You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लालू प्रसाद यादव को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया

लगातार ख़राब होते स्वास्थ्य के कारण आरजेडी चीफ़ लालू प्रसाद यादव को रांची के रिम्स अस्पताल से दिल्ली भेजा गया.

लाइव कवरेज

  1. ममता बनर्जी ने टीएमसी विधायक वैशाली डालमिया को 'अनुशासनहीनता' पर पार्टी से निकाला

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से, बीबीसी हिन्दी के लिए

    पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं.

    शुक्रवार को वन मंत्री राजीव बनर्जी ने मंत्रिमण्डल से इस्तीफ़ा दे दिया था. उसके बाद टीएमसी ने अनुशासनहीनता के आरोप में हावड़ा ज़िले की बाली सीट से विधायक और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया की बेटी वैशाली डालमिया को पार्टी से निकाल दिया है.

    वैशाली ने हाल ही में पार्टी नेतृत्व और ख़ासकर हावड़ा ज़िले के मंत्री अरूप राय के कामकाज पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक रूप से उनकी आलोचना की थी.

    बताया गया है कि पार्टी की अनुशासन समिति की बैठक में वैशाली डालमिया को पार्टी से निकालने का निर्णय लिया गया.

    वैशाली ने हाल ही में खेल और युवा कल्याण मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ल के इस्तीफ़े के बाद भी पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाये थे.

    उन्होंने कहा था कि पार्टी के कुछ नेता दूसरों को काम नहीं करने दे रहे हैं.

    इसी तरह राजीव बनर्जी के इस्तीफ़े के बाद उनका कहना था कि अब राजीव को मीर जाफ़र की उपाधि दे दी जाएगी.

    टीएमसी के हावड़ा ज़िला अध्यक्ष और मंत्री अरूप राय कहते हैं, "पार्टी में रहकर उसके ख़िलाफ़ लगातार बयान देने वाले संगठन को नुक़सान पहुँचा रहे हैं. वैशाली को निकालने का फ़ैसला सही है. अगर किसी को शिक़ायत थी तो सार्वजनिक तौर पर कहने की बजाय पार्टी के भीतर अपनी बात रखनी चाहिए थी."

    दूसरी ओर, पार्टी से निकाले जाने के बाद वैशाली ने एक बार फिर टीएमसी नेतृत्व और उसके ज़िला स्तर के नेताओं पर करारा हमला किया है.

    उन्होंने कहा, "आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा. विधायकों के पास राहत का पैसा नहीं पहुँच रहा. अंफान तूफ़ान से हुए नुक़सान के मद में भी कोई राहत नहीं मिली. कोविड-19 के दौरान लोगों को जितना चावल दिया जाना था, उसमें भी कटौती की जा रही है. अगर लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना पार्टी-विरोधी काम है, तो मैंने ऐसा किया है. कुछ लोग दीमक की तरह पार्टी को खोखला करने में जुटे हैं."

    क्या वैशाली बीजेपी में शामिल होंगी? इस सवाल पर उन्होंने कहा, "देखते हैं."

  2. सीरम इंस्टीट्यूट में आग लगने से 1,000 करोड़ का नुकसान हुआ: अदार पूनावाला

    सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा है कि ‘गुरुवार को पुणे स्थित उनकी फ़ैक्ट्री में लगी आग की वजह से उनकी कंपनी को एक हज़ार करोड़ से अधिक का नुक़सान हुआ है.’

    हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि कोविड वैक्सीन की आपूर्ति पर इस दुर्घटना का कोई असर नहीं पड़ा है.

    दवाओं की इस फ़ैक्ट्री में आग लगने की वजह से पाँच लोगों की मौत हो गई थी.

    पूनावाला ने कहा है कि “कोविड वैक्सीन के उत्पादन पर इसका असर नहीं होगा. हम कई फ़ैक्ट्रियों में दवाएं बनाते हैं. मगर बीसीजी के इंजेक्शन की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. इस घटना से हमें बड़ा आर्थिक नुक़सान हुआ है.”

    पूनावाला के पिता और कंपनी के सीएमडी सायरस पूनावाला ने इस घटना में मारे गये पाँचों कर्मचारियों के परिवार वालों को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है.

  3. चीनी प्रशासन का दावा - भारतीय कंपनी के फ़ूड पैकेट कोरोना से संक्रमित पाये गए

    चीन से प्रकाशित होने वाले अंग्रेज़ी भाषा के सरकारी अख़बार ‘द ग्लोबल टाइम्स’ ने लिखा है कि चीनी प्रशासन ने खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने वाली दो कंपनियों के आयात पर एक सप्ताह का प्रतिबंध लगाया है. इनमें एक भारतीय कंपनी भी शामिल है.

    अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सी-फ़ूड निर्माता कंपनी एसएस सी फ़ूड और रूस की एक कंपनी पर यह प्रतिबंध लगाया गया है.

    चीनी प्रशासन द्वारा यह दलील दी गई है कि इन दोनों कंपनियों द्वारा चीन भेजी गई खाद्य सामग्री के पैकेट कोरोना संक्रमित पाये गए हैं.

  4. नमस्कार!

    ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. शुक्रवार की तमाम बड़ी ख़बरों पर एक बार फिर नज़र डालने के लिए यहाँ क्लिक करें.