मेसी ने तोड़ा पेले का रिकॉर्ड, किए 644 गोल - आज की बड़ी ख़बरें

लियोनल मेसी अब तक 749 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने औसतन हर 1.16 मैच में एक गोल दाग़ा है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, 644 गोल बनाकर मेसी ने तोड़ा पेले का रिकॉर्ड

    लियोनल मेसी

    इमेज स्रोत, REUTERS/Juan Medina

    अर्जेंटीना के फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी ने बार्सिलोना के लिए 644वां गोल दाग़ कर नया रिकॉर्ड बनाया है. इसके साथ ही वो किसी एक क्लब के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं और गोल बनाने के मामले में पेले से आगे निकल गए हैं

    मंगलवार को रीयल वालादोलिड के लिए खेल के दूसरे हाफ़ में उन्होंने अपना 644वां गोल दाग़ कर ब्राज़ील के खिलाड़ी पेले का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस मैच में बार्सिलोना ने तीन-शून्य से जीत हासिल की.

    शनिवार को वेलेन्सिया के ख़िलाफ़ खेलते हुए मेसी ने गोल के मामले में पेले की बराबरी की थी. ये मैच दो-दो की बराबरी से ख़त्म हुआ.

    33 साल के मेसी अपने करियर की शुरुआत से ही बार्सिलोना के लिए खेलते रहे हैं. अब तक वो 749 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने औसतन हर 1.16 मैच में एक गोल दाग़ा है.

    वहीं ब्राज़ील के पेले ने सेन्टोस के लिए 757 मैचों में खलते हुए 643 गोल बनाए हैं. सेन्टोस क्लब के लिए पेले 1956 से लेकर 1974 तक खेलते रहे थे.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना के कारण भूटान ने लगाया दूसरा लॉकडाउन

    प्रधानमंत्री लोते शेरिंग

    इमेज स्रोत, pib

    कोरोना वायरस के ख़तरे को देखते हुए भारत के पड़ोसी मुल्क भूटान ने देश में दूसरा लॉकडाउन लगा दिया है.

    प्रधानमंत्री लोते शेरिंग का कहना है कि ये लॉकडाउन 23 दिसंबर से लागू होगा और सात दिनों का होगा.

    मंगलवार देर शाम एक बयान जारी कर उन्होंने कहा कि थिंपु और पारो के अस्पतालों में संक्रमण के कुछ मामले दर्ज किए गए हैं जिसके बाद देश की कोविड-19 टास्क फोर्स ने देश में कड़े प्रतिबंध लगाने का फ़ैसला किया है.

    उन्होंने कहा कि इस लॉकडाउन से सरकार को कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी साथ ही स्थानीय समुदायों में भी संक्रमण को कम किया जा सकेगा. सोमवार सवेरे ही सरकार ने देश में अंतर-जिला आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए थे.

    सरकार ने कहा है कि इस दौरान स्थानीय प्रशासन संक्रमण के मामलों के देखते हुए ज़ोन के स्तर पर पाबंदियां लगा सकता है. लॉकडाउन के दौरान किसी ज़ोन में केवल ज़रूरी दुकानों को ही खुलने की इजाज़त दी जाएगी जबकि स्कूल, दफ्तर और दूसरे व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे.

    प्रधानमंत्री ने कहा सात दिनों के लॉकडाउन के बाद फिर से स्थिति का आकलन किया जाएगा जिसके बाद ही आगे की रणनीति पर कोई फ़ैसला लिया जाएगा.

  3. प्रचंड के धड़े वाली सेंट्रल कमिटी ने ओली को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाया

    केपी शर्मा ओली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेपाल के कम्युनिस्ट पार्टी के पुष्प कमल दहल के समर्थक धड़े वाली सेंट्रल कमिटी की बैठक में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को पार्टी अध्यक्ष के पद से हटाने का फैसला लिया गया है.

    बैठक में वरिष्ठ नेता माधव कुमार नेपाल को पार्टी का दूसरा चेयरमैन मनोनीत किया गया है.

    प्रचंड पार्टी के पहले चेयरमैन हैं.

    सेंट्रल कमिटी की सदस्य रेखा शर्मा ने बताया कि, "अब प्रचंड और माधव नेपाल पार्टी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे."

    दूसरी तरफ ओली ने सेंट्रल कमिटी के अपने करीबी लोगों की बैठक में नई कमिटी की घोषणा की है.

  4. पीएम मोदी को मिला 'लीजन ऑफ़ मेरिट' सम्मान, क्या है ये और किन-किन भारतीयों को मिल चुका है

  5. राजनीतिक दलों को चंदा देने वालों की जानकारी बताने में कोई जनहित नहीं: केंद्रीय सूचना आयोग

    केंद्रीय सूचना आयोग

    इमेज स्रोत, AFROZ ALAM SAHIL

    केंद्रीय सूचना आयोग ने राजनीतिक पार्टियों के दानदाताओं की जानकारी सार्वजनिक करने संबंधी एक याचिका को खारिज कर दिया है.

    आयोग ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टियों को दान देने वालों का विवरण प्रकट करने में कोई जनहित नहीं है.

    आयोग ने भारतीय स्टेट बैंक की इस दलील को सही ठहराया कि पुणे स्थित आरटीआई कार्यकर्ता विहार दुरवे की मांगी गई जानकारी निजी प्रकृति की है और वो एक भरोसे के तहत रखी गई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि विहार दुरवे ने इलेक्टोरल बॉन्ड्स को बेचने के लिए नामित भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं से इलेक्टोरल बॉन्ड्स दान देने वाले और दान प्राप्त करने वाले की जानकारी मांगी थी.

    भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के जानकारी देने से इनकार करने पर दुरवे ने केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) में अपील की. दुरवे का कहना था कि एसबीआई से सार्वजनिक हित को बनाए रखने की उम्मीद की जाती है, ना कि राजनीतिक दलों के हित को.

    दुरवे का कहना था कि एसबीआई किसी राजनीतिक पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए ज़िम्मेदार नहीं है और इसलिए किसी सार्वजनिक या निजी क्षेत्र के बैंक का लाभ बढ़ाना उसका क़ानूनी कर्तव्य नहीं है. उनके बीच में कोई ‘भरोसे’ का रिश्ता नहीं है.

    विहार दुरवे की दलील थी कि पारदर्शिता और जवाबदेही के हित में इस जानकारी को प्रकट करना चाहिए.

    वहीं, एसबीआई ने चुनावी बॉन्ड योजना, 2018 का हवाला देते हुए कहा कि बॉन्ड के खरीदारों के बारे में जानकारी गोपनीय रहेगी और किसी भी उद्देश्य के लिए किसी भी प्राधिकरण के साथ साझा नहीं की जाएगी.

    सूचना आयुक्त सुरेश चंद्र ने दुरवे की दलीलों को खारिज करते हुए कहा, "इसमें ऐसा कोई बड़ा जनहित नहीं दिखता कि दानदाताओं और ग्रहिताओं के निजता के अधिकार का उल्लंघन किया जाए."

    विहार दुरवे ने इस फैसले से असहमति जताते हुए पीटीआई से कहा कि सीआईसी का आदेश चुनाव आयोग, भारतीय रिजर्व बैंक और क़ानून मंत्रालय की आपत्तियों का उल्लेख नहीं करता. उन्होंने कहा कि सीआईसी ने ही छह राष्ट्रीय दलों को आरटीआई क़ानून के तहत लाया था.

  6. पीएम मोदी ने एएमयू के बारे में क्या-क्या कहा?

    वीडियो कैप्शन, पीएम मोदी ने एएमयू के बारे में क्या-क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के शताब्दी वर्ष समारोह में हिस्सा लिया.

    इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि एएमयू के लोग दुनियाभर में भारत की संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हैं.

    प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान एएमयू के योगदान का ज़िक्र भी किया.

    पीएम मोदी ने कहा कि एएमयू में एक मिनी इंडिया भी नज़र आता है.

    पीएम मोदी ने कहा देश आज उस राह पर है जहां बिना भेदभाव के सबका विकास हो.

    पीएम मोदी ने कहा कि मुस्लिम बेटियों की पढ़ाई के लिए उनकी सरकार ने बड़े प्रयास किए.

    उन्होंने कहा कि हर देश, समाज में कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए माहौल बिगाड़ते हैं.

  7. अगले साल फरवरी तक नहीं होंगी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं: रमेश पोखरियाल निशंक

    स्कूल छात्राएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को बताया कि कोरोना वायरस महामारी के कारण अगले साल फरवरी तक 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित नहीं की जाएंगी.

    शिक्षकों के साथ ऑनलाइन बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा, “मौजूदा स्थिति को देखते हुए ये फ़ैसला लिया गया है कि फरवरी 2021 तक 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं नहीं कराई जाएंगी. परीक्षाएं कब आयोजित होंगी इस संबंध में ज़रूरी परामर्श और स्थिति के आकलन के बाद निर्णय लिया जाएगा.”

    शिक्षा मंत्री ने ट्वीट करके भी इस संबंध में जानकारी दी, जिसमें उन्होंने बताया कि बहुत से विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित करने के लिए उनसे अनुरोध किया था.

    इससे पहले केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि 2021 में होने वाली बोर्ड परीक्षाएं ऑनलाइन ना होकर लिखित तरीक़े से ली जाएंगी.

    कोरोना वायरस के ख़तरे को देखते हुए इस साल मार्च में देशभर में स्कूल बंद कर दिए गए थे. इसके बाद से बच्चों को ऑनलाइन क्लासेज के ज़रिए पढ़ाया जा रहा है.

    हालांकि, कुछ राज्यों ने अक्टूबर में स्कूल खोलने का फ़ैसला लिया था.

    शिक्षा मंत्री ने 10 दिसंबर को विद्यार्थियों के साथ भी ऑनलाइन बातचीत की थी और बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उनकी चिंताएं का जवाब दिया था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  8. किसान आंदोलन का आईटी सेल 'किसान एकता मोर्चा' क्या सरकार समर्थक प्रोपेगैंडा का सामना कर पाएगा?

  9. बीजेपी का 'खुशहाल किसान' सिंघु बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल मिला

  10. महामारी के मद्देनज़र ब्रिटेन स्थित चीनी वीजा एप्लिकेशन सर्विस सेंटर बंद

    लंदन के चीनी दूतावास के मुताबिक वहां मौजूद चीनी वीजा एप्लिकेशन सर्विस सेंटर ने मंगलवार से महामारी की रोकथाम के मद्देनज़र अपना कामकाज बंद कर दिया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  11. ब्रिटेन में मिले नए वैरिएंट का वैक्सीन पर असर नहीं- भारत सरकार

    भारत सरकार ने कहा है कि हमारी समझ के हिसाब से कोविड-19 के वैरिएंट में जो बदलाव ब्रिटेन में देखने को मिला है, उसका हमारे संभावित वैक्सीनों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  12. क्रिकेटर सुरेश रैना, गायक गुरु रंधावा मुंबई में हिरासत में लिए जाने के बाद छूटे

    सुरेश रैना

    इमेज स्रोत, EPA/JAIPAL SINGH

    इमेज कैप्शन, सुरेश रैना

    भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और गायक गुरु रंधावा को मुंबई स्थित ड्रैगन क्लब में हुई एक रेड के दौरान हिरासत में लिया गया. हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.

    मुंबई में मौजूद पत्रकार मधु पाल से पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है.

    बाद में सुरेश रैना की तरफ़ से एक बयान जारी कर बताया गया कि वे मुंबई में एक शूटिंग कर रहे थे जो देर रात तक चला.

    बयान में कहा गया है, "सुरेश मुंबई में एक शूटिंग के सिलसिले में थे जो देर तक चला. एक दोस्त की दावत के बाद वे थोड़े समय के लिए डिनर पर गए थे. इसके बाद उन्हें दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़नी थी. उन्हें स्थानीय टाइमिंग और प्रोटोकॉल की जानकारी नहीं थी. जैसे ही उन्हें इसके बारे में बताया गया, उन्होंने फौरन इसका पालन किया. इसे दुर्भाग्यपूर्ण और ग़ैरइरादतन हुई घटना पर अफसोस है. वे हमेशा नियमों का पालन करते हैं और इसके लिए सम्मान रखते हैं. भविष्य में भी वे ऐसा करते रहेंगे."

    जानकारी के मुताबिक़ पुलिस ने क्लब पर रात तीन बजे रेड मारी और होटल स्टाफ समेत 34 लोगों पर कार्रवाई की गई. 34 में से 19 लोग दिल्ली और पंजाब के थे, जबकि बाकी दक्षिण मुंबई से. हालांकि सभी लोगों को नोटिस देकर रिहा कर दिया गया.

    इन लोगों पर कोविड नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है और इनपर महामारी ऐक्ट के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी चल रहा है.

    बताया जा रहा है कि मुंबई के बाहर के लोग सुबह 7 बजे की फ्लाइट लेकर दिल्ली लौट गए. जिनपर कार्रवाई हुई है, उनमें कई सेलेब्रिटी शामिल हैं.

    इनमें क्रिकेटर सुरेश रैना, गायक गुरु रंधावा और सुजैन रोशन खान का नाम है. जानकारी के मुताबिक़, जिस क्लब पर रेड मारी गई, वो बादशाह का ही है.

  13. बिहार: नेपाल में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए तीन न्यायाधीश बर्खास्त

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    इमेज स्रोत, THINKSTOCK

    बिहार में तीन न्यायाधीशों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. तीनों न्यायाधीश कुछ साल पहले नेपाल में महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे.

    राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को इस संबंध अधिसूचना जारी कर दी. अधिसूचना के मुताबिक जिन न्यायिक अधिकारियों को बर्खास्त किया गया है उनमें हरि निवास गुप्ता, जितेंद्र नाथ सिंह और कोमल राम शामिल हैं.

    अधिसूचना में ये भी कहा गया है कि ये बर्खास्तगी 12 फरवरी, 2014 से लागू होगी और तीनों न्यायाधीश सेवानिवृत्ति के बाद मिले वाले लाभों से भी वंचित रहेंगे.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उस समय हरि निवास गुप्ता परिवार न्यायालय, समस्तीपुर के प्रधान न्यायाधीश, जितेंद्र नाथ सिंह अररिया में अतिरिक्त ज़िला न्यायाधीश और कोमल राम अररिया में अतिरिक्त न्यायाधीश-सह-मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर थे.

    उन्हें विराटनगर के एक होटल में नेपाल की पुलिस ने छापे के दौरान पकड़ा था. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया लेकिन ये मामला मीडिया के ज़रिए सामने आ गया था.

    पटना हाईकोर्ट ने उनकी ख़िलाफ़ जांच के आदेश दिए थे जिसमें वो दोषी पाए गए और उन्हें बर्खास्त करने की सिफारिश की गई.

    अधिकारियों ने इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी जिसे पिछले साल खारिज कर दिया गया.

  14. पाकिस्तान के कराची में कैसे दिखा उल्कापात का नज़ारा?

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान के कराची में कैसे दिखा उल्कापात का नज़ारा?

    कराची को सिटी ऑफ़ लाइट्स कहा जाता है. हर जगह हर सड़क पर यहां रोशनी टिमटिमाती है.

    लेकिन वैज्ञानिक इसे रोशनी का प्रदूषण मानते हैं और इस स्थिति में उल्काओं का दिखना मुश्किल हो जाता है.

    कराची विश्वविद्यालय के अबरार अहमद ने कैमरे की नज़र में शेख़ साकिब के नज़ारे को कैसे कैद किया?

  15. पीएम नरेंद्र मोदी को अमेरिका ने कौन सा अवॉर्ड दिया है?

  16. सेक्स की वजह से सेंसर होने वाली फ़िल्म

    वीडियो कैप्शन, सेक्स की वजह से सेंसर होने वाली फ़िल्म

    साल 1939 में लिखे गए उपन्यास "ब्लैक नार्सिसस" पर कुछ साल बाद फ़िल्म बनी थी. अब वही कहानी टीवी पर दिखाई जा रही है.

    "अक्टूबर के आख़िरी सप्ताह में सिस्टर्स ने दार्जिलिंग छोड़ दिया. वे मोपू के जनरल के महल में रहने के लिए आई थीं जिसे अब कॉन्वेंट ऑफ़ सेंट फ़ेथ के नाम से जाना जाता था."

    रूमर गॉडेन के उपन्यास "ब्लैक नार्सिसस" की शुरुआत में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे लगे कि इस पर बनी फ़िल्म को सेंसर किया गया होगा, पाबंदी लगाई गई होगी और दुनिया के महान निर्देशकों में से एक मार्टिन स्कॉर्सेस ने उसे "सही मायनों में कामुक फ़िल्म" माना होगा.

    उस फ़िल्म को अंग्रेज निर्देशक माइकल पॉवेल और हंगरी में पैदा हुए लेखक-निर्माता एमरिक प्रेसबर्गर ने बनाया था.

  17. कोरोना वायरस का नया रूप कितना ख़तरनाक है?

    वीडियो कैप्शन, कोरोना वायरस का नया रूप कितना ख़तरनाक है?

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस के एक नए वैरिएंट यानी अलग तरह के लग रहे एक वायरस से बहुत ज़्यादा लोग बीमार पड़ रहे हैं.

    इसकी वजह से वहाँ महामारी के बाद से किसी एक दिन में अब तक संक्रमण का सबसे बड़ा आँकड़ा दर्ज किया गया है.

    ये बदलता वायरस बेहद कम दिनों में इंग्लैंड के कई हिस्सों में सबसे आम हो गया है.

    ब्रिटेन सरकार के सलाहकारों को लगता है कि ये वाला वैरिएंट दूसरे वैरिएंट के मुकाबले ज़्यादा संक्रामक हैं.

  18. कोरोना के नए वेरिएंट पर दुनिया भर में चिंता, डब्ल्यूएचओ ने कहा ये 'बेक़ाबू' नहीं

  19. किसानों ने कहा समय बर्बाद कर रही है सरकार, प्रस्ताव पर आज चर्चा

  20. बिहारी किसान क्या APMC पर नीतीश कुमार के फ़ैसले से ग़रीब हुए?