You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हमारे विपक्षी दल भारत की भाषा बोल रहे हैंः इमरान ख़ान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान का कहना है कि जिस तरह से विपक्षी राजनीतिक दल पाकिस्तान की सेना पर निशाना साध रहे हैं वैसा पहले कभी नहीं हुआ है.

लाइव कवरेज

  1. , दिल्ली-जयपुर हाइवे पर शाहजहांपुर बॉर्डर पर कृषि क़ानूनों के विरोध में बैठे किसानों की आगे की रणनीति क्या है? बीबीसी के सहयोगी पत्रकार समीरात्मज मिश्र उनसे बात कर रहे हैं.

  2. चीन 2028 में अमेरिकी अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ देगा: थिंक टैंक

    एक थिंक टैंक के अनुसार चीन साल 2028 में अमेरिका की अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा.

    इस थिंक टैंक ने कहा है कि कोरोना महामारी की वजह से दोनों देशों की अर्थव्यवस्था में आई गिरावट के बाद रिकवरी में अंतर होने के कारण ऐसा पाँच साल पहले ही हो जाएगा.

    इसके पहले अनुमान लगाया गया था कि चीन 2033 तक अमेरिकी अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ देगा.

    शनिवार को सेंटर फोर इकनॉमिक्स एंड बिज़नेस रिसर्च (सीईबीआर) की एक वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी.

    इस रिपोर्ट में कहा गया, “पिछले कुछ वक़्त से वैश्विक अर्थव्यवस्था की थीम अमेरिका और चीन के बीच आर्थिक शक्ति और सॉफ्ट पावर का संघर्ष ही रहा है.”

    “कोविड-19 महामारी और उसके साथ-साथ आर्थिक गिरावट की वजह से इस मुक़ाबले में चीन को फ़ायदा पहुंचा है.”

    सीईबीआर ने कहा कि चीन ने महामारी से निपटने में कुशलता दिखाई, जल्दी सख़्त लॉकडाउन किया और वहीं पश्चिम में दीर्घकालिक वृद्धि को नुक़सान हुआ. इसका मतलब चीन का तुलनात्मक आर्थिक प्रदर्शन बेहतर हुआ.

    चीन की औसत सालाना आर्थिक वृद्धि 2021 से 2025 तक 5.7 फ़ीसदी रहेगी लेकिन 2026 से 2030 तक 4.5 फ़ीसदी होगी.

    हालांकि, अमेरिका 2021 में महामारी के संकट के बाद मज़बूती से वापसी कर सकता है लेकिन 2022 और 2024 के बीच उसकी वृद्धि धीमी होकर 1.9 फ़ीसदी हो जाएगी और उसके बाद 1.6 फ़ीसदी.

    2030 के दशक की शुरुआत तक जापान तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था रहेगा लेकिन उसके बाद भारत इसे ओवरटेक कर लेगा और जर्मनी चौथे से पांचवे पायदान पर चला जाएगा.

    सीईबीआर के मुताबिक़ ब्रिटेन इस वक़्त पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2024 के बाद ये छठे पायदान पर चला जाएगा.

    सीईबीआर के मुताबिक़ 2021 में यूरोपीय यूनियन से निकलने के नुक़सान के बावजूद, 2035 तक ब्रिटेन की जीडीपी फ्रांस की जीडीपी से 23 फ़ीसदी ज़्यादा होगी. इसकी एक बड़ी वजह ब्रिटेन का डिज़िटल अर्थव्यवस्था में आगे होना है.

    2018 में ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 2.64 ट्रिलियन डॉलर से 2.84 ट्रिलियन डॉलर की हो गई थी और फ़्रांस की 2.59 ट्रिलियन डॉलर से 2.78 ट्रिलियन डॉलर की. 20.49 ट्रिलियन डॉलर के साथ अमरीकी अर्थव्यवस्था पहले नंबर थी और 13.61 ट्रिलियन डॉलर के साथ चीन की अर्थव्यवस्था दूसरे नंबर पर.

    4.97 ट्रिलियन डॉलर के साथ जापान तीसरे नंबर पर और जर्मनी 3.99 ट्रिलियन डॉलर के साथ चौथे नंबर पर है. 2018 में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार 2.73 ट्रिलियन डॉलर था.

  3. पाकिस्तान को धरती की कोई ताक़त नहीं मिटा सकती: बाजवा

    25 दिसंबर को पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की 145वीं जयंती पर पाकिस्तान के चीफ़ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल क़मर जावेद बाजवा ने कहा है कि धरती की कोई ताक़त पाकिस्तान को नहीं मिटा सकती.

    आर्मी चीफ़ ने कहा कि जिन्ना की जयंती श्रद्धा और जज़्बे के साथ उम्मीद, साहस और विश्वास के उनके संदेश को याद करते हुए मनाई जा रही है.

    उन्होंने कहा,“प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने अपने संदेश में कहा था कि हमें क़ायदे आज़म के एकता, विश्वास और अनुशासन के उसूलों पर राष्ट्रीयता की भावना के साथ चलना है ताकि ये देश हर देखी-अनदेखी चुनौतियों से उबर सके.

    वहीं, राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने कहा कि हमें ऐसा देश बनाने की प्रतिबद्धता पर चलना होगा जो अपनी आवाम की विविधता का सम्मान करता है और बिना किसी धार्मिक, लैंगिक, जातीय और रंग के आधार पर भेदभाव किए बिना नागरिकों को समान मौक़े देता है.

    सरकारी और ग़ैर-सरकारी संस्थानों में क़ायदे आज़म के जीवन और उसूलों को दर्शाते कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.

  4. कोरोना वायरस पर सिंगापुर ने कैसे पाया काबू

  5. नेपाल में प्रचंड क्या ओली पर पड़ेंगे भारी, जानिए अभी क्या हो रहा

  6. प्रधानमंत्री ओली ने नेपाल को एक और संवैधानिक संकट में डाला

    नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने देश को कई तरह के संवैधानिक संकट में डाल दिया है. पिछले रविवार को अचानक संसद भंग कर दिया था तो अब अचानक से शुक्रवार को अपनी कैबिनेट में फेरबदल कर डाला. विशेषज्ञों का कहना है कि ओली ने संसद को भंग कर दिया है और अब वो एक कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं. ऐसे में वो कैबिनेट में फेरदबल नहीं कर सकते हैं.

    नेपाल के अंग्रेज़ी अख़बार काठमांडू पोस्ट से वहाँ के संविधान विशेषज्ञ और सीनियर वकील चंद्रकांता ज्ञवाली ने कहा, ''ओली अब कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं. ऐसी स्थिति में उनके पास यह अधिकार नहीं है कि कैबिनेट में फेरबदल करें.''

    सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिद्वंद्वी गुट की आलोचना को नज़रअंदाज़ करते हुए प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने शुक्रवार को अपनी कैबिनेट में बदलाव किए.

    जहां एक तरफ़ नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री ओली से निर्वाचित संसद भंग करने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा, वहीं कुछ ही घंटे बाद आठ नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह पूरा किया गया.

    नए मंत्रियों में तोप बहादुर रायामाझी को उर्जा मंत्रालय, प्रभु साह को शहरी विकास मंत्रालय और प्रेम अाले को वन एवं मृदा संरक्षण मंत्रालय दिया गया है.

    कैबिनेट में इस बदलाव को प्रधानमंत्री ओली के अपने प्रतिद्वंद्वी प्रचंड की आलोचना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. प्रचंड ने ही सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी कि नेपाल की संवैधानिक आत्मा को बनाए रखा जाए.

    सुप्रीम कोर्ट के संवैधानिक पीठ ने शुक्रवार को ओली सरकार को नोटिस जारी किया और लोकसभा को भंग करने के फ़ैसले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा.

    बीते रविवार को राष्ट्रपति बीडी भंडारी ने ओली के सुझाव पर संसद को भंग कर दिया था, जिसके बाद इसके ख़िलाफ़ कोर्ट में 12 रिट याचिकाएं डाली गईं.

    बताया गया है कि संवैधानिक पीठ हर हफ़्ते दो बार सुनवाई के लिए बैठेगी और लोकसभा भंग करने की वैधता पर फ़ैसला देगी.

    ओली गुट का कहना है कि भंग हो चुकी संसद को दोबारा बहाल नहीं किया जा सकता.

    फ़िलहाल, सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति दफ़्तर से रविवार को हुए इस फ़ैसले के असल दस्तावेज़ मांगे हैं.

  7. सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस MBS ने लगवाई कोरोना वैक्सीन

    सऊदी प्रेस एजेंसी ने एक वीडियो जारी कर ये जानकारी दी है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को कोविड-19 वैक्सीन की लगाई है.

    सऊदी अरब के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर तौफ़िक-एल-रबीह ने कहा कि नागरिकों को वैक्सीन मुहैया करवाने की उत्सुकता और लगातार इस पर जानकारी लेते रहने के लिए वे क्राउन प्रिंस का शुक्रिया अदा करते हैं.

    उन्होंने कहा, “विज़न 2030'' के तहत हमारी नीति है ‘इलाज से बेहतर बचाव’, जिसका मतलब लगातार बचाव के क़दमों को बढ़ाना. मानव स्वास्थ्य पर ज़ोर देना और वक़्त पर नागरिकों और यहां रहने वालों को सुरक्षित वैक्सीन मुहैया करवाना. इसके चलते ही सऊदी अरब कोरोना वायरस का मुक़ाबला करने में विश्व के बेहतरीन देशों में से एक है.”

    शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सऊदी अरब में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 178 मामले सामने आए हैं. इसके बाद सऊदी में कुल मामलों की संख्या 3,61,903 हो गई है. अब तक 3,52,815 लोग ठीक हो चुके हैं. देश में अब तक कुल 6,168 मौतें हुई हैं.

  8. किसानों ने ख़ारिज किए प्रधानमंत्री मोदी के आरोप

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर दिन मांग बदलते रहने’ के आरोप को ख़ारिज करते हुए ऑल इंडिया किसान संघर्ष कोऑर्डिनेशन कमिटी ने शुक्रवार को कहा कि किसानों की एकमात्र मांग है कि सभी फसलों पर एमएसपी देने की घोषणा कर उन्हें एक वैध और पक्की आय आश्वस्त की जाए.

    वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना के तहत नौ करोड़ लाभार्थियों को 18 हज़ार करोड़ रुपए जारी करते हुए एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि एक विशेष राजनीतिक विचारधारा के लोग किसानों को भड़का रहे हैं और हर रोज़ एक नया मुद्दा खड़ा करने के लिए मांग बदल देते हैं जो मुद्दे से संबंधित भी नहीं हैं.

    उन्होंने दोबारा किसानों से किसी के बहकावे में ना आने की अपील की और कहा कि किसानों ने एमएसपी को लेकर आंदोलन शुरू किया था लेकिन अब वे हिंसा के आरोप में बंद लोगों को छोड़े जाने की मांग कर रहे हैं और टोल प्लाज़ा का भी विरोध कर रहे हैं.

    उन्होंने कहा, “किसानों के कंधे पर रखकर बंदूक चलाने वाले उनके नाम पर अलग मुद्दे उठा रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई तर्क ही नहीं है.” प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि केरल में एपीएमसी मंडियां नहीं हैं पर वहां आंदोलन नहीं हो रहा.

  9. नमस्कार

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर किसान आंदोलन के साथ देश और दुनिया की तमाम बड़ी ख़बरों से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स देखने के लिए यहां क्लिक करें.