चीन के वुहान शहर से कोरोना वायरस की उत्पत्ति की संभावना की जांच कर रही
विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम ने कहा है कि इस बात के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं
कि ये वायरस चमगादड़ या पैंगोलिन से फैलना शुरू हुआ है, हालांकि ये जानवर किसी महामारी
के संभावित स्रोत हो सकते हैं.
टीम ने ये भी कहा है कि ये वायरस चीन की लैबोरेट्री से लीक हो कर इंसानों तक पहुंचा हो ये थ्योरी भी सही नहीं लगती.
चीन दौरा ख़त्म होने से पहले मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्व स्वास्थ्य
संगठन की टीम के पीटर बेन एम्बारेक ने कहा कि उन्हें इस बात के भी सबूत नहीं मिले हैं कि दिसंबर 2019 से पहले चीन के वुहान के एक मार्केट से ये वायरस फैलना शुरू हुआ था.
बेन एम्बारेक ने कहा, “अब तक जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार कोरोना वायरस के लैबोरेट्री से लीक हो कर इंसानों तक पहुंचने की थ्योरी सही नहीं लगती. ये बिल्कुल संभव नहीं कि वायरस लैब से फैलना शुरू हुआ हो.”
इस बात की आशंका जताई जा रही थी वुहान के सीफूड मार्केट से कोरोना
वायरस फैलना शुरू हुआ था.
बेन एम्बारेक का कहना था कि उन्हें वायरस की उत्पत्ति को लेकर नए प्रमाण ज़रूर मिले हैं लेकिन
इससे महामारी का स्वरूप नहीं बदलता.
इससे पहले चीन के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी लियांग वानियान ने कहा था कि चीनी अधिकारियों ने जांच में विश्व स्वास्थ्य संगठन का पूरी तरह सहयोग किया है. उन्होंने कहा, वैज्ञानिकों को इस बात के पुख्ता सबूत नहीं मिले कि चमगादड़ या पैंगोलिन से इस वायरस का सीधा नाता है, हालांकि ये जानवर किसी महामारी का संभावित स्रोत बन सकते हैं.
लियांग वानियान, कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन की बनाई विशेषज्ञों की टीम के प्रमुख हैं.
अपने दौरे के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम ने वुहान के सीफूड मार्केट का दौरा किया जहां सबसे पहले कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज किए गए थे. उन्होंने इस मार्केट के नज़दीक मौजूद वुहान की उस लैबोरेट्री का भी दौरा किया जहां वायरस को लेकर रिसर्च की जाती है.
लियांग वानियान ने कहा, “अब तक जो सर्वे और टार्गेटेड स्टडी किए गए हैं, उसके अनुसार कहा जा सकता है कि कोरोना वायरस उस सार्स सीओवी 2 से बहुत मिलता-जुलता है जो चमगादड़ और पैंगोलिन में पाया जाता है. इस कारण ये आशंका जताई जा रही थी कि इन जानवरों से कोविड-19 बीमारी का कारण बनने वाला ये वायरस फैला होगा. इनमें पाए जाने वाले वायरस और सार्स सीओवी 2 के सीक्वेन्स में समानता के कारण भी ऐसा हुआ होगा. लेकिन अब तक इन जानवरों में जिन वायरस की पहचान की गई है वो सार्स सीओवी 2 से इतना मेल नहीं खाते.”
उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वायरस वुहान के हुनान सीफूड मार्केट में कैसे आया. हालांकि माना जाता है कि कोरोना वायरस ने इसी मार्केट से फैलना शुरू किया था और बाद में महामारी की शक्ल ले ली.
लियांग वानियान ने कहा, “शुरूआती दौर में कुछ मामले आए थे जिनका नाता हुनान सीफूड मार्केट से था लेकिन संक्रमण के कई ऐसे मामले भी थे जिसका इस मार्केट से या फिर किसी और मार्केट से कोई लेना-देना नहीं था.”
”ये संभव है कि हुनान सीफूड मार्केट ने वायरस के फैलने में एक सेंटर के रूप में काम किया लेकिन इसी वक्त वुहान की दूसरी जगहों पर भी संक्रमण के मामले सामने आए थे. हमारी राय ये है कि इस आधार पर ये नहीं कहा जा सकता कि सार्स सीओवी 2 का फैलना हुनान से मार्केट से ही शुरू हुआ था.”