काल के इस बजट का मक़सद उन लोगों को जल्दी राहत देना है जिन्हें इसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है.

    उन्होंने कहा, “इसके साथ ही हमारे बजट का लक्ष्य आने वाले दिनों भारत की विकास नीति को स्थिर रखना है ताकि देश सबसे तेज़ी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना रहे.”

    निर्मला सीतारमण ने कहा कि सड़कें बनाने से लेकर कृषि और छात्रवृत्ति से लेकर बिजली जैसी लोक कल्याणकारी नीतियों के बावजूद विपक्ष बजट को लेकर यह भ्रम फैला रहा है कि सरकार इससे चंद कारोबारियों को फ़ायदा पहुँचा रही है.

    उन्होंने कहा, “सरकार ने इस देश के ग़रीबों और ज़रूरतमंदों के की मदद के लिए कई क़दम उठाए हैं लेकिन इसके बावजूद झूठा आरोप लगाया जा रहा है कि सरकार सिर्फ़ कुछ पूँजीपतियों के लिए काम करती है.”

    हालाँकि वित्त मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि ग़रीबों के लिए और ज़्यादा प्रयास किए जाने की ज़रूरत है.

    सीतारमण ने कहा कि यह कांग्रेस के अगुआई वाली यूपीए सरकार थी जिसने कुछ ख़ास पूँजीपतियों को बढ़ावा दिया.

    उन्होंने सरकार की उपलब्धियाँ गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.67 करोड़ घर बनाए गए हैं और सौभाग्य योजना के तहत 2.67 करोड़े से ज़्यादा घरों में बिजली पहुँचाई गई है.

    उन्होंने पूछा, “क्या ये घर पूँजीपतियों के लिए हैं?”

    सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस इन जनहितकारी योजनाओं को अपना बताने के लिए बेताब है लेकिन उसकी नीतियों में कई ख़ामियाँ थीं.

    उन्होंने कहा, “हो सकता है आपने किसी योजना की शुरुआत की हो लेकिन उसके बाद आपने उसे बुरी हालत में छोड़ दिया. प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद हमने योजनाओं की सभी ख़ामियाँ दूर कीं और इसे कुशलतापूर्वक लागू किया.”

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. यहाँ हम आपको देश-दुनिया की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी अपडेट देंगे.

    बीबीसी का यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. शुक्रवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.